08:12 AM, 14-Sep-2023
मेडिकल की नर्स के साथ अपहरण के बाद दुष्कर्म
मेरठ मेडिकल कालेज की नर्स के साथ अपहरण के बाद दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मेडिकल थाने में हंगामा किया। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली युवती मेडिकल में एक प्राइवेट कंपनी से नर्स के तौर पर कार्य कर रही है। उसने मेडिकल प्रशासन से शिकायत करते हुए बताया कि मूल रूप से झांसी और वर्तमान में जागृति विहार निवासी प्रभात यादव भी उसी के साथ कंपनी से जुड़ा है। मंगलवार को आरोपी ने उसका अपहरण कर लिया और मारपीट करके अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने झाड़ू, कुर्सी, जूते-चप्पलों, चाकू और शीशे से मारपीट की, जिसमें उसके बाएं हाथ की हड्डी भी टूट गई। आरोपी दो साल से डरा धमकाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा है।
इसके बाद पीड़िता ने मेडिकल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है। अब उसके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।