फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War LIVE: नेतन्याहू बोले- दूसरे चरण में पहुंचा गाजा युद्ध, UAE की यूएनएससी की बैठक बुलाने की अपील

Sun, 29 Oct 2023 05:04 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, यरुशलम

खास बातें

Israel Hamas War News in Hindi: इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को अब तीन हफ्ते बीत चुके हैं। इस बीच गाजा पट्टी में छिपे आतंकियों को मारने के लिए इस्राइल की वायुसेना का अभियान जारी है। बीते 21 दिनों में दोनों तरफ से नौ हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। जहां इस्राइल पर हमास के हमले में 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई, तो वहीं गाजा पट्टी में इस्राइली एयरस्ट्राइक में 7500 हजार के करीब जानें गईं हैं। इस बीच इस्राइल ने दावा किया है कि उसने शुक्रवार रात को बमबारी में गाजा में 150 से ज्यादा अंडरग्राउंड सुरंगों को निशाना बनाया। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष से जुड़े अपडेट्स...
विज्ञापन
इस्राइल-हमास युद्ध। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:04 AM, 29-Oct-2023

न्यूयॉर्क में प्रदर्शन, 200 को हिरासत में लिया

गाजा पट्टी पर इस्राइली बमबारी तेज होने के बीच, न्यूयॉर्क सिटी के प्रसिद्ध ‘ग्रैंड सेंट्रल टर्मिनल’ के मुख्य परिसर में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने युद्धविराम की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें रेलवे स्टेशन से बाहर ले जाया गया। प्रदर्शनकारियों को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया, समन जारी किया गया और फिर उन्हें रिहा कर दिया गया।  

04:39 AM, 29-Oct-2023

डब्ल्यूएफपी का गाजा में अपनी टीमों से संपर्क टूटा

संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) की कार्यकारी निदेशक सिंडी मैक्केन ने शनिवार को कहा कि इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच गाजा में उनकी टीमों से उनका संपर्क टूट गया है। एक्स पर एक पोस्ट में मैक्केन ने कहा कि हमने गाजा में अपनी टीमों से संपर्क खो दिया है। गाजा में जैसे-जैसे संघर्ष बढ़ता जा रहा है, मैं सभी मानवीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहद चिंतित हूं। हम एक निर्णायक मोड़ पर हैं। मानवता कायम रहनी चाहिए। 

01:50 AM, 29-Oct-2023

अब्बास ने गाजा में नरसंहार रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की अपील की 

फलस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने 'गाजा में नरसंहार' को रोकने के लिए तत्काल अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की अपील की है। फलस्तीन मुक्ति संगठन (पीएलओ) की कार्यकारी समिति की बैठक में अब्बास ने कहा कि फलस्तीनी नेतृत्व ने संघर्ष को रोकने, मानवीय सहायता की पहुंच, पलायन को रोकने और यरूशलेम तथा वेस्ट बैंक में इस्राइली निवासियों और बलों द्वारा हमलों को रोकने का अनुरोध किया है। अब्बास ने कहा, यह बर्बर हमला है। दुनिया इस नरसंहार पर चुप कैसे रह सकती है?  

विज्ञापन
12:53 AM, 29-Oct-2023

सऊदी अरब ने गाजा में इस्राइली सेना की जमीनी कार्रवाई की निंदा की

इस्राइली सेना की गाजा में जमीनी घुसपैठ जारी है। इस बीच सऊदी अरब ने इस्राइली बलों के किसी भी जमीनी अभियान की निंदा की, जिससे फलस्तीनी नागरिकों के जीवन को खतरा हो सकता है। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह गाजा पट्टी में इस्राइली सेना द्वारा किए गए जमीनी अभियानों की निंदा करता है और फलस्तीनियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुचित उल्लंघनों के लिए चेतावनी देता है। 

