फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kashi Tamil Sangamam: पीएम मोदी बोले- काशी तमिल संगमम बनेगा राष्ट्रीय एकता का प्लेटफॉर्म, समृद्ध होगी संस्कृति

Sat, 19 Nov 2022 05:01 PM IST
किरन रौतेला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

खास बातें

PM Modi Kashi Tamil Sangamam Inauguration Live News in Hindi: उत्तर और दक्षिण की संस्कृति को एकाकार करने वाले काशी-तमिल संगमम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह समारोह एक माह तक चलेगा। मुख्य आयोजन बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में है। पीएम मोदी काशी तमिल संगमम समारोह में उपस्थित जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। पढ़ें हर अपडेट...
विज्ञापन
काशी तमिल संगमम में पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:53 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी दिल्ली रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी एयरपोर्ट के विमानतल से शाम 4:48 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई भाजपा नेता और अधिकारी मौजूद रहे। 

04:25 PM, 19-Nov-2022

एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीएचयू हेलीपैड से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उनके साथ सीएम योगी और राज्यपाल का हेलीकॉप्टर भी उड़ा। 

04:06 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी बोले- दुनिया की सबसे प्राचीन भाषा तमिल

हमारे पास दुनिया की सबसे प्राचीन भाषा तमिल है। आज तक ये भाषा उतनी ही लोकप्रिय है। ये हम 130 करोड़ देशवासियों की ज़िम्मेदारी है कि हमें तमिल की इस विरासत को बचाना भी है, उसे समृद्ध भी करना है। हमें अपनी संस्कृति, अध्यात्म का भी विकास करना है। 

विज्ञापन
04:04 PM, 19-Nov-2022

आजादी के बाद राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना था, दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ

पीएम मोदी ने कहा कि हमें आजादी के बाद हजारों वर्षों की परंपरा और इस विरासत को मजबूत करना था, इस देश का एकता सूत्र बनाना था, लेकिन दुर्भाग्य से इसके लिए बहुत प्रयास नहीं किए गए। काशी तमिल संगमम इस संकल्प के लिए एक प्लेटफॉर्म बनेगा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए ऊर्जा देगा।

04:00 PM, 19-Nov-2022

काशी की गलियों में मिलेंगे तमिल संस्कृति के मंदिर

पीएम मोदी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का प्राचीन काल से संबंध हैं। इसका प्रमाण काशी की गलियों में मिलेगा। यहां आपको तमिल संस्कृति के मंदिर मिलेंगे। हरिश्चंद्र घाट और केदार घाट पर 200 से ज्यादा वर्ष पुराना मंदिर है।

विज्ञापन
03:56 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी ने जोड़ा काशी और तमिलनाडु का नाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु दोनों ही संस्कृति और सभ्यता के कालातीत केंद्र हैं। दोनों क्षेत्र संस्कृत और तमिल जैसी विश्व की सबसे प्राचीन भाषाओं के केंद्र हैं।

03:51 PM, 19-Nov-2022

काशी और तमिलनाडु ऊर्जा-ज्ञान के केंद्र

पीएम मोदी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु दोनों संगीत, साहित्य और कला के स्त्रोत हैं। काशी में बनारसी साड़ी मिलेगी तो कांचीपुरम का सिल्क पूरे विश्व में मशहूर है। तमिलनाडु संत तिरुवल्लुवर की पुण्य धरती है। दोनों ही जगह ऊर्जा और ज्ञान के केंद्र हैं। आज भी तमिल विवाह परंपरा में काशी यात्रा का जिक्र होता है। यह तमिलनाडु के दिलों में अविनाशी काशी के प्रति प्रेम है। यही एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना है जो प्राचीन काल से अब तक अनवरत बरकरार है।

03:42 PM, 19-Nov-2022

काशी और तमिलनाडु दोनों शिवमय और शक्तिमय

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में संगमों का बड़ा महत्व रहा है। नदियों और धाराओं के संगम से लेकर विचारों-विचारधाराओं, ज्ञान-विज्ञान और समाजों-संस्कृतियों के संगम का हमने जश्न मनाया है। इसलिए काशी तमिल संगमम् अपने आप में विशेष है, अद्वितीय है। एक ओर पूरे भारत को अपने आप में समेटे हमारी सांस्कृतिक राजधानी काशी है, तो दूसरी और, भारत की प्राचीनता और गौरव का केंद्र, हमारा तमिलनाडु और तमिल संस्कृति है। ये संगम भी गंगा यमुना के संगम जितना ही पवित्र है। काशी और तमिलनाडु दोनों शिवमय हैं, दोनों शक्तिमय हैं। एक स्वयं में काशी है, तो तमिलनाडु में दक्षिण काशी है। काशी-कांची के रूप में दोनों की सप्तपुरियों में अपनी महत्ता है।

03:34 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी का संबोधन शुरू

पीएम मोदी ने हर हर महादेव, वणक्कम काशी और वणक्कम तमिलनाडु बोलकर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने यूपी सरकार, तमिलनाडु सरकार, बीएचयू, आईआईटी मद्रास और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। 

03:13 PM, 19-Nov-2022

काशी तमिल संगमम में स्वरांजलि

तमिल के प्रसिद्ध संगीतकार व राज्यसभा सांसद इळैयराजा और उनके शिष्यों ने साज-सज्जा के साथ ऊँ, गणेश, शिव, शक्ति, समेत अन्य देवगणों का मंत्र स्तुति के साथ आह्वान किया। इस स्वरांजलि की प्रस्तुति ने  लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पीएम मोदी और सीएम योगी समेत तमाम मौजूद लोग ताली बजाते रहे। 

03:05 PM, 19-Nov-2022

काशी तमिल संगमम में विशेष राग का वादन

काशी तमिल संगमम में पीएम मोदी के संबोधन से पहले मंच पर विशेष राग में शहनाई वादन हुआ। शहनाई वादक कासिम और बाबू संग तमिल के कलाकारों ने संगत की। 

02:57 PM, 19-Nov-2022
काशी तमिल संगमम के मंच पर पुस्तक का विमोचन - फोटो : एएनआई

13 भाषाओं में पुस्तक का विमोचन

तमिल समेत 13 भाषा में लिखी गई धार्मिक पुस्तक तिरुक्कुरल व काशी-तमिल संस्कृति पर लिखी गईं किताबों का प्रधानमंत्री के हाथों विमोचन हुआ

02:50 PM, 19-Nov-2022

काशी तमिल संगमम का औपचारिक शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी तमिल संगमम का रिमोट दबाकर औपचारिक शुभारंभ किया। संगमम के आयोजन से संबंधित एक शॉर्ट फिल्म को दिखाया गया। 

02:47 PM, 19-Nov-2022
काशी तमिल संगमम - फोटो : अमर उजाला

काशी और तमिलनाडु में धर्म, ज्ञान और संस्कृति के एक तत्व

सीएम योगी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु में धर्म, ज्ञान और संस्कृति के एक ही तत्व हैं। दोनों की अपनी प्राचीन संस्कृति है जो इसे विशेष बनाती है। यह मान्यता है कि भगवान शिव के मुंह से जो दो भाषाएं निकलीं वह तमिल और संस्कृत थीं। काशी तमिल संगमम के आयोजन से तमिलनाडु के अतिथि उत्तर और दक्षिण के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती प्रदान करेंगे। इस आयोजन के जरिए तमिलनाडु के लोग काशी और उत्तर प्रदेश की समृद्धता के बारे में जानेंगे। 

02:45 PM, 19-Nov-2022

 तमिल और काशी के बीच संबंध बहुत पुराना

सीएम योगी ने कहा कि तमिल और काशी के बीच संबंध बहुत पुराना है। धर्म, संस्कृति और शिक्षा की यह दो नगरी बहुत खास है। आजादी के अमृत काल महोत्सव को यह आयोजन जीवंत कर रहा है। तमिलनाडु में तेनकाशी नामक एक स्थान है जिसका मतलब दक्षिण का काशी है। 

02:33 PM, 19-Nov-2022

सीएम योगी बोले- वणक्कम..नमस्कारम और हर हर महादेव

काशी तमिल संगमम के मंच पर सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत  वणक्कम..नमस्कारम और हर हर महादेव से की। उन्होंने पीएम मोदी, तमिलनाडु से आए तमाम हस्तियों सहित कार्यक्रम में मौजूद जनसभा का स्वागत और अभिनंनदन किया। राज राजेश्वर की नगरी में काशी तमिल संगमम के आयोजन के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद कहा। सीएम योगी के संबोधन का तमिल भाषा में अनुवाद कर बोला जा रहा है। 

02:26 PM, 19-Nov-2022

बीएचयू में वणक्कम-वणक्कम की गूंज

काशी तमिल संगमम के मंच पर जैसे ही पीएम मोदी पहुंचे वैसे ही पूरा एंफीथिएटर मैदान वणक्कम-वणक्कम (नमस्ते) की आवाज से गूंज उठा। समारोह में पहुंचे तमिलनाडु के प्रयटकों का उत्साह देखते बन रहा है। पीएम मोदी की जनसभा थोड़ी देर में शुरू होगी। अभी तमिलनाडु से आए नेता और अधिकारी पीएम मोदी का अभिवादन कर रहे हैं। 

02:15 PM, 19-Nov-2022

काशी तमिल संगमम का शुभारंभ

एक माह तक चलने वाले काशी तमिल संगमम समारोह का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किया। उद्घाटन समारोह से पहले पीएम मोदी ने तमिलनाडु से पधारे शैव मठाधीशों (धीनम ) के समूह से मुलाकात की।  प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर काशी तमिल संगमम पर आधारित लघु फिल्म  के अलावा काशी-तमिल को जोड़ने वाली दो पुस्तकों का विमोचन भी किया। थोड़ी देर में पीएम मोदी की जनसभा शुरू होगी। बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में  केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल मुरुगन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद इलैयाराजा, केंद्रीय शिक्षा धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद हैं।

02:07 PM, 19-Nov-2022

दक्षिण भारत के रंग में रंगे पीएम मोदी

बीएचयू में काशी तमिल संगमम के लिए पीएम मोदी ने खास ड्रेस पहनी है। उनके पहनावे ने सभी का ध्यान खींचा। प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु की पारंपरिक वस्त्र (सफेद शर्ट और लुंगी) धारण किया है। कांधे पर गोल्डेन-व्हाइट गमछा रखा है। 

02:03 PM, 19-Nov-2022

लाल बहादुर शास्त्री और सुब्रह्मण्यम भारती के घर भी जाएंगे 216 मेहमान

काशी-तमिल संगमम में शामिल होने पहले दल में आ रहे 216 मेहमान आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखेंगे। 20 नवंबर को वह पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री और राष्ट्रकवि सुब्रह्मण्यम भारती के पैतृक घर भी जाएंगे।  अधिकारियों के मुताबिक, सभी मेहमान 20 को संक ट मोचन मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। यहां से राष्ट्रकवि सुब्रह्मण्यम भारती के पैतृक आवास पर जाएंगे। फिर, शंकराचार्य मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक आवास जाएंगे। इसके बाद सारनाथ घूमकर गंगा आरती में शामिल होंगे। 21 नवंबर को प्रयागराज जाएंगे। कं

01:48 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी बीएचयू पहुंचे

बीएचयू हैलीपेड पर पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर उतर चुका है। वहां से वो कार द्वारा एंफीथिएटर मैदान के लिए रवाना हुए। थोड़ी देर में काशी तमिल संगमम का शुभारंभ करेंगे। जनसभा को संबोधित करेंगे। पूरा एंफीथिएटर मैदान मोदी-मोदी के नारों से गुंजायमान है।

01:41 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी बोले- बहुत उत्सुक हूं

वाराणसी में पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया। कहा कि काशी तमिल संगमम् कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर बहुत उत्सुक हूं। यह एक ऐसा भव्य और ऐतिहासिक अवसर होगा, जिसमें भारत के सांस्कृतिक जुड़ाव और तमिल भाषा की सुंदरता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

01:39 PM, 19-Nov-2022

बीएचयू में पीएम मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से थोड़ी ही देर बाद सनातन संस्कृति के दो पौराणिक केंद्रों के मिलन के अद्भुत संयोग काशी तमिल संगमम के भव्य समारोह का उद्घाटन करेंगे। बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में आयोजित समारोह में तमिलनाडु के प्रमुख मठ मंदिरों के अधीनम (महंत) का सम्मान करेंगे और पहले प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्रों से संवाद भी करेंगे। इस दौरान मंच से तमिल भाषा में लिखी गई  धार्मिक पुस्तक तिरुक्कुरल व काशी तमिल संस्कृति पर लिखी कई पुस्तकों का विमोचन भी करेंगे।

01:31 PM, 19-Nov-2022

पीएम मोदी वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी एयरपोर्ट पर दोपहर 1:25 बजे पहुंचे। सीएम योगी और राज्यपाल सहित कई भाजपा नेताओं ने अगवानी की। थोड़ी देर में हेलीकॉप्टर से बीएचयू स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।

01:27 PM, 19-Nov-2022

एयरपोर्ट पर विजिटर पास पर लगी रोक

 एसपीजी ने बाबतपुर एयरपोर्ट परिसर से लगायत आसपास के क्षेत्रों और टावरों पर जवानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।  सीआईएसएफ की डॉग स्क्वाड व आईएनटी दस्ता टर्मिनल भवन में सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रहे हैं।  सुरक्षा व्यवस्था के कारण एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग में जाने के लिए बनने वाले विजिटर पास पर भी रोक लगा दिया गया है।  एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक रूप से घूमने वालों को रोकते हुए उनसे पूछताछ की जा रही है। 

01:26 PM, 19-Nov-2022

राजराजेश्वर की नगरी में पीएम के सामने दिखेगी रामेश्वरम की कला और संस्कृति

राजराजेश्वर शिव की नगरी काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने रामेश्वरम की कला और संस्कृति नजर आएगी। उत्तर और दक्षिण की संस्कृति को एकाकार करने वाले काशी-तमिल संगमम का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान पर करेंगे। इस दौरान वह डेढ़ घंटे तक पंडालों का अवलोकन करेंगे और तमिलनाडु से आए अधीनम, विद्यार्थियों और कलाकारों से भी रूबरू होंगे। एंफीथिएटर मैदान पूरी तरह से मिनी तमिलनाडु में तब्दील हो चुका है। 

12:46 PM, 19-Nov-2022

Kashi Tamil Sangamam: पीएम मोदी बोले- काशी तमिल संगमम बनेगा राष्ट्रीय एकता का प्लेटफॉर्म, समृद्ध होगी संस्कृति

वाराणसी में काशी तमिल संगमम के शुभारंभ के लिए पीएम मोदी काशी पहुंचने वाले हैं। बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान पर आज प्रधानमंत्री काशी-तमिल संगमम का उद्घाटन करेंगे।  बीएचयू से लेकर सारनाथ तक तमिल संस्कृति के रंग बिखरेंगे। पीएम के स्वागत के लिए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें