फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla Weather Live: कालका-शिमला एनएच मार्ग खुला, जेपी नड्डा ने सीएम से बात कर जाना हाल; अब तक 51 की मौत

Mon, 14 Aug 2023 09:52 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

खास बातें

Shimla Weather and Landslide Live News in Hindi: हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश से तबाही का दौर जारी है। राज्य जगह-जगह बादल फटने व भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लापता हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार,आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद हैं। कालका-शिमला रेल मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:43 PM, 14-Aug-2023

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार,आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद हैं। कालका-शिमला रेल मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद कालका शिमला एनएच पर ट्रैफिक को ट्रायल के लिए खोल दिया है। 

08:25 PM, 14-Aug-2023

राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का स्थान बदला, अब शिमला में होगा आयोजित
राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का स्थल बदल दिया गया है। अब यह मनाली के बजाय शिमला में होगा। शिमला में होने वाले राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थिति होंगे। उनके साथ ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह होंगे। मनाली में अब जिलास्तरीय कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद होंगे।

08:12 PM, 14-Aug-2023

नड्डा ने तबाही पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से टेलीफोन पर बात की

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के ऊना, सोलन, सिरमौर, मंडी और शिमला में जगह-जगह भारी बारिश, बादल फटने व भूस्खलन की त्रासदी से हुए जान-माल के नुकसान और तबाही के मद्देनजर सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से टेलीफोन पर बात की। हिमाचल प्रदेश को नरेंद्र मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी की ओर से हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। नड्डा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा पीड़ित परिवारों और प्रभावित लोगों के साथ एकजुट होकर खड़ी है।

विज्ञापन
06:31 PM, 14-Aug-2023

बादल फटने और भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत

जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन से अब 51 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 30 लोग मलबे में दबने और बहने से लापता हैं। मंडी जिले में 18, राजधानी शिमला में 14, सोलन में 11, कांगड़ा-हमीरपुर में 3-3, चंबा और सिरमौर में 1-1 लोगों की जान गई है।

06:28 PM, 14-Aug-2023

अमित शाह और प्रियंका गांधी ने जताया दुख

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान के बाद गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड़्रा ने ट्वीट कर दुख जाता है। 
 
 

विज्ञापन
06:10 PM, 14-Aug-2023

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मौत पर जताया दुख

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से हो रहे नुकसान पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने लोगों से आपदा में सतर्क और सुरक्षित रहने का आग्रह किया हैं। उन्होंने मंडी, शिमला और दूसरे स्थानों में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन से हुई दर्दनाक मौतों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों से संवेदना प्रकट की हैं। प्रतिभा ने शिमला के समरहिल में मंदिर के भूस्खलन से श्रद्धालुओं की दबने से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना भगवान से की हैं। उन्होंने फागली, सायरीघाट, अर्की समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए जानमाल और दर्दनाक मौतों पर भी गहरा दुख प्रकट किया है।

06:06 PM, 14-Aug-2023

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित नहीं होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि प्रदेश में भारी बारिश तथा बाढ़ के कारण हुए भारी नुकसान के दृष्टिगत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में किसी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल सेरेमोनियल होगें। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण प्रदेश में जानमाल की भारी क्षति हुई है। प्रदेश सरकार आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ है। मुख्यमंत्री ने आज इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला का दौरा भी किया। शिमला शहर के विभिन्न स्थानों में भूस्खलन से घायल हुए लोगों का कुशलक्षेम पूछा और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

06:05 PM, 14-Aug-2023

फागली में पांच की मौत और आठ घायल

शिमला के फागली में भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण पांच लोगों की मौत हुई है। आठ लोग घायल हुए हैं। आपदा प्रभावित लोगों को संस्कृत कॉलेज फागली में ठहराया गया है।

05:28 PM, 14-Aug-2023

राजभवन में 15 अगस्त पर नहीं होगा एट होम कार्यक्रम

प्रदेश में भारी बारिश से हुए जानमाल के नुकसान के दृष्टिगत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित किए जाने वाले एट होम कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भूस्खलन के चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों में हुई लोगों की मौत के चलते यह फैसला लिया है।

05:27 PM, 14-Aug-2023

सीएम ने आपात बैठक बुलाई

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपात बैठक बुलाई है। शिमला स्थित सचिवालय में बैठक हो रही है। बैठक में प्रदेशभर में भारी बारिश से हुई तबाही को देखते हुए बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

05:12 PM, 14-Aug-2023

समरहिल में एक और शव बरामद

शिमला के समरहिल में पेड़ के नीचे से एक और शव को निकाला गया है। राजधानी शिमला में मृतकों की संख्या 14 हो गई है। प्रदेश में अब तक 38 की मौत हो गई है।

04:54 PM, 14-Aug-2023

आज भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हालांकि, सुबह जारी हुए मौसम बुलेटिन में ऑरेंज अलर्ट था। लेकिन, दोपहर बाद इसे रेड कर दिया। 15 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई भागों में 20 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

04:24 PM, 14-Aug-2023

अब 36 लोगों की मौत हो चुकी

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच राज्य में जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन से अब 37 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 30 लोगों की मलबे में दबने होने की आशंका है। राजधानी शिमला में 13, सोलन में 10, हमीरपुर में 3, मंडी में 7, कांगड़ा में 2, चंबा और सिरमौर में 1-1 लोगों की जान गई है। शिमला, सोलन, कांगड़ा में एक-एक और मंडी में दो जगह बादल फटे हैं। शिमला में 15, मंडी में आठ और सिरमौर में एक लापता है। कई ऐसे इलाके हैं जहां कितना नुकसान हुआ है, कितने लोगों की जान चली गई इसकी जानकारी ही नहीं मिल पाई है। प्रदेश सरकार ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। केवल रस्मी तौर पर ही तिरंगा फहराएंगे।

03:38 PM, 14-Aug-2023

घटना के बाद एक और शव बरामद

समरहिल में एक और शव मिला है। वहीं सोलन के लौहारघाट पंचायत के गांव बानली में 65 वर्षीय महिला फूला देवी पत्नी सोहनू राम की भवन में दबकर मौत हो गई है। राज्य में अब तक कुल 29 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है।

03:26 PM, 14-Aug-2023

विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त

शिमला में समरहिल के पास भूस्खलन के चलते विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। रेल पटरी हवा में लटक गई है। 119 साल से अधिक पुराना ऐतिहासिक कालका-शिमला रेलवे मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही अब ठप हो गई है।

03:03 PM, 14-Aug-2023

बादल फटने और भूस्खलन से 27 से अधिक लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन से 27 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि करीब 40 लोगों के लापता होने की आशंका है। लगातार जारी बारिश से बचाव अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

02:50 PM, 14-Aug-2023

समरहिल में छह और फागली में पांच लोगों की मौत की पुष्टि

शिमला के समरहिल में अब तक छह और फागली में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। तीन घायलों को रेस्क्यू किया गया है। दोनों जगह 11 लोगों के शव बरामद हुए हैं।
 

02:41 PM, 14-Aug-2023

समरहिल में घटना स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने शिमला के समरहिल में शिव मंदिर के पास हुए भूस्खलन के बाद बचाव कार्यों की निगरानी की। कहा कि जान बचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और सरकार फंसे हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

02:32 PM, 14-Aug-2023

स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में 'एट-होम' कार्यक्रम स्थगित

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला शिमला में भूस्खलन घटना स्थल पर पहुंचे, जहां 20-25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। राज्यपाल ने कहा, 'ध्वजारोहण किया जाएगा, स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में 'एट-होम' कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
 

02:13 PM, 14-Aug-2023

सीएम सुक्खू ने स्थिति का जायजा लिया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बारिश से प्रभावित शिमला के समरहिल क्षेत्र में भूस्खलन स्थल पर स्थिति का निरीक्षण किया।

01:40 PM, 14-Aug-2023

राज्य में 751 सड़कें बंद

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, राज्य में 751 सड़कें बंद हैं। इसके अतिरिक्