बलरामपुर। बिना मान्यता के संचालित 17 स्कूलों पर ताला लटकने के बाद वहां के बच्चों का एडमीशन कराया जाएगा। जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ को नजदीक के सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूलों में तत्काल एडमीशन कराने का निर्देश दिया गया है।
बीएसए रमेश यादव ने बताया कि डीएम के निर्देश पर तीनों तहसीलों के एसडीएम के साथ 11 मई को बीईओ ने बिना मान्यता के संचालित 17 स्कूलों पर ताला लटका दिया है। बिना मान्यता के स्कूलों का संचालन बंद होने के बाद यहां के बच्चों का एडमीशन नजदीक के सरकारी व मान्यता प्राप्त गैर सरकारी स्कूलों में कराने की जिम्मेदारी बीईओ को सौंपी गई है। एक सप्ताह के अंदर सभी खंड शिक्षाधिकारी अपने-अपने शिक्षा क्षेत्रों के स्कूलों में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों वाले बच्चों का एडमीशन कराएंगे। अभिभावक राम बहोर, शरीफ, शिव कुमार, इलियास व मेहताब खां आदि की शिकायत पर बीएसए ने तत्काल एडमीशन कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। बीएसए ने बताया कि गत वर्ष भी छापा मारकर बिना मान्यता के संचालित 138 स्कूलों में ताला लगवाया गया था। इन स्कूलों के बच्चों का भी एडमीशन नजदीक के सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूलों में कराया गया था। इस शिक्षा सत्र में भी सभी खंड शिक्षाधिकारी व शिक्षक मिलकर अपने नजदीक के स्कूलों में बच्चों का एडमीशन करेंगे और तत्काल सूचना उपलब्ध कराएंगे।