दुनिया की सबसे झूठी पार्टी है भाजपा: अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा कहने को तो कहती है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन अगर इनके नेताओं के भाषण सुनेंगे तो ये दुनिया में सबसे झूठी पार्टी है। जो लोग कह रहे हैं कि 24 घंटे बिजली दे रहे हैं ये 24 घंटे बिजली तभी दे रहे हैं जब समाजवादियों ने बिजली के कारखाने लगाए थे।
भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बना रही है: योगी
सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पांच चरणों के चुनाव के बाद रुझान को देखते हुए देश और दुनिया का हर राजनीतिक विश्लेषक इस निष्कर्ष पर पहुंचता है कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बना रही है। छठे चरण में ऐसा छक्का लगना चाहिए कि बुलडोजर चलाने के लिए फिर एक दमदार सरकार बन सके।
अखिलेश आतंकवादियों की रक्षा की शपथ लेते हैं: जेपी नड्डा
कुशीनगर में जेपी नड्डा ने कहा कि हम शपथ लेते हैं कि मैं ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं संविधान की रक्षा करूंगा और उसे अक्षुण्ण रखूंगा। अखिलेश जी शपथ लेते हैं कि मैं ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं आतंकवादियों की रक्षा करूंगा, उनको अक्षुण्ण रखूंगा, उनसे यूपी की जनता को गोली मरवाऊंगा।
सपा और बसपा ने मिलकर उत्तर प्रदेश की 29 चीनी मिलों को बंद किया: नड्डा
कुशीनगर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने मिलकर उत्तर प्रदेश की 29 चीनी मिलों को बंद किया। 11 चीनी मिलों को कौड़ियों के भाव बेच दिया।
रूस-यूक्रेन संघर्ष में हमारे प्रधानमंत्री और सरकार प्रभावी भूमिका निभा रही है: राजनाथ सिंह
उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच हो रहे संघर्ष में हमारे प्रधानमंत्री और सरकार प्रभावी भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री आए दिन बैठकर इसकी समीक्षा करते रहते हैं कि कैसे हमारे भारतवासी वापस भारत आएं।
सपा मुखिया का भाजपा पर हमला
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने यूक्रेन में फंसे भारतीय बच्चों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, 'भूखे, प्यासे, ठंड में तड़पते भयभीत बच्चों का दर्द बच्चेवाले ही समझ सकते हैं। यूक्रेन में फंसे भारतियों को सुरक्षित निकालने के लिए भाजपा सरकार जिस तरह असंवेदनशील और निष्क्रिय है, वो निंदनीय है। यहां चुनाव में भाजपा भारतियों को बचाने की झूठी तारीफ़ कर रही है, वहां सच्चाई भयावह है।'
ये सरकार खाद नहीं दे पाई, खाद मिली तो खाद की बोरी से चोरी हो गई: अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बस्ती में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा कहती थी कि किसान की आय दोगुनी हो जाएगी, क्या किसी की आय दोगुनी हुई? जब किसानों को खाद चाहिए थी, ये सरकार खाद नहीं दे पाई। खाद मिली तो खाद की बोरी से चोरी हो गई। अभी तो पांच किलो की चोरी हुई है, इनको मौका मिल गया तो ये 10 किलो की चोरी कर लेंगे।
अगले पांच साल में हर परिवार के एक सदस्य को रोजगार देंगे: योगी
बलरामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों की पढ़ाई के लिए कन्या सुमंगला योजना में अभी 15 हजार रुपये मिलते हैं, अब इस योजना में 25 हज़ार रुपये देने का प्रस्ताव है। अगले पांच साल में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, रोजगार एवं स्वरोजगार से भी जोड़ने का काम सरकार कर रही है।
सपा सरकार ने राम भक्तों पर गोली चलवाई थी: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराजगंज में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने राम भक्तों पर गोली चलवाई थी लेकिन आपने भाजपा को वोट देकर मोदी जी के हाथ मजबूत किये, सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया और अब आपकी ताकत के कारण ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है।
पहले सिद्धार्थनगर में हर महीने दंगा होता था: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि पहले सिद्धार्थनगर में हर महीने दंगा होता था और मुझे आंदोलन करने यहां आना पड़ता था लेकिन इन पांच सालों में किसी ने दंगा करने का क्या दुस्साहस किया?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बलिया में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास रहा है कि हमने कभी दुनिया के किसी देश पर न आक्रमण किया और न ही दुनिया के किसी देश की एक इंच जमीन पर कब्जा किया है लेकिन भारत को कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो भारत में वो ताकत है कि भारत बाउंड्री के इस पार और उस पार जाकर मार सकता है।
खाली पड़े सरकारी पदों को भरेंगे: अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बलिया में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो उत्तर प्रदेश में पुलिस और फौज में नौजवानों के लिए भर्ती निकालने का काम करेंगे। 11 लाख सरकारी पद भी खाली पड़े हैं जिसे समाजवादी पार्टी भर कर नौजवानों को नौकरी देने का काम करेगी।
सपा परेशान है: योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी परेशान है। बोल रही है कि इतना पैसा कहां से आ रहा है। हमने कहा जब नियत साफ होती है तो पैसा भी आ जाता है। हमारी नियत साफ है और हम विकास करवा रहे हैं।
सपा-बसपा की सरकार में वैक्सीन भी ब्लैक में बिकती: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि कोरोना के समय लोगों को फ्री में वैक्सीन मिली अगर सपा, बसपा की सरकार होती तो ये वैक्सीन भी ब्लैक में बिक जाती। भाजपा सरकार हर स्कीम को जनता तक पहुंचा रही है:
UP Election: केशव मौर्य ने विपक्ष पर साधा निशाना
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधा है। ट्वीट कर केशव मौर्य ने कहा, 'पांच चरणों के चुनावों में जनता ने सपा बसपा कांग्रेस को नकारते हुए कमल के फूल पर पुनः विश्वास जताया है, फिर एक बार 300 पार। 10 मार्च को 11 बजे तक सपा बसपा कांग्रेस की बोलती बंद हो जायेगी।'
सीएम योगी ने कहा कि हमने जो कहा था वो करके दिखाया है। अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। क्या ये काम सपा-बसपा और कांग्रेस वाले करवा पाते? ये 500 वर्षों से मामला अटका हुआ था। आज गरीबों को राशन मिल रहा है। पेंशन, मकान सारी सुविधाएं दी जा रहीं हैं।
UP Election: गोरखपुर में सपा पर बरसे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के पिपराइच में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि यूपी में बुल्डोजर और विकास साथ-साथ चलेगा।
UP Election: प्रियंका पहुंची शिवमंदिर
कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी लखनऊ में शिवमंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने पूजा की। इसके बाद मंदिर परिसर में मौजूद लड़कियों के साथ सेल्फी ली।
यूपी विधानसभा चुनाव: अंतिम दिन पड़े 1052 पोस्टल मत, जानिए किस विधानसभा में कितने डाले गए वोट
पोस्टल मतपत्र से मतदान के आखिरी दिन सोमवार को 1052 कर्मियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन कार्य के लिए रिजर्व किए जाने वाले वाहनों के चालकों ने भी पहली बार पोस्टल बैलेट के जरिए वोट डाला। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कला संकाय भवन में 38 चालकों एवं परिचालकों ने वोट डाला। अंतिम दिन होमगार्ड व पुलिस के जवानों ने भी वोट डाले। प्रशिक्षण के दौरान जो मतदान कर्मी वोट नहीं डाल सके थे, उनको भी मतदान का मौका मिला।
शाह का अखिलेश पर निशाना
गृहमंत्री अमित शाह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा। शाह ने कहा, ये अखिलेश बाबू गर्मी होते ही चार्टर प्लेन लेकर छुट्टियां मनाने के लिए परिवार के साथ लंदन चले जाते हैं। ये गरीबों का क्या भला करेंगे।
UP Election: अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से की अपील
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं से स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ाने की अपील की है। अखिलेश ने ट्वीट किया, 'लखनऊ में सभी के लिए प्रतिबंधित ईवीएम स्ट्रांग रूम में एक सरकारी अधिकारी के घुसने का प्रयास बेहद गंभीर मामला है। सपा-गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो सभी जगह ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें। जब तक गिनवाई नहीं-तब तक ढिलाई नहीं!'