12:36 AM, 29-Oct-2023

गाजा युद्ध दूसरे चरण में पहुंचा : नेतन्याहू
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि जमीनी अभियान के साथ गाजा में लड़ाई दूसरे चरण में पहुंच गई है। शनिवार को न्यूज कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइली सेना ने गाजा में जमीनी हमले शुरू कर दिए हैं। यह लड़ाई लंबी और कठिन होगी। नेतन्याहू ने तेल अवीव के किर्या में हमास की ओर से बंधक बनाए गए लोगों के परिवार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, बंधकों की सुरक्षित रिहाई के लिए हर प्रयास किया जाएगा। हमास ने 200 से अधिक लोगों को बंधक बनाया है। इस्राइल ने हमले रोकने और बंधकों के बदले उसकी जेलों में बंद फलस्तीनियों को रिहा करने के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है।

विज्ञापन
12:29 AM, 29-Oct-2023

बंधकों को छुड़ाने के लिए 'हर विकल्प' का इस्तेमाल करेंगे: नेतन्याहू

फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास के साथ संघर्ष के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनकी सरकार आतंकियों द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को सुरक्षित छुड़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हालांकि, नेतन्याहू ने बंदियों की अदला-बदली के लिए समझौते की प्रतिबद्धता नहीं जताई। लेकिन पीड़ित परिवारों से कहा कि इस्राइली अधिकारी बंधकों को घर लाने के लिए हर विकल्प अपनाएंगे। 

12:21 AM, 29-Oct-2023

यूएई ने गाजा पर यूएनएससी की बैठक बुलाने का किया अनुरोध

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने गाजा में इस्राइल की जमीनी कार्रवाई पर यूएनएससी की जल्द से जल्द बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई गाजा में दूरसंचार नेटवर्क बंद करने पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। राजनयिकों का कहना है कि 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक रविवार को बुलाई जा सकती है।

10:44 PM, 28-Oct-2023

इस्राइल ने तुर्किये से अपने राजनयिक कर्मचारियों को वापस बुलाएगा

इस्राइल ने तुर्किये से अपने दूतावास के कर्मचारियों को वापस बुलाएगा। इस्राइल ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की ओर से गाजा में उसके सैन्य अभियान की आलोचना के बाद वह तुर्की से अपने राजनयिकों को वापस बुला रहा है। विदेश मंत्री एली कोहेन ने एक्स पोस्ट के जरिए कहा कि तुर्किये से आ रहे गंभीर बयानों को देखते हुए मैंने इस्राइल और तुर्की के बीच संबंधों का पुनर्मूल्यांकन करने के लिए वहां अपने प्रतिनिधियों की वापसी का आदेश दिया है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, तुर्किये राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा था कि इस्राइल 22 दिनों से खुलेआम युद्ध अपराध कर रहा है, लेकिन पश्चिमी नेता इस पर प्रतिक्रिया देना तो दूर युद्धविराम के लिए भी नहीं कह रहे। एर्दोगन इस्तांबुल में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान फलस्तीनी झंडे लहराए गए थे। उन्होंने कहा था कि हम पूरी दुनिया को बताएंगे कि इस्राइल एक युद्ध अपराधी है। हम इसके लिए तैयारी कर रहे हैं। हम इस्राइल को युद्ध अपराधी घोषित करेंगे।

10:40 PM, 28-Oct-2023

पीएम मोदी ने की मिस्र के राष्ट्रपति से बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से बात की। दोनों के बीच शनिवार शाम को टेलीफोन पर बातचीत हुई। मिस्र के राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने फेसबुक के जरिए बताया कि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी को फोन किया। दोनों के बीच गाजा पट्टी में इस्राइली सैन्य अभियानों को लेकर विस्तार से बात हुई। दोनों ने नागरिक जीवन पर इसके विनाशकारी प्रभाव पर भी बात की। इस दौरान युद्ध से बढ़ रहे खतरों को लेकर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। यह पूरे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खतरा है।

07:04 PM, 28-Oct-2023

गाजा में मान्यता प्राप्त सहायता समूहों को कनेक्शन मुहैया कराएंगे: मस्क

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने शनिवार को एलान किया कि उनकी उपग्रह-आधारित संचार प्रणाली स्टारलिंक गाजा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सहायता संगठनों को कनेक्टिविटी मुहैया कराएगी। मस्क ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अमेरिकी प्रतिनिधि अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज के एक बयान के जवाब में यह घोषणा की। उन्होंने कहा था कि 2.2 मिलियन की आबादी के लिए सभी संचार बंद करना अस्वीकार्य है।

07:00 PM, 28-Oct-2023

आतंकी गाजावासियों से जरूरी सामान छीन रहे: आईडीएफ

इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने दावा किया कि शिफा अस्पताल के तहत हमास आतंकी गाजावासियों से जरूरी सामान छीन रहे हैं। वे उनका इस्तेमाल आतंकी उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं। आईडीएफ के मुताबिक, आतंकी समूह गाजावासियों की बुनियादी जरूरतों जैसे ईंधन, ऑक्सीजन, पानी और बिजली का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए कर रहा है।

04:06 PM, 28-Oct-2023

इस्राइल-फलस्तीन मुद्दे पर भारत का रुख साफ

इस्राइल और हमास के हिंसक संघर्ष के बीच विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने संयुक्त राष्ट्र में लाए गए एक प्रस्ताव की जानकारी दी है। दरअसल, इस्राइल के साथ हमास के संघर्ष के बीच फलस्तीन का मुद्दा भी बेहद अहम है। फलस्तीन को अलग देश के रूप में मान्यता देने की मांग लंबे समय से हो रही है। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा में 27 अक्तूबर को पेश प्रस्ताव के बारे में सूत्रों ने बताया कि भारत का वोट इस मुद्दे पर देश की दृढ़ और सुसंगत स्थिति को दिखाता है। पढ़ें पूरी खबर

03:48 PM, 28-Oct-2023

इस्राइल-हमास युद्ध के बीच ईरान-USA विवाद क्यों छिड़ा?

एक ओर जहां हमास और इस्राइल के बीच हिंसक युद्ध चल रहा है, दूसरी ओर अमेरिका और ईरान भी आमने-सामने आ गए हैं। इसकी वजह सीरिया और इराक में हुए रॉकेट और हवाई हमले हैं। अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए हमले में 20 से ज्यादा सैनिक घायल हो गए हैं। पढ़ें पूरी खबर

02:17 PM, 28-Oct-2023

अमेरिका के आरोप से भड़के ईरान ने दी चेतावनी

इस्राइल-हमास के बीच पिछले कई सप्ताह से युद्ध जारी है, जिसमें साढ़े सात हजार लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच, इस्राइल का समर्थन कर रहे अमेरिका से ईरान चिढ़ गया है। उसने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका अपना समर्थन इस्राइल के लिए जारी रखेगा तो उसके खिलाफ नए मोर्चे खुल जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...

01:45 PM, 28-Oct-2023

इस्राइली सेना ने कहा कि वह गाजा में बड़े पैमाने पर गोलीबारी करते हुए पैदल सेना, बख्तरबंद वाहनों के साथ जमीनी अभियान का विस्तार कर रही है।

01:13 PM, 28-Oct-2023

गाजा में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं बंद कर चुका है इस्राइल

इस्राइल सेना के मुख्य प्रवक्ता ने शनिवार सुबह मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि इस्राइली वायु सेना और जमीनी सेना ने गाजा पट्टी में अभियान और तेज कर दिया है। इसके अलावा, इस्राइल ने गाजा में इंटरनेट और मोबाइल फोन सेवाओं को भी निलंबित कर दिया है, जिससे अब गाजा के लोगों का बाहरी दुनिया से संपर्क टूट गया है। पढ़ें पूरी खबर...

12:53 PM, 28-Oct-2023

डब्लूएचओ महानिदेशक ने जाहिर की चिंता

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडनोम घेबियस ने बताया कि इंटरनेट और मोबाइल सुविधा निलंबित हो जाने के कारण संस्थान अपने कर्मियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संपर्क स्थापित नहीं कर पा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों की तत्काल सुरक्षा और पूर्ण मानवीय पहुंच का आह्वान किया है। एक्स पर घेब्रेयसस ने कहा कि हमने गाजा में अपने कर्मचारियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं सहित अन्य मानवीय सहयोगियों के साथ संपर्क खो दिया है। इस कार्रवाई से मुझे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। हम सभी नागरिकों की तत्काल सुरक्षा और पूर्ण मानवीय पहुंच का आग्रह करते हैं।

12:31 PM, 28-Oct-2023

ब्रिटिश विदेश मंत्री बोले- युद्धविराम से स्थिति ठीक नहीं होने वाली

ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने कहा है कि इस्राइल-हमास संघर्ष में युद्धविराम की मांग लागू होने से भी कुछ नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि हम इस्राइल को शांतिपूर्ण और सुरक्षित देखना चाहते हैं। लेकिन यह तय नहीं है कि हमास खुद युद्धविराम की बात मानेगा या नहीं। उन्होंने कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि ये जंग हमास की तरफ से शुरू की गई थी। 

12:07 PM, 28-Oct-2023

पैराग्लाइडर्स के जरिए इस्राइल में आतंकी भेजने के साजिशकर्ता की मौत

इस्राइल-हमास संघर्ष को तीन हफ्ते हो चुके हैं। दोनों ही तरफ से अब तक यह टकराव नहीं रुका है। हमास के हमले में इस्राइल के 1400 से ज्यादा नागरिकों की मौत हुई है। वहीं, गाजा पट्टी पर इस्राइली वायुसेना के हमले में करीब 7500 से ज्यादा की जान गई है। इस्राइल की तरफ से गाजा पट्टी पर ऐसे ही एक हमले में हमास आतंकी असेम अबु रकाबा की मौत हो गई है। बताया गया है कि रकाबा हमास की उस यूनिट का प्रमुख था, जिसने इस्राइल में पैराग्लाइडर्स के जरिए आतंकियों को सीमापार कराने की साजिश रची थी। पढ़ें पूरी खबर...

11:45 AM, 28-Oct-2023

इस्राइल ने कहा- यमन के हूती विद्रोहियों ने दागी मिसाइल

इस्राइल ने दावा किया है कि 27 अक्तूबर की रात को यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस्राइल पर हमले की कोशिश की। हालांकि, उनकी तरफ से दागी गई क्रूज मिसाइल इस्राइल के मिस्र से लगते बॉर्डर के पास टकराई, जिसमें मिस्र के छह सैन्यकर्मी घायल हो गए। 

11:33 AM, 28-Oct-2023

Israel Hamas War LIVE: नेतन्याहू बोले- दूसरे चरण में पहुंचा गाजा युद्ध, UAE की यूएनएससी की बैठक बुलाने की अपील

Israel Hamas War News in Hindi: इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को अब तीन हफ्ते बीत चुके हैं। इस बीच गाजा पट्टी में छिपे आतंकियों को मारने के लिए इस्राइल की वायुसेना का अभियान जारी है। बीते 21 दिनों में दोनों तरफ से नौ हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। जहां इस्राइल पर हमास के हमले में 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई, तो वहीं गाजा पट्टी में इस्राइली एयरस्ट्राइक में 7500 हजार के करीब जानें गईं हैं। इस बीच इस्राइल ने दावा किया है कि उसने शुक्रवार रात को बमबारी में गाजा में 150 से ज्यादा अंडरग्राउंड सुरंगों को निशाना बनाया। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष से जुड़े अपडेट्स...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें