अयोध्या। थाना रामजन्मभूमि पुलिस व स्वाट टीम ने थाना रामजन्मभूमि के टेढ़ी बाजार इलाके में एक परचून की दुकान से आईपीएल में सट्टा लगवाने वाले छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल, एक लैपटॉप, सट्टे से संबंधित रजिस्टर व 19426 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि पुलिस को बीते एक माह से आईपीएल व अन्य माध्यमों से सट्टा खिलवाने की जानकारी मिल रही थी। इसको लेकर स्वाट टीम के प्रभारी अभिषेक सिंह की टीम काम कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रामजन्भूमि थाने के टेढ़ी बाजार के पास विंद्रा प्रसाद गुप्त की परचून की दुकान पर आईपीएल मैच के नाम पर सट्टा खेलवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर स्वाट टीम व आरजेबी प्रभारी अजीत प्रताप सिंह की टीम ने शुक्रवार की रात वहां छापेमारी की। इस दौरान यहां से विंद्रा प्रसाद गुप्त व उसके दो बेटे विष्णु व शिवम समेत मेराज अहमद निवासी पांजी टोला, गोविंद साहू निवासी टेढ़ी बाजार व पवन सिंह निवासी वशिष्ठ कुंड को गिरफ्तार किया गया। बताया कि इनके पास से छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप व 19426 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपियों के पास से एक रजिस्टर व पर्चियां भी मिलीं, जिनमें सट्टे से संबंधित अंक व नाम आदि दर्ज थे। इसके अलावा मोबाइल फोन में भी सट्टे से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग है। एसओ आरजेबी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि उक्त बाप-बेटे बड़े पैमाने पर सट्टा खिलवाने का कारोबार कर रहे थे। पुलिस इन्हें रंगे हाथ पकड़ने की फिराक में थी।