फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich Violence Live: मृतक युवक का हुआ अंतिम संस्कार; उपद्रवियों को जो मिला तोड़ दिया, जला दिया

Mon, 14 Oct 2024 08:58 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

खास बातें

Bahraich Violence Live News in Hindi: बहराइच में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल के बाद हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। अब ग्रामीणों क्षेत्रों में भी हिंसा बढ़ गई है। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सोमवार को उपद्रवियों ने एक शोरूम और अस्पताल में तोड़फोड़ और आगजनी की। कई घर भी जला दिए।
विज्ञापन
हिंसा की चपेट में बहराइच - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:40 PM, 14-Oct-2024

रामगोपाल को गोली लगते ही निकल गए एसडीएम
रामगोपाल को घर में खींचकर मारा जा रहा था। उसे जब तक बाहर ला पाते तब तक उस पर गोलियां दागी जा चुकी थीं। गोपाल को अस्पताल ले जाने के लिए जब एसडीएम से गुहार लगाई तो वह भाग गए। बाइक से किसी तरह से रामगोपाल को अस्पताल ले जाना पड़ा। एसडीएम की इस हरकत से परिजन आक्रोशित हैं।

07:29 PM, 14-Oct-2024

उपद्रवियों को जो मिला तोड़ दिया, जला दिया
बाइक के दो शोरूम, एक अस्पताल को आग के हवाले कर दिया। दूसरे समुदाय के गांव में जाकर दो घरों में भी आग लगा दी और पथराव किया। डीएम, एसपी समेत आसपास के जिलों की फोर्स पहुंची। पीएसी के जवान भी पहुंचे। लेकिन दोपहर तक हालात काबू नहीं कर पाए।

05:16 PM, 14-Oct-2024

मृतक रामगोपाल के परिजनों ने प्रशासन की ये मांगे
मृतक युवक रामगोपाल मिश्रा के परिजनों ने प्रशासन से न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों का हमारे सामने एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।

विज्ञापन
05:08 PM, 14-Oct-2024

बेडनापुर व खैरा चौराहे की सभी दुकानें बंद
महसी के महाराजगंज में विसर्जन को लेकर बवाल हो गया था। इसको लेकर आज बेडनापुर व खैरा चौराहे की सारी दुकानें बंद हो गई है। लोगों का कहना कि महसी के महाराजगंज में तनाव को लेकर बेडनापुर में सभी दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकान बंद करके घर वापस चले गए। देहात कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने खैरा चौराहे की दुकानों को बंद कराया, जिससे सन्नाटा पसरा हुआ है।

04:55 PM, 14-Oct-2024
आगजनी के बाद उठता धुआं - फोटो : अमर उजाला

दुकानों और धार्मिक स्थल को लोगों ने किया ध्वस्त

सूत्रों के अनुसार, उग्र भीड़ ने भगवानपुर चौराहे पर एक समुदाय के लोगों की दुकानों को तोड़ा दिया और उनके एक धार्मिक स्थल को भी ध्वस्त कर दिया।

विज्ञापन
04:52 PM, 14-Oct-2024

एडीजी अमिताभ यश के सामने भी उग्र भीड़ नहीं रुकी

एडीजी अमिताभ यश के सामने भी उग्र भीड़ नहीं रुकी और रमपुरवा चौकी के पास एक वाहन तोड़ दिया। जिसके बाद उन्होंने अपनी पिस्टल से हवा के एक फायर किया और भीड़ को खदेड़ा। मौके पर पहुंची पीएसी ने रमपुरवा चौकी के पास मोर्चा संभाल लिया है। अमिताभ यश महराजगंज की ओर कूच कर गए हैं।

04:51 PM, 14-Oct-2024

मृतक युवक हुआ अंतिम संस्कार

बहराइच सांप्रदायिक हिंसा में जान गंवाने वाले युवक का अंतिम संस्कार हुआ। शव को अग्नि दे दी गई है। उधर, बहराइच में किसी तरह की इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। केवल जिओ की फाइबर सेवाएं ही लोगों को मिल रही हैं। 

04:04 PM, 14-Oct-2024

अखिलेश यादव ने बताया कहा हुई चूक

बहराइच की घटना पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'मेरी अपील है कि कानून व्यवस्था बनी रहे। घटना दुखद है। सरकार को न्याय करना चाहिए। जिस समय ये जुलूस निकला उस समय पुलिस को इस बात का ध्यान रखना चाहिए था कि रूट पर सुरक्षा है या नहीं, पर्याप्त पुलिस की तैनाती है या नहीं। लाउडस्पीकर पर क्या बजाया जा रहा था? प्रशासन को इसका ध्यान रखना चाहिए था। शासन की चूक की वजह से ये घटना हुई'।
 

03:20 PM, 14-Oct-2024

थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी निलंबित

डीजीपी की सख्ती के बाद देर रात हरदी थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। एक साथ पूरे जिले में विरोध शुरू होने पर आला अधिकारी भी सकते में नजर आए।

02:15 PM, 14-Oct-2024

स्थिति को नियंत्रित करने बहराइच के लिए निकले अफसर

छह कंपनी पीएसी के साथ 4 एसपी रैंक के अफसर और दो एडिशनल एसपी, 6 सीओ, एक कंपनी आरएएफ को बहराइच भेज गया।

02:06 PM, 14-Oct-2024

'30 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया'

उत्तर प्रदेश सीएमओ ने जानकारी दी है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गृह सचिव संजीव गुप्ता और एडीजी कानून व्यवस्था मौके पर पहुंचे हैं। 30 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया। 

01:49 PM, 14-Oct-2024

पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज किया

बहराइच में विरोध प्रदर्शन हिंसक होने पर पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया। महासी के महाराजगंज इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत पर लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

01:46 PM, 14-Oct-2024

'उपद्रवियों को तितर-बितर करने की कोशिश'

बहराइच की घटना पर बहराइच की एसपी वृंदा शुक्ला कहती हैं कि "हम पूरी स्थिति पर नियंत्रण पा रहे हैं। हमने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हम उन सभी उपद्रवियों को तितर-बितर करने की कोशिश कर रहे हैं जो परेशानी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। बहराइच की डीएम मोनिका रानी ने कहा कि "हम स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं..."

01:45 PM, 14-Oct-2024

'यह दिल दहला देने वाली और दर्दनाक घटना है'

बहराइच हिंसा पर अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि "मैं बहराइच के निवासियों और समाज के सभी वर्गों से अपील करता हूं कि वे वहां शांति बहाल करने में योगदान दें। यह दिल दहला देने वाली और दर्दनाक घटना है। अगर पुलिस की तैयारी ठीक होती तो ऐसी घटना नहीं होती। प्रदेश में कानून-व्यवस्था और लोगों के बीच भाईचारा बनाए रखना सीएम और प्रशासन की जिम्मेदारी है। 

01:40 PM, 14-Oct-2024

दाह संस्कार के लिए माना परिवार

विधायक और पुलिस प्रशासन के मान मनौव्वल के बाद परिवार दाह संस्कार के लिए मान गए हैं। उधर, बहराइच में मौके पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश पहुंच गए हैं। हिंसा प्रभावित क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। 

01:37 PM, 14-Oct-2024

केशव बोले- दंगाइयों को संरक्षण देने वाले फिर हो गए सक्रिय

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मामले पर बयान देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी। दंगाइयों को संरक्षण देने वाले एक बार फिर सक्रिय हो रहे हैं, लेकिन हमें सतर्क और सजग रहना होगा। प्रदेश के उज्जवल भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दी जाएगी और पीड़ितों को पूरा न्याय मिलेगा। सभी नागरिकों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील करता हूं।
 

01:33 PM, 14-Oct-2024

प्रियंका गांधी ने जनता से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की

बहराइच मामले में नेताओं ने भी जनता से शांति बनाने की अपील की है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर जनता से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहराइच, उत्तर प्रदेश में हो रही हिंसा और प्रशासन के निष्क्रिय होने की खबरें अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री जी एवं राज्य प्रशासन से अपील करती हूं कि त्वरित एक्शन लेते हुए, जनता को विश्वास में लें और हिंसा रोकें। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो। जनता से मेरी करबद्ध अपील है कि कृपया कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें।
 

01:18 PM, 14-Oct-2024

तीस उपद्रवी हिरासत में लिए गए

बहराइच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हिंसा बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, चंदपैया और कबड़ियापुरवा गांव में कई घर जलाए गए हैं। तीस उपद्रवी हिरासत में लिए गए हैं। सीएम योगी के निर्देश पर एसीएस होम एवं एडीजी लॉ एंड ऑर्डर मौके पर पहुंचे हैं। छह कंपनी पीएसी बहराइच भेजी गई हैं।

01:16 PM, 14-Oct-2024

मुख्य आरोपी सलमान समेत कई लोगों पर एफआईआर

बहराइच में हुई सांप्रदायिक हिंसा में युवक की हत्या के बाद देर रात मुख्य आरोपी सलमान समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई। सूत्रों के अनुसार, 20 से 25 लोगों के हिरासत में लिया गया है। उधर दूसरी ओर पूजा कमेटी देर रात तक इस बात पर अड़ी रही कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो। आरोपियों को फांसी देने के नारे देर रात सड़कों पर गूंजते रहे। 

01:11 PM, 14-Oct-2024

लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतरे लोग

युवक की मौत से भड़का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदर्शन और हिंसक होता जा रहा है। बाइक के शोरूम में आग लगा दी गई है। कारों को भी फूंका गया है। लोग लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर गए हैं। उधर, परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। हालांकि पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाया है। लेकिन अभी तक बात नहीं बनी है। परिजन कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

01:10 PM, 14-Oct-2024

ग्रामीण क्षेत्रों में भी हिंसा बढ़ी

उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल ने बड़ा रूप ले लिया है। सोमवार सुबह एक बार फिर से बहराइच में आगजनी और तोड़फोड़ की गई। कई दुकानों और घरों में तोड़फोड़ की गई। बाइक के शोरूम और एक अस्पताल में आग लगा दी गई है। वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया है। दवाइयों को जला दिया गया है। 

इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में भी हिंसा बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, चंदपैया और कबड़ियापुरवा गांव में भी आगजनी हुई है। कई घर जलाए गए हैं। वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया है। तीस उपद्रवी हिरासत में लिए गए हैं। सीएम योगी के निर्देश पर एसीएस होम एवं एडीजी लॉ एंड ऑर्डर मौके पर पहुंचे हैं। छह कंपनी पीएसी बहराइच भेजी गई हैं।

12:56 PM, 14-Oct-2024

Bahraich Violence Live: मृतक युवक का हुआ अंतिम संस्कार; उपद्रवियों को जो मिला तोड़ दिया, जला दिया

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल के बाद हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। अब ग्रामीणों क्षेत्रों में भी हिंसा बढ़ गई है। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सोमवार की सुबह उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया। बहराइच में एक शोरूम और अस्पताल में तोड़फोड़ और आगजनी की। इसके बाद बहराइच के चंदपैया और कबड़ियापुरवा गांव में आगजनी की घटना सामने आई है। कई घर जला दिए गए हैं। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें