संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। उपमंडल के गांव अगिहार की विवाहिता बेटी अंबिका की कपूरथला में संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। सोमवार को मृतका अंबिका का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव अगिहार में ही किया गया। मृतका के परिजनों ने वरपक्ष के 6 लोगों के दहेज की मांग करने व उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मृतका के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि उसकी बेटी अंबिका की शादी गांव बास खुडाना निवासी योगेश के साथ 29 अप्रैल 2018 को हुई थी। लड़की आरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर लखनऊ में तैनात थी, जबकि उसका पति योगेश 58 आरमेड ब्रिगेड कपूरथला में तैनात था। मृतका अंबिका के 8 माह की बच्ची भी है जिस कारण वह 12 महीने के मेटरनिटी अवकाश पर अपने पति के पास कपूरथला गई हुई थी। जहा संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने वर पक्ष पर दहेेेज का आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के दो दिन बाद ही दहेज को लेकर अंबिका के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। वरपक्ष की तरफ से 30 लाख रुपये की मांग की गई थी। शादी के बाद से ही उसका पति व उसके परिवार के सदस्य उसे दहेज के लिए परेशान करने लग गए थे जिनका दो-तीन बार समझोता भी करवा चुके हैं। शादी के करीब दो वर्ष बाद उन्होंने अपनी लड़की को आरपीएफ में भर्ती करवा दिया था। जिसके लिए भी ससुराल पक्ष की तरफ से कोई खर्चा नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा कि अंबिका के ससुराल पक्ष के लोगों ने एक साजिश के तहत उसकी गला घोटकर हत्या की है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना कपूरथला में शिकायत दी गई है। परिजनों ने सरकार व प्रशासन से वर पक्ष के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
----------
परिजनों ने शिकायत देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजनों की शिकायत पर पति योगेश, ससुर सोमबीर सिंह, सास संतोष देवी, देवर श्यामसुंदर, ननद सोनू, बिचौलिए महेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्सा नहीं जाएगा।
--- डीएसपी सुरिंद्र सिंह, थाना कोतवाली, कपूरथला
मृतका की 8 माह की बेटी गोलू
- फोटो : Amar Ujala
मृतका की 8 माह की बेटी गोलू
अंबिका के पिता मुकेश
- फोटो : Amar Ujala
अंबिका के पिता मुकेश
सोमवार को मृतका के गांव अगिहार स्थित मकान के बाहर जमा ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : Amar Ujala
सोमवार को मृतका के गांव अगिहार स्थित मकान के बाहर जमा ग्रामीणों की भीड़