राज्य सरकार पांच साल में 10 लाख युवकों को रोजगार देगी। कौशल विकास मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि इसके लिए व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास मिशन के तहत बड़ी-बड़ी कंपनियों से अनुबंध किया जाएगा।
इसके अलावा योगी सरकार नई उद्योग नीति के जरिए बड़ी कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित भी कर रही है।
ये बातें शुक्रवार को चौहान ने ग्रामीण युवकों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देने के लिए दो कंपनियों मेसर्स सेफ एडुकेट लर्निंग प्रा. लि. और मेसर्स सूर्या वायर्स प्रा. लि. के साथ हुए एमओयू के मौके पर कही।
इस दौरान उन्होंने राज्य कौशल विकास मिशन द्वारा तैयार वेबसाइट ‘यूपी मेरा हूनर डॉट कॉम’ और मोबाइल एप भी लॉन्च किया।
इन जिलों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
एडुकेट बांदा, इलाहाबाद, फैजाबाद व गोरखपुर समेत कई अन्य जिलों में लॉजिस्टिक एवं सप्लाई चेन प्रबंधन का प्रशिक्षण देगा। साथ ही यह कंपनी तीन साल में 3,400 युवकों को प्रशिक्षित करके खुद 2,380 युवकों को नौकरी देगा।
वहीं, सूर्या वायर्स झांसी, चित्रकूट, वाराणसी, इलाहाबाद समेत कई और जिलों में टूरिज्म एवं हास्पिटेलिटी के क्षेत्र में 2,650 युवकों को प्रशिक्षण देने के साथ ही इनमें से 1,855 युवकों को नौकरी भी देगा।
सचिव व्यावसायिक शिक्षा भुवनेश कुमार ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में तीन लाख युवकों को कौशल विकास की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि युवकों को नौकरी दिलाने के लिए 29 व 30 जून को गोरखपुर में रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है।