फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics Day 6: सिंधू महिला एकल राउंड ऑफ 16 से बाहर, चीन की ही बिंग जियाओ ने 2-0 से हराया

Thu, 01 Aug 2024 11:09 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

 India at Paris 2024 Olympics Games Day 6 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पेरिस ओलंपिक 2024 का आज छठा दिन है। फिलहाल शूटर स्वप्निल कुसाले एक्शन में हैं। भारत ने अब तक दो पदक जीते हैं। मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीता था। वहीं, मनु ने सरबजोत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में भी कांस्या अपने नाम किया था।
विज्ञापन
पीवी सिंधू - फोटो : @KhelNow
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:06 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Day 6 Live: सिंधू महिला एकल राउंड ऑफ 16 से बाहर

पीवी सिंधू महिला बैडमिंटन एकल वर्ग से ही बिंग जियाओ से सीधे गेम में 19-21, 14-21 से हारने के बाद बाहर हो गईं। चीन की खिलाड़ी ने 2-0 से हराया। सिंधू टोक्यो ओलंपिक में किए गए अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाईं।

10:38 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सिंधू ने पहला सेट गंवाया

पीवी सिंधू ने चीन की ही बिंग जियाओ के खिलाफ पहला गेम 19-21 से गंवा दिया। सिंध ने कई बार वापसी की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

10:17 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: राउंड ऑफ 16 मैच में सिंधू का ही बिंग जियाओ से सामना

पीवी सिंधू अपना राउंड ऑफ 16 मैच ही बिंग जियाओ के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं। सिंधू ने ही बिंग जियाओ को हराकर टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।

विज्ञापन
06:21 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में

भारत के स्टार पुरुष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने हमवतन एचएस प्रणय को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। लक्ष्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रणय को 21-12, 21-6 से हराया। अब लक्ष्य का सामना अंतिम आठ में चीन के चू टिन चेन से शुक्रवार को होगा। 

06:12 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: लक्ष्य ने जीता पहला सेट

भारत के लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय के बीच पुरुष एकल वर्ग का प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में लक्ष्य सेन प्रणय पर फिलहाल भारी पड़ते दिख रहे हैं। इस मुकाबले का पहला सेट लक्ष्य ने जीत लिया। उन्होंने 21 मिनट तक चले इस गेम में प्रणय को 21-12 से हराया।

विज्ञापन
05:35 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सात्विक-चिराग की जोड़ी हारी

सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया की आरोन चिया और यिक वूई सोह से हार का सामना करना पड़ा। पदक के सबसे बड़े दावेदार सात्विक-चिराग को 21-13, 14-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी ने शानदार शुरुआत की थी और पहला गेम अपने नाम किया था, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने बेहतरीन वापसी करते हुए अगले दोनों जीते और सात्विक-चिराग को बाहर का रास्ता दिखाया। 

05:23 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: तीसरे गेम में आगे चल रहा भारत

दूसरा गेम गंवाने के बाद सात्विक-चिराग की भारतीय जोड़ी ने आरोन-सोह के खिलाफ तीसरे गेम में वापसी की। ब्रेक तक सात्विक-चिराग ने मलेशियाई जोड़ी पर 11-9 की बढ़त बना ली है। 

05:10 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सात्विक-चिराग ने दूसरा गेम गंवाया

पहला गेम जीतने के बाद सात्विक-चिराग लय बरकरार नहीं रख सके और आरोन-सोह की मलेशियाई जोड़ी ने दूसरा गेम 21-14 से अपने नाम कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया है। 

04:49 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सात्विक-चिराग ने जीता पहला गेम

सात्विक-चिराग की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में पहला गेम 21-13 से अपने नाम किया। सात्विक-चिराग ने आरोन-सोह के खिलाफ धीमी शुरुआत की और एक समय स्कोर 11-10 चल रहा था। लेकिन ब्रेक के बाद सात्विक-चिराग ने शानदार वापसी की और मलेशियाई जोड़ी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। 

04:42 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सात्विक-चिराग और आरोन-सोह के बीच चल रहा कड़ा मैच

सात्विक-चिराग और आरोन-सोह के बीच पुरुष युगल वर्ग में कड़ा मुकाबला खेला जा रहा है। फिलहाल भारतीय जोड़ी मलेशियाई जोड़ी से पहले गेम में 11-10 से आगे चल रही है। 

04:33 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सात्विक-चिराग का मैच शुरू

सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का आरोन चिया और यिक वूई सोह के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। यह स्टार भारतीय युगल जोड़ी पदक पक्का करने से दो जीत दूर है। 

03:07 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: हॉकी में बेल्जियम ने भारत को हराया

बेल्जियम ने पूल बी के मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 2-1 से हराकर भारत का पेरिस ओलंपिक में चला आ रहा अजेय अभियान रोक दिया। भारत को अभिषेक ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर शुरुआती बढ़त दिलाई थी, लेकिन बेल्जियम के लिए थिबेयू स्टॉकब्रोएक्स और जॉन डोचमैन ने तीसरे क्वार्टर में एक-एक गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई जो अंत तक बरकरार रही। भारतीय टीम ने बेल्जियम के खिलाफ मैच से पहले कोई मुकाबला नहीं गंवाया था। भारत ने न्यूजीलैंड और आयरलैंड के खिलाफ जीत हासिल की थी, जबकि अर्जेंटीना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। हालांकि, बेल्जियम के खिलाफ शुरुआती बढ़त लेने के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम हालांकि पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। 

02:47 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: निकहत जरीन हारीं

भारत की स्टार मुक्केबाज निकहत जरीन हारकर बाहर हो गई हैं। उन्हें महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग में राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में चीन की वू यू ने 5-0 से हरा दिया। निकहत कोई भी बाउट जीतने में कामयाब नहीं हो पाईं। इस तरह उनका सफर इस ओलंपिक में समाप्त हो गया। निकहत विश्व चैंपियन हैं और उनसे पदक की उम्मीद की जा रही थी।

02:46 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: तीरंदाजी में प्रवीण बाहर

पुरुष एकल तीरंदाजी में प्रवीण जाधव भी हारकर बाहर हो गए हैं। उन्हें चीन के काओ वेनचाओ ने 6-0 से हरा दिया। प्रवीण कोई भी सेट जीतने में कामयाब नहीं हो पाए। 

02:14 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: अभिनव बिंद्रा ने दी बधाई

भारत को ओलंपिक में पहला व्यक्तिगत स्वर्ण जिताने वाले अभिनव बिंद्रा ने लिखा- पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी में स्वप्निल की ऐतिहासिक कांस्य पदक जीत से बेहद रोमांचित हूं! आपकी कड़ी मेहनत, धैर्य और जुनून वास्तव में सफल रहा है। उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करना और निशानेबाजी में पदक जीतना आपके समर्पण और प्रतिभा का प्रमाण है। आपने भारत को इतना गौरवान्वित किया है और सभी को दिखाया है कि सपनों का पीछा करना क्या होता है। पेरिस 2024 ओलंपिक एक अविश्वसनीय आयोजन रहा है और आपकी उपलब्धि इसके अविस्मरणीय क्षणों को जोड़ती है। भविष्य में आप कई और पदक जीतें और सदैव चमकते रहें।

02:13 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में कांस्य पदक जीतने वाले स्वप्निल को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- स्वप्निल कुसाले का असाधारण प्रदर्शन! पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक जीतने के लिए आपको बधाई।  उनका प्रदर्शन विशेष है क्योंकि उन्होंने बहुत अधिक लचीलापन और कौशल दिखाया है। वह इस श्रेणी में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट भी हैं। हर भारतीय खुश है।

01:51 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: भारत के पदकों की संख्या तीन

भारत के पेरिस ओलंपिक में कुल तीन पदक हो गए हैं। तीनों पदक शूटिंग में आए हैं। स्वप्निल से पहले मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीता था। वहीं, मनु ने सरबजोत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में भी कांस्या अपने नाम किया था।

01:48 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: स्वप्निल ने जीता कांस्य

स्वप्निल कुसाले ने भारत को तीसरा पदक दिलाया है। उन्होंने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में भारत को कांस्य पदक दिलाया है। कुसाले ने 451.4 का स्कोर बनाया और तीसरे स्थान पर रहे। चीन के लियू यूकून 463.6 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, यूक्रेन के सिरही कुलिश ने 461.3 के स्कोर के साथ रजत जीता।

01:28 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: प्रोन पोजिशन खत्म

भारत के स्वप्निल ने नीलिंग पोजिशन में 153.3 का स्कोर बनाया था। वहीं, प्रोन पोजिशन के बाद स्वप्निल का स्कोर 310.1 है। वह फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं। अब स्टैडिंग पोजिशन में शूटर्स शूट करेंगे।

01:16 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: प्रोन पोजिशन की शुरुआत

स्वप्निल कुसाले अब प्रोन यानी लेटे हुए पोजिशन में शूटिंग कर रहे हैं। 

01:09 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: 15 शॉट के बाद स्वप्निल छठे स्थान पर

15 शॉट के बाद भी स्वप्निल नीलिंग पोजिशन में छठे स्थान पर हैं। उनका स्कोर 153.3 रहा। फिलहाल नॉर्वे का शूटर पहले, चीन के वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर दूसरे और यूक्रेन के शूटर तीसरे स्थान पर हैं। अब प्रोन पोजिशन से शूटिंग की शुरुआत होगी।

01:06 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: 10 शॉट के बाद भी छठे स्थान पर स्वप्निल

10 शॉट के नीलिंग राउंड के बाद स्वप्निल कुसाले छठे स्थान पर बरकरार हैं। उनका स्कोर 101.7 है। नॉर्वे, चीन और फ्रांस के शूटर शीर्ष तीन स्थान पर हैं।

01:03 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: पहले राउंड के बाद छठे स्थान पर

भारत के स्वप्निल कुसाले नीलिंग राउंड में 50.8 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं।

01:00 PM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन का फाइनल शुरू

पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन का फाइनल जारी है। भारत की ओर से स्वप्निल कुसाले चुनौती पेश कर रहे हैं। वह क्वालिफिकेशन राउंड में सातवें स्थान पर रहे थे।

11:53 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक शुरू

पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक प्रतियोगिता की शुरुआत हो चुकी है। भारत के तीन एथलीट्स पदक की दौड़ में हैं। विकास सिंह, परमजीत सिंह बिष्ट और अक्षदीप सिंह भारत की ओर से चुनौती पेश कर रहे हैं। इसके बाद महिलाओं की रेस वॉक भी होगी। प्रियंका उसमें चुनौती पेश करेंगी। मुक्केबाज निकहत भी राउंड ऑफ 16 में उतरेंगी।

11:00 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: आत्मविश्वास से भरी मुक्केबाज लवलीना और निशांत देव पदक जीतने से महज एक कदम दूर

टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलो) ने अपने पहले मुकाबले में नॉर्वे की सुन्निवा होफ्स्टाड को 5 . 0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतिभाशाली युवा मुक्केबाज निशांत देव ने पुरुषों की 71 किग्रा स्पर्धा के प्री क्वार्टरफाइनल में इक्वाडोर के जोस गैब्रिएल रोड्रिगेज टेनोरियो को 3-2 से शिकस्त देकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई, जिसमें उनका सामना मैक्सिको के पैन अमेरिका खेलों के चैम्पियन मर्को वर्डे से होगा। लवलीना ने तोक्यो में 69 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता था । वह लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतने और भारतीय मुक्केबाजी में अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम करने से महज एक जीत दूर हैं। हालांकि यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि अब उनका सामना चार अगस्त को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की लि कियान से होगा। इस मुकाबले में जीत से लवलीना का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाएगा। प्रीति पवार को हालांकि प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। प्रीति ने मंगलवार देर रात महिला 54 किग्रा प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कोलंबिया की पैन अमेरिकन खेलों की चैंपियन और विश्व रजत पदक विजेता येनी मार्सेला एरियास को कड़ी चुनौती दी लेकिन इसके बावजूद उन्हें 2-3 के विभाजित फैसले से हार का सामना करना पड़ा।

10:58 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: सिंधू, सेन और एचएस प्रणय एकल प्री क्वार्टरफाइनल में

भारतीय बैडमिंटन के स्टार लक्ष्य सेन, एच एस प्रणय और पी वी सिंधू ने अपने अपने मुकाबले शानदार ढंग से जीतकर एकल प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया । दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने एस्तोनिया की क्रिस्टीन कूबा को 33 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में 21-5, 21-10 से हराया । रियो ओलंपिक में रजत और तोक्यो में कांस्य पदक जीतने वाली सिंधू दुनिया की नौवे नंबर की खिलाड़ी चीन की ही बिंगजियाओ से खेल सकती है जिसके खिलाफ वह 11 बार हारी और नौ बार जीती हैं । वहीं विश्व चैम्पियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता अलमोड़ा के तेईस वर्ष के लक्ष्य ने दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 50 मिनट में 21 . 18, 21 . 12 से मात दी । लक्ष्य का सामना प्री क्वार्टर फाइनल में हमवतन प्रणय होगा जिन्होंने अपने आखिरी ग्रुप मैच में वियतनाम के ली डुक फाट को 16-21, 21-11, 21-12 से हराया। लक्ष्य ने इससे पहले क्रिस्टी को सिर्फ एक बार चार साल पहले बैडमिंटन एशिया टीम चैम्पियनशिप में हराया था । दोनों के बीच ओलंपिक मुकाबले से पहले हुए पांच में से चार मुकाबले क्रिस्टी ने जीते थे ।

10:57 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: अनुभवी तीरंदाज दीपिका प्री क्वार्टर फाइनल में, तरुणदीप बाहर

भारत की अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी ने लगातार दो मुकाबले जीतकर पेरिस ओलंपिक महिला व्यक्तिगत वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल प्रवेश कर लिया जबकि पुरुष वर्ग में देश के सबसे अनुभवी तीरंदाज तरुणदीप रॉय अंतिम 64 दौर से आगे नहीं बढ़ पाये। कुछ दिन पहले भारतीय महिला तीरंदाजों की टीम क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड से हार गई थी जिसमें दीपिका के प्रदर्शन की काफी आलोचना हुई थी । दीपिका ने व्यक्तिगत वर्ग में पहले एस्तोनिया की रीना परनाट को शूटआफ में 6 . 5 से हराया । इसके बाद नीदरलैंड की क्विंटी रोफेन को 6 . 2 से मात दी । अब उनका सामना प्री क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की मिशेले क्रोपेन से होगा । अपना चौथा ओलंपिक खेल रहे तरुणदीप को इंग्लैंड के टॉम हॉल ने 6-4 (27-27, 27-28, 28-25, 28-29, 29-29) से हराया।

10:56 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: घुड़सवार अनुष अग्रवाला फाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूके

भारत के अनुष अग्रवाला ओलंपिक घुड़सवारी के व्यक्तिगत ड्रेसेज में अपने ग्रुप में 66.444 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूके।

10:55 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: मनिका-श्रीजा बाहर

वहीं महिला खिलाड़ी मनिका बत्रा और श्रीजा अकुला के हारने से टेबल टेनिस की एकल स्पर्धा में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई। भारत की मनिका बत्रा महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में अपने से ऊंची रैंकिंग की जापान की मियू हिरानो से 1 – 4 से हारकर बाहर हो गईं। श्रीजा अकुला ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर अपना जन्मदिन मनाया लेकिन इसके बाद वह चीन की नंबर एक खिलाड़ी सुन यिंगशा से 0 – 4 से हारकर बाहर हो गईं। मनिका को 47 मिनट तक चले अंतिम 16 के मुकाबले में हिरानो ने 11-6, 11-9, 12-14, 11-8, 11-6 से शिकस्त दी। अपने 26वें जन्मदिन पर श्रीजा ने सिंगापुर की जियान झेंग को 51 मिनट तक कड़े मुकाबले में 4-2 ( 9-11, 12-10, 11-4, 11-5, 10-12, 12-10) से हराकर टेबल टेनिस महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी थी।

10:54 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: पेरिस ओलंपिक के छठे दिन भारत का कार्यक्रम इस प्रकार है...

एथलेटिक्स
- पुरुष 20 मीटर पैदल चाल: परमजीत सिंह बिष्ट, आकाशदीप सिंह, विकास सिंह (सुबह 11.00 बजे से) 
- महिला 20 मीटर पैदल चाल: प्रियंका (दोपहर 12.50 बजे से) 

गोल्फ
- पुरुष व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले राउंड-1: गगनजीत भुल्लर और शुभंकर शर्मा (दोपहर 12.30 बजे से) 

निशानेबाजी
- पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन फाइनल: स्वप्निल कुसाले (दोपहर 1.00 बजे से) 
- महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन क्वालिफिकेशन): सिफत कौर सामरा और अंजुम मौदगिल (दोपहर 3.30 बजे से) 

हॉकी
- भारत बनाम बेल्जियम ग्रुप चरण मैच: (दोपहर 1.30 बजे से)

मुक्केबाजी
- महिला 50 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल: निकहत जरीन बनाम यू वू (चीन) (दोपहर 2.30 बजे से) 

तीरंदाजी
- पुरुष व्यक्तिगत (1/32 एलिमिनेशन): प्रवीण जाधव बनाम काओ वेनचाओ (चीन) (दोपहर 2.31 बजे से)

नौकायन
- पुरुष डिंगी रेस एक: विष्णु सरवनन (दोपहर 3.45 बजे से) 
- पुरुष डिंगी रेस 2: विष्णु सरवनन : रेस 1 के बाद
- महिला डिंगी रेस एक: नेथ्रा कुमानन (शाम 7.05 बजे से) 
- महिला डिंगी रेस दो: नेथ्रा कुमानन: रेस 1 के बाद

बैडमिंटन
- महिला एकल राउंड 16: पीवी सिंधू (रात 10 बजे से)

10:52 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: गोल्फ स्पर्धा का होगा आगाज

पेरिस ओलंपिक में गोल्फ स्पर्धा की शुरुआत गुरुवार से होगी। पुरुष व्यक्तिगत स्ट्रोल प्ले राउंड-1 में गगनजीत भुल्लर और शुभंकर शर्मा भारत की ओर से चुनौती पेश करने उतरेंगे। वहीं, तीरंदाजी में पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में प्रवीण जाधव चीन के काओ वेनचाओ के खिलाफ उतरेंगे। वहीं, एथलेटिक्स की स्पर्धाओं की भी शुरुआत छठे दिन से होने जा रही है जिसमें पुरुष 20 मीटर  पैदल चाल में तीन भारतीय उतरेंगे, जबकि महिलाओं के 20 मीटर पैदल चाल में प्रियंका चुनौती पेश करेंगी।

10:51 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Live: स्वप्निल से पदक की उम्मीदें

भारतीय दल के लिए पेरिस ओलंपिक खेलों का पांचवां दिन अच्छा रहा। बुधवार को भारतीय निशानेबाज स्वप्निल कुसाले पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। गुरुवार को उनसे भारत को तीसरा पदक दिलाने की आस रहेगी। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना पूल बी में बेल्जियम से होगा। मुक्केबाजी में निकहत जरीन महिला 50 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी। 

10:36 AM, 01-Aug-2024

Paris Olympics Day 6: सिंधू महिला एकल राउंड ऑफ 16 से बाहर, चीन की ही बिंग जियाओ ने 2-0 से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पेरिस ओलंपिक 2024 का आज छठा दिन है। आज तीन मेडल मैच हैं। इनमें एथलेटिक्स से लेकर शूटिंग शामिल हैं। 20 किमी रेस वॉक में आज पुरुषों में तीन एथलीट्स दावा पेश करेंगे, जबकि महिलाओं में प्रियंका पर पदक दिलानी की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा स्वप्निल कुसाले भी शूटिंग में 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में भारत को पदक दिलाने की कोशिश करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें