शामली के बाबरी थानाक्षेत्र के गांव आदमपुर के रहने वाले गैंगस्टर गौरव के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया। भाज्जू चौकी प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि गौरव ने भिक्का माजरा में मोबाइल टावर पर से 25 जून को बैटरी चोरी कर ली थी। गौरव तभी से फरार चल रहा है। आरोपी पर उत्तराखंड, शामली समेत विभिन्न स्थानों पर चोरी, लूट, जानलेवा हमले के मामले दर्ज है।
23 नवंबर को देवउठनी एकादशी से मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे जिसमें शहनाइयां भी खूब बजेगी। बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे सहालग करीब 21 दिन तक चलेंगे। नवंबर में 23, 24, 27, 28 और 29 को विवाह का शुभ मुहूर्त है। जबकि दिसंबर माह में 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 13 और 14 दिसंबर को शुभ मुहूर्त है। सहालग शुरू होते ही बैंक्वेट हॉल, डीजे, टेंट सब की पहले ही बुकिंग हो चुकी है। लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं।
रामपुर तिराहा कांड में सीबीआई बनाम मिलाप सिंह की पत्रावली में सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक धारा सिंह मीणा ने अदालत बहस की। बहस की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। अगली सुनवाई 24 नवंबर को होगी।
मुजफ्फरनगर अपर जिला जज एवं सत्र न्यायालय संख्या सात के पीठासीन अधिकारी शक्ति सिंह प्रकरण की सुनवाई कर रहे हैं। शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राजीव शर्मा, सहायक शासकीय अधिवक्ता फौजदारी परवेंद्र सिंह, उत्तराखंड़ संघर्ष समिति के अधिवक्ता अनुराग वर्मा और रजनीश चौहान ने बताया कि सरकार बनाम मिलाप सिंह की पत्रावली में सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक ने बहस की। अगली तिथि पर भी बहस जारी रहेगी।