प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं सभी मतदाताओं से कहूंगा कि वोट डालने से पहले इनकी करतूतों को कभी भी मत भूलना। इनको गलती से भी मौका मिल गया तो, फिर खेत लहुलुहान होंगे, फिर दुकानें जलेंगी, फिर डर और खौफ का वो काल लौटेगा।'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारा ट्रैक रिकॉर्ड कचरे से कंचन बनाने का है। उनका ट्रैक रिकॉर्ड कंचन को भी कचरा बनाने का है। यही प्राथमिकताओं का फर्क है। यही 2017 से पहले और आज का फर्क है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन चौपाल के माध्यम से रामपुर, बदायूं और सम्भल में लोगों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी परखता सबको है, लेकिन विश्वास उसी को देता है, जो उम्मीदों पर खरा उतरता है। योगी सरकार से पहले अनेक साल विकल्पों की तलाश में रहे। लेकिन अब यूपी को स्थायित्व का, निरंतरता का विश्वास मिल चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा यूपी के लोगों ने देखा है कि जिनको पहले मौका दिया, उन्होंने कैसे विश्वासघात किया। किसी ने जातिवाद और भ्रष्टाचार को फैलाया, तो किसी ने परिवारवाद, माफियावाद, गुंडाराज और दंगा राज यूपी को दिया। आज यूपी भाजपा ने उत्तर प्रदेश की आकांक्षा को साकार करने के लिए अगले पांच वर्ष का संकल्प पत्र जारी किया है। इसके लिए मैं उत्तर प्रदेश भाजपा और मुख्यमंत्री योगी को को बधाई देता हूं। इसमें बीते 5 सालों की निरंतरता भी है। ये यूपी को एक बड़ी कृषि अर्थव्यवस्था बनाने का रोड मैप है।
समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को यूपी चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करते हुए महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण देने के साथ ही 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का वादा किया है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने की घोषणा की। पढ़ें पूरी खबर...
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी पहले चरण का चुनाव प्रचार थमने से चंद घंटे पहले श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा पहुंचीं। वह यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के समर्थन में प्रचार करने आईं। सबसे पहले प्रियंका गांधी ने विश्राम घाट पर विधि-विधान से यमुना पूजन किया। यमुना पूजन के बाद प्रियंका गांधी ने रोड शो कर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए जनता से वोट की अपील की।
सपा के वचन पत्र में क्या-क्या है?
समाजवादी पार्टी ने 2027 तक एक करोड़ नौकरी देने का वादा किया। इसके अलावा महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण देने के साथ ही 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का वादा किया है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने की घोषणा की।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सपा की सरकार बनती है तो समाजवादी पेंशन के तहत महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगों को सालाना 18 हजार रुपए पेंशन दी जाएगी। गांवों और शहरों को सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी देकर सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। 12वीं पास सभी छात्रों को लैपटॉप देने की घोषणा की गई है। लड़कियों को केजी से लेकर पीजी यानी परास्नातक तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। 2027 तक शत-प्रतिशत शिक्षित राज्य बनाने का भी वादा किया गया है।
भाजपा के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी अपना वचन पत्र जारी कर दिया है। अखिलेश यादव इसमें शामिल वादों के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार आती है तो हम भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश बनाएंगे।
सपा जारी कर सकती है घोषणा पत्र
समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव के लिए अब से कुछ ही देर में घोषणा पत्र जारी कर सकती है। इसके लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसके पहले गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया है और कई बड़े वादे जनता से किए। भाजपा ने किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी और दो करोड़ लैपटॉप बांटने का वादा किया है।
UP Election: सीएम योगी का तीसरे सेट में हुआ नामांकन
गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीसरा सेट का नामांकन हो गया है। यह नामांकन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और मशहूर पैथॉलॉजिस्ट डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने दाखिल किया है। इसके साथ एमपी इंटर कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह, अधिवक्ता हरि प्रकाश मिश्र भी मौजूद थे।
UP Election: सपा ने 10 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की
समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को 10 उम्मीदवारों की एक सूची जारी की है। जिसमें बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया और चंदौली की सीटों के उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
UP Election 2022: ममता की अपील- देश बचाना है तो भाजपा को हराएं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यूपी की जनता से सपा के पक्ष में वोट देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए भाजपा को हराना होगा। यह बड़ी लड़ाई है। यूपी में सपा ही विकल्प है। उन्होंने कहा यूपी का इतिहास बड़ा है। स्वतंत्रता के बाद से ज्यादातर प्रधानमंत्री यूपी से ही बनें। अगर भाजपा यूपी में हारी तो पूरे देश से चली जाएगी इसलिए यूपी के लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ वोट करें। हिन्दुस्तान को बचाना है तो यूपी को बचाना होगा। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं गंगा सागर मेला करती हूं। वहां यूपी के लोग आते हैं। हम किसी से उसकी जाति नहीं पूछते हैं। सभी हिंदुस्तानी हैं। पढ़ें पूरी खबर
भाजपा के संकल्प पत्र में क्या-क्या वादे किए गए?
गृहमंत्री अमित शाह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पलटवार किया। कहा कि कुछ दिन पहले अखिलेश यादव हमारे संकल्प पत्र को लहराते हुए पूछ रहे थे कि इसमें से भाजपा ने कितना पूरा किया? आज हम उसका जवाब दे रहे हैं। 2017 में हमने जो संकल्प पत्र जारी किया था, उनमें से 92% वादों को हमने पांच साल में पूरा किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम इस बार भी जो संकल्प पत्र लेकर आ रहे हैं, उसमें किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'सभी गरीब का हमने ख्याल रखा है। 60 लाख उद्यमियों को ऋण दिया गया। जो बेरोजगारी की दर 2017 में 18 फीसदी थी, आज वह 3 फीसदी मात्र रह गयी है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और जननी सुरक्षा योजना को हमने प्राथमिकता के साथ पूरा किया है और इसी दम पर जनता के बीच फिर जा रहे हैं। दो करोड़ से अधिक लोगों को हमने शौचालय दिए, 1 करोड़ 56 लाख गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत हमने गैस सिलेंडर मुहैया कराए'।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में जो वादा किया था, उसे इन पांच साल में भाजपा की सरकार ने पूरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग के विकास के लिए भाजपा सरकार ने काम किया। आज सात एक्सप्रेस वे पर का चल रहा है। दो एम्स तैयार हो चुका है। कई शहरों में मेट्रो शुरू किया जा रहा है। यह संकल्प पत्र 25 करोड़ लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला है।
सीएम ने कहा, 'पिछली सरकार के दौरान यूपी में सैकड़ों दंगे होते थे, महीनों तक यूपी में कर्फ्यू रहता था, व्यापारी पलायन करता था, बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, उत्तर प्रदेश में आजकल कर्फ्यू नहीं, धूम-धड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग के विकास के लिए भाजपा सरकार ने काम किया। आज सात एक्सप्रेस वे पर का चल रहा है। दो एम्स तैयार हो चुका है। कई शहरों में मेट्रो शुरू किया जा रहा है। यह संकल्प पत्र 25 करोड़ लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बोला कि 2017 में जो वादा भाजपा ने किया था, उसे पूरा किया गया। आज प्रदेश भयमुक्त है। बेटियां, माता-बहनें आज बेखौफ घर से बाहर निकल रहीं हैं। गुंडाराज खत्म कर दिया। योजनाओं में चेहरा देखकर नहीं, बल्कि पात्रता देखकर जरूरतमंदों तक जनकल्याणकारी लाभ दिया गया।
गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इस दौरान संकल्प पत्र कमेटी के मुखिया और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये संकल्प पत्र सभी के सुझाव से तैयार किया गया है। हमारे कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से उनकी राय लिए थे।
चौधरी जयंत सिंह से खास बातचीत
सपा के साथ गठबंधन कर चुनाव में उतरे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह दावा करते हैं कि पश्चिमी यूपी के किसान, नौजवान पहले चरण में ही भाजपा को चुनावी सीन से बाहर करके भाजपा नेताओं को जवाब दे देंगे। उन्हें लगता है कि चुनाव बाद सपा-रालोद गठबंधन की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनेगी। पढ़ें बातचीत के प्रमुख अंश...
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अखिलेश यादव का समर्थन करने पर ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में एक गुंडाराज चला रही हैं और यहां पर अखिलेश यादव का जो गुंडाराज चला था वो उसका समर्थन करने आई हैं। उत्तर प्रदेश की जनता ने फैसला कर लिया है कि अखिलेश जी और उनकी पार्टी को पूरी तरह से कोल्ड स्टोरेज में डाल देंगे।
UP Chunav: आज यूपी के लिए संकल्प पत्र जारी करेंगे शाह
उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आज भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जारी होगा। गृहमंत्री अमित शाह सुबह 10:30 बजे लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर में लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करेंगे। इस दौरान चुनाव के प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना भी मौजूद रहेंगे।
UP Chunav: पहले चरण के लिए आज थम जाएगा चुनाव प्रचार
यूपी में 10 फरवरी को पहले चरण के लिए मतदान होना है। इससे पहले आज इन 11 जिलों की 58 सीटों पर चुनाव प्रचार-प्रसार थम जाएगा। शाम छह बजे तक प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को प्रचार का मौका है। 58 सीटों पर कुल 623 प्रत्याशी मैदान में हैं।
UP Chunav 2022: आगरा-मथुरा में प्रियंका का रोड शो
प्रियंका गांधी मथुरा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के समर्थन में रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार करेंगी। वह करीब दोपहर 12.30 बजे हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचेंगी। इसके बाद मथुरा में आकाशवाणी केंद्र से चुनाव प्रचार आरंभ करेंगे। वहां से वह वृंदावन गेट, चौक बाजार होते हुए विश्राम घाट पहुंचेंगी। विश्राम घाट पर वह यमुना पूजन करेंगी। जहां से वह खुली गाड़ी में रोड शो करते हुए होली गेट पहुंचेंगी। डीग गेट पर रोड शोम को समापन होगा। मथुरा के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आगरा के खेरागढ़ में रोड शो करेंगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने बताया कि प्रियंका गांधी दोपहर दो बजे मंडी समिति पहुंचेंगी। यहां से कार द्वारा खेरागढ़ मुख्य बाजार तक रोड शो करेंगी। इस दौरान प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार के समर्थन में वोट मांगेंगी। तकरीबन तीन किलोमीटर तक लोगों से जनसंपर्क करने के बाद वह रवाना हो जाएंगी।
UP Chunav: ममता बनर्जी और अखिलेश यादव करेंगे संयुक्त प्रेस वार्ता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज सुबह 11:30 बजे समाजवादी पार्टी के समर्थन में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे। ममता पहले ही अखिलेश यादव को समर्थन दे चुकी हैं। चुनाव में वह सपा के लिए प्रचार भी कर रहीं हैं।
UP Election: सपा का बड़ा चुनावी वादा
समाजवादी पार्टी ने किसानों को लेकर बड़ा चुनावी वादा किया है। कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो सभी फसलों पर एमएसपी दी जाएगी। सपा की तरफ से ट्वीट कर कहा गया, ' सपा की सरकार बनने पर दूर होगी ''अन्नदाता" की हर परेशानी। प्रत्येक फसल पर मिलेगी एमएसपी। भाजपा सरकार की तरह नहीं सहनी पड़ेगी महंगाई की दोहरी मार, सिर्फ होगी उन्नति।'
UP Chunav: योगी-केजरीवाल आमने-सामने
राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कही गई बातों को लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आमने-सामने आ गए हैं।
दरअसल प्रधानमंत्री के संसद में दिए भाषण के बाद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर उसे झूठा बताया। कहा, 'प्रधानमंत्री जी का ये बयान सरासर झूठ है। देश उम्मीद करता है कि जिन लोगों ने कोरोना काल की पीड़ा को सहा, जिन लोगों ने अपनों को खोया, प्रधानमंत्री जी उनके प्रति संवेदनशील होंगे। लोगों की पीड़ा पर राजनीति करना प्रधानमंत्री जी को शोभा नहीं देता।'
केजरीवाल के इस ट्वीट पर योगी ने पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'अरविंद केजरीवाल का आदरणीय प्रधानमंत्री जी के बारे में आज का बयान घोर निंदनीय है। अरविंद केजरीवाल को पूरे राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। गोस्वामी तुलसीदास जी ने उनके जैसे लोगों के बारे में ही कहा है कि... झूठइ लेना, झूठइ देना। झूठइ भोजन, झूठ चबेना।'
योगी ने एक दूसरे ट्वीट में फिर केजरीवाल पर निशाना साधा, इसमें उन्होंने लिखा, 'सुनो केजरीवाल, जब पूरी मानवता कोरोना की पीड़ा से कराह रही थी, उस समय आपने यूपी के कामगारों को दिल्ली छोड़ने पर विवश किया। छोटे बच्चों व महिलाओं तक को आधी रात में यूपी की सीमा पर असहाय छोड़ने जैसा अलोकतांत्रिक व अमानवीय कार्य आपकी सरकार ने किया। आपको मानवताद्रोही कहें या...'
सीएम योगी के ट्वीट का फिर से केजरीवाल ने उन्हीं के अंदाज में जवाब दिया। लिखा, 'सुनो योगी, आप तो रहने ही दो। जिस तरह यूपी के लोगों की लाशें नदी में बह रहीं थीं और आप करोड़ों रुपए खर्च करके टाइम्स मैगज़ीन में अपनी झूठी वाह वाही के विज्ञापन दे रहे थे। आप जैसा निर्दयी और क्रूर शासक मैंने नहीं देखा।'