फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: मेरठ में युवक को मारी गोली, किसान कुंभ में शामिल होने के लिए भाकियू कार्यकर्ता रवाना

Mon, 16 Jan 2023 11:21 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सर्दी का कहर अभी जारी है। कोहरा भले ही कम हो गया है लेकिन शीतलहर से लोगों की कंपकपी छूट रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी तीन दिन सर्दी अपना असर दिखाएगी। वहीं शामली में रविवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। मेरठ कॉलेज में फायरिंग में एक छात्र घायल हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:21 PM, 16-Jan-2023

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

दिल्ली में मजदूरी करने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

बिजनौर में नगीना क्षेत्र के ग्राम हरबंशपुर धारम उर्फ और अलहदादपुर निवासी केशव 25 वर्ष काफी दिन पहले दिल्ली में काम करने के लिए गया था। बताया जाता है वहां पर वह किसी बेकरी में काम करता था। रविवार शाम को वह काम से वापिस आने पर अपने कमरे में सो गया। लेकिन सुबह सवेरे जब वह नहीं उठा तो साथियों ने दरवाजा तोड़ कर देखा तो वह मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया व परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

11:21 PM, 16-Jan-2023

महिला से तीस हजार रुपए छीन बाइक सवार फरार

बिजनौर में स्योहारा थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रही महिला के हाथ से दो बाइक सवार युवक थैला छीन कर फरार हो गए। थैले में तीस हजार रुपए ब एक मोबाइल फोन भी था। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाए।

सोमवार की दोपहर नगर की पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से ललिता पत्नी सूरजपपाल निवासी ग्राम जसमोर 30 हजार निकालने आई थी। बैंक में उसने किसी व्यक्ति से रुपये निकालने के लिए फार्म भी भरवाया और रुपये निकाले थे। महिला ने बैंक में मौजूद अनजान व्यक्ति से रुपये भी गिनवाए और उन रुपयों को एक थैले में रख लिया था। थैले में उसने रुपयों के साथ अपना आधार कार्ड, मोबाइल और दूसरे बैंक की किताब भी रख ली थी। रुपया निकालकर जैसे ही वह अपने घर की ओर मुरादाबाद रोड पर अपने गांव वापस जा रही थी कि तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक तेजी से आए और उसके हाथ में नोटों से भरा थैला छीन कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी महिला ने पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी घटना स्थल पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। पुलिस को काफी साक्ष्य मिल गए है बदमाश जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

11:20 PM, 16-Jan-2023

सड़क दुर्घटना में व्यापारी की मौत

बिजनौर के हल्दौर में नगर के मोहल्ला रईसान निवासी एक व्यापारी की घर से कुछ ही दूरी पर बाइक से टकराकर मौत हो गई। सोमवार शाम करीब छह बजे नगर के मोहल्ला रईसान निवासी व्यापारी संजय रस्तोगी (60) बाइक से अपनी पुत्रवधू को लेने रेलवे फाटक पर जा रहे थे। परिजनों के अनुसार घर के नजदीक ही स्टेट बैंक वाली गली में विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने संजय की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल संजय को परिजन बिजनौर के विवेक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों से उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन
10:58 PM, 16-Jan-2023

मेरठ के पल्लवपुरम में बाइक सवार युवक को गोली मारी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गोली मारने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए।

07:33 PM, 16-Jan-2023

किसान कुंभ में शामिल होने के लिए भाकियू कार्यकर्ता रवाना

प्रयागराज में मंगलवार से शुरू होने जा रहे किसान कुंभ में शामिल होने के लिए भाकियू कार्यकर्ता रवाना हुए। भाकियू नेता गौरव टिकैत ने कहा कि किसानों के मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।



मुजफ्फरनगर शहर के रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग जगहों से कार्यकर्ता एकत्र हुए। देर शाम पहुंची नौचंदी ट्रेन में भाकियू नेता गौरव टिकैत और किसान सवार हुए। इस दौरान गौरव टिकत ने कहा कि सरकार ने अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया है। किसानों को बकाया भुगतान नहीं मिल रहा है। किसानों के सामने भाव और भुगतान की समस्या है। किसानों की सुनवाई सरकार नहीं कर रही है। प्रयागराज में मंगलवार से आयोजित होने वाले किसान कुंभ में किसानों की समस्याओं को जोर शोर से उठाया जाएगा। 

विज्ञापन
06:42 PM, 16-Jan-2023

मेरठ में 10 साल के छात्र का अपहरण, फिर छोड़कर भागे बदमाश

मेरठ में लिसाडीगेट क्षेत्र के खुशहाल कॉलोनी के पास से रविवार शाम कार सवारों ने एक दस साल के छात्र का अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे लिसाड़ी गांव क्षेत्र में ले गए। करीब पांच घंटे तक उसे कार में घुमाने के बाद थाने में शिकायत की जानकारी मिलने पर उसे छोड़कर आरोपी भाग गए। 

पुलिस के मुताबिक, खुशहाल कॉलोनी निवासी हाजी राशिद का दस साल का बेटा मोहम्मद शाद कक्षा तीन का छात्र है। हाजी राशिद का सूरत में कपड़े का कारोबार है। हाल में वह सूरत गए हुए हैं। छात्र मोहम्मद शाद ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम वह लिसाड़ी रोड पर अपने चाचा को खाना देने के लिए गया था। वापस लौटते समय कार में सवार होकर आए अमान, उसकी मां भूरी उफ शायमा ने दो और लोगों के साथ मिलकर उसे कार में उठाकर ले गये। शाद जब घर नहीं पहुंचा तो उसे तलाश किया गया। कुछ देर तक रिश्तेदारों को नहीं मिला तो बेचैनी बढ़ गई।  

उन्होंने पुलिस चौकी पिलोखड़ी पर सूचना दी। इसके बाद वह थाने में गए। पुलिस से शिकायत करने पर पांच घंटे बाद आरोपियों ने छात्र को लिसाड़ी थाना रोड पर फेंक दिया और वहां से भाग गए।  छात्र किसी तरह घर पहुंचा। उसको देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। 

शाद ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसको जंगल में ले गए थे, जहां उन्होंने उसकी पिटाई की है। उन्होंने जान से मारने की नीयत से तमंचा उसकी कनपटी पर लगा दिया। पुलिस पूछताछ में परिवार के लोगों ने बताया कि उनकी पुत्री को तीन साल पहले अमान बहला फुसला कर ले गया था। उसके बाद अमान ने बेटी से निकाह कर लिया था। इसके बाद से वह अपनी बेटी से नहीं मिलते लेकिन अमान उनकी बेटे से दहेज के लिए मारपीट करता है। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि पुरानी रंजिश का मामला सामने निकलता है। इस मामले की जांच कर रही है।

05:09 PM, 16-Jan-2023

सहारनपुर में कई स्थानों से हटाया अतिक्रमण, साढे़ 19 हजार रुपये लगाया जुर्माना

सहारनपुर में नगर निगम ने सोमवार को मंडी समिति रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सोमवार को राणा पैलेस से चद्रभान की पुलिया तक अभियान चलाते हुए कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया और छह दुकानदारों पर साढे़ 19 हजार रुपये जुर्माना किया गया।



नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ दस्ता आज जेसीबी लेकर थाना मंडी के राणा पैलेस क्षेत्र पहुंचा। निगम अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर सड़क तक फैले हुए अतिक्रमण को जेसीबी से हटाने के साथ ही दुकानों के बाहर किया गया।

बताया गया कि करीब डेढ़ दर्जन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। चार दुकानदारों को शाम तक अतिक्रमण हटाने का समय देते हुए उन पर जुर्माना लगाया गया। अतिक्रमण करने वालों पर 19500 जुर्माना किया गया।

04:36 PM, 16-Jan-2023

पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य पहुंचे मुजफ्फरनगर, सहारनपुर मंडल में आरक्षण पर चर्चा

मुजफ्फरनगर में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए गठित पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य चौब सिंह वर्मा मुजफ्फरनगर पहुंचे। सहारनपुर मंडल के अधिकारियों की बैठक लेकर रैपिड सर्वे पर चर्चा की गई। सभी निकायों की आबादी और तीनों जिलों की स्थिति पर मंथन किया गया।

विकास भवन सभागार में मंडल के तीनों जिले के डीएम और स्थानीय निकाय से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। निकाय आरक्षण पर चर्चा की गई। साल 2017 और 2022 के रैपिड सर्वे की रिपोर्ट पर चर्चा की गई। निकायों में पिछड़ों के आरक्षण पर विचार किया गया। सहारनपुर के डीएम अखिलेश सिंह, नगरायुक्त गजल भारद्वाज, डीएम शामली जसजीत कौर और मुजफ्फरनगर के डीएम चंद्रभूषण सिंह मौजूद रहे।

04:30 PM, 16-Jan-2023

मुजफ्फरनगर में देवबंद मार्ग पर हादसे में मामा की मौत, भांजी घायल

मुजफ्फरनगर के छपार में बरला-देवबंद मार्ग पर पिकअप गाड़ी ने बाइक में  टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामा की मौत हो गई, जबकि भांजी घायल है। हरिद्वार जिले के थाना पथरी क्षेत्र के गांव बहादुरपुर  निवासी रवि अपनी  भांजी मुगलपुर निवासी अवनी के साथ बाइक पर सवार होकर छपार  क्षेत्र के गांव कुतुबपुर जा रहे थे।  

बरला में विपरीत दिशा  से आ रही टाटा पिकअप गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए।  पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां से दोनों को ऋषिकेष एम्स में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। घायल रवि (28) पुत्र नाथीराम की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप का चालक फरार हो गया। मृतक के चचेरे भाई प्रविंद्र कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

04:27 PM, 16-Jan-2023
बीसीसीआई उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए - फोटो : अमर उजाला

महिला आईपीएल का रास्ता हुआ साफ, बेटियां भी क्रिकेट में आगे: राजीव शुक्ला 

मेरठ में सोमवार को रणजी मैच से एक दिन पहले बीसीसीआई उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला भामाशाह पार्क पहुंचे। उन्होंने कहा महिला क्रिकेट में सोमवार आज का दिन महत्वपूर्ण है। महिला आईपीएल के लिए रास्ता साफ हो गया है, जिसकी सभी टीमों की नीलामी 991 करोड़ रुपए फाइनल हुई है।  अब क्रिकेट में भी बेटियां आगे बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा बीसीसीआई की ओर से दोनों टीमों उत्तर प्रदेश व ओडिशा को रणजी मैच के लिए बधाई। उत्तर प्रदेश में प्रतिभा की कमी नहीं है, यहां से कई टीमें तैयार हो सकती हैं। लेकिन 15 खिलाड़ियों को ही मौका मिलता है। जिससे अन्य प्रतिभाएं बाहर नहीं आ पाती, जिसके लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन लीग कराने जा रहा है। जिससे प्रतिभाएं निकलेंगी। भुवनेश्वर कुमार और प्रवीण कुमार भी उनकी नजरों में आए तो उनको स्लेक्टर से बात कर अंतर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया।

03:35 PM, 16-Jan-2023
तिरंगे किए गए वितरित - फोटो : अमर उजाला

मेरठ में 'द आर्ट ऑफ लिविंग' संस्था के तत्वधान में। संस्था के द्वारा गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में मकर संक्रांति से लेकर 26 जनवरी तक 1100 का वितरण किया जा रहा है। इसमें से कुछ झंडे जिला कारागार मेरठ में  कैदियों द्वारा तैयार किए गए हैं। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के शिक्षक पुलकित त्यागी ने बताया कि झंडे बच्चे युवा बुजुर्गों को वितरित किए जा रहे हैं। आज ई ब्लॉक शास्त्रीनगर में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा झंडे बांटे गए। बताया कि इसमें संस्था के शिक्षक वॉलिंटियर प्रशांत तेवतिया, ऋषभ पांडे, निखिल पांडे, नेहा, त्यागी आदि का सहयोग रहा। 

03:04 PM, 16-Jan-2023
फॉर्म जमा करने लाइन में लगे लोग - फोटो : अमर उजाला

कंपनी में डूबी रकम वापसी के लिए फार्म जमा कराने वालों की उमड़ी भीड़ 

बिजनौर के नजीबाबाद में पीएसीएल कंपनी में डूबी धनराशि की वापसी के लिए फार्म जमा कराने के लिए सोमवार को भारी भीड़ तहसील उमड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिसकर्मी भी लगाई गईं हैं।

02:27 PM, 16-Jan-2023
एसडीएम को ज्ञापन सौंपने पहुंचे फड़ कारोबारी - फोटो : अमर उजाला

बिजनौर में फड़ कारोबारी एसडीएम और सीओ से मिले, सौंपा ज्ञापन

बिजनौर के नजीबाबाद में रेलवे स्टेशन रोड स्थित फड़ कारोबारियों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम और सीओ से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने फड़ कारोबार से 50 से अधिक कारोबारियों के परिवार जुड़े होने का तर्क देते हुए फड़ न हटाने की मांग की।

रेलवे स्टेशन रोड स्थित फड़ कारोबार यूनियन के अध्यक्ष शेर खान,प्रदीप शर्मा,दारा सिंह, वकील अहमद के नेतृत्व में फड़ कारोबारियों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम विजय वर्धन तोमर और सीओ गजेंद्र पाल सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बताया राजकीय इंटर कॉलेज के आसपास लगभग 50 से अधिक फड़ कारोबारी जुड़े हैं।

यह भी पढ़ें: Meerut News: मालकिन पर तानी पिस्टल तो बदमाशों पर टूट पड़ी जिनी, नहीं कर पाए लूट

फड़ कारोबार पर ही उनके परिवार आश्रित हैं। फड़ कारोबारियों ने भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से उनके कारोबार को अतिक्रमण बताते पर चिंता व्यक्त की।कारोबारियों ने प्रशासन से सहानुभूति पूर्वक विचार कर फड़ कारोबार पूर्व की भांति चलने देने की गुहार लगाई।

एसडीएम विजय वर्धन तोमर और सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने  अतिक्रमण संबंधी शिकायत को गंभीरता से लेने की बात कहते हुए कार्रवाई के लिए कारोबारियों से तैयार रहने को कहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाली के दोनों ओर किसी भी प्रकार का कारोबार अतिक्रमण की श्रेणी में आता है।

01:58 PM, 16-Jan-2023
मौके पर मौजूद पुलिस - फोटो : अमर उजाला

सोमवार सुबह मेरठ कॉलेज में अचानक हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसपी सिटी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मामले की छानबीन की जा रही है।

जानकारी के अनुसार एसएसपी आवास के सामने मेरठ कॉलेज में सोमवार को छात्र गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान ताबड़तोड़ गोलियां भी चली। गोली चलाने वाले कौन थे इसकी जांच पड़ताल के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। मारपीट में घायल हुए 3 छात्रों का इलाज प्यारेलाल जिला अस्पताल में चल रहा है।

01:51 PM, 16-Jan-2023

बिजनौर के नूरपुर क्षेत्र में ग्राम चांगीपुर में निर्माणाधीन बिंदल शुगर मिल के पास एक झोपड़ी में आग लगने से एक गाय की जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरी बुरी तरह से झुलस गई।
नवनिर्मित बिंदल शुगर मिल के पास गोहावर निवासी जोहिया उर्फ पप्पू फूस की झोपड़ी डालकर रहता है। वहीं पर वह चाय, बीड़ी, सिगरेट, पान मसाले आदि का ठेला भी लगाता है। पास में ही दूसरी झोपड़ी में उसने तीन गाय पाल रखी हैं। रविवार की रात 11 बजे उसकी पशुओं की झोपड़ी में आग लग गई। आग में दो गाय जल गई, जिसमें एक गाय की मौत हो गई और दूसरी बुरी तरह से झुलस गई। आग लगने के कारण का पता नही लगा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

01:45 PM, 16-Jan-2023
महिलाओं को प्रमाण पत्र देते डीएम - फोटो : अमर उजाला

बिजनौर में बेटी होने पर महिलाओं को डीएम ने वितरित किए फल और प्रमाण पत्र

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बिजनौर जिला महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम उमेश मिश्रा ने बेटी होने पर महिलाओं को फल और बधाई प्रमाण पत्र वितरित किए।

प्रत्येक माह पहले और तीसरे सोमवार को कन्या जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जिसके चलते सोमवार को जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में 23 महिलाओं को बेटी होने पर सम्मानित किया गया। डीएम उमेश मिश्रा और एसपी दिनेश सिंह ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती शिवानी को बेटी होने पर बधाई प्रमाण पत्र, फल, शाॅल, बच्चे के कपड़े, लड्डू देकर बधाई दी। इस दौरान डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि बेटियों को पढ़ाकर आगे बढ़ाना है। बेटी आपका नाम रोशन करेगी। इसके अलावा परिजनों से भी महिलाओं को पोषण युक्त आहार देने के लिए कहा। इस कार्यक्रम के माध्यम से बेटी बोझ नहीं हैं, घर का मान है संदेश दिया गया।  

01:29 PM, 16-Jan-2023
धरना देती महिलाएं - फोटो : अमर उजाला

बिजनौर में मांगों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

बिजनौर जनपद में भाजपा महिला मोर्चा ने मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा के सदस्यों ने भाजपा विधायक और और पूर्व सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी पश्चिम उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा अनीता चौहान ने ज्ञापन में कहा कि उनका दामाद लव कुमार रेहड़ थाना क्षेत्र में अपने खेत में घर बना रहा था। इस पर कुछ लोग मकान बनाने की बदले में अवैध रूप से जमीन की मांग कर रहे हैं। इसकी शिकायत उन्होंने जब क्षेत्रीय विधायक और उनके पिता से की तो उन्होंने भी जमीन देने के लिए कहा। जमीन नहीं देने पर निर्माणाधीन मकान को गिरा दिया। जिसके चलते महिला मोर्चा के सदस्यों ने थाना रेहड़ के पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की है। इसके अलावा लव कुमार के विरुद्ध दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान 50 से ज्यादा महिलाएं मौजूद रहीं।

10:42 AM, 16-Jan-2023

सहारनपुर में ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सहारनपुर के बेहट में ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हुआ है।  हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली को उसका चालक लेकर फरार हो गया। 

हादसा रविवार की देर रात  थाना मिर्जापुर क्षेत्र में नौगांवा के पास हुआ। मिर्जापुर पोल निवासी गुफरान (42) पुत्र शफीक गांव आलमपुर अमादपुर निवासी नासिर (28) पुत्र मकसूद के साथ उत्तराखंड के बंदरजूड़ किसी काम से गया था। देर रात वापस लौटते समय थाना मिर्जापुर क्षेत्र में नौगांवा रोड पर उनकी बाइक को सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर दोनों बाइक समेत सडक पर जा गिरे। हादसे में गुफरान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि नासिर मामूली चोटिल हुआ। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली को उसका चालक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से उन्हें सीएचसी बेहट लाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुफरान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस एवं परजिन भी सीएचसी पहुंच गए। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।

10:39 AM, 16-Jan-2023

शामली में आधी रात के बाद हिली धरती, फैली दहशत

शामली जिले में रविवार रात 1:17 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिससे दहशत फैल गई। गनीमत रही कि भूकंप के झटके 2.9 रिक्टर तीव्रता के ही रहे। जिससे जानमाल के नुकसान की अभी कोई सूचना नहीं है। 

रविवार रात जब जिले में अधिकतर लोग नींद के आगोश में थे। तभी करीब 1:17 बजे अचानक धरती हिलने लगी। भूकंप का अहसास होने पर उस समय जाग रहे लोग घबरा गए। कुछ लोग भीषण ठंड के बावजूद भी घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद काफी देर तक लोगों में अफरातफरी का माहौल रहा। बताया जा रहा है भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.9 दर्ज की गई। भूकंप के चलते किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना अभी नहीं मिली है।

09:29 AM, 16-Jan-2023

सात दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम

9 15.0 6.2
10 14.1 7.8
11 12.9 8.1
12 17.4 8.2
13 21.0 9.0
14 13.3 12.6
15 17.0 5.3

दो डिग्री तक जा सकता है रात का तापमान
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते वहां से आ रही उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। रात के समय पाला भी पड़ना शुरू हो गया है। रविवार को भी पाला बहुत ज्यादा पड़ा था, जिस कारण से मौसम सर्द रहा। अभी सुबह के समय तीन दिन तक कोहरा पड़ने आसार हैं और मौसम सर्द रहेगा। वेस्ट यूपी में शीतलहर और कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

09:20 AM, 16-Jan-2023

Meerut News Live: मेरठ में युवक को मारी गोली, किसान कुंभ में शामिल होने के लिए भाकियू कार्यकर्ता रवाना

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तीन दिन तक कोहरा और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिन का तापमान चार डिग्री बढ़ा लेकिन रात का तापमान 7.3 डिग्री गिर गया। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि रात का तापमान 2-3 डिग्री पर जा सकता है और कोहरे और पाले से ठंड का असर बना रहेगा।

पहाड़ों पर बन रहे मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और बर्फबारी के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम सर्द हो गया है। रविवार को मौसम सुबह से ही साफ रहा चटक धूप का शहरवासियों ने आंनद लिया। साथ ही दिन में चली शीतलहर से मौसम बदला हुआ रहा। शाम को सूरज ढलने के बाद ठंड बढ़ती चली गई। मौसम कार्यालय ने दिन का अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री बढ़ा और रात के तापमान में 7.3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है वेस्ट यूपी में अभी चार दिन तक ठंड का असर बना रहेगा, कोहरा भी आएगा और शीतलहर से ठंड भी बढे़गी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें