सुल्तानपुर। वेतन पुनरीक्षण समझौता समेत अन्य मसलों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले बुधवार को राष्ट्रीय बैंक की शाखाओं में कामकाज ठप रहा। बैंक कर्मियों ने शाखाओं पर ताले लगाकर सडक़ों पर विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते करीब 70 करोड़ का लेन-देन नहीं हो सका।
दो दिवसीय हड़ताल का जिले में व्यापक असर रहा। हाड़ताल के पहले दिन जिला मुख्यालय पर एसबीआई, सेंट्रल बैंक, बीओबी, इलाहाबाद बैंक, पीएनबी, सिंडीकेट बैंक समेत अन्य शाखाओं पर पूरी तरह से कामकाज ठप रहा। यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन की हड़ताल में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक व सहकारी बैंक के कर्मचारियों ने भी समर्थन किया।
बस स्टेशन के निकट स्थित एसबीआई की शाखा पर प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए यूपी बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि भारत सरकार को त्वरित एवं शीघ्र वेतन पुनरीक्षण समझौता लागू करना चाहिए। बृहस्पतिवार को भी बैंक कर्मियों की हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल के चलते जिले की सभी बैंक शाखाओं में तकरीबन 70 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित रहा।