फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: खूब गरजे BKU के राष्ट्रीय महासचिव, युवक ने वायरल वीडियो में कहा- मुझे एसएचओ को मारनी है गोली

Fri, 10 Feb 2023 06:31 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ

खास बातें

Meerut News Live : मुजफ्फरनगर में आज भाकियू की महापंचायत हो रही है। महापंचायत में खाप चौधरी भी शामिल होंगे। वहीं शहर में रूट डायवर्जन किया गया है और कई जिलों की फोर्स तैनात है। उधर, बागपत में दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
विज्ञापन
भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:18 PM, 10-Feb-2023

एसएचओ गंगोह को गोली मारनी मुझे, वीडियो वायरल

सहारनपुर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों की हत्या करने की बात कह रहा है। आरोपी वीडियो में कह रहा है कि एसएचओ गंगोह को गोली मारनी है मुझे। पुलिस ने मामले की जांच के साथ ही युवक की तलाश शुरू कर दी है।

शुक्रवार को नौ सैकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें नीली टी-शर्ट पहने बैठा युवक अपने साथियों से बात करते हुए मोबाइल फोन के कैमरे की तरफ देखते हुए बोल रहा कि उसे पुलिसकर्मियों की हत्या करनी है। युवक कह रहा कि एसएचओ गंगोह को गोली मारनी है मुझे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली गंगोह इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस युवक की पहचान करने के साथ ही उसकी तलाश में जुट गई है। जांच में सामने आया कि वीडियो पुराना है, जिसे किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

06:14 PM, 10-Feb-2023

पुलिस को चकमा देकर कोर्ट पहुंचा इनामी भाजपा नेता, अदालत ने भेजा जेल

25 हजार रुपये के इनामी भाजपा नेता प्रिंस चौधरी ने पुलिस को चकमा देते हुए एक अन्य मामले में नगीना की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने प्रिंस चौधरी को जेल भेज दिया है।

बीते 30 जनवरी को थाना परीक्षितगढ़ में बिजनौर के भाजपा नेता प्रिंस चौधरी के काफिले में शामिल गाड़ियों ने दो युवकों को कुचल दिया था। पुलिस ने गाड़ी चालक और भाजपा नेता प्रिंस चौधरी को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया था। 

04:59 PM, 10-Feb-2023

25 हजार रुपये के इनामी बदमाश प्रिंस चौधरी ने नगीना कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया है। मेरठ पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

03:52 PM, 10-Feb-2023

खूब गरजे राकेश टिकैत
महापंचायत में मंच से भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नागपुर पॉलिसी चल रही है। टिकैत ने कहा कि पीएसी नहीं, मिलिट्री बुलाओ, पर मीटर नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपने मीटर की सुरक्षा करें, चोरी बढ़ रही है। कहा कि बड़ी कंपनियों को बिजली बेची जा रही है। 

टिकैत ने कहा कि गरीबों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कंपनियों की सरकार है। टिकैत ने एलान किया कि 26 जनवरी 2024 को पूरे देश में ट्रैक्टर परेड होगी। किसान संगठन किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं है। कहा कि जहां सरकार किसान के खिलाफ फैसले करेगी, हम वहीं जाएंगे। उन्होंने किसानों को चेताया कि जमीन छीनने की तैयारी है, गलत तरीके से भूमि अधिग्रहण किया जाता है।

उन्होंने कहा कि 20 साल तक की लड़ाई के लिए तैयार रहें। कहा कि किसानों को फर्जी मुकदमों से डराया जाता है। टिकैत ने कहा कि ट्रैक्टर किसान का फाइटर विमान है। कहा कि जो किसान अपनी मर्जी से मीटर लगवाना चाहते हैं, वह लगवा सकते हैं।

विज्ञापन
03:23 PM, 10-Feb-2023

महापंचायत में मंच से भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह खूब गरजे। उन्होंने कहा कि किसान सरकार के एजेंडे में नहीं है। कहा कि बजट में किसान की आय पर कोई चर्चा नहीं हुई। सरकार ने छह साल पहले आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन आय घट गई। सरकार ने 2047 तक का झुनझुना दिया है और विश्व गुरु बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी संपत्तियों को बेच रही हैं। 

उन्होंने कहा कि सरकार खेती पर निवेश कम कर रही है। कहा कि सरकार एमएसपी नहीं, कर्जा देने की बात कर रही है। कहा कि खेती के लोन अडानी के माध्यम से दिए जाएंगे। उन्होंने किसानों को चेताया कि यह जमीन कुर्क करने की तैयारी है। अगर सरकार 85 करोड़ को मुफ्त राशन दे रही है तो समझ लो देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। 

युद्धवीर सिंह ने कहा कि 20 मार्च को पूरे देश का किसान एक साथ दिल्ली कूच करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश की निगाह मुजफ्फरनगर पर है। कहा कि यहां के किसान आंदोलन को मजबूत रखें। सिंह ने कहा कि किसानों का आंदोलन समाप्त नहीं हुआ, अब दूसरा चरण 20 मार्च से शुरू होगा। किसान एमएसपी की लड़ाई जारी रखेंगे।

02:55 PM, 10-Feb-2023

भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि नलकूपों पर मीटर नहीं लगने देंगे। वहीं हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि खेती छोड़ो आंदोलन चलाना होगा। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य जगतार बाजवा ने कहा कि किसान शक्ति को एकजुट करना होगा। मजबूती से मोर्चे पर डटना होगा।

बताया गया कि रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी और अशरफ अली मंच के पास बैठे रहे, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौट गए। 

02:22 PM, 10-Feb-2023

मुजफ्फरनगर में भाकियू की महापंचायत शुरू हो गई है। वहीं हरियाणा से आए किसान नेता जोगिंदर सिंह ने बताया कि 20 मार्च को दिल्ली में पूरे देश के किसानों की महापंचायत होगी। वहीं नरेश टिकैत भी मंच पर पहुंच गए हैं।

बता दें कि गन्ना मूल्य, बकाया भुगतान, आवारा पशु, बिजली की दरें और किसानों के उत्पीड़न समेत अन्य मुद्दों को लेकर यह महापंचायत हो रही है।

01:11 PM, 10-Feb-2023

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने मीनाक्षी चौक पर जाम लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर जमकर नारेबाजी की।

बताया गया कि मीनाक्षी चौक पर जाम की स्थिति बनी हुई है। वहीं एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था बनाने में जुट गए हैं।

12:29 PM, 10-Feb-2023

मेरठ में लालकुर्ती में एसएसडी इंटर कॉलेज के छात्रों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने कलेक्ट्रेट के पास स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि स्कूल छात्रों से 600 रुपये अवैध वसूली कर रहा है। बताया कि 600 रुपये नहीं देने पर एडमिट कार्ड जारी नहीं करने की धमकी दी जा रही है। 

वहीं छात्रों के पक्ष में पहुंचे कई छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रबंधन पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। बाद में सीओ सिविल लाइन ने स्कूल प्रबंधन से बात की और छात्रों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया।

12:10 PM, 10-Feb-2023

भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत महापंचायत में शामिल होने के लिए सिसौली से समर्थकों के साथ रवाना हो गए हैं।

12:00 PM, 10-Feb-2023

मुजफ्फरनगर में भाकियू की पंचायत में किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रशासन ने व्यवस्था बनाने के लिए शहर के बाहर अस्थायी बस अड्डे बनाए हैं। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत सरकुलर रोड पर किसानों के बीच पहुंच चुके हैं।

11:09 AM, 10-Feb-2023

निवेश कुंभ में उद्यमी पहुंच चुके हैं। बागपत के 111 उद्यमियों ने साढ़े नौ हज़ार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। 99 को एमओयू जारी हो चुके हैं।

10:58 AM, 10-Feb-2023

चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, मुकदमाा दर्ज

मुजफ्फरनगर में थाना भौराकलां के एक गांव में चार वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेजकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

10:57 AM, 10-Feb-2023

आज चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में होगा निवेश कुंभ

मेरठ में सीसीएस यूनिवर्सिटी के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आज निवेश कुंभ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का भी लाइव प्रसारण होगा। मेरठ की ओर से पर्यटन और उद्योग से जुड़े 26 हजार करोड़ के प्रस्ताव दोनों ही आयोजनों में प्रस्तुत किए जाएंगे।

10:41 AM, 10-Feb-2023

Meerut News Live: खूब गरजे BKU के राष्ट्रीय महासचिव, युवक ने वायरल वीडियो में कहा- मुझे एसएचओ को मारनी है गोली

बागपत में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बिजरौल गांव के पास ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिसमें कान्हड गांव के प्रधान के भाई की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर हंगामा किया।

आरोप लगाया कि इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिवार की महिलाओं व प्रधान के साथ हाथापाई की। इससे वहां पर हंगामा खड़ा हो गया। बाद में महिला पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाया गया और किसी तरह मामला शांत किया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें