पेड़ से टकराई कार, मां-बेटी की मौत
हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक अनियंत्रित कार हाईवे किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार पर सवार बरेली निवासी एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आननफानन सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर मां-बेटी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। यह परिवार बरेली से रायबरेली आ रहा था।
लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव के निकट शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए।
रात होने के कारण घायल काफी देर तक सड़क पर ही कराहते रहे। लेकिन कोई मदद को नहीं पहुंचा। उधर, जब गश्त कर रही पुलिस की नजर पड़ी तो आननफानन कार पर सवार आरिफ खान (42), सीमा बानो (40), साकिब (8), फातिमा (6) तथा अक्सा (2) को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां सीमा बानो और उसकी बेटी अक्सा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष बृज मोहन सिंह ने बताया के कार में पांच लोग सवार थे।
सभी बरेली जिले के शास्त्री नगर के रहने वाले हैं। ये लोग रायबरेली किसी काम के सिलसिले में आ रहे थे। हादसे में सीमा बानो और उसकी बेटी अक्सा की मौत हो गई।