04:24 PM, 01-May-2023
पूर्व विधायक के पीए की घेराबंदी शुरू
एनसीईआरटी की नकली किताबें छापने के मामले में सचिन गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद अब बरेली पुलिस पूर्व विधायक के पीए अवनीश मित्तल की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। बरेली पुलिस आरोपी की घेराबंदी के लिए दबिश दे रही है।
24 मार्च 2023 को बरेली की भोजीपुरा पुलिस ने छापा मारकर एनसीईआरटी की नकली किताबें पकड़ी थीं। छापेमारी के दौरान 16000 से अधिक किताबें मिली थीं। टीम ने भोजीपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में मैनेजर रोहटा बनवारीपुर मेरठ निवासी नफीस अहमद को गिरफ्तार किया था। नफीस के बयानों के आधार पर पुलिस ने अवनीश मित्तल, सोनू गुप्ता, पीयूष बंसल, भाजपा नेता संजीव गुप्ता के भतीजे सचिन गुप्ता, राहुल के नाम मुकदमे में बढ़ाए थे।
वहीं, नौ अप्रैल को कोर्ट से गैरजमानती वारंट जारी किए गए थे। बरेली पुलिस शनिवार को टीपीनगर क्षेत्र के मोहकमपुर से सचिन गुप्ता को गिरफ्तार करके ले गई थी। पुलिस ने सचिन गुप्ता को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसके बाद अब पुलिस अवनीश मित्तल, सोनू गुप्ता, पीयूष, राहुल की तलाश में जुटी है। एसपी सिटी पीयूष सिंह का कहना है कि बरेली पुलिस की मदद की गई। सचिन के बाद अवनीश को पकड़ने के लिए भी सहयोग किया जाएगा।
सियासी रसूख से चलता रहा धंधा
सचिन गुप्ता से पूछताछ के आधार पर बरेली पुलिस ने बताया कि वह अपने गैंग के साथ मेरठ में भी नकली किताबें छापता था। वहां कई बार वे पकड़े गए, मगर मेरठ में सियासी रसूख के चलते हर बार छूट जाते थे। उन्हें इस बार भी ऐसी ही उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सचिन ने अपने सरपरस्त कई नेताओं और उन पूर्व विधायक के बारे में भी जानकारी दी। इनके दम पर अवनीश मित्तल इस धंधे को पूरे पश्चिमी उप्र में अंजाम दे रहा था।
भोजीपुरा पुलिस ने सचिन गुप्ता को मेरठ से पकड़ा था। उसे कोर्ट में पेश कर वहां से जेल भेज दिया गया। अब अवनीश मित्तल, राहुल गुप्ता, सोनू व पीयूष कंसल की तलाश के लिए टीम दोबारा मेरठ जाएगी। - राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात, बरेली