शामली जिले में कुल 65.02 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, बिजनौर जिले में 58.89 फीसदी मतदान हुआ। जिले में साल 2017 का आंकड़ा पार नहीं हो सका।
बिजनौर के नूरपुर में एक मतदान केंद्र पर दूल्हा पहले वोट डालने के लिए पहुंचा इसके बाद ही वह बरात लेकर गया। वहीं बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर में मतदान केंद्र पर एक युवती ने शादी से पहले मतदान को प्राथमिकता दी। इस युवती की बरात आज शाम को ही आनी है। घर में चल रही शादी की तैयारियों के बीच समय निकालकर युवती ने मतदान करना बेहतर समझा।
रामपुर मनिहारान चमनलाल दिगंबर कॉलेज में बीमार व्यक्ति जगदीश ने अपने मत का प्रयोग किया। सहारनपुर में तीन बजे तक 56.73 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मुजफ्फरनगर के खतौली में बरात ले जाने से पहला दूल्हा मतदान करने पहुंचा। नगर में दीपक गोयल के बेटे अभिषेक गोयल की शादी है। बरात लेकर जाने से पहले दूल्हे अभिषेक गोयल ने पहले मतदान को वरीयता देते हुए सर्वप्रथम मतदान किया। मुजफ्फरनगर में दोपहर 1:00 बजे तक 35.23 प्रतिशत मतदान हुआ। चरथावल में सबसे अधिक 48.23 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मीरापुर कस्बे के वार्ड नंबर 14 में एक सभासद प्रत्याशी द्वारा फर्जी आधार कार्ड बनवाकर वोट डालने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
एडीजी बरेली पीसी मीना और डीआईजी शलभ माथुर निकाय चुनाव के मद्देनजर निरीक्षण के लिए बिजनौर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने नगर निकाय निर्वाचन 2023 के तहत चल रहे मतदान के दृष्टिगत मतदान केंद्र एमक्यू इंटर कॉलेज स्योहारा बिजनौर का भ्रमण कर ड्यूटी में लगे कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने निकाय चुनाव में मतदान नहीं किया। उन्होंने कहा कि कस्बे के सभी प्रत्याशी अपने ही हैं। ऐसे में तय किया गया कि जनता जो फैसला करेगा, उसमें ही हमारी सहमति होगी।
वहीं मुजफ्फरनगर जिले में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के साथ उन्होंने देहात के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
एडीजी मेरठ राजीव सभरवाल ने एसएसपी संजीव सुमन व अन्य अधिकारियों के साथ शाहपुर व बुढाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुलिस को सतर्कता पूर्वक ड्यूटी करने के निर्देश दिए । कहा यदि कोई भी शरारत करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
एसएसपी व एसपी सिटी ने भी निरीक्षण के दौरान मतदान के दौरान शांति बनाये रखने व शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री को डयूटी से हटाया
जानसठ विकासखंड में मतदान केंद्र के अंदर फोन पर बात करती हुई आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेशमा पर प्रत्याशीयों ने मतदान में बाधा डालने का आरोप लगाया। मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ शकील अहमद पुलिस बल के साथ विकासखंड परिसर स्थित बूथ संख्या 9 पर पहुंचे और डयूटी पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेशमा को डयूटी से हटाया।
तीन युवकों को फर्जी मतदान करते पकड़ा
जानसठ गोमती कन्या इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र में पुलिस ने दो युवकों को फर्जी मतदान करते हुए पकड़ लिया। इसके अलावा डीएवी इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र में भी एक युवक को पुलिस ने फर्जी मतदान करते हुए पकड़ा। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
सिसौली पर सबकी नजर, यहां कांटे का मुकाबला
मुजफ्फरनगर। भाकियू के गढ़ सिसौली के मतदान पर सबकी नजर टिकी है। यहां चुनाव में प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला है। भाजपा, रालोद के प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी भी मुख्य मुकाबले में माने जा रहे हैं। कसबे के रुझान पर राजनीतिक दलों की नजर भी टिकी है। कसबे में 13 वार्ड, सात मतदान केंद्र और 14 मतदेय स्थल है। कुल 12738 मतदाता मतदान करेंगे। सुरक्षा के लिए एक जोन और सेक्टर में कसबे को बांटा गया है।
शामली जनपद में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा पत्नी के साथ वोट डालने बूथ पर पहुंचे। वहीं ढाई फीट के अंजीम मंसूरी ने भी पत्नी बुशरा संग मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। वहीं दोनों की जोड़ी को देखकर उनके साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गई।
बिजनौर के नहटौर में एचएमआई इंटर कॉलेज मैं बूथ संख्या एक पिंक बूथ पर एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति से कहासुनी होने पर अपना वैलेट पेपर फाड़ दिया। जिसके चलते करीब 15 मिनट तक मतदान बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मतदान कार्य शुरू कराया। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार तोमर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त व्यक्ति पालिका में संविदा पर सफाई कर्मचारी है।
शामली के सरस्वती शिशु मंदिर मतदान केंद्र के बाहर वार्ड 16 के सभासद प्रत्याशी अनिल उपाध्याय और भाजपा प्रत्याशी पूनम शर्मा के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। भाजपा समर्थक सुभाष मलिक घायल हो गए। मतदान केंद्र के बाहर काफी देर तक जमकर हंगामा हुआ। मौके पर मौजूद पुलिस ने सभासद प्रत्याशी अनिल उपाध्याय सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है।
बिजनौर में निकाय चुनाव में 9 बजे तक कुल मतदान 13.38 प्रतिशत रहा है।
स्योहारा 13.56
चांदपुर 15.67
नूरपुर 11.79
हल्दौर 12.62
बिजनौर 16.22
किरतपुर 10.74
नजीबाबाद 14.12
नहटौर 14.22
धामपुर 13.47
शेरकोट 11.93
नगीना 12.62
अफजलगढ़ 13.81
नगर पचायत
झालू 14.92
मंडावर 13.32
जलालाबाद 14.89
बढ़ापुर 10.29
सहसपुर 15.01
साहनपुर 11.71
शामली के हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में 10 बजे तक बूथ खाली पड़ा रहा। एक दो मतदाता ही यहां मतदान करने पहुंचा।
मुजफ्फरनगर में 9 बजे तक कुल 10.26 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब तक शाहपुर में सबसे अधिक 14.26% मतदान दर्ज किया गया है।
मुजफ्फरनगर के सिसौली में नगर पंचायत अध्यक्ष के दो पक्षों में नोकझोंक हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत करा दिया। अधिकारी भी बूथ पर मौजूद हैं।
मुजफ्फरनगर के भोपा/भोकरहेडी में 9:30 बजे तक लगभग 15% मतदान हो चुका है। सहारनपुर जनपद के सभी नगरीय निकायों में सुबह 9:00 बजे तक 11 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस के कड़े पहरे के बीच निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जिले को 20 जोन और 54 सेक्टर में बांटा गया है। मुजफ्फरनगर और खतौली पालिका के अलावा नगर पंचायत चरथावल, पुरकाजी, जानसठ, मीरापुर, भोकरहेड़ी, बुढ़ाना, शाहपुर, सिसौली की कुर्सी के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कुल 195 वार्ड के चुनाव में 210 मतदान केंद्र और 698 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। छह लाख 47 हजार 588 मतदाता अध्यक्ष पद के 118 प्रत्याशियों के लिए मतदान कर रहे हैं। शहर नगर पालिका में इस बार 421420 मतदाता हैं।
पश्चिमी यूपी में निकाय चुनाव के लिए प्रथम चरण में चार जिलों में मतदान केंद्रों पर वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हो गई और शाम पांच बजे तक होगी। आज सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और शामली में मतदान होना है।