फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Election 2022 Live: कोरोना नियमों के उल्लंघन पर सपा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, उत्तराखंड में आप ने नौ प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की

Fri, 14 Jan 2022 07:34 PM IST
जयदेव सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

State Assembly Election 2022 UP, Uttarakhand, Punjab, Goa, Manipur Live News in Hindi: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का एलान होना शुरू हो गया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ राजनीतिक नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है। पढ़िए राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा में शामिल होने के दौरान सपा कार्यालय में जुटी भीड़। - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:10 PM, 14-Jan-2022

चुनाव आयोग ने पर्यवेक्षकों के साथ की बैठक

चुनाव आयोग ने आज आने वाले चुनाव के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की। इसमें गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के 1,400 से ज्यादा अधिकारी शामिल हुए। बैठक में फिजिकल और वर्चुअल दोनों मोड में थी। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने अधिकारियों से समन्वय के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुरक्षित चुनाव कराने की बात कही। 

06:57 PM, 14-Jan-2022

उत्तराखंड में आप ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट

आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट भी जारी कर दी है। जिसमें गढ़वाल से पांच और कुमाऊं से चार प्रत्याशियों के नामों का एलान किया गया है। आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने ट्वीट करके यह जानकारी दी है। पार्टी अब तक 51 प्रत्याशियों के नामों का एलान कर चुकी है। पुरोला से प्रकाश कुमार, देवप्रयाग से उत्तम भंडारी, सहसपुर से भरत सिंह, मसूरी से श्याम बोरा, झबरेड़ा से राजू बिराटिया, डीडीहाट से दीवान सिंह मेहता, लाल कुआं से चंद्रशेखर पांडे, नानकमत्ता से आनंद सिंह राणा और खटीमा से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर को प्रत्याशी घोषित किया गया है।  

06:47 PM, 14-Jan-2022

सपा के कार्यक्रम में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन होने पर मुकदमा दर्ज

विक्रामदित्य मार्ग पर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन था। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल और धारा 144 का खुला उल्लंघन किया गया। हजारों की भीड़ जुटी थी। इस आयोजन की जानकारी होने पर जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मध्य जोन केडीसीपी से से बातचीत की। इसके बाद पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
06:32 PM, 14-Jan-2022

स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा वोट हमारा, राज तुम्हारा, नहीं चलेगा, नहीं चलेगा। 

04:23 PM, 14-Jan-2022

67 लाख रुपये देने पर भी नहीं मिला बीएसपी का टिकट, फूट-फूटकर रोए बसपा नेता अरशद राणा
यूपी चरथावल सीट से टिकट कटने पर बसपा नेता अरशद राणा फूट-फूट कर रो पड़े। राणा ने शहर कोतवाली में कहा कि उन्होंने दो साल पहले पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को टिकट के लिए 67 लाख रुपए दिए थे।  इसके बाद भी उन्हें विश्वास में लिए बगैर उनका टिकट काट दिया गया। 

विज्ञापन
03:50 PM, 14-Jan-2022

पंजाब के पूर्व मंत्री जोगिंदर मान का कांग्रेस से इस्तीफा
विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह के भांजे और कांग्रेस के कद्दावर दलित नेता जोगिंदर सिंह मान ने मकर संक्रांति पर पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। मान ने पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप घोटाले के दोषियों को सजा न दिलाए जाने और फगवाड़ा को जिला न बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस छोड़ने की बात कही है। मान के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
 

03:22 PM, 14-Jan-2022

अखिलेश के कार्यक्रम में उड़ी कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां

सपा कार्यालय में स्वामी प्रसाद मौर्य समेत बाकी नेताओं के पार्टी ज्वाइन करने के दौरान कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई गईं। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जबकि चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक रैलियों पर रोक लगा रखी है। इस बारे में लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कहा है कि ये कार्यक्रम बिना अनुमति के हुआ है। सूचना मिलने पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस टीम को सपा कार्यालय भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

03:05 PM, 14-Jan-2022

साइकिल का हैंडल, पैडल सब ठीक है, अब कोई रफ्तार नहीं रोक सकता- अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि डिजिटल इंडिया की गड़बड़ी कौन भूल जाएगा। छापा मारना था किसी और के यहां, मार लिया अपने यहां। अब चुनाव आ गया है। इसी दिन का हम लोग इंतजार कर रहे थे। अब साइकिल का हैंडल भी ठीक है, दोनों पहिए भी ठीक हैं। और पैडल चालने वाले भी आ गए हैं। अब कोई नहीं रोक सकता है रफ्तार को जब समाजवादी और अंबेडकरवादी साथ आ गए हैं। 
 

02:45 PM, 14-Jan-2022

बाबा मुख्यमंत्री फेल हो जाएंगे: अखिलेश 

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार भाजपा वाले हिट विकेट हो गए। लगातार उनके विकेट गिर रहे हैं। बाबा से कैच छूट गया है। वे लोग हमारे नेताओं की स्ट्रैटजी नहीं समझ पाए। किसी ने नहीं सोचा था मौर्या जी पूरी टीम के साथ आ जाएंगे। आगे कहा कि लोग कह रहे हैं कि यह चुनाव लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है, लेकिन यही फाइनल चुनाव है। इस बार वर्चुअल रैली होगी। हम समाजवादी लोग वर्चुअल, डिजिटल और फिजिकल भी चलेंगे। गांव-गांव जाएंगे। सभी दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। 

02:17 PM, 14-Jan-2022

स्वामी प्रसाद मौर्य का योगी पर हमला

मौर्य ने कहा कि बीजेपी ने केशव मौर्य और स्वामी मौर्य का नाम उछाल कर सरकार बनाई थी। चर्चा थी कि सीएम होंगे केशव या स्वामी पर हुआ क्या। पहले गाजीपुर से स्काईलैंप उतारने की कोशिश की गई. फिर स्काईलैंप आते-आते बीच में ही ब्लास्ट हो गया। दूसरा स्काईलैंप गोरखपुर से लाकर पिछड़े की आंखों में धूल झोंकी गई। मौर्य ने कहा कि अब लड़ाई 80 और 20 की नहीं है। अब लड़ाई 85 और 15 की है। जो 15% अगड़े हैं उसमें भी हमारी हिस्सेदारी है। क्योंकि उन 15 प्रतिशत में भी कई समाजवादी और अंबेडकरवादी भी हैं। 

01:37 PM, 14-Jan-2022

स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्म सिंह सैनी समेत भाजपा के आठ बागी विधायक सपा में शामिल होने पहुंच चुके हैं। इनमें स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्म सिंह सैनी, भगवती सागर, विनय शाक्य, रोशनलाल वर्मा, मुकेश वर्मा, बृजेश कुमार प्रजापति, चौधरी अमरसिंह शामिल हैं। इसके साथ ही अली यूसुफ अली, पूर्व मंत्री रामहेत भारती समेत कई नेता सपा में शामिल होने पहुंच चुके हैं। 

01:17 PM, 14-Jan-2022

'लड़की हूं लड़ सकती हूं' की पोस्टर गर्ल का प्रियंका गांधी के सचिव पर टिकट के लिए घूस मांगने का आरोप

कांग्रेस नेता डॉक्टर प्रियंका मौर्य ने प्रियंका गांधी के सचिव पर टिकट के लिए घूस मांगने का आरोप लगाया है। मौर्य 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' कैंपेन की पोस्टर गर्ल भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओबीसी विरोधी है। उन्होंने मेरी जगह ठाकुर उम्मीदवार को टिकट दे दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में धांधली चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को घूस नहीं दे पाने के कारण उनका टिकट कटा है। 

12:49 PM, 14-Jan-2022

सपा में आज नहीं शामिल होंगे दारा सिंह चौहान

योगी कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले दारा सिंह चौहान आज सपा में शामिल नहीं होंगे। चौहान 16 जनवरी को सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।  चौहान स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद इस्तीफा देने वाले दूसरे मंत्री हैं। मौर्य समेत बाकी लोगों के आज सपा में शामिल होने की संभावना है। 

12:37 PM, 14-Jan-2022

योगी ने दलित कार्यकर्ता के घर खाया खाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे। शुक्रवार को उन्होंने दलित भाजपा कार्यकर्ता अमृतलाल भारती के घर पर जाकर भोजन किया। योगी के साथ दलित कार्यकर्ता अमृतलाल भारती ने भी भोजन किया। योगी आदित्यनाथ चार दिन के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे हैं। 

12:12 PM, 14-Jan-2022

सिद्धार्थ नाथ सिंह का दावा- जाने वालों के टिकट कट रहे थे

भाजपा छोड़कर जाने वालों को लेकर योगी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने इस्तीफा दिया उनमें से कई लोग ऐसे हैं जिनकी सीट बदलने वाली थी। कई ऐसे भी हैं जिनके टिकट कटने वाले थे। कुछ ऐसे लोग भी हैं जिनके अपने निजी स्वार्थ हैं। इन लोगों ने पांच साल तक भाजपा के साथ रहकर मलाई खाने का काम किया है। 
 

11:59 AM, 14-Jan-2022

आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद की अखिलेश यादव से मुलाकात

अखिलेश यादव और चंद्रशेखर आजाद के बीच बैठक जारी है। लखनऊ के जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में दोनों नेताओं की बैठक जारी है। दोनों नेताओं की गुरुवार को मुलाकात होनी थी, लेकिन नहीं हो पाई थी। आजाद सपा गठबंधन में शामिल हो सकते हैं। 

11:56 AM, 14-Jan-2022

स्वामी प्रसाद मौर्य आज अपने समर्थकों और कई भाजपा विधायकों के साथ सपा में शामिल होंगे। सुबह से ही मौर्य के घर पर उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है। 
 

11:19 AM, 14-Jan-2022

राउत का दावा- यूपी में 10 और मंत्री देंगे इस्तीफा

शिवसेना सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि अभी उत्तर प्रदेश सरकार के 10 मंत्री और इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि जब अपने प्रमुख मंत्री ही छोड़कर जा रहे हैं तो समझ लीजिए कि हवा किस दिशा में जा रही है।

11:04 AM, 14-Jan-2022

गोवा विधानसभा के लिए भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट 16 जनवरी को

गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों की सूची 16 जनवरी को जारी हो सकती है। राज्य की 40 में से 38 सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतारेगी। राज्य की बेनोलिम और नुवेम विधानसभा पर पार्टी अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। 

10:32 AM, 14-Jan-2022

पंजाब में कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची आज जारी होगी
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संभावित कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों पर दिल्ली में अंतिम मुहर लग गई है जिसके बाद शुक्रवार को पार्टी पहली सूची जारी करने जा रही है। पहली सूची में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई दिग्गजों के नाम शामिल किए गए हैं। संभावना यह भी है कि मुख्यमंत्री को चमकौर साहिब के अलावा आदमपुर सीट से भी पार्टी चुनाव लड़ा सकती है।

10:25 AM, 14-Jan-2022

पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य आज होंगे सपा में शामिल, दारा सिंह चौहान समेत कई बागी विधायक भी लेंगे सदस्यता
उत्तर प्रदेश की सियासत में आज का दिन अहम है। सपा कार्यालय में मंत्रियों सहित कई विधायकों का जमावड़ा होगा। ये सपा की सदस्यता लेंगे और अगली रणनीति का खुलासा भी करेंगे। भाजपा से इस्तीफा देने वाले मंत्री व विधायक तीन दिन से भाजपा छोड़कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिल रहे हैं। 

10:12 AM, 14-Jan-2022

Assembly Election 2022 Live: कोरोना नियमों के उल्लंघन पर सपा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, उत्तराखंड में आप ने नौ प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की

11 जिलों की 58 सीटों के लिए आज जारी होगी पहले चरण की अधिसूचना
18वीं विधानसभा के चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। पहले चरण में 11 जिलों की 58 सीटों के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। पहली बार चुनाव आयोग ने नामांकन के लिए ऑनलाइन की सुविधा दी है। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें