उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 19 उम्मीदवारों की नई सूची जारी की है। फाजिलनगर से सपा के स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ पार्टी ने हरीशचंद्र यादव को टिकट दिया है।
गाजियाबाद के कविनगर रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में विकास की जगह केवर घोषणाएं और शिलान्यास हुए। सपा के राज में गुंडों और माफियाओं का राज रहा। यूपी में दोनों के शासनकाल में जनता दुखी रही। पढ़ें पूरी खबर...
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के मुखिया जयंत चौधरी शुक्रवार को आगरा आ रहे हैं। सपा-रालोद गठबंधन के दोनों प्रमुख नेता छह विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क करने के साथ अपने प्रत्याशियों के समर्थन में छोटी सभाओं को संबोधित करेंगे। अखिलेश और जयंत के आगमन को लेकर सपा और रालोद नेता तैयारियों में जुटे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गाजियाबाद के लोनी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह राज्य यूपी को विकसित राज्य बनाने के लिए है। उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि 2017 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी तो उत्तर प्रदेश से माफियाओं के नामों निशान खत्म कर देंगे। अब आप बताओ आजम खां कहां है, अतीक एहमद कहां हैं, मुख्तार अंसारी कहां हैं?
UP Chunav: सपा, कांग्रेस और भाजपा पर बसपा का हमला
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने गाजियाबाद में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भाजपा पर निशाना साधा। मायावती ने कहा कि ये तीनों पार्टियां रोजगार देने में फेल रहीं हैं। इसके चलते प्रदेश से पलायन बढ़ा है। लोग दूसरे राज्यों में जाकर रोजगार ढूंढ रहे हैं। मेरी सरकार के दौरान न केवल पलायन रूका था, बल्कि बाहर रह रहे लोग वापस अपने घर आने लगे थे।
उत्तर प्रदेश के अंदर 42 सरकारी चीनी मिलें थीं। बहन जी और अखिलेश ने 21 चीनी मिलों को बेचने का काम किया। भाजपा ने 20 चीनी मिलों को फिर से शुरू करने का काम किया।
गाजियाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर कहीं पर माफिया दिखाई पड़ता है तो तीन ही ही जगह दिखाई देता है। एक उत्तर प्रदेश के बाहर, दूसरा जेल में है और तीसरा समाजवादी पार्टी की प्रत्याशियों की सूची में।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार केशव प्रसाद मौर्य के नामांकन में शामिल हुए। नामांकन के बाद हुई जनसभा में नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के लोग भी सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर के विषय को लटका रहे थे, भटका रहे थे, अटका रहे थे। आप ने मोदी जी की सरकार लाई जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया और भव्य राम मंदिर बन रहा है। भाजपा ने विचारों की लड़ाई लड़ी थी।
UP Chunav: शाह का सपा पर निशाना
गृहमंत्री अमित शाह ने बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। जनता से हुकार भरवाते हुए पूछा कि आज आजम खान, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी कहां हैं? ये सभी जेल में हैं। अगर आपने वोट देने में गलती कर दी और सपा सत्ता में आ गई तो ये सभी फिर से बाहर आ जाएंगे।
UP Election: शाह ने अखिलेश पर किया वार
गृहमंत्री अमित शाह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले अखिलेश बाबू कहते थे कि भाजपा वाले बोलते हैं कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। मैं अखिलेश बाबू से कहना चाहता हूं कि मोदी जी ने मंदिर की नींव रख दी है। भव्य राम मंदिर का काम शुरू हो गया है।
UP Election: केशव मौर्य ने किया नामांकन
कौशांबी की सिराथू सीट से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अनुप्रिया पटेल भी मौजूद रहे।
UP Chunav: आजम को अभी राहत नहीं
समाजवादी पार्टी नेता और सांसद आजम खान को अभी राहत नहीं मिल पाई है। दो साल से जेल में बंद आजम की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई नहीं हो सकेगी। मामला जिस बेंच में सूचीबद्ध था, उसके अध्यक्ष जस्टिस नागेश्वर राव उपलब्ध नहीं है। इस वजह बेंच नहीं बैठी। आजम खान ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए अंतरिम जमानत मांगी है।
UP Chunav: सिद्धार्थ नार्थ पर हमले की कोशिश
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और प्रयागराज शहर पश्चिमी से भाजपा के उम्मीदवार सिद्धार्थ नाथ सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई है। ये घटना तब हुई जब सिद्धार्थ नाथ अपना नामांकन करने जा रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से ब्लेड और जहर बरामद हुआ है।
UP Election: सीएम योगी बोले, सपा-बसपा में सबसे ज्यादा दंगे हुए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि बसपा में 364 दंगे प्रदेश में हुए। सपा में 2012 से 2017 के बीच 700 से ज्यादा दंगे हुए। बीते 5 साल में कोई दंगा या आतंकी घटना नहीं हुई।
समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनाव आयोग से शिकायत की है। सपा ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि सीएम योगी धमकी दे रहे हैं कि आगरा में 10 मार्च के बाद बुल्डोजर चलेगा। इसके अलावा वह लगातार सपा नेतृत्व को गुंडा, मवाली और माफिया बोल रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने अपनी चिट्ठी में योगी के गर्मी उतारने वाले बयान का भी जिक्र किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरी दुनिया पिछले दो साल से कोरोना की मार को झेल रहा है। हमने इसका डटकर मुकाबला किया है। दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी हुई। हमने राज्य में ऑक्सीजन के 551 प्लांट लगाए। प्रवासी मजदूरों को घर तक पहुंचाया। उनके लिए राशन की व्यवस्था की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा, 5 साल में बीजेपी सरकार ने यूपी में संकल्पों के मुताबिक काम किया। पहले उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में 6-7वें स्थान पर थी। हम इसको नंबर दो पर लाने में कामयाब हुए। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश में उत्तर प्रदेश नंबर 2 पर है।
UP Election 2022: मुजफ्फरनगर में भाजपा विधायक उमेश मलिक के काफिले पर फेंका पत्थर
मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना के भाजपा विधायक और प्रत्याशी उमेश मलिक के काफिले पर बिटावदा गांव में किसी व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया। एक गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। भाजपा प्रत्याशी को प्रचार के लिए पहले इटावा गांव जाना था, लेकिन विधायक वहां नहीं पहुंचे। बिटावदा में पुलिस फ्लैग मार्च चल रहा था। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी प्रचार करने पहुंच गए। कुछ युवकों ने विरोध शुरू कर दिया। हाईवे से भाजपा विधायक का काफिला वापस लौटने लगा तो किसी व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया। काफिले की एक गाड़ी पर पत्थर लगा, जिससे शीशा टूट गया।
CM Yogi Visit : आज गोरखपुर में तीन दिन के दौरे पर आएंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिवसीय दौरे पर आज गोरखपुर आएंगे। वह चार फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगे। पांच फरवरी को लखनऊ जाएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री को बुधवार को गोरखपुर आना था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को पार्टी के महानगर, विधानसभा प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और संयोजक के साथ बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद 3:35 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। दोपहर बाद चार बजे से सरस्वती विद्या मंदिर, आर्य नगर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे।
UP Election : केशव मौर्य का नामांकन आज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज कौशांबी के सिराथू विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अनुप्रिया पटेल भी मौजूद रहेंगी। केशव मौर्य ने नामांकन से पहले अपने आवास में स्थित मंदिर पर बाबा भोलेनाथ की पूजा की।
केशव ने ट्वीट कर कहा, 'मैं आप माननीय जनों का अपनी जन्मभूमि सिराथू में स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं। निश्चित ही सिराथू में आप सभी के मार्गदर्शन में सिराथू की जनता के आशीर्वाद से प्रचंड विजय होगी'
UP Election: सपा गठबंधन से नाराज अपना दल कमेरावादी के नेता
विधानसभा चुनाव में सपा और अपना दल(कमरेवादी) में गठबंधन के बाद भी टिकट बंटवारे को लेकर नाराज है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पंकज निरंजन ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर अपनी नाराजगी भी जाहिर की और कहा कि एक सीट नहीं मिलने पर भी वे सपा के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिराथू, इलाहाबाद पश्चिमी समेत कुछ सीटों पर अभी असहजता की स्थिति है। इस पर अंतिम फैसला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।
UP Chunav: बुलंदशहर में आज अमित शाह, प्रियंका गांधी और अखिलेश-जयंत भरेंगे हुंकार
सत्ता के संग्राम में बृहस्पतिवार को बुलंदशहर में चार सियासी दिग्गज मैदान में उतर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जहांगीराबाद में दोपहर 12 बजे आमने-सामने होंगे। इसके अलावा अमित शाह का डिबाई में भी कार्यक्रम है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रालोद मुखिया जयंत चौधरी का बुलंदशहर, स्याना, अनूपशहर, शिकारपुर, खुर्जा और सिकंदराबाद में कार्यक्रम है।