बाराबंकी। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में हुई मारपीट में पुलिस ने ईओ व चेयरमैन पति और समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।
नगर पंचायत बंकी में सोमवार शाम बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया था। यहां पर बैठक के दौरान ईओ प्रेमनाथ वर्मा व नगर पंचायत अध्यक्ष अंशू सिंह के समर्थकों के बीच मारपीट शुरू हो गई थी। जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने एक पक्ष से जहां ईओ प्रेमनाथ वर्मा, लिपिक बाबूलाल व दूसरे पक्ष से चेयरमैन पति श्याम सिंह चौहान व दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं मामले में उचित कार्रवाई के लिए चेयरमैन अंशू सिंह ने मंगलवार को डीएम उदयभान त्रिपाठी से मिलकर ज्ञापन दिया। डीएम ने मामले की जांच एडीएम अनिल कुमार सिंह को सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए है। एसपी वीपी श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।