कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्थानों पर जाने वाले लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को तत्काल केस दर्ज कर कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है। जिसके बाद बलरामपुर जिले की दो थानों की पुलिस ने फेस मास्क न पहनने पर मंगलवार को 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने बताया कि बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलने वालों पर तत्काल केस दर्ज करने की चेतावनी जारी की गई है। दो थानों में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
थाना सादुल्लानगर की पुलिस ने फेस मास्क का प्रयोग न करने पर रंकी बदलपुर निवासी मोहम्मद अदनान, किशुनपुर सागर निवासी राम गोपाल, सादुल्लानगर बाजार निवासी हैदर अली, गुमा फात्मा निवासी मनोज कुमार, नेवादा निवासी एहसानुल्लाह व अचलपुर चौधरी निवासी धोखे नाथ को गिरफ्तार कर लिया।
इसी तरह, रेहरा बाजार थाने की पुलिस ने किरतापुर निवासी कमलेश कुमार, बनकट निवासी सूरज, अचलपुर रुप निवासी रमेश कुमार, रमनगरा के मजरा निवासी रंजीत कुमार व महतीनिया निवासी संजय कुमार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने व फेस मास्क न पहनने पर गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सादुल्लानगर थाना महेन्द्र कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार थाना राजित राम ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों के हाथ हैंडवाश से धुलवाकर सैनिटाइज करवाया गया है और सभी को फेस मास्क भी दिया गया है साथ ही भविष्य में पकड़े जाने कर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।