लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के अहिरन ठकवा निवासी विनय कुमार से ऑनलाइन गेम खेलने व उसमें निवेश पर पांच प्रतिशत तक लाभ दिलाने का लालच देकर जालसाजों ने 12 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने सोमवार को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है।
विनय कुमार ने बताया कि 15 जनवरी को फेसबुक पर ऑनलाइन गेम goexch9.com में खेलने का मैसेज आया। क्लिक करने पर व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति ने निवेश पर पांच प्रतिशत बोनस का झांसा देकर खाते में रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। विनय ने खाते में 15 जनवरी को पांच लाख, 16 जनवरी को दो लाख, पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। 12 लाख जमा करने के बाद भी उन्हें लाभ नहीं मिला।
विनय का आरोप है कि 16 जनवरी को वह सुशांत गोल्फ सिटी थाने गए। यहां पुलिस ने पांच लाख रुपये से अधिक ठगी का मामला होने की बात कहकर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराने की सलाह दी। 27 जनवरी को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है।