रेलवे पहली बार सीधे आम जनता की राय पर अपनी दिशा तय करेगी।
रेलवे अगले माह से गोमतीनगर क्रॉसिंग स्टेशन पर लखनऊ से गोरखपुर व फैजाबाद की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों का ठहराव देने की तैयारी कर रहा है।
इस बार रेलवे ने शहर के आम आदमी से भी उनकी पसंद और जरूरत की ट्रेनों के ठहराव के लिए सुझाव देने को कहा है। आम आदमी से मिले सुझावों का अध्ययन करने के बाद रेलवे गोमतीनगर क्रॉसिंग स्टेशन पर ट्रेनों को ठहराव शुरू करेगा।
अब तक ट्रेनों का ठहराव क्षेत्रीय विधायक या क्षेत्रीय सांसद की मांग पर बढ़ाया जाता था। पूर्वोत्तर रेलवे ने इस बार आम आदमी की जरूरतें समझने के लिए सीधे उसे भी शामिल करने का निर्णय लिया है।
बीती 19 दिसंबर को गोमतीनगर क्रॉसिंग स्टेशन पर दो अतिरिक्त प्लेटफार्म बनाए गए हैं। यहां पैदल पुल बनने के बाद फरवरी से कुछ मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू कर दिया जाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय ने मंडल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जिन ट्रेनों का ठहराव बादशाहनगर जंक्शन पर नहीं है, केवल उन्हें ही गोमतीनगर में ठहराव दिया जाए।
इधर मंडल प्रशासन ने मुख्यालय के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए कहा है कि ऐसे तो गोमतीनगर टर्मिनल पर केवल पैसेंजर ट्रेनों का ही ठहराव दिया जा सकेगा।
इसे देखते हुए रेलवे ने जनप्रतिनिधियों के अलावा आम आदमी से भी गोमतीनगर क्रॉसिंग स्टेशन पर उनकी पसंदीदा ट्रेनों के ठहराव का सुझाव मांगा है।
यहां भेज सकते हैं सुझाव
शहरवासी पूर्वोत्तर रेलवे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अशोक मार्ग हजरतगंज लखनऊ के नाम पर अपने सुझाव पत्र से भेज सकते हैं। इन सुझावों का अध्ययन यहां परिचालन और वाणिज्य अनुभाग के अधिकारी मिलकर करेंगे।
इन ट्रेनों को मिल सकता है ठहराव
रेलवे ने हालांकि आम आदमी से उनकी जरूरत के अनुसार ट्रेनों के ठहराव के सुझाव मांगे हैं, लेकिन वह कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव एक से दो मिनट के लिए गोमतीनगर क्रॉसिंग पर देने पर विचार कर रहा है।
इनमें गोरखपुर इंटरसिटी, लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, राप्ती सागर एक्सप्रेस, गोरखपुर ओखा एक्सप्रेस और कृषक एक्सप्रेस शामिल हैं।