02:13 PM, 29-Jul-2023
सांड के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत, लोगों में आक्रोश
बिजनौर में झालू क्षेत्र के गांव नवादा तुल्ला के रास्ते में पैदल जा रहे एक वृद्ध व्यक्ति की निराश्रित सांड के हमला करने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
गांव नवादा तुल्ला निवासी मुरारी सिंह (70) शनिवार की सुबह करीब नौ बजे समीप के गांव सुमालखेड़ी से पैदल अपने गांव जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, जब वह गांव के निकट रास्ते में जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल के पास पहुंचा तो अचानक से निराश्रित सांड ने हमला कर दिया। वहीं, हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने मामले की सूचना फोन पर परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।