फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: यहां देखें साधन सहकारी समितियों का चुनाव परिणाम, कल मेरठ आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

Sat, 18 Mar 2023 09:14 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ जिले की 75 साधन सहकारी समितियों के 251 संचालक पदों के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है। सुबह दस से शाम चार बजे तक डाले जाएंगे वोट, 251 पदों पर मतदान 
विज्ञापन
सूरजभान ने भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के आवास पर पहुंचकर खुशी मनाई। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:12 PM, 18-Mar-2023

सहारनपुर के देवबंद में बारिश और आंधी के चलते कुरडी गांव में बिजली गिरने से कोल्हू में काम कर रहे मजदूर रजनीश (27) की मौत हो गई, जबकि तल्हेडी बुजुर्ग गांव में डिश टीवी के एंटिना पर बिजली गिरने से मकान में दरार आ गई। कई घरों में रखे विद्युत उपकरण भी फूंक गए।

तहसीलदार तपन कुमार मिश्रा ने कुरडी गांव पहुंच कर मृतक रजनीश के परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को प्राकृतिक आपदा के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी फाइल तैयार की जा रही है।

07:50 PM, 18-Mar-2023

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का मेरठ आने का कार्यक्रम जारी हो गया। राज्यपाल रविवार सुबह 11 बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। इसके बाद चौधरी चरण सिंह विवि में उद्घाटन करेंगी। इस दौरान प्राचार्य से संवाद करेंगी। बताया गया कि राज्यपाल यहीं पर रात्रि विश्राम करेंगी।

कृषि विवि में महिलाओं को सशक्त बनने का संदेश देंगी राज्यपाल

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि में रविवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल गांधी भवन में आयोजित होने वाले ''''हुनर से रोजगार एवं महिला सशक्तीकरण'''' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में 18 जिलों की लगभग 650 महिलाएं शामिल होंगी। इस आयोजन के माध्यम से राज्यपाल महिलाओं को हुनर से सशक्त बनने का संदेश देंगी। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विशिष्ट अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान होंगे। विवि प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। यह कार्यक्रम लगभग दो घंटे का रहेगा। इसमें 28 स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं को उनके हुनर का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल स्टालों का निरीक्षण करेंगी।

इसके बाद कृषि विवि की जैव नियंत्रण प्रयोगशाला का उद्घाटन भी करेंगी। कृषि विवि के कुलपति प्रोफेसर केके सिंह ने बताया कि कार्यक्रम सही समय पर शुरु होगा। राज्यपाल खुद महिलाओं का उत्साहवर्धन करेंगी।

06:55 PM, 18-Mar-2023

मेरठ में रोहटा ब्लॉक क्षेत्र की किसान सेवा सहकारी समिति रासना, अरनावली व भोला में शनिवार को संचालक मंडल के सदस्यों का चुनाव संपन्न कराया गया। जिसमें भोला किसान सेवा सहकारी समिति में चार गावों चोबला में ईश्वर को 49 और प्रतिद्वंद्वी राजीव को 44 वोट मिले। वहीं रसूलपुर मढ़ी में सुजीत को 162 मत मिले, जबकि ओमपाल को 141 वोट मिले हैं। 

उधर, भोला गांव में अंकुर शर्मा को 71 व प्रतिद्वंद्वी मिंटू शर्मा को 62 मत मिले, नेक गांव में कपिल को आठ और प्रतिद्वंद्वी ओमवीर को छह मत मिले।

किसान सेवा सहकारी समिति अरनावली सीट पर देवदत्त शर्मा को 100 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंदी हरि गोपाल को 84 वोट प्राप्त हुए। रासना किसान सेवा सहकारी समिति में किनौनी गांव से हरीश को 121 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी धूमपाल सिंह को 28 वोट मिले हैं। मीरपुर गांव में जोगिंदर को 38 व भगत सिंह 28 मित मिले। रासना में पवन कुमार को 280 व विपिन को 177 मत मिले हैं।

विज्ञापन
06:34 PM, 18-Mar-2023

सिसौली में सूरजभाज ने भाजपा के यशपाल को हराया

मुजफ्फरनगर में सिसौली समिति के संचालक पद के चुनाव पर गांव के सूरजभान ने सीधे मुकाबले में भाजपा के मंडल अध्यक्ष यशपाल बालियान को पराजित कर दिया। सूरजभान को 150, यशपाल बालियान को 125 वोट मिले। आठ वोट रद्द हुए। जीत के बाद सूरजभान ने भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और खुशी मनाई।

05:54 PM, 18-Mar-2023

विज्ञापन
05:35 PM, 18-Mar-2023

05:34 PM, 18-Mar-2023

05:10 PM, 18-Mar-2023

किठौर के बहरोडा में चंद्रशेखर की 91 वोटों से जीत हुई।

05:07 PM, 18-Mar-2023

सिसौला सहकारी साधन समिति के चुनाव परिणाम    

1 . सतपाल की 10 वोटों से जीत, सिसौलाकलां

2 . अनिता देवी की 22 वोटों से जीत सिसौलाकलां

 3. ब्रजमोहन की 22 वोटों से जीत, सिसौलाकलां

4. राकेश 15 वोटों से जीत, सिसौलाकलां

04:21 PM, 18-Mar-2023

मास्टर वैभव चैंपियंस ट्रॉफी पर मेरठ का कब्जा, उत्तर प्रदेश को 56 रन से हराया

मेरठ के भामाशाह पार्क के रणजी मैदान में आयोजित 14वीं अंडर -25 मास्टर वैभव चैंपियंस ट्रॉफी पर मेरठ ने कब्जा कर लिया। फाइनल मुकाबले में मेरठ ने उत्तर प्रदेश को 56 रन से हराया। 65 रन की पारी खेलने वाले मेरठ के बल्लेबाज हर्ष त्यागी मैन ऑफ दी मैच चुने गए। 

टॉस जीतकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 188 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज हर्ष त्यागी ने 36 गेंद में 65 रन की पारी खेली। जबकि समीर चौधरी ने 38, प्रियम गर्ग ने 30 रन, ऋतुराज ने 23 रन व अंकुर मलिक ने 22 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश के गेंदबाज बॉबी यादव ने 2, प्रिंस, शिवा व प्रशांत वीर ने 1-1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम 17 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। जिसमें समीर रिजवी ने 42 रन की पारी खेली, स्वास्तिक चिकारा ने 28, आर्यन जुयाल ने 21 रन बनाए। मेरठ के गेंदबाज कार्तिक ने 3, समीर चौधरी, सुनील कुमार ने 2-2 विकेट व अंकुश, विकास व अंकुर ने 1-1 विकेट लिया। मैन ऑफ दी सीरीज हर्ष त्यागी, बेस्ट आल राउंडर समीर चौधरी, बेस्ट गेंदबाज प्रिंस चौधरी, बेस्ट बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा और विशेष पुरस्कार समीर रिजवी को दिया गया।

03:34 PM, 18-Mar-2023

दुष्कर्म के आरोपी चिकित्सक को क्लीनचिट
गंगानगर थाने में 14 सितंबर 2022 को बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गगन अग्रवाल के खिलाफ दुष्कर्म और पोस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि बीमार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। तीन माह विवेचना चली। इसमें चिकित्सक को क्लीनिट चिट दे दी गई है। बताया गया है कि चिकित्सक बच्ची का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान गलत आरोप लगाया गया।

दुष्कर्म पीड़िता ने हाथ की नस काटी
पुलिस द्वारा दुष्कर्म के आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करने से नाराज पीड़िता ने लिसाड़ी गेट चौराहे पर हाथ की नस काट ली। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सीओ ने मामले में पुलिस को जांचकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
 
हालांकि पुलिस हाथ की नस काटने की कोशिश की बात कह रही है। पीड़िता के मुताबिक, रविवार को उसके पति गायब हो गए थे। उन्हें काफी तलाश किया गया। पति के दो दोस्तों ने विश्वास में लेकर कहा कि वे उसके पति को ढूंढ लेंगे। आरोप है कि दोनों ने समर गार्डन बुला लिया। यहां पिस्टल से आतंकित कर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बच्चे और पति को जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को दोनों आरोपी घर पहुंचे और मारपीट कर चुप रहने की धमकी दी। पीड़िता ने लिसाड़ीगेट थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान महिला ने लिसाड़ीगेट चौराहे पर अपने हाथ की नस काट ली। संवाद

02:49 PM, 18-Mar-2023

दुष्कर्म पीड़िता को अनाथालय में छोड़ा

मेरठ में महिला अपराध को लेकर योगी सरकार बेहद गंभीर है, लेकिन मेरठ पुलिस संजीदा नहीं है। दुष्कर्म पीड़िता को अनाथालय में छोड़ दिया गया, लेकिन 56 दिन बीतने के बावजूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करना तो दूर, उसके घर पर दबिश तक नहीं दी। आरोपी भाजपा नेता का भाई है। नामजद आरोपी का कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट तक जारी है। अधिकारी भी दुष्कर्म पीड़िता के बयानों में विरोधाभाश बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

22 जनवरी, 2022 को मेडिकल थाने में योगेंद्र चौहान निवासी जागृति विहार के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो और धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ था। योगेंद्र के भाई भाजपा नेता कौशल चौहान हैं। उनकी पत्नी रजपुरा ब्लाॅक प्रमुख हैं। पीड़ित बच्ची मूल रूप से बिहार की निवासी है। बच्ची के माता-पिता योगेंद्र के यहां मजदूरी करते थे। करीब 10 साल पहले पीड़िता किशोरी और उसकी छोटी बहन को पिता, मां के साथ छोड़कर चला गया था। बाद में मां की हादसे में मौत हो गई। योगेंद्र चौहान ने हमदर्द बन दोनों बच्चियों की परवरिश की। आरोप है कि एक बच्ची को दोस्त के घर छोड़ दिया और बड़ी बच्ची को अपने घर रखा। बच्ची का आरोप है कि योेगेंद्र उसके साथ दुष्कर्म करता था। छानबीन के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट में बच्ची के बयान तक दर्ज हो गए। पुलिस की जांच में भी बच्ची से दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई और कोर्ट से आरोपी का गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना कि अभी विवेचना चल रही है। 

01:21 PM, 18-Mar-2023

आकाशीय बिजली गिरने से धराशायी हुआ मकान

मेरठ के सरधना में गांव बहादुरपुर में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से किसान वीरभान का मकान गिर गया। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं मकान गिरने से किसान का काफी नुकसान हुआ है।

12:54 PM, 18-Mar-2023

जंबूद्वीप दो दिन सैलानियों के लिए रहेगा बंद

हस्तिनापुर भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में जंबूद्वीप पर शुक्रवार से शुरू हुए गो आधारित जैविक कृषि ‘कृषक संगम’ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डॉ. मोहनराव भागवत 19 मार्च को शामिल होंगे। इसे देखते हुए जंबूद्वीप शनिवार व रविवार को सैलानियों के लिए बंद रहेगा।  भागवत के कार्यक्रम को देखते हुए एडीजी और आईजी ने जंबूद्वीप स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिशा निर्देश दिए।

एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी नचिकेता झा, एसपी देहात अनिरुद्ध सिंह, सीओ आशीष शर्मा, थाना प्रभारी बच्चू सिंह के साथ जंबूद्वीप स्थल पर होने वाले डॉ. मोहनराव भागवत के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जंबूद्वीप के अंदर पैदल मार्च कर सभी सुरक्षा व्यवस्था की जांच की और उसके बाद पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई दिशा निर्देश दिए। आईजी नचिकेता झा ने जंबूद्वीप में हर गतिविधि की जानकारी ली अगले दो दिन जंबूद्वीप को सैलानियों के लिए बंद करने के निर्देश दिए। 

12:54 PM, 18-Mar-2023

ऑपरेशन कराने आए बुजुर्ग को हुई कोरोना की पुष्टि

मेरठ में कोरोना के मरीजों की संख्या फिर बढ़ रही है। शुक्रवार को एक और मरीज़ मिला। अब जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या तीन हो गई है।  अब्दुल्लापुर के रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग मेडिकल कॉलेज में आंख का ऑपरेशन करवाने गए थे। ऑपरेशन से पहले जांच कराई तो उसमें कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका ऑपरेशन नहीं किया गया। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। वैसे कुल 656 लोगों की जांच की गई, जिनमें इन बुजुर्ग के अलावा बाकी की रिपोर्ट नेगेटिव है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान का कहना है कि बुजुर्ग ठीक हैं, उन्हें जुकाम के अलावा और कोई लक्षण नहीं है। ब्यूरो

12:09 PM, 18-Mar-2023
सहकारी समितियों में मतदान जारी - फोटो : अमर उजाला

30 सहकारी समितियों पर मतदान जारी, बागपत में शिक्षक व शिक्षिका से मारपीट 

बागपत जिले में शनिवार की सुबह 30 सहकारी समितियों की प्रबंध समिति के 112 सदस्य पदों पर मतदान चल रहा है। ज़िसमें बागपत की प्राथमिक व उच्च प्राथमिक वेतन भोगी समिति के चुनाव में अग्रसेन धर्मशाला में मतदान के दौरान मारपीट हो गयी। जिसमें पुलिस ने प्रत्याशी हो हिरासत में ले लिया। 

सहकारी समितियों में मतदान के दौरान पुलिस तैनात रही। जहां एसडीएम समेत अन्य अधिकारी भी अलर्ट रहे। सहकारी समितियों के चुनाव में।मतदान के लिए केंद्रों पर लंबी लाइन लगी रही। उधर  बागपत की अग्रसेन धर्मशाला में चल रहे चुनाव में मतदान करने पहुंचे शिक्षक व उसकी पत्नी को मतदान करने से रोका गया। जिसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया गया। शिक्षक के साथ मारपीट होने पर केंद्र पर तैनात पुलिस ने प्रत्याशी हिरासत में ले लिया। जिसमें शिक्षक ने कोतवाली पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। 

शाम तक जारी होगा परिणाम
सहकारी समितियों के चुनाव में शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा और उसके बाद मतगणना की जाएगी। जिसके चलते देर शाम तक परिणाम घोषित किया जाएगा।

11:25 AM, 18-Mar-2023

नवरात्र-रमजान पर दिए सुरक्षा के निर्देश, मीट की दुकानें बंद रहेंगी

नवरात्रि और रमजान माह को लेकर मेरठ में एसपी सिटी पीयूष सिंह ने सुरक्षा के मद्देनजर बैठक की। कहा कि क्षेत्र में मीट की दुकानों को नवरात्र में बंद कराया जाए। या फिर नियम अनुसार पर्दा पड़ा होना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। मंदिर व मस्जिदों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। 

एसपी सिटी ने बताया कि जिस तरह से पूर्व में त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराए गए हैं। ठीक उसी प्रकार आगामी त्योहारों को भी शांतिपूर्वक कराया जाना सुनिश्चित करें। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाए। कोई शरारती तत्व आपत्तिजनक पोस्ट न डाले। यदि कोई शरारती तत्व पोस्ट डालता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाए। लोगों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

11:13 AM, 18-Mar-2023

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज से मोबाइल पर प्रतिबंध

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद शनिवार से जिले के चार केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू कराएगा। इसके लिए 2521 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। 1099 शिक्षक हाईस्कूल और 1422 शिक्षक इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं जांचेंगे। 

राजकीय इंटर कॉलेज व एसएसडी ब्वॉयज इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिका जांची जाएंगी। जबकि एसडी इंटर कॉलेज सदर व देव नागरी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सीसीटीवी की निगरानी में होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया मूल्यांकन कक्ष में शिक्षक मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। मूल्यांकन में लगाए गए शिक्षकों की उपस्थिति कम रही तो कार्रवाई कराएंगे। 10वीं का 20 अंक का पेपर ओएमआर शीट पर हुआ। मूल्यांकन को लेकर शिक्षक बैठक करेंगे। 

11:02 AM, 18-Mar-2023

Meerut News Live: यहां देखें साधन सहकारी समितियों का चुनाव परिणाम, कल मेरठ आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

मेरठ जिले की 75 साधन सहकारी समितियों के 251 संचालक पदों के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है। आज सुबह दस बजे से मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई। इसके लिए सभी सहकारी समितियों पर शुक्रवार को ही बैलेट पेपर और मतदाता सूची भेज दी गई थी। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतपत्रों की गिनती होगी। इसके बाद विजयी संचालकों के नाम की घोषणा की जाएगी।

जनपद की 84 साधन सहकारी समितियों के 756 पदों में से 492 संचालक निर्विरोध तय हो चुके हैँ। बाकी बचे 251 पदों पर संचालकों के चयन के लिए मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जिला सहायक सहकारी निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि सभी साधन सहकारी समितियों पर मतदान सामग्री पहुंचा दी गई है। सभी मुख्य निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती की जा चुकी है। 

बिजनौर जनपद की 93 सहकारी समितियों में संचालक पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। समितियों के शेयर धारक किसान अपने-अपने उम्मीदवारों को बोर्ड में शामिल कराने के लिए उत्साह के साथ वोटिंग करने में लगे हुए हैं।

मुजफ्फरनगर के भोपा में बूथ पर मारपीट
मुजफ्फरनगर जिले की 61 सहकारी समितियों के 270 संचालक पदों पर मतदान शुरू हुआ। सुरक्षा के बीच सुबह 10 से  शाम चार बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। चार बजे के बाद मतगणना होगी। 12 बजे तक करीब 30 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

मुजफ्फरनगर में किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड भोपा में  संचालकों के चुनाव में बेलड़ा गांव के दो प्रत्याशियों के समर्थक एक मतदाता को लेकर आपस में भिड़ गए।  गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद  गांव धीराहेड़ी निवासी दो पक्ष एक मतदाता को लेकर आपस में गाली-गलौज करने लगे। पुलिस ने दोनों पक्षों को मतदान केंद्र से बाहर भेजा। हंगामा कर रहे तीन  लोगों को हिरासत में लिया है।

शामली जिले में 28 साधन सहकारी समितियों में संचालक पदों पर चुनाव आज जारी है। 145 संचालक पदों के लिए 328 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है।

बागपत जनपद की 30 सहकारी समितियों के 112 पदों पर मतदान शुरू हुआ। कई जगह वोटर ज्यादा होने के कारण लंबी लाइन लगी हुई हैं। 12 समितियों के संवेदनशील होने के कारण अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। 

सहारनपुर जिले में सहकारी समितियों के संचालकों के चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक कराया जा रहा है। 115 सहकारी समितियों के 417  संचालकों के पदों पर मतदान हो रहा है। मौसम खराब होने के बावजूद मतदान केंद्रों पर मतदान करने वालों की लाइन लगी है। जिले में 1035 संचालकों में से 607 संचालक निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

मतदान के लिए ये है जरूरी 
आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, पासबुक, किसान जोत बही, पासपोर्ट, मनरेगा जॉब कार्ड सहित अन्य।

चुनाव आयोग के गीत ‘मैं भारत हूं’ का होगा प्रचार
अब चुनाव आयोग का गीत ‘मैं भारत हूं, भारत है मुझमे...’ सिनेमा हॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रेडियो आदि पर सुनाई देगा। फरवरी में जारी आदेश का पालन नहीं होने को अपर जिला निर्वाचन अधिकारी ने गंभीरता से लिया है। स्पष्ट आदेश जारी कर दिए हैं कि निर्वाचन आयोग के गीत का प्रचार-प्रचार करके रिपोर्ट सौंपे। भारतीय निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गीत जारी किया है, जो देश के हर नागरिक को मतदान की ताकत का अहसास कराता है। इस गीत का प्रचार-प्रसार करने के आदेश जारी किए गए। उच्चाधिकारियों की सख्ती के चलते अब अपर जिला निर्वाचन अधिकारी ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज, स्टेशन मास्टर सिटी स्टेशन, स्टेशन मास्टर कैंट स्टेशन, संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और सहायक आयुक्त मनोरंजन कर को पत्र लिखकर प्रचार-प्रचार कराने के आदेश दिए हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें