रोहनिया (रायबरेली)। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के सावांपुर नेवादा गांव के पास सोमवार को अपने परिवार के साथ ससुराल से घर लौट रहे बाइक सवार को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मां की गोद में बैठी छह माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया है।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के मलकाना गांव निवासी सहबाज (29) पुत्र मोहम्मद शरीफ अपनी पत्नी तसन्नुम (27), पुत्री समायरा (6 माह), बेटा समित (3) व बहन उसरा (17) के साथ अपनी ससुराल भांव से घर लौट रहा था। इसी दौरान इलाहाबाद-लखनऊ हाईवे पर सांवापुर नेवादा गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। ट्रक का एक पहिया सड़क पर गिरी बच्ची समायरा को कुचलता हुआ निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर सहबाज की पत्नी तसन्नुम को जिला अस्पताल रेफ र कर दिया गया। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।