लखनऊ। एटीएम में नकदी लोड करने वाली सीएमएस इंफो सिस्टम कंपनी के दो कस्टोडियन ने एक साथी के साथ मिलकर 11 लाख 50 हजार 500 रुपये पार कर दिए। आरोप है कि यह हेराफेरी 15 अगस्त 2021 को की गई थी। इस मामले में शाखा प्रबंधक ने कैसरबाग थाने में शनिवार रात दोनों कस्टोडियन व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
गोमतीनगर विराजखंड में सीएमएस इंफो सिस्टम नाम की कंपनी का कार्यालय है। कंपनी कई बैंकों के एटीएम में रुपये लोड करने का काम करती है। कंपनी के शाखा प्रबंधक जयवीर सिंह के मुताबिक, कंपनी में सुल्तानपुर के सूरज कुमार और प्रतापगढ़ के अविनाश चंद्र पांडेय कस्टोडियन का काम करते हैं। दोनों ने 15 अगस्त 2021 को कैसरबाग बर्लिंग्टन चौराहे स्थित बैंक ऑफ महराष्ट्रा के एमटीएम में 500 के 3200 नोट (16 लाख रुपये) लोड करने थे। दोनों ने कंपनी को रुपये लोड करने की रिपोर्ट भी दे दी।
रुपये न निकलने की शिकायत पर हुआ खुलासा
शाखा प्रबंधक के मुताबिक, 18 अगस्त को कंपनी को शिकायत मिली कि एटीएम से रुपये नहीं निकल रहे हैं। इस शिकायत पर दोनों कस्टोडियन को भेजा गया। वहां पहुंचने पर पता चला कि एटीएम मशीन के हुक में टूटी हुई चाबी फंसी थी। इसके बाद 19 अगस्त को इंजीनियर को भेजा गया और टूटी हुई चाबी निकाली गई। अगल दिन फिर दोनों कस्टोडियन एटीएम पहुंचे और अपना-अपना पासवर्ड डालकर एटीएम का करेंसी चेस्ट खोलने का प्रयास किया पर करेंसी चेस्ट नहीं खुल सका। 21 अगस्त को इंजीनियर रितेश और 25 अगस्त को इंजीनियर एजाज को भेजा गया पर एटीएम का लॉक नहीं खुल सका। इसके बाद 27 अगस्त को फिर से दोनों कस्टोडियन एटीएम पहुंचे और कंपनी से संपर्क कर ओटीएस लॉक एक्टिवेट कराकर लॉक खोला गया। इसके बाद जब कैश का मिलान किया गया तो पता चला कि 11,50,500 रुपये कम हैं। इसके बाद कंपनी ने अपने स्तर से छानबीन और जांच की तो पता चला कि एटीएम में छेड़छाड करते हुए कुछ डाटा उड़ा दिया गया था। यह काम बिना इंजीनियर के संभव नहीं था।
इंजीनियर से मिलकर किया था खेल
शाखा प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि इस पर जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया तो 18 अगस्त की सुबह एक इंजीनियर एटीएम मशीन में आता और जाता दिखा। इसके बाद यह साफ हो गया कि दोनों कस्टोडियन ने किसी इंजीनियर के साथ मिलकर रुपये की धोखाधड़ी की है। इसके बाद कंपनी ने ऑडिट कराया तो पता चला कि 11,50,500 रुपये गायब थे। इस मामले में कंपनी के मैनेजर जयवीर सिंह ने शुक्रवार को कैसरबाग कोतवाली में दोनों कस्टोडियन और एक अज्ञात इंजीनियर के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग अजय नारायण सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।