फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: हाईवे पर दो डंपरों की भीषण टक्कर, चालक की मौत, तीन घायल, लहूलुहान मिली महिला की लाश

Mon, 15 May 2023 04:45 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ में भामाशाह पार्क के बाहर पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ अभद्रता कर दी। पुलिस ने बीच सड़क पर ही खिलाड़ियों के साथ मारपीट की। उधर, एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन पर मेरठ की जनता का आभार जताया है। 
विज्ञापन
सहारनपुर में हादसा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:29 PM, 15-May-2023

हाईवे पर दो डंपरों की भीषण टक्कर, चालक की मौत, तीन घायल 

सहारनपुर जनपद के बेहट में दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर रविवार की रात ढाई बजे खनिज का परिवहन करने वाले दो डंपरों की टक्कर हो गई। हादसे में खाली डंपर के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि खनिज लेकर जा रहे डंपर के दो चालक गंभीर रूप के घायल है। इनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उधर, मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है। 

हादसा हाईवे पर गांव बाबैल बुजुर्ग के पास हुआ। खनिज से भरा डंपर सामने से आ रहे खाली डंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों डंपर के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मोहम्मद उसामा पुत्र इंतजार अली निवासी गांव निर्धाना थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे डंपर के चालक इस्तखार उर्फ काला व महरोज निवासी गोधना थाना पुरकाजी जनपद मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें मेहराज की हालत नाजुक बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडे ने बताया कि मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक हादसे से संबंधित तहरीर नहीं मिली है।

04:25 PM, 15-May-2023

सड़क किनारे लहूलुहान मिला महिला का शव

सहारनपुर में देहरादून हाईवे पर नोगजापीर के पास सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा मिला। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले। हालांकि अभी मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वह मानसिक रूप से बीमार प्रतीत हो रही है। थाना जनकपुरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना जनकपुरी क्षेत्र में देहरादून हाईवे पर 37 वर्षीय महिला का शव पड़े होने की सूचना पर थाना जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के भी प्रयास किए, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला के बारे में इतनी ही जानकारी मिल पाई है कि वह आसपास क्षेत्र में घूमती रहती थी और उसने दो-दो जुराब और दो लोवर पहन रखे हैं। संभवतः उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहा होगा। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। माना जा रहा है कि रात में किसी समय अज्ञात वाहन से टकराकर वह सड़क किनारे जा गिरी और उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी शिनाख्त के भी प्रयास चल रहे हैं।

01:39 PM, 15-May-2023
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण - फोटो : amar ujala

रणजी खिलाड़ियों से अभद्रता के मामले में दो दरोगा सस्पेंड

मेरठ के भामाशाह पार्क के गेट से कार हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद एसओजी टीम के पुलिसकर्मियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ अभद्रता करने के मामले में मेरठ के एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने मामले में दोषी पाए जाने पर दो दरोगा सस्पेंड कर दिए हैं।
 
आरोप था कि विरोध करने पर सिविल लाइन थाने से पुलिस बुलाकर खिलाड़ियों को बीच सड़क पर पीटा गया। बाद में पुलिस खिलाड़ियों को थाने ले गई। सूचना पर पहुंचे अन्य खिलाड़ियों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा किया। सीओ सिविल लाइन का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर एसएसपी द्वारा पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। पूर्व एसओजी प्रभारी वरुण शर्मा और दरोगा जितेंद्र को सस्पेंड कर दिया गया है।

विज्ञापन
12:28 PM, 15-May-2023

जमीन के विवाद में महिला से ससुरालियों ने की मारपीट

सरधना क्षेत्र के गांव सलावा में जमीन के विवाद के चलते ससुरालियों ने महिला के साथ मारपीट कर दी। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। थाने पहुंची घायल महिला को थाना पुलिस ने सीएचसी में उपचार दिलाया।

पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। गांव सलावा निवासी रेखा ने तहरीर में बताया कि उसके पति मुकेश की चार साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग के चलते वह एक बेटे को साथ लेकर लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है। पति की मौत के बाद उसने विरासत की जमीन को अपने नाम करा लिया।

आरोप है कि 15 वर्षीय बड़ा बेटा जेठ के पास रहता है। इसके चलते ससुरालियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को जेठानी व ननद सहित अन्य ससुरालियों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता घायल अवस्था में थाने पहुंची और आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद चल रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

12:27 PM, 15-May-2023

सरधना से चार दिन से लापता युवक का सुराग नहीं

सरधना थाना क्षेत्र के सलावा गांव निवासी राहुल(22) चार दिन पहले लापता हो गया था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। है। सलावा निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि उसका पुत्र राहुल बुधवार को दोपहर के समय किसी काम से घर से निकला था। घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरु की। मगर उसका सुराग नहीं लगा। 

विज्ञापन
12:26 PM, 15-May-2023
आयकर विभाग की कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

मैनकाइंड पर 82 घंटे बाद जांच पूरी अब होगा कर चोरी का आकलन

मेरठ में कर चोरी मामले में आयकर विभाग की ओर से मैनकाइंड में की जा रही छानबीन रविवार अपराह्न 3:30 बजे तक पूरी हो गई। आयकर टीम के मुताबिक अब जांच रिपोर्ट तैयार कर चोरी की स्थिति का आकलन किया जाएगा। उसके आधार पर जुर्माना या अन्य कार्रवाई तय की जाएगी। 

आयकर कार्यालय दिल्ली से चार दिन पहले टीम जांच के लिए मेरठ पहुंची थी और करीब 82 घंटे पहले आयकर कार्यालय दिल्ली की टीम ने यह छानबीन शुरू की थी। टीम ने कंपनी के वेयर हाउस संचालक संजय बंसल के बयान दर्ज किए गए। इसके साथ ही वेदव्यासपुरी स्थित वेयर हाउस और दिल्ली रोड स्थित कार्यालय से डाटा एकत्रित किया गया। हालांकि वेयर हाउस संचालक संजय बंसल ने दावा किया कि कागजात में कोई कमी नहीं है।

टीम ने मैनकाइंड के दिल्ली निवासी चेयरमैन रमेश जुनेजा एवं एमडी राजीव जुनेजा के कार्यालय में छापामारी की। यहां पांच सदस्यों की टीम जांच कर रही थी। शनिवार शाम आयकर अधिकारियों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई। टीम ने दिल्ली रोड स्थित मैनकाइंड के कार्यालय में दस्तावेज और बिलों की जांच की। 

इस दौरान कर्मचारियों से विभिन्न दस्तावेजों, आय-व्यय के ब्योरे सहित अन्य जानकारियां दीं।विभागीय सूत्रों ने बताया कि अमूमन शेयर लिस्टिंग करने के लिए कंपनी मुनाफा बढ़ाकर दिखाती हैं, यह बिंदू भी जांच में शामिल रहा। वहीं, वेयरहाउस संचालक संजय बंसल ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान पर टीम चार दिन तक रही। आयकर टीम ने जो दस्तावेज मांगे, उन्हें उपलब्ध कराए गए। अधिकारी बयान दर्ज कर विभिन्न दस्तावेज ले गए हैं। उन्होंने दावा किया कि हमारी कंपनी की ओर से कोई टैक्स चोरी सामने नहीं आई है।

12:25 PM, 15-May-2023

दहेज लोभियों ने विवाहिता को दिया तीन तलाक, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ के कंकरखेड़ा में दहेज लोभियों ने एक विवाहिता तीन तलाक दे दिया। जिसके बाद पीड़ित विवाहिता परिजनों संग थाने पहुंची। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गढ़ रोड स्थित एक गांव निवासी विवाहिता की शादी लगभग दो साल पूर्व कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक से हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से आरोपी ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। दहेज नहीं लाने पर विवाहिता के साथ रोजाना मारपीट करते थे।

कई घंटे तक घर के बाहर बैठी रही विवाहिता
विवाहिता का आरोप है की आरोपी ससुराल वालों ने मारपीट कर महिला को घर से निकाल दिया। विवाहिता कई घंटों तक घर के बाहर बैठी रही। लेकिन ससुरालियों ने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद विवाहिता ने फोन कर परिवार को जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल महिला को लेकर थाने आ गए।

महिला के पति ने उसके परिजनों के सामने तीन तलाक बोल दिया। पीड़ित महिला ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

10:48 AM, 15-May-2023

रालोद 19 से चलाएगा सामाजिक समरसता कार्यक्रम, हर विधानसभा में जाएंगे जयंत

रालोद पश्चिम उप्र में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए 19 मई से सामाजिक समरसता कार्यक्रम शुरू कर रहा है। रालाेद मुखिया चौधरी जयंत सिंह प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी की नीतियों को घर घर तक पहुंचाने संदेश भी दिया जाएगा।

पार्टी प्रवक्ता सुनील रोहटा ने बताया कि निकाय चुनाव में पश्चिम उप्र के कई जिलों मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, मथुरा और गाजियाबाद में भाजपा ने काफी सीटें हारी हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ने, किसानों की बढ़ती समस्याओं के कारण ऐसा हुआ है। इसके चलते सामाजिक समरसता कायम रखने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। बागपत से इसकी शुुरुआत की जाएगी।  

09:00 AM, 15-May-2023
खरखौदा - फोटो : Amar ujala

खरखौदा में थाने में खड़े वाहनों में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग

खरखौदा थाने के सामने खाली पड़ी थाने की ही जमीन में माल मुकदमाती सैकड़ो छोटे बड़े वाहन खड़े थे। जिनमें संदिग्ध परिस्थितियों में सुबह आग लग गई। उक्त स्थान सघन जनसंख्या क्षेत्र के अंदर होने के कारण आसपास के मकान स्वामियों ने सभी मकान खाली कर दिए। अधिकतर वाहन सीएनजी किट के हैं, जिनमें गैस भरी हुई है। एक घंटे के बाद भी फायर ब्रिगेड की कोई गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। कई घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर बुलाया गया। तब जाकर आग पर काबू पाया गया। वहीं थाना पुलिस की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था।

07:53 AM, 15-May-2023

असदुद्दीन ओवैसी ने जताया मेरठ की जनता का आभार

मेरठ नगर निकाय चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद असदुद्दीन ओवैसी बेहद खुश हैं।

रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए ओवैसी ने खुशी का इजहार करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को मुबारकबाद दी। मेरठ में पार्टी के प्रदर्शन पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा में वहां की सरजमीन इंकलाब की सरजमीन है। वहां की आवाम ने इंकलाब बरपा दिया है क्रांति ला दी है।

मेरठ की आवाम में पार्टी के प्रत्याशी मौ. अनस को 1 लाख 28 हजार 547 वोट दिए , जबकि 11 पार्षद चुने। ये बेहद खुशी की बात है सभी को मुबारकबाद है। ओवैसी की विडियो आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश है।

महापौर प्रत्याशी मौ. अनस ने कहा बात निकली है तो दूर तलक जाएगी। वाकई मेरठ को आवाम ने वो काम किया है, जिससे एक नया अध्याय शुरू होगा। कोशिश रहेगी कि आने वाले लोकसभा में फिर से मुस्लिम अपनी ताकत दिखायेगा। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी हमारी हौसला अफजाही की, जिससे मनोबल बढ़ा है।

07:25 AM, 15-May-2023

Meerut News Live: हाईवे पर दो डंपरों की भीषण टक्कर, चालक की मौत, तीन घायल, लहूलुहान मिली महिला की लाश

मेरठ के भामाशाह पार्क के गेट से कार हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद एसओजी टीम के पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ अभद्रता कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर सिविल लाइन थाने से पुलिस बुलाकर खिलाड़ियों को बीच सड़क पर पीटा गया। बाद में पुलिस खिलाड़ियों को थाने ले गई। सूचना पर पहुंचे अन्य खिलाड़ियों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा किया। सीओ सिविल लाइन का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
 
यह था पूरा मामला
प्रशांत चौधरी रणजी खिलाड़ी है, विनीत पंवार इंडियन-19 टीम के क्रिकेटर है। दोनों विक्टोरिया पार्क के पास किराए के मकान में रहते हैं और भामाशाह पार्क में प्रैक्टिस करते हैं। विनीत अपनी स्कूटी भामाशाह पार्क में खड़ी करते हैं। विनीत का आरोप है कि रविवार रात वह स्कूटी खड़ी करने के लिए भामाशाह पार्क पहुंचे तो गेट पर खड़े कार सवारों से कार हटाने को कहा। दोनों ने खुद को एसओजी टीम का बताते हुए विनीत के साथ मारपीट कर दी। इस पर विनीत ने फोन कर प्रशांत चौधरी को बुला लिया। प्रशांत के साथ भी एसओजी टीम के पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
 
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
आरोप है कि सूचना पर सिविल लाइन थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और खिलाड़ियों के साथ मारपीट की। जानकारी पर कई खिलाड़ी भी थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। प्रशांत चौधरी का आरोप है कि पुलिसकर्मी शराब पी रहे थे और उन्होंने मारपीट की है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें