UP Chunav: प्रियंका गांधी का भाजपा पर पलटवार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर पलटवार किया है। प्रियंका ने कहा कि किसान हमेशा से कहते थे कि ये तीन कृषि कानून उनके हित में नहीं है, लेकिन भाजपा जबरदस्ती करती रही। ये तीन कृषि कानून एक साजिश था। भाजपा किसानों का पूरा फायदा चंद उद्योगपतियों को देना चाहती है।
UP Elections 2022: मेरठ की हॉट सीट पर उलझे समीकरण
मेरठ जनपद की हॉट सीट बनी सिवालखास की चाबी जाट और दलित मतदाताओं के हाथ में नजर आ रही है। लगभग आमने-सामने की टक्कर में आए सपा-रालोद गठबंधन और भाजपा प्रत्याशी इन्हीं बिरादरियों के वोट को तुरुप का पत्ता मानकर चल रहे हैं। दोनों दलों के प्रत्याशी जाटों के वोट को जहां एक दूसरे से ज्यादा मिलना बता रहे हैं वहीं दलित वोटों में भी सेंध लगा अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर...
UP Election: अयोध्या पहुंचे नड्डा, सपा पर जमकर बरसे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा, कल अखिलेश जी को करहल में प्रचार के लिए अपने पिता का सहारा लेना पड़ा। ये इस बात का संकेत है कि अब वह सारी उम्मीदें खो चुके हैं। अगर करहल में ही अपनी सीट जीतने के लिए उन्हें मुलायम सिंह यादव की मदद लेनी पड़े तो समझ जाइए कि वो बाकी सीटें बुरी तरह से हार रहे हैं। अब वह करहल सीट बचाने में जुट गए हैं।
UP Chunav: कानपुर मेट्रो का वीडियो शेयर कर अखिलेश ने कही ये बात
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कानपुर मेट्रो का वीडियो शेयर किया। हेलीकॉप्टर से लिए गए इस वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश ने लिखा, 'कानपुर फिर दौड़ेगा तरक़्क़ी की पटरी पर…।'
UP Election: ओवैसी ने भाजपा-सपा पर कसा तंज
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने जालौन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा, जब तक जनता योगी को गोरखपुर और अखिलेश को सैफई नहीं भेज दे देती, यहां के लोगों का कल्याण नहीं होगा। गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को न्याय नहीं मिलेगा। ओवैसी ने कहा, क्या ये सही नहीं है कि ज्यादातर अशिक्षित, स्कूल छोड़ने वाले और बेरोजगार स्नातक मुस्लिम हैं? इसलिए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास झूठ है।
UP Chunav: योगी का सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी के बाद कानपुर में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा, मैनपुरी की करहल सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश यादव की जमानत जब्त होने जा रही है। भाजपा तब से यह सीट जीत गई है, जबसे सपा मुखिया खुद ही इस खेल से बाहर हो गए हैं।
UP Election: चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र में गुरुवार को एक दफनाया हुआ शव मिला था। इसे लेकर अब सियासत भी शुरू हो गई है। वहीं भीम आर्मी के संस्थापक और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा है।
उन्होंने कू करते हुए लिखा कि 'बाबा जी बेखौफ होकर झूठे कानून के राज का दावा करते हैं। जबकि उनके गृह जनपद गोरखपुर में बेखौफ अपराधी आए दिन जिंदा इंसान की हत्या कर दफना देते हैं। अभी दो बच्चों को दफनाने का मामला शांत भी नहीं हुआ था, आज फिर नारद मुनि साहनी को मारकर दफना दिया गया। हर मौत का हिसाब देना होगा बाबा जी।' बता दें कि चंद्रशेखर आजाद सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ गोरखपुर शहर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं।
UP Chunav: योगी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
करहल में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। बोले, करहल से सपा के जो प्रत्याशी हैं, वो जब नामांकन करने आए थे, तब बोले थे कि अब केवल सर्टिफिकेट लेने आऊंगा, लेकिन प्रोफेसर एसपी बघेल जी ने उन्हें पांच दिन में ही बुला लिया।
योगी ने शिवपाल सिंह यादव का जिक्र करते हुए भी अखिलेश को आड़े हाथों लिया। बोले, बेचारे शिवपाल जो प्रदेश में मंत्री थे, यहां जनसभा में उसे बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं मिली। मुझे हंसी आ रही थी। कहां, ये प्रदेशभर में हजारों लोगों के साथ घूमते थे। नेताजी के सिपहसलार कहलाते थे। आज बैठने के लिए इन्हें कुर्सी का हत्था मिलता है।
सीएम ने आगे कहा, नेताजी भी बहुत होशियार हैं। वो जानते थे कि यहां की जनता प्रोफेसर बघेल को जीता रही है। इसलिए वह अखिलेश का नाम नहीं लेना चाहते थे। कुछ लोग पीछे से बार-बार उनसे बोल रहे थे कि अखिलेश का नाम ले लें... लेकिन वो जानते ही नहीं थे कि यहां से कौन चुनाव लड़ रहा है। अब ये हालत हो गई है कि बाप अपने बेटे का नाम नहीं जानता।
करहल में योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी की करहल सीट में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा, बुल्डोजर को मरम्मत करने के लिए भेज दिया है। 10 मार्च के बाद ये चलेगा। जिन लोगों की अभी गर्मी निकल रही है, वो 10 मार्च के बाद समाप्त हो जाएगी। योगी ने आगे कहा, मुझे मालूम चला है कि सपा के गुंडे जगह-जगह भाजपा के समर्थकों को धमकी दे रहे हैं। इन लोगों को बता देना चाहता हूं कि 10 मार्च तक का इंतजार कर लें। इसके बाद बुल्डोजर चलेगा।
UP Election: योगी बोले- 10 मार्च के बाद चलेगा बुल्डोजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। योगी ने बोला, 10 मार्च के बाद उन लोगों पर बुल्डोजर चलेगा तो साढ़े चार साल बाद चुनाव के वक्त बाहर निकल रहे हैं।
UP Election: मैनपुरी में योगी ने सपा पर बोला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि जब इनकी सरकार बनी थी तब इनकी संवेदनाएं गरीबों, किसानों, युवाओं के प्रति नहीं थी। ये आतंकवादियों के साथ थे। यही कारण है कि सरकार में आते ही इन्होंने सबसे पहले अयोध्या, काशी की मंदिरों, वाराणसी, लखनऊ और रामपुर में आतंकी हमला करने वालों आतंकवादियों का मुकदमा वापस लिया।
UP Election: अखिलेश ने जालौन में भाजपा पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने जालौन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने काला कृषि कानून लाकर 750 किसानों को मार डाला। अगर ये लोग फिर से सत्ता में आ जाते हैं तो ये इस तरह के कानून लाकर आपकी जमीनों को बेच डालेंगे। अखिलेश ने कानून व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। कहा, आंकड़े बता रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
UP Election 2022: गोरखपुर क्षेत्र में चार जनसभाएं करके मतदाताओं को साधेंगे पीएम मोदी
छठवें और सातवें चरण के चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों पर माहौल बनाएंगे। वह गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के अलग-अलग जिलों में चार जनसभाएं करेंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। पहली जनसभा 27 फरवरी को बस्ती में हो सकती है। बस्ती की जनसभा का प्रसारण वर्चुअल माध्यम से संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में भी होगा।
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र का दायरा तीन मंडलों के 10 जिलों तक फैला है। इनमें विधानसभा की 62 सीटें हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल में ही विधानसभा की 41 सीटें हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल में तीन मार्च को वोट डाले जाएंगे। इससे पहले ही भाजपा चुनाव प्रचार में ताकत झोंक देगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्र में चार जनसभाएं होंगी। इसकी सहमति मिल चुकी है। पहली जनसभा बस्ती में प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करहल में करेंगे चुनावी सभा
विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मैनपुरी आ रहे हैं। वह चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले मैनपुरी शहर और करहल के घिरोर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए गुरुवार को दिनभर भाजपा नेता तैयारियों में जुटे रहे। करहल में गुरुवार को गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह के समर्थन में प्रचार किया था।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले शहर के क्रिश्चियन मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। वह सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचेंगे। वह सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह के समर्थन में वोट की अपील करेंगे।
UP Chunav: सपा ने चुनाव आयोग से की ये मांग
समाजवादी पार्टी ने जौनपुर के मल्हानी विधानसभा सीट के 136 बूथों पर अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्स तैनात करने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की तरफ से लिखे गए इस पत्र में इन 136 बूथों को अति संवेदनशील बताया गया है। आरोप लगाया है कि पिछली बार यहां बूथ कैप्टचरिंग हुई थी और लोगों को वोट नहीं डालने दिए गए थे।
UP Election 2022: सपा के गढ़ में जमकर बरसे ओवैसी
सपा के गढ़ कन्नौज में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा के साथ एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी भाजपा और सपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि उन पर आरोप लग रहे हैं कि वे सपा को हराने आए हैं। इससे पहले तो वे यूपी में नहीं आए फिर डिंपल को उन्होंने कैसे हरा दिया। अखिलेश की पत्नी डिंपल को उन्होंने नहीं बल्कि चाचा शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा से मिलकर हराया था।
शहर के हाजी शरीफ स्थित उर्स मैदान में एआईएमआईएम प्रत्याशी डॉक्टर सुनील दिवावर के समर्थन में ओवैसी ने कहा कि भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के नाम से वे लोग गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव जीतने पर बाबू सिंह कुशवाहा प्रदेश के सीएम होंगे। इसमें अल्पसंख्यक और दो अति पिछड़े समाज के डिप्टी सीएम होंगे। ओवैसी ने कहा कि 20 फरवरी को महिलाएं हिजाब और नकाब में मतदान करें।
UP Election: अखिलेश का चुनावी वादा
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने देर रात 11:30 बजे ट्वीट करके चुनावी वादा किया। अखिलेश ने लिखा, 'सपा-गठबंधन सरकार में होमगार्ड व प्रांतीय रक्षक दल को दी जाएंगी ये सुविधाएं-
UP Election: डिप्टी सीएम का अखिलेश पर तंज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'करहल से भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल जीत और अखिलेश यादव चुनाव हार रहे हैं। आज मुलायम सिंह यादव जी को जबरन करहल भेजा। उन्होंने अखिलेश जी का नाम नहीं लिया। शायद मुलायम सिंह जी और चाचा शिवपाल सिंह भी चाहते हैं साइकिल पंचर हो और अखिलेश यादव जी चुनाव हारें।
UP Chunav: अदिति की पारिवारिक सीट पर उलझे समीकरण
कांग्रेस से विधायक बनकर योगी सरकार का गुणगान करने वाली अखिलेश सिंह की बेटी अदिति सिंह इस बार भाजपा से मैदान में हैं। वहीं, वर्ष 2012 में शिकस्त झेलने के बाद आरपी यादव सपा से फिर अखाड़े में जोर-आजमाइश कर रहे हैं। पढ़िए ये खास रिपोर्ट...
UP Chunav: एसपी बघेल का खास इंटरव्यू
करहल से भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल का कहना है कि यदि करहल सपा का गढ़ होता तो अखिलेश यादव को यहां बार-बार नहीं आना पड़ता। पूरा सैफई कुनबा यहां ताकत नहीं लगा रहा होता। अखिलेश अपने पार्टी के प्रत्याशी से ज्यादा समय खुद की सीट पर दे रहे हैं। अमर उजाला ने बघेल से खास बातचीत की। पूरा इंटरव्यू पढ़ने के लिए क्लिक करें...
UP Election 2022: भाजाप सांसद तेजस्वी ने की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तारीफ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाने का श्रेय देने के लिए भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या को आड़े हाथ लिया। तेजस्वी सूर्या के ट्वीट का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चिराग तले अंधेरा तो सुना था। भाजपाइयों के अज्ञान को देखकर तो ये कहा जा सकता है कि ‘सूर्या’ मतलब सूर्य तले अंधेरा है। जिस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तारीफ के पुल ये बांध रहे हैं, इन्हें मालूम होना चाहिए वो अनुपयोगी जी ने नहीं, हमने बनवाया था। देखना कहीं ये भी तो उद्घाटन नहीं कर गये।
तेजस्वी सूर्या ने गुरुवार को ट्विटर पर समाजवादी पार्टी के शासन में बने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का एक वीडियो शेयर कर लिखा था कि योगी जी के एक्सप्रेसवे प्रदेश में लखनऊ से कन्नौज तक। साथ ही यूपी योगी है योगी हैजटैग शेयर किया था।
UP Election 2022 : तीसरे चरण के लिए आज थम जाएगा प्रचार
तीसरे चरण के लिए शुक्रवार को प्रचार थम जाएगा। इस चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। दोनों ही प्रमुख दलों भाजपा व सपा के लिए यह चरण अहम माना जा रहा है। इस चरण में कई जिले ऐसे हैं जो कभी समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता था, लेकिन पिछले चुनाव में भाजपा ने यहां जबरदस्त सेंधमारी की थी और 59 में से 49 सीटें जीतीं थीं। सपा-कांग्रेस गठबंधन को 9 सीट मिली थी। सपा के लिए चुनौती अपने गढ़ को दोबारा पाने की है वहीं भाजपा के लिए चुनौती अपना पिछला रिकार्ड दोहराने की है। इस चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में चुनाव होना है।