फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच : क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर किया व्यापारी का अपहरण, फिर लूटे 10 लाख रुपये

Tue, 15 Oct 2019 10:28 PM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बहराइच

सार

  • लखीमपुर में लेकर छोड़ा, देर रात पुलिस की मदद से नानपारा पहुंचा व्यापारी
  • हांडा बसेहरी नहर पुल पर अंजाम दी वारदात, ओवरटेक कर रोकी कार
  • पीड़ित की तहरीर पर लूट का केस दर्ज, टोल प्लाजा के सीसीटीवी खंगाले
विज्ञापन
व्यापारी से लूट की जानकारी लेता पुलिसकर्मी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बहराइच के नानपारा निवासी व्यापारी नकदी रुपये लेकर कार से अपने एक साथी के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान हांड़ा बसेहरी नहर पुल के पास अचानक पीछे से आई इनोवा ने ओवरटेक करते हुए कार को रोक लिया। इनोवा सवार चार लोगों ने अपने को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कार की तलाशी लेनी शुरू कर दी। कार में 10 लाख रुपये मिलने पर दोनों को अपनी गाड़ी में बैठाकर लखीमपुर ले गए। 
विज्ञापन


जहां आरोपियों ने व्यापारी से 10 लाख रुपये छीन कर उन्हें छोड़ दिया। देर रात लखीमपुर पुलिस की मदद से व्यापारी नानपारा पहुंचा। इस मामले में पुलिस ने चार अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी और क्राइम ब्रांच की तीन टीमें गठित की गई हैं। टोल प्लाजा का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला गया है।

नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बावर्ची टोला निवासी वलीम अहमद पुत्र सलीम भारत-नेपाल सीमा के कस्टम पर लाइसेंस के माध्यम से सामान नेपाल भेजने का काम करते हैं। व्यापारी वलीम सोमवार की दोपहर अपने साथी नानपारा के पुरानी बाजार निवासी रहमान पुत्र अमान के साथ कार से बहराइच आए हुए थे। 
विज्ञापन


बहराइच में सब्जी व्यापारी इरशाद अहमद से उन्होंने 10 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद वह रुपये लेकर रुपईडीहा की ओर जा रहे थे। रुपये थैले सहित कार की डिक्की में रख दिए थे। नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर स्थित हांड़ा बसेहरी गांव के निकट नहर पुल के पास अचानक इनोवा ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। 

इनोवा से उतरे चार लोगों ने क्राइम ब्रांच का अधिकारी होने की बात कहकर गाड़ी की चाबी और मोबाइल ले लिया और कार की तलाशी ली। डिक्की से रुपये मिलने पर वलीम और रहमान को वे गाड़ी में बैठाकर मिहींपुरवा की ओर चल दिए।

जिस पर व्यापारी ने कार में चीख पुकार मचायी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आरोपियों नेे लखीमपुर में अधिकारियों के पास ले जाकर बात रखने की जानकारी दी थी। रात करीब 10 बजे रुपये छीनकर व्यापारी को लखीमपुर के गोला क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया। उसका मोबाइल भी वापस कर दिया। मोबाइल से डायल 100 को मिलाकर व्यापारी ने मदद ली। 

देर रात वह लखीमपुर पुलिस की मदद सेे नानपारा पहुंचा। नानपारा कोतवाली में मामले की जानकारी दी। वारदात की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रवींद्र सिंह मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के साथ जाकर घटनास्थल का मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर चार अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 
 
विज्ञापन

खुलासे के लिए लगाई गईं तीन टीमें

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि व्यापारी के साथ लूट की वारदात की जांच शुरू की गई है। नानपारा टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। जिसमें एक इनोवा गुजरती हुई नजर आयी है। वारदात के खुलासे के लिए नानपारा कोतवाल के साथ ही एसओजी और क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया है। पूरे मामले का पर्यवेक्षण पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण चंद्र करते रहेंगे। 

रुपये देने से किया इन्कार
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह की ओर से व्यापारी वलीम को रुपये दिए जाने के संबंध में जब बहराइच के व्यापारी इरशाद अहमद से संपर्क साधा गया तो उसके द्वारा रुपये देने की बात से इन्कार कर दिया गया। इस मामले ने पुलिस को काफी उलझा दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें