10:40 AM, 06-Nov-2023
मिशन 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा
मिशन 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा नए मतदाताओं को टारगेट करने में जुट गई है। बूथवार नेताओं को नए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार और रविवार को चले अभियान के अंतर्गत सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी बूथों पर मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के वोटर चेतना विशेष महाअभियान के अंतर्गत सभी जनप्रतिनिधियों ने दो दिन तक अपने बूथों पर बीएलओ के साथ पुराने और नए मतदाताओं के नामों की जानकारी ली। किसी की नई वोट या स्थान परिवर्तन या किसी मतदाता की मृत्यु पर उसके वोट काटने की जांच की। सभी पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों को लक्ष्य दिया गया है कि सभी नए मतदाताओं की वोट बन जाएं, एक भी घर ऐसा न रहे जहां युवाओं की वोट बनने से रह जाए।
रविवार को महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज देवनागरी डिग्री कॉलेज घंटाघर पर शहर विधान सभा के वार्ड 42 के बूथ नंबर 37 पर मौजूद रहे। इससे पहले शनिवार को महापौर हरिकांत अहलुवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, डॉ. सरोजनी अग्रवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, कमल दत्त शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, महानगर महामंत्री विवेक रस्तोगी अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहे।