उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। पहले व दूसरे चरण वाले जिलों में टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उधर, गौतमबुद्ध नगर में विभिन्न जिले से लगातार युवा आते रहते हैं। ऐसे में वहां लक्ष्य के सापेक्ष 127.22 फीसदी टीकाकरण हो चुका है।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय घई ने कहा कि जिन जिलों में कोविड टीकाकरण की संख्या अच्छी है, वहां गति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जहां टीके की पहली डोज 90 फीसदी से अधिक है, वहां दूसरी डोज को लेकर सर्वे शुरू किया गया है। प्रयास है कि मतदान से पहले सभी पात्र लोगों को टीके लगवा दी जाए।
जिलेवार स्थिति देखें तो शामली में 18 वर्ष से ऊपर 9,38,154 युवकों को टीका लगवाने का लक्ष्य है। इनमें से 8,54,751 युवकों यानी 91.11 फीसदी को कोविड टीका की पहली डोज दी जा चुकी है।
इसी तरह 4,63,815 युवकों यानी 61.08 फीसदी को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। इसी तरह मेरठ में 25,62,900 के सापेक्ष 22,94,685 को पहली और 14,84,114 को दूसरी डोज दी गई है।
मुजफ्फरनगर में 19,82,368 लोगों के सापेक्ष 19,54,161 को पहली और 12,42,012 लोगों को दूसरी डोज दी गई है। बागपत में 9,29,229 के सापेक्ष 8,93,849 लोगों को पहली और 7,02,501 लोगों को दूसरी डोज दी गई है। इसी तरह हापुड़ में 94.23 फीसदी, गाजियाबाद में 98.51 फीसदी और बुलंदशहर में 90.12 फीसदी को पहली डोज दी जा चुकी है।