UP Election: आज पांच रैलियां करेंगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज बलिया और गोरखपुर में पांच रैलियां करेंगे। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश की पहली रैली दोपहर 12:15 बजे फेफना बलिया में होगी। इसके बाद एक बजे पिंडहरा और 2:10 बजे नगरा में रैली करेंगे। दोपहर 3:30 बजे गोरखपुर के माल्हनपार बाजार पहुंचेंगे। यहां रैली के बाद दोपहर 4:15 बजे चौरीचौरा विधानसभा में प्रचार करेंगे।
UP Election: भाजपा सांसद रवि किशन बोले- यूपी में बाबा बा तो यूपी में सब बा...
उत्तर प्रदेश में अबकी बार भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतकर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। यूपी में बाबा बा तो यूपी में सब बा...। केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने पिछले पांच सालों में जो विकास कार्य किया है, वह आजादी के 70 साल बाद भी नहीं हुआ था। ये बातें सोमवार को गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के सिंहमुहानी इंटर कॉलेज में पार्टी प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए गोरखपुर के सांसद व भोजपुरी सुपरस्टार रविकिशन ने कहीं।
आजमगढ़ डीएम के ट्विटर अकाउंट से प्रत्याशी का हुआ प्रचार
आजमगढ़ जिलाधिकारी के ट्विटर अकाउंट पर एक प्रत्याशी के प्रचार की सामग्री संविदा कर्मी की ओर से अपलोड कर दी गई। जानकारी होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला सूचना अधिकारी ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। सूचना कार्यालय में संविदा कर्मी निखिल श्रीवास्तव कंप्यूटर आपरेटर है। निखिल ट्विटर अकाउंट से लेकर सोशल मीडिया की गतिविधियों को संचालित करता है। आरोप है कि निखिल ने जिलाधिकारी के ट्विटर अकाउंट से एक प्रत्याशी की प्रचार सामग्री प्रसारित कर दी। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने जिला सूचना अधिकारी को जांच करने का निर्देश दिया।
यूपी का रण: गोरखपुर शहर में योगी के सामने राजनीति के नए खिलाड़ी
अब तो महारथियों के रणकौशल का इम्तिहान है। इसलिए साधन नहीं, साधक अहम है। दिखाई भी दे रहा है। सुनाई भी दे रहा है। अब चुनाव उस दौर में पहुंच गया है जहां छवियां अहम हैं। प्रतिमान-कीर्तिमान अहम हैं। आज पढ़ें गोरखपुर, पथरदेवा, बलिया नगर, बैरिया, रसड़ा, फेफना और बांसडीह में किस ओर बह रही है सियासी बयार...
UP Election: मायावती ने दो दिन बाद किया ट्वीट
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने दो दिन बाद ट्वीट किया। महाशिवरात्रि पर उन्होंने सभी को बधाई दी। लिखा, 'समस्त देशवासियों व ख़ासकर उत्तर प्रदेश के लोगों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे यही कामना, ताकि लोग विशेषकर रोज़ी-रोज़गार के मामले में आत्मनिर्भर बनकर आत्म-सम्मान के साथ इज़्ज़त का जीवन जी सकें।'
UP Chunav: सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समय गोरखपुर में हैं। तीन मार्च को गोरखपुर समेत 10 जिलों में चुनाव होने हैं। इसके पहले आज महाशिवरात्रि पर सुबह-सुबह सीएम योगी ने रुद्राभिषेक किया। ट्वीट कर मुख्यमंत्री ने बताया कि रुद्राभिषेक करके उन्होंने महादेव से विश्व कल्याण की कामना की।
योगी, लल्लू और रामगोविंद की प्रतिष्ठा दांव पर
छठे चरण में जिन प्रमुख प्रत्याशियों की किसमत दांव पर है उसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य सरकार में मंत्री सतीश द्विवेदी, सूर्य प्रताप शाही, उपेंद्र तिवारी, श्रीराम चौहान व राम स्वरूप शुक्ला मुख्य हैं। इनके अलावा नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, बसपा छोड़ सपा में आए लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, राज किशोर सिंह, स्वामी प्रसाद मौर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई अन्य दिग्गज शामिल हैं।
UP Election 2022 : आज थम जाएगा छठे चरण का चुनाव प्रचार
छठे चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार को थम जाएगा। इस चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर मतदान होगा। जिन जिलों में चुनाव होने हैं उनमें बलिया, गोरखपुर, बलरामपुर, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, बस्ती और अंबेडकरनगर शामिल हैं। इन जिलों के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता 676 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।