फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Visit Live: पीएम ने जनता को समर्पित किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, सहारनपुर में CM ने कही ये बात

Tue, 14 Apr 2026 02:39 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर

खास बातें

PM Modi in Saharanpur Live Updates : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर पहुंचकर दिल्ली-देहरादून द्रुतमार्ग का उद्घाटन करेंगे। गणेशपुर में उतरकर डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने रोड शो किया। अब पीएम वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण कर व डाट काली मंदिर में दर्शन कर देहरादून पहुंचे हैं। सीएम योगी ने जनसभा स्थल पहुंचकर संबोधन शुरू किया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:14 PM, 14-Apr-2026

फिल्मों में काम करने के इच्छुक युवाओं के जेवर में बन रही फिल्म सिटी: मुख्यमंत्री

सीएम योगी ने कहा कि सहारनपुर में मां शाकंभरी के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है और सरसावा में हवाई अड्डा भी बन चुका है। युवाओं के लिए जेवर में फिल्म सिटी विकसित की जा रही है। साथ ही मां शाकंभरी का भव्य कॉरिडोर भी बनाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं के लिए आस्था की राह और आसान होगी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग समाज को बांटने और अराजकता फैलाने में विश्वास रखते हैं, वे विकास के बारे में नहीं सोच सकते। जिन्होंने माफिया को संरक्षण दिया, उनसे विकास की उम्मीद करना व्यर्थ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सुशासन के मॉडल को आर्थिक कॉरिडोर के रूप में देखा जा सकता है। इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से गंगा एक्सप्रेसवे से होते हुए लखनऊ तक भी आसानी से पहुंचा जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बारिश के दौरान पहाड़ों से मलबा आने के कारण रास्ता कई बार बंद हो जाता था और यात्रियों को हरिद्वार होते हुए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन अब यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

03:13 PM, 14-Apr-2026

सुशासन, रोजगार, सुरक्षा और निवेश का केंद्र बनकर उभरा देश और प्रदेश: सीएम

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि बाबा साहेब आंबेडकर, वाल्मिकी रविदास और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छत और आवश्यक संरचना उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी और प्रधानमंत्री के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विजन को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश सुशासन, रोजगार, सुरक्षा और निवेश का केंद्र बनकर उभरा है। डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में विकास को गति दे रही है।

03:12 PM, 14-Apr-2026

क्षेत्रीय उत्पाद और कला को दुनिया के बाजार तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम मिला

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहारनपुर की काष्ठ कला, गुड़ की मिठास, किसानों के उत्पाद और मेरठ के खेल उत्पादों को एक्सप्रेसवे के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी और दुनिया के बाजार तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम मिल गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में बीआर आंबेडकर और अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं अब बिना छत के नहीं रहेंगी। इसके लिए प्रदेश सरकार बजट जारी कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद गणेशपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सामाजिक न्याय को धरातल पर उतारने वाले बाबा साहेब की जयंती है। बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से सभी जाति, वर्ग और संप्रदाय के लोगों को समान अधिकार देकर स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखी थी।

विज्ञापन
02:38 PM, 14-Apr-2026
सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

पीएम मोदी का विजन विकसित भारत की आधारशिला: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम मोदी का विजन विकसित भारत की आधारशिला है। उनके नेतृत्व में भारत भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो रहा है। प्रधानमंत्री ने अपनी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारते हुए दिल्ली-देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे को केवल पांच वर्षों में पूरा कर पश्चिम उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का कार्य वर्ष 2021 में शुरू हुआ था और अब 2026 में यह परियोजना पूरी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शाकंभरी और जय मां डाट काली मंदिर की पावन धरती पर पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली–देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण इस ऐतिहासिक भूमि पर आधुनिक विकास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भीम राव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर क्षेत्रवासियों को यह महत्वपूर्ण उपहार मिला है। इससे विकसित भारत की नींव मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक अवसंरचना के अभाव में पहले दिल्ली से देहरादून जाने में चार से छह घंटे तक लग जाते थे और जाम के कारण लोग यात्रा करने से भी हिचकिचाते थे। लेकिन छह लेन वाले इस आधुनिक एक्सप्रेसवे के बनने से अब यह दूरी मात्र दो से ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे लोगों का समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी।

01:45 PM, 14-Apr-2026
सीएम व अन्य नेता सहारनपुर से वर्चुअल जुड़े - फोटो : अमर उजाला

देहरादून से लाइव प्रसारण शुरू हुआ

सहारनपुर में जनसभा मंच पर मौजूद सभी दिग्गज नेतागण पीएम मोदी द्वारा किए जा रहे दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के लाइव प्रसारण के जरिए सहभागिता कर रहे हैं।
 

विज्ञापन
01:37 PM, 14-Apr-2026

विकसित भारत की आधारशिला है प्रधानमंत्री का विजन: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी का विजन विकसित भारत की आधारशिला है। उनके नेतृत्व में भारत भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो रहा है। प्रधानमंत्री ने अपनी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारते हुए दिल्ली-देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे को केवल पांच वर्षों में पूरा कर पश्चिम उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का कार्य वर्ष 2021 में शुरू हुआ था और अब 2026 में यह परियोजना पूरी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शाकंभरी और जय मां डाट काली मंदिर की पावन धरती पर पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली–देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण इस ऐतिहासिक भूमि पर आधुनिक विकास का प्रतीक है।

01:35 PM, 14-Apr-2026

जनसभा स्थल के मंच से सीएम योगी ने शुूरू किया संबोधन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि दिल्ली–देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे आधुनिक विकास का उत्कृष्ट मॉडल है। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली से देहरादनू के बीच करीब 210 किलोमीटर की दूरी अब मात्र दो से ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी।

01:12 PM, 14-Apr-2026

सीएम योगी जनसभा मंच पर पहुंचे, डिप्टी सीएम का संबोधन शुरू

पीएम मोदी जहां दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारे के उद्घाटन के लिए देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं  सीएम योगी सहारनपुर के बिहारीगढ़ में बनाए गए जनसभा स्थल पर जनसभा स्थल पहुंचे। यहां उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी मौजूद हैं। बारी बारी से सभी दिग्गज जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपना संबोधन शुरू किया।

इस दौरान मंच पर मौजूद नेता पीएम मोदी द्वारा किए जा रहे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के उद्घाटन कार्यक्रम में जनपद सहारनपुर से वर्चुअल माध्यम से सहभाग कर रहे हैं।
 

12:55 PM, 14-Apr-2026

डाट काली मंदिर में दर्शन कर देहरादून के लिए रवाना हुए पीएम

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी देहरादून के पास स्थित जय मां डाट काली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा अर्चना की। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ थी उनके साथ मौजूद रहे। यहां परियोजना संबंधी निरीक्षण करने के बाद मंदिर परिसर में मौजूद छात्राओं द्वारा दी जा रही प्रस्तुति को कुछ देर के लिए सराहा। इसके बाद वह देहरादून के लिए रवाना हो गए।

प्रधानमंत्री जल्द ही दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्लरी और देहरादून के बीच यात्रा का समय लगभग 6 घंटे से घटकर करीब 2.5 घंटे रह जाएगा।

12:39 PM, 14-Apr-2026

रोड शो के बाद पीएम मोदी ने किया वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के एलिवेटेड हिस्से पर बनाए गए वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री जल्द ही देहरादून में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

12:20 PM, 14-Apr-2026
पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला

एलिवेटेड रोड के निरीक्षण के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब एक किमी तक रोड शो करने के बाद एलिवेटेड रोड के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए हैं। ले बाय(Lay-by) से पहले एनएचएआई द्वारा लगाई गई इस वन्य जीव गलियारे की प्रदर्शनी का उन्होंने अवलोकन किया। यहां से उन्होंने जंगल के नजारों को भी देखा।

इसके बाद प्रधानमंत्री अपने काफिले के साथ डाट काली मंदिर के लिए रवाना हो गए। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री के साथ डाट मंदिर पहुंचे हैं। वहां प्रधानमंत्री काली माता की पूजा अर्चना के बाद रोड शो करते हुए देहरादून महेंद्रा मैदान की जनसभा के लिए रवाना होंगे।

12:18 PM, 14-Apr-2026

जनसभा से पूर्व सीएम योगी ने एक्स पर किया पोस्ट, लिखी ये बात

पीएम के कार्यक्रम से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज सहारनपुर की धरती विकास, विश्वास और कनेक्टिविटी के ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 12,000 करोड़ की लागत से निर्मित दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड को जोड़ने वाले दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि 'नए भारत' की नई गति, नई कनेक्टिविटी और नई संभावनाओं का सेतु है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच यह नया मार्ग यात्रा समय में कमी, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी और पर्यटन के नए आयाम स्थापित करेगा।
 

11:59 AM, 14-Apr-2026
पीएम मोदी का रोड शो - फोटो : अमर उजाला

काली फार्च्यूनर में सवार पीएम, लोगों ने समर्थन में लगाए नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एलिवेटेड काॅरिडोर पर रोड शो के लिए जैसे ही निकले। वहां मौजूद जनसमूह ने नारे लगाकर और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी एसपीजी कमांडों से घिरी काले रंग की फार्च्यूनर कार में सवार थे।

कार में बाईं तरफ अगली सीट पर बैठे पीएम एक साइड के दरवाजे से बाहर निकले और उपस्थित जनसमूह का अभिवादन कर रहे थे। उत्साहित लोग उन पर फूलों की वर्षा कर रहे थे। पूरा माहौल मोदी-मोदी के जयकारों से गूंज रहा था। पीएम तकरीबन एक किलोमीटर तक रोड शो करेंगे।

11:48 AM, 14-Apr-2026

रोड शो कर रहे पीएम नरेंद्र मोदी, उमड़ा जनसैलाब

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर पहुंचकर रोडशो शुरु कर दिया है। इसके बाद वे देहरादून के लिए रवाना होंगे, जहां वे कुछ ही देर में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।

यह कॉरिडोर दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा के समय को लगभग 6 घंटे से घटाकर करीब 2.5 घंटे कर देगा। इस परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इंसानों और वन्यजीवों के बीच होने वाले टकराव को काफी हद तक कम किया जा सके।

परियोजना में करीब 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर भी बनाया गया है, जिसे एशिया के सबसे लंबे वन्यजीव कॉरिडोरों में से एक माना जा रहा है। इससे जंगल क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
 

11:18 AM, 14-Apr-2026
पीएम का हेलीकॉप्टर पहुंचते ही खुश हुए लोग - फोटो : अमर उजाला

सहारनपुर पहुंचा पीएम को हेलीकॉप्टर, कलाकारों ने दीं प्रस्तुतियां

सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकाप्टर एलिवेटेड काॅरिडोर के पास बनाए गए हेलीपैड पर लैंड कर गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के मंत्रियों ने प्रधानमंत्री का सहारनपुर की धरती पर स्वागत किया।

इस दौरान बाहर एलिवेलेट गलियारे पर प्रधानमंत्री के इंतजार में खड़े लोग उनके हेलीकाप्टर के हवा में दिखाई देते ही उत्साह से भर उठे। माहौल मोदी-मोदी के नारों से गुंजायमान हो उठा। सांस्कृतिक मंचाें पर बैठे कलाकार भी सक्रिय हो गए। उन्होंने अपने प्रस्तुतियां देनी शुरू कर दी। लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बेताब हैं।

11:06 AM, 14-Apr-2026
पीएम मोदी का सहारनपुर दौरा - फोटो : अमर उजाला

पीएम मोदी को देखने भारी संख्या में पहुंची महिलाएं

पीएम मोदी और सीएम योगी की एक झलक पाने के लिए लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। वहीं कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची है। कार्यक्रम स्थल पर फोटो वे सेल्फी लेती नजर आईं। वहीं आज मौसम की बात करें तो तापमान तकरीबन 35 डिग्री सेल्सियस है, बावजूद इसके हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे हैं। जनसभा स्थल पर पांडाल खचाखच लोगों से भरा हुआ है।

10:44 AM, 14-Apr-2026

खाने पीने की चीजें ले जाने पर भी रोक, कड़ा पहने लोगों को भी रोका

जनसभा स्थल पर प्रवेश से पहले लोगों की सघन जांच की जा रही थी। इसके लिए प्रवेश द्वार पर आठ मेटल डिटेक्टर यंत्र लगाए गए थे, जिनमें चार महिलाओं और चार पुरुषों के लिए निर्धारित किए गए। महिलाओं की जांच के लिए अलग से हरे कपड़े के केबिन बनाए गए थे। यहां महिला उपनिरीक्षक और महिला कांस्टेबल जांच करने के बाद ही उन्हें आगे जाने दे रही हैं।

खाने-पीने की चीजें ले जाने पर भी रोक
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनसभा स्थल के भीतर पानी की बोतलें और खाने के पैकेट ले जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा हाथ में कड़ा या अन्य सामान रखने वाले लोगों को भी बाहर ही रोक दिया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए कई दिनों से एलिवेटेड मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए थीं।

10:42 AM, 14-Apr-2026
पीएम मोदी का सहारनपुर दौरा - फोटो : अमर उजाला

अभेद सुरक्षा के बीच कार्यक्रम, गहन जांच के बाद ही मिला प्रवेश

पीएम मोदी और योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को देखते हुए बिहारीगढ़ में अभेद और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली-देहरादून द्रुतमार्ग के लोकार्पण से जुड़े कार्यक्रम के लिए राधा स्वामी सत्संग भवन के पास बने जनसभा स्थल पर बाहरी और आंतरिक दोनों स्तरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। जनसभा स्थल के आसपास सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क नजर आईं और लोगों को गहन जांच के बाद ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने दिया जा रहा है।

दो किलोमीटर तक कड़ी निगरानी
जनसभा स्थल के आसपास लगभग दो किलोमीटर के दायरे में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।  विशेष सुरक्षा समूह, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड(NSG) के कमांडो और स्थानीय पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं।

पूरे क्षेत्र में मेटल डिटेक्टर, निगरानी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है। इसके अलावा जनसभा स्थल तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर सख्त नाकेबंदी की गई थी, ताकि सुरक्षा का अभेद घेरा बनाए रखा जा सके।

10:35 AM, 14-Apr-2026
गहन जांच के बाद मिला प्रवेश - फोटो : अमर उजाला

सीएम योगी जनसभा स्थल पहुंचे, काले कपड़े पहले लोगों की में पांडाल में नो एंट्री

सहारनपुर के गणेशपुर में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के पास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के लिए बनाया गया पंडाल खचाखच भर गया है। लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रवेश द्वार पर भी लंबी कतारें लगी हैं और सुरक्षाकर्मी जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दे रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि कोई भी काले कपड़े पहनकर पंडाल में प्रवेश न करे।

जनसभा स्थल पर लगी बड़ी स्क्रीन पर देहरादून में हो रहे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और वे बीच-बीच में देशभक्ति, योगी-मोदी और भाजपा के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं भी भाजपा के झंडे लेकर कार्यक्रम में पहुंची हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सुबह साढ़े नौ बजे सुंदरपुर हेलीपैड पर उतरा, जहां भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान योगी-मोदी के नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से सेफ हाउस के लिए रवाना हो गए।

10:06 AM, 14-Apr-2026
नितिन गडकरी - फोटो : अमर उजाला

मवीकला में नितिन गडकरी का स्वागत, बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं करूंगा

बागपत के मवीकला गांव में मंगलवार सुबह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत किया गया। वे सहारनपुर के गणेशपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
सुबह लगभग 8:40 बजे मवीकला पहुंचने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
 
इस दौरान गडकरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

09:46 AM, 14-Apr-2026

ये है निर्धारित कार्यक्रम

10:50 बजे: प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर गणेशपुर में बनाए गए उतरने स्थल पर पहुंचने की संभावना।
11:10 बजे: द्रुतमार्ग के अवलोकन स्थल पर पहुंचकर परियोजना का निरीक्षण करेंगे।
11:35 बजे: वाहन से डाट काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके बाद:प्रधानमंत्री देहरादून के लिए रवाना होंगे और वहां से सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण गणेशपुर में भी दिखाया जाएगा।

09:38 AM, 14-Apr-2026

PM Modi Visit Live: पीएम ने जनता को समर्पित किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, सहारनपुर में CM ने कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सहारनपुर पहुंचकर बहुप्रतीक्षित दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री जिले के गणेशपुर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे और वहां से थोड़ी दूरी तक रोड शो करते हुए डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे देहरादून के लिए रवाना होंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम ही सहारनपुर पहुंच गए थे और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गणेशपुर में एलिवेटेड रोड के दोनों ओर बने मकानों की छतों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। हथियारबंद पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

इसके अलावा एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे गुजर रहे पुराने दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर भी जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रधानमंत्री का काफिला कार से कॉरिडोर का भ्रमण करेगा, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। नीचे राजाजी टाइगर रिजर्व की चिल्लावली रेंज में भी जंगल सफारी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है और पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें