गोरखपुर : ईवीएम की रखवाली कर रहे सपा नेताओं का हंगामा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार की रात से यूनिवर्सिटी मुख्य द्वार पर जमे पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पूरे दिन हंगामा किया। यूनिवर्सिटी स्टॉफ के साथ ही सीडीओ इंद्रजीत सिंह समेत कई अन्य प्रशासनिक अफसरों व पुलिस की गाड़ियां भी खुद चेक की। इस दौरान कुछ नेताओ-कार्यकर्ताओं ने बदसलूकी भी की।
वहीं यूनिवर्सिटी के कुछ स्टॉफ ने इस बात पर आपत्ति भी दर्ज कराई कि किस अधिकार के तहत एक राजनीतिक दल के नेता-कार्यकर्ता आमजन की गाड़ी को न केवल हाथ लगा रहे बल्कि भीतर रखे सामान की तलाशी भी ले रहे। हालांकि पूरे समय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तमाशबीन बने सिर्फ सपा नेताओं-कार्यकर्ताओं को समझाते ही रहे।
मुरादाबाद: मंडी समिति में सपाइयों का हंगामा
मुरादाबाद मंडी समिति में नगर निगम की गाड़ी में बैलेट पेपर छिपाकर ले जाने का आरोप लगाकर सपाइयों ने जमकर हंगामा किया। जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सपा कार्यकर्ताओं ने अफसरों और नगर निगम की गाड़ियों को रोककर अंदर नहीं जाने दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने बैलेट पेपर चोरी करके ले जाने का आरोप लगाते हुए सभी गाड़ियों की तलाशी लेने शुरू कर दी। एसएसपी बबलू कुमार और डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ता शांत हो गए। अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे है। मंडी समिति में सपा और बसपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए है।
संतकबीरनगर : बैलेट पेपर के साथ पकड़ा गया लेखपाल, डीएम ने की कार्रवाई
खलीलाबाद तहसील में कार्यरत एक लेखपाल बुधवार को एचआरपीजी कॉलेज में बने मतगणना स्थल पर जा रहा था। अभी वह कॉलेज गेट के सामने पहुंचा ही था कि शक के आधार पर सपा नेता व पूर्व प्रमुख मनोज राय ने उसे रोक लिया। लेखपाल के पास मौजूद रजिस्टर की तलाशी ली तो रजिस्टर में दो बैलेट पेपर आरओ के हस्ताक्षर युक्त मिला। यह बैलेट पेपर कहां से आया, यह लेखपाल नहीं बता सका। जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर डीएम दिव्या मित्तल मौके पर पहुंच गई। उन्होंने हकीकत जानने के बाद लेखपाल को निलंबित करने के साथ ही केस दर्ज कराने का एसडीएम को निर्देश दिया। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात कही।
ईवीएम को लेकर कई जिलों में बवाल
ईवीएम और पोस्टल बैलेट को लेकर विपक्ष यूपी के कई जिलों में हंगामा कर रहा है। मंगलवार को वाराणसी से शुरू हुआ बवाल बरेली, सोनभद्र, उन्नाव, मुरादाबाद समेत कई जिलों में पहुंच चुका है। इन हंगामों के बीच वाराणसी के जिला निर्वाचन अधिकारी ने एडीएम आपूर्ति नलिनी कांत सिंह को हटा दिया है। नलिनी कांत को निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, सोनभद्र और बरेली में भी एसडीएम हटाए गए हैं ।
मंगलवार शाम सपा प्रमुख अखिलेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जगह-जगह समाजवादी पार्टी और विपक्ष के अन्य नेता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि भाजपा सरकार के कहने पर जिलों के अफसर ईवीएम से छेड़छाड़ कर रहे हैं। इसके अलावा पोस्टल बैलेट में भी धांधली करने का आरोप विपक्ष ने लगाया है। पढ़िए अब तक किस-किस जिले में क्या-क्या हुआ?
कम अंतर से हार-जीत वाली मोहनलालगंज, मध्य पर रहेगी सबकी नजर
लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों में से मोहनलालगंज और लखनऊ मध्य पर मतगणना के समय सबकी नजर रहेगी। इसकी वजह यह है कि इन सीटों पर बहुत ही कम अंतर से हार-जीत हुई थी। इस बार भी दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। ऐसे में 2017 की तरह यहां 2022 के परिणाम भी चौंका सकते हैं। पढ़िए पूरी खबर...
चुनाव नतीजे से पहले भगवान के दर पर हाजिरी
विधानसभा चुनाव नतीजों से एक दिन पहले मथुरा से भाजपा प्रत्याशी ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बुधवार को ब्रज के मंदिरों में पूजा-अर्चना की। ऊर्जा मंत्री सबसे पहले मथुरा के रंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए। वृंदावन से श्रीकांत शर्मा गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर मनौती मांगी। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने बरसाना के राधारानी मंदिर में भी पूचा-अर्चना की। मंदिरों में दर्शन के बाद श्रीकांत शर्मा ने भाजपा की जीत का दावा किया। इस दौरान उनके साथ परिवार के लोग और समर्थक भी रहे।
UP Election Result: सपा प्रमुख का मीडिया पर तंज
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मीडिया पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर एक शायरी पोस्ट की। बगैर किसी का नाम लिए सपा प्रमुख ने कहा, 'लिख रहा हूँ ये सोचकर कि शायद जागेगा ज़मीर, बेख़बर से हो गये हैं न जाने क्यों कुछ ख़बरनवीस।'
सपा ने चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर वेब कास्टिंग कराने की मांग की
समाजवादी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर गुरुवार को यूपी चुनाव की होने वाली मतगणना की वेब कास्टिंग कराने और उसका लिंक सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने की मांग की है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि सपा मांग करती है कि 10 मार्च 2022 को प्रदेश के समस्त जिलों की हर विधान सभा की होने वाली मतगणना की वेबकास्टिंग कराई जाए और भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी सहित सभी राजनीतिक दलों को उसका लिंक उपलब्ध करवाया जाए जिससे कि सभी मतगणना को लाइव देख सकें। जिससे मतगणना पारदर्शी, स्वतंत्र और निष्पक्ष हो सके।
कब-कब सवालों के घेरे में रही ईवीएम
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं और नतीजे गुरुवार को आएंगे। उससे पहले सोमवार को आए एग्जिट पोल में ज्यादातर ने यूपी में भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया है। जिसके बाद ईवीएम पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने वाराणसी में गाड़ियों से ईवीएम की मूवमेंट का मुद्दा उठाते हुए यूपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, 'भाजपा को जिताने के लिए प्रशासन वोट चुराने में लगा हुआ है। यह लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है, जिसके बाद लोगों को क्रांति करनी होगी। पढ़िए पूरी खबर...
मतगणना से पहले धांधली का आरोप
10 फरवरी से लेकर सात मार्च तक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में सभी चरणों का मतदान पूरा हो चुका है। अब कल यानी दस मार्च को मतों की गणना होगी। इसके पहले ही पोस्टल बैलेट और ईवीएम को लेकर उत्तर प्रदेश में बवाल शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा नेताओं ने ईवीएम के साथ छेड़छाड़ और बैलेट वोटिंग को लेकर धांधली का आरोप लगा दिया है। ऐसे में हम आपको पोस्टल बैलेट से लेकर ईवीएम की पर्ची तक कैसे वोटों की गिनती होती है? पढ़िए पूरी खबर...
यूपी के चुनावी रण पर लगा 500 करोड़ का दांव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम आने में अब कुछ घंटों का ही समय रह गया है। इससे जहां सियासी दलों की धड़कन बढ़ी हुई है तो सट्टा बाजार भी तेजी पर है। दिल्ली, मुंबई, नागपुर व पुणे, इंदौर से लेकर अहमदाबाद तक में यूपी के चुनावी रण पर सट्टा लग रहा है। बीजेपी व सपा की हार-जीत से लेकर, पार्टियों की सीटों की संख्या, जिलों की प्रमुख सीटों व दिग्गजों की हार-जीत तक पर खूब दांव लग रहे हैं। शुरुआती दौर में तो सट्टा बाजार में सपा गठबंधन व अखिलेश यादव छाए रहे, लेकिन तीसरे चरण के मतदान के बाद साइकिल पिछड़ती ही चली गई। मौजूदा समय में बीजेपी और योगी पर अधिक भरोसा देखने को मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक यूपी चुनाव पर अब तक करीब 500 करोड़ रुपये का सट्टा लग चुका है।
शिवपाल बोले- सपा कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा का हर हथकंडा फेल होगा। सपा गठबंधन के कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं। वे मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने देंगे। शिवपाल ने कू पर पोस्ट कर कार्यकर्ताओं को सचेत रहने का आह्वान किया। उन्होंने एग्जिट पोल पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरी तरह से आभासी भ्रामक व अविश्वसनीय है। जनता इसके पीछे की मंशा को अच्छी तरह समझ रही है। सपा गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलेगा और सरकार भी बनेगी। प्रत्याशी कार्यकर्ता मतगणना तक सतर्क वह सक्रिय रहे। भाजपा जीत के लिए कोई भी हथकंडा अपना सकती है, लेकिन उसके हर हथकंडे को जनता ने भारी समर्थन देकर फेल कर दिया है। प्रदेश में अगली सरकार अखिलेश यादव के नेतृत्व बनेगी। 10 मार्च को दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।
सपा को ईवीएम हैक होने का डर
सपा ने ईवीएम हैक की आशंका जताते हुए सभी जिलों में मतगणना स्थल पर मोबाइल जैमर लगाने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि 10 मार्च को मतगणना स्थल पर सुबह आठ बजे से मोबाइल फोन जैमर लगाया जाए। जिससे स्वतंत्र, निष्पक्ष व निर्भीक मतगणना हो सके। क्योंकि ईवीएम हैक किए जाने की आशंका है।
कार्मिक नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
कासगंज की जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे ने मंगलवार को मतगणना की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना परिसर के बाहर और अंदर मतगणना पंडाल में कुल 13 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम से प्रत्येक राउंड में 14 ईवीएम को निकाला जाएगा। जिसकी पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। सीसीटीवी कैमरे भी मतगणना परिसर और हॉल में लगाए गए हैं।
मतगणना से पहले ही चुनाव जीतने और कैबिनेट मंत्री बनने की बधाई देना पड़ा भारी
विधानसभा चुनाव के दौरान बलिया नगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जीतने और कैबिनेट मंत्री बनने की अग्रिम बधाई देना बलिया के दुबहर थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। एसपी ने चुनाव आयोग की अनुमति मिलने के बाद राजकुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर नरही थाने में तैनात अतुल कुमार मिश्र को कमान सौंपी गई है। विधानसभा चुनाव के दौरान दुबहर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह का बलिया नगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह को जीत और कैबिनेट मंत्री बनने की अग्रिम बधाई देने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।
एग्जिट पोल में सपा सरकार बताने वाले सर्वे में किस पार्टी को किस क्षेत्र में कितनी सीटें?
13 अलग-अलग न्यूज चैनलों और एजेंसियों ने सोमवार को उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए एग्जिट पोल जारी किए थे। इनमें से 11 सर्वे रिपोर्ट का अनुमान है कि सूबे में फिर से भाजपा सरकार बन सकती है। दो एग्जिट पोल में समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। इनमें देशबंधु और 4-पीएम का एग्जिट पोल शामिल है। देशबंधु ने यूपी को चार अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर भी आंकड़े जारी किए हैं। इसमें बुंदेलखंड, मध्य यूपी, पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी शमिल हैं। पढ़िए पूरी खबर...
केशव ने अखिलेश यादव को गुंडों का सरकार कहा
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला किया है। केशव ने ट्वीट कर अखिलेश के आरोपों पर पलटवार किया। कहा, 'लोकतंत्र बचा है और बचेगा,
सपा और गुंडागर्दी नहीं बचेगी।'
एक अन्य ट्वीट में भी केशव ने सपा को आड़े हाथों लिया। कहा, 'चुनाव प्रचार के दौरान पूरे प्रदेश में झगड़ा विवाद और मतदान के दिन बूथ क़ब्ज़ा करने का प्रयास करने में लगे रहे असफल सपाई गुंडों के सरदार अखिलेश यादव जी जनता ने सपा का सफ़ाया कर दिया है। गुंडों के बल पर चुनाव नहीं जीत सकते हो। कमल की जय जयकार है।
कृषि मंत्री के बूथ पर जमकर बरसे वोट
देवरिया जिले के विधानसभा चुनाव में पथरदेवा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के गांव के मतदान केंद्र पकहां में मतदाताओं ने बढ़ चढ़ कर वोट डाले है। इतना जरूर रहा है कि अन्य विधानसभा में भाजपा, सपा, बसपा प्रत्याशी के बूथ पर मतदान करने को लेकर लोगों में उत्साह कम रहा, जहां अधिकांश जगहों पर 60 प्रतिशत से कम ही वोट पड़े।
योगी को फिर मिली सत्ता तो बदलेंगी कई धारणाएं
अधिकृत रूप से तो यह 10 मार्च को पता चलेगा कि भाजपा सरकार आएगी या अखिलेश यादव का भाग्य चमकेगा अथवा कांग्रेस व बसपा चमत्कार करेंगी, पर राजनीतिक गलियारों में तेजी से ये चर्चाएं गूंज रही हैं कि मिथकों को तोड़ रहे योगी क्या उत्तर प्रदेश की सियासत के अन्य धारणाओं को भी तोड़कर इतिहास रचने जा रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर...