मेरठ के वीआईपी रोड कमिश्नरी चौराहे पर पुलिस को चुनौती देते हुए रईसजादों का लग्जरी कार से स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छह सेकंड के वीडियो में दो युवक कार की छत पर और तीन भीतर नजर आ रहे हैं।
वीडियो में लग्जरी कार की छत पर बैठे दो युवक हुड़दंग मचाते हुए कमिश्नरी चौराहे के पास जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इन रईसजादों को ना तो पुलिस का खौफ है और ना ही किसी हादसे का डर। खास बात यह है कि कमिश्नरी चौराहे पर जहां एक तरफ कमिश्नर का कार्यालय है। वहीं, दूसरी तरफ डीएम ऑफिस और एसएसपी ऑफिस भी है। हर स्थान पर पुलिस तैनात रहती है। मगर हैरत की बात है कि पुलिस की नजर इन हुड़दंगबाजों पर नहीं पड़ी। सीओ सिविल लाइन अरविंद कुमार चौरसिया का कहना है कि सीसीटीवी के जरिए गाड़ी का नंबर पता किया जा रहा है, कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर में सर्राफ से लूटे दो लाख के आभूषण, मचा हड़कंप
सहारनपुर जनपद के नकुड़ में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश भरे बाजार में एक वृद्ध सर्राफ से सोने के आभूषण से भरा डब्बा लूटकर फरार हो गए। पीड़ित सर्राफ से लूटे गए डब्बे में करीब डेढ़ सौ ग्राम सोने के आभूषण बताए हैं। घटना के बाद पहुंचे सीओ व कोतवाल ने पीड़ित सर्राफ से घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं, क्षेत्र में आए दिन हो रही लूट की घटनाओं से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बेटे की मौत पर सदमे में मां, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बागपत जनपद में रटौल क्षेत्र के गौना गांव में एक 9वीं कक्षा के छात्र की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।