लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में टाटा कंपनी के सहयोग से ऑटोमोटिव सेक्टर (वाहनों की डिजाइन, विकास एवं निर्माण) से जुड़े दो नए कोर्स शुरू हो रहे हैं। एक से दो साल के निशुल्क प्रशिक्षण कोर्स में 10वीं पास तक विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को कंपनी में ही रोजगार पर पाने का असवर भी मिलेगा।
आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि यूपी कौशल विकास मिशन व टाटा कंपनी की ओर से युवाओं के कौशल उन्नयन एवं रोजगार सृजन के उद्देश्य से यह कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। ऑटोमोटिव सेक्टर के तहत ऑटोमोटिव एसेंबली ऑपरेटर (320 घंटे) और इलेक्ट्रिक व्हीकल मेंटेनेंस टेक्नीशियन (420 घंटे) जॉब रोल में निशुल्क प्रशिक्षण के लिए 50 सीटों पर प्रवेश का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
कौशल विकास कार्यालय के प्रभारी एसपी निगम ने बताया कि 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण या किसी पाठ्यक्रम में अध्ययनरत अभ्यर्थी, जिनकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष है, प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक, तकनीक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति और दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ किसी भी कार्य दिवस में संस्थान के कक्ष संख्या-08 में उपस्थित होकर ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
पहले आओ पहले पाओ के तहत होंगे प्रवेश
आईटीआई प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि निशुल्क प्रवेश के लिए 7 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रशिक्षण के लिए प्रवेश होंगगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार एवं सेवायोजन के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
महिला व दिव्यांग के लिए होंगी आरक्षित सीट
कौशल विकास विभाग के अनुसार, निशुल्क प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में महिला एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सीटें आरक्षित की गई हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में संस्थान के कौशल विकास कार्यालय के मोबाइल नंबर 7785956549 पर संपर्क कर सकते हैं।