मसकनवा (गोंडा)। दुर्गापुर गांव से बुधवार की रात मजदूरी करके घर लौट रहे एक मजदूर को विवाद को लेकर पट्टीदारोें ने रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। डायल 100 के पुलिसकर्मियों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में छपिया थाने में पांच लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छपिया थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव की रहने वाली महिनीका ने बताया कि उसके पति बब्बूलाल (50) और पट्टीदारों के बीच 27 मार्च की शाम जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी, लेकिन लोगों के बीचबचाव के बाद मामला शांत हो गया था। महिनीका के मुताबिक उसका पति बब्बूलाल मजदूरी करने बुधवार की सुबह सुमेरपुर गांव गया था। वहां से देर रात घर वह लौट रहा था। जब वह गांव के पास स्थित मुर्गीफार्म के पास पहुंचा, तभी पट्टीदारों ने उसे रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडे से मारपीटकर लहूलुहान कर दिया। डायल 100 के पुलिसकर्मियों ने उसे सीएचसी छपिया पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में बब्बूलाल की पत्नी महिनिका देवी ने अपने ही गांव के रहने वाले विजय गोपाल, जय गोपाल, प्रेम चंद्र, मुन्नीलाल व गुड़िया के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष छपिया शैलेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।