पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंच गई हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर उनका स्वागत समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने किया। ममता ने उत्तर प्रदेश चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने का एलान किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कहा कि जब भी कांग्रेस और सपा की सरकारें आती थीं तब दंगे शुरू हो जाते थे। दंगों की वजह से कर्फ्यू लगता था जिसकी वजह से व्यापारी, गरीब परेशान होते थे। मुजफ्फरनगर का दंगा, सहारनपुर का दंगा, बिजनौर का दंगा। नाम से समाजवादी, सोच परिवारवादी काम दंगावादी। इन्होंने (सपा, बसपा और लोक दल ने) निर्दोश लोगों को मरवाया, झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं। जब मुजफ्फरनगर का दंगा हो रहा था तब 2 लड़कों (अखिलेश यादव और राहुल गांधी) की जोड़ी कहां चली गई थी? एक लखनऊ से दंगा करवा रहा था और एक दिल्ली से तमाशा देख रहा था।
ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश चुनाव में अखिलेश यादव को समर्थन देने की बात कही है। इस एलान के बाद ममता ने कोलकाता में कहा, 'मैं वाराणसी भी जाऊंगी और शिव मंदिर में दीया जलाऊंगी। मैं जानती हूं, वाराणसी प्रधानमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है, लेकिन कोई भी कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं। पंजाब को मैं पसंद करती हूं, पंजाब में हम लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।'
UP Election: अखिलेश का बड़ा एलान
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सहारनपुर में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बड़ा एलान किया। कहा, अगर सपा की सरकार बनती है तो 15 दिन के अंदर किसानों को गन्ने का भुगतान सुनिश्चित कराएंगे। इसके अलावा सभी फसलों पर एमएसपी दी जाएगी। मंडी की व्यवस्था मजबूत करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर में चुनावी सभा को संबोधित किया। योगी ने कहा कि सुख तीर्थ के विकास के लिए हमारी सरकार ने पूरा प्रयास किया है। त्रेता युग की याद को ताजा करने के लिए सरकार हर प्रयास कर रही है और फिर करेंगे भी क्यों नहीं? पिछले 5 साल से उत्तर प्रदेश में भाजपा बिना रुके, बिना थके और बिना झुके हर तीर्थ स्थल का विकास कर रही है। उन्होने कहा, 'मुझसे एक सेकुलर नेता ने कहा कि आप सिर्फ तीर्थों की बात क्यों करते हैं? मैंने कहा हमारी जहां आस्था होगी हम वहीं काम करेंगे। हम अयोध्या, काशी, मथुरा, वृंदावन का विकास करेंगे। सपा और लोक दल के लोगों को कब्रिस्तान का विकास करने के लिए भगवान ने पैदा करके भेजा ही है।'
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी बताया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा से ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी कोई नहीं है। आज देश में सबसे ज्यादा असुरक्षित महिलाएं अगर कहीं हैं तो वह उत्तर प्रदेश में हैं। महिला कमिशन को सबसे ज्यादा शिकायतें अगर कहीं से आई हैं तो वह उत्तर प्रदेश से आई हैं। सबसे ज्यादा फेक एनकाउंटर भी यूपी में हुए हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शाहजहांपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती हैं। ये हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई के आधार पर एक दूसरे में नफरत पैदा करने की कोशिश करते हैं। राजनीति जाति, धर्म के आधार पर नहीं बल्कि इंसाफ और इंसानियत के आधार पर की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा की भाजपा और आरएसएस मनुस्मृति से देश को संचालित करना चाहते हैं। मोहन भागवत और योगी आदित्यनाथ ने शादी नहीं की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गृहस्थ नहीं हैं, इसलिए इन्हें परिवार चलाने के बारे में कोई अनुभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ये आम लोगों का दर्द नहीं समझ पा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सामाजिक समरसता का सिद्धांत भूलकर 80-20 की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में भाजपा के शासन में जबरदस्त बेरोजगारी बढ़ी है। उन्होंने बेरोजगारी पर एक पुस्तिका भी जारी की।
यूपी चुनाव में कांग्रेस ने 28 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। इस लिस्ट में 11 महिला उम्मीदवार हैं। कांग्रेस प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'वो सालों से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। ये अपराधी मना रहे हैं कि किसी भी तरह पुरानी वाली माफियाराज वाली सरकार आ जाए। जो अपराधी यूपी छोड़कर भाग गए थे। वो भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सरकार बदले तो वो लौटकर आएं। ये अपराधी चाहते हैं कि उनका धंधा जो पांच साल से बंद पड़ा है वो बदला लेने के मूड में हैं। ये लोग जात पात के नाम पर बंटवारा करके भाजपा को रोकना चाहते हैं। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि इस खेल से सावधान रहिएगा। इस चुनाव में केवल कमल छाप देखना है। भाजपा आएगी तो आपकी सुरक्षा होगी। ये आएंगे तो गुंडों के सपने पूरे होंगे। जब आप वोट डालने जाएं तो ध्यान रखें कि आप यूपी के लिए नहीं देश के लिए भी वोट दे रहे हैं।'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब पीएम आवास योजना में घर मिलता है तो हर गरीब को घर मिलता है। उसकी जाति, उसका पंथ, उसका क्षेत्र नहीं देखा जाता। जब उज्जवला योजना से गैस का कनेक्शन मिलता है तो माताओं-बहनों से उनकी जाति नहीं पूछी जाति। जब गन्ना किसान का बकाया भुगतान किया जाता है तो वो सभी को बराबरी से मिलता है। ये फर्क मेरे उत्तर प्रदेश के किसान, नौजवान कभी भूल नहीं सकते हैं। जो लोग जाति का वास्ता देकर वोट मांग रहे हैं। सत्ता में आने पर उन्हें केवल अपने परिवार का ही ध्यान रहता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मशहूर कवि दुष्यंत कुमार की लाइनों से की। उन्होंने कहा कि अपनी बात की शुरुआत मैं इस क्षेत्र के ही मशहूर कवि दुष्यंत कुमार जी की लाइनों से करूंगा। उन्होंने कहा था- यहां तक आते-आते सूछ जाती हैं कई नदियां, मुझे मालूम है पानी कहां ठहरा हुआ होगा। इन लाइनो के बाद मोदी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में भई विकास की नदी का पानी ठहरा हुआ था। विकास का पानी नकली समाजवादियों के परिवार में उनके करीबियों में ठहरा हुआ था। इन लोगों को सामान्य मानवी के विकास की प्यास से, गरीब से कभी कोई मतलब नहीं था। ये सिर्फ अपने करीबियों, अपनी तिजोरियों की प्यास बुझाते रहे हैं। यही प्यास विकास की नदी के बहाव को सोख लेती है। अपनी जेबे भर लेने की प्यास गरीब का राशन चट कर जाती थी। प्रोजेक्ट लटकाकर कमाई करने की इसी प्यास से लाल फीताशाही को ताकत मिलती थी। भाजपा प्रदेश के हर व्यक्ति को अपना परिवार मानती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के मतदाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसकी शुरुआत में उन्होंने कहा, 'मैं सबसे पहले आपकी क्षमा चाहता हूं। क्योंकि मैं आज बिजनौर से चुनाव अभियान का प्रारंभ करूं। मौसम के कारण मेरा हेलिकॉप्टर नहीं निकल पाया। इस वजह से मुझे वीसी से ही आपसे संवाद करना पड़ रहा है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिजनौर में आयोजित रैली में नहीं पहुंच पाए। खराब मौसम के चलते उनका दौरा रद्द हो गया है। अब मोदी वर्चुअली जन चौपाल रैली को संबोधित करेंगे। 12:30 बजे वह वर्चुअली रैली को संबोधित करेंगे।
UP Election: अखिलेश का बड़ा आरोप
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दिव्यांग और बुजुर्गों द्वारा पोस्टल बैलेट से डाले जा रहे वोट में धांधली का आरोप लगाया है। अखिलेश ने एक वीडियो रीट्वीट करके लिखा, 'वृद्धों और दिव्यांगों से वोट डलवाने में धांधली के मामले में फतेहाबाद विधानसभा में पोलिंग पार्टी पर, मतदाता की इच्छा के विरूद्ध, ख़ुद ही मनमाना वोट डालने का गंभीर आरोप लगा है। चुनाव आयोग तत्काल कार्रवाई करे। सपा-गठबंधन के सभी समर्थक व कार्यकर्ता वोटिंग के समय पूरी निगरानी रखें।' आरोप है कि एक दिव्यांग पर दबाव डालकर भाजपा के पक्ष में वोट करवाया गया है।
UP Election 2022: स्वतंत्र देव सिंह की बरेली में जनसभा आज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को सुबह 11 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह नवाबगंज पहुंचेंगे। यहां जनसभा और सफाई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद बिथरी चैनपुर पहुंचकर जनसभा पहुंचेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सुबह 10.20 बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन बुलंदशहर से बरेली आएंगे। यहां सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। 11.35 बजे श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद एक बजे तक जनसंपर्क करेंगे। करीब डेढ़ बजे नवाबगंज से बिथरी चैनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां ज्वाला प्रसाद सेकेंडरी हाईस्कूल केसरपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे और डोर टू डोर अभियान में हिस्सा लेंगे। शाम चार बजे सिविल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
UP Chunav News: बरेली में बसपा प्रमुख मायावती की रैली
बसपा सुप्रीमो मायावती आज बरेली के बीसलपुर रोड पर राधा-माधव स्कूल के सामने ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करेंगी। इस मंडलस्तरीय जनसभा में एक हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में 40 कार्यकर्ताओं को गेटपास दिए गए हैं।
बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सांसद गिरीश चंद जाटव ने शुक्रवार को मंडलीय कार्यालय पर बैठक कर जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 40 कार्यकर्ताओं को जनसभा में बुलाया जाएगा। कार्यक्रम में कोई अव्यवस्था न हो, इसके लिए इन कार्यकर्ताओं को गेट पाट जारी किए जाएंगे। गेट पास दिखाने पर ही कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
Uttar Pradesh Chunav: आगरा में अखिलेश के सामने पूर्व सांसद ने सपा जिलाध्यक्ष को दिखाया तमाचा
आगरा में रविवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव के सामने ऐसा वाकया हुआ, जिसे देखकर सभा में मौजूद लोग हैरान रह गए। दरअसल, बाह विधानसभा क्षेत्र में सभा के दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व सांसद रामजीलाल सुमन ने पार्टी जिलाध्यक्ष को तमाचा दिखा दिया। जिससे वह सहम गए। यह देखकर अखिलेश यादव हंस पड़े और माहौल को हल्का करने का प्रयास किया। पढ़ें पूरी खबर...
UP Election News: आज शाहजहांपुर में राजनाथ सिंह की सभा
रक्षा मंत्री और भाजपा के बड़े नेताओं में शुमार राजनाथ सिंह आज शाहजहांपुर में सभा करेंगे। इस दौरान वह यहां पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को पूर्वान्ह 11 बजे मीरानपुर कटरा में रामलीला मैदान के पास जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके हेलिकॉप्टर के लिए हेलिपैड बनकर तैयार हो गया था। प्रशासन के पास उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी आ गया। एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि रक्षामंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरी तैयारी कर ली गई।
UP Election : केशव का विपक्ष पर निशाना
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधा है। केशव ने कहा कि विपक्ष के जिन नेताओं को 2014 से पहले मंदिर जाना सांप्रदायिक लगता था आज वह मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं। 2022 में हारने के बाद यही विपक्ष के नेता भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा भी लगाने लगेंगे। केशव ने ट्वीट में लिखा, '2022 विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनते ही विपक्षी नेताओं को भी भारत माता की जय, वंदेमातरम्, जय श्रीराम का उद्घोष करते देखेंगे। 2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के पहले जिन नेताओं को मंदिर जाना सांप्रदायिक लगता था वही अब मंदिर-मंदिर माथा टेक रहे हैं।'
UP Chunav: पीएम मोदी की रैली आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिजिकल रैली आज है। वह बिजनौर और आस-पास के जिलों के वोटर्स और अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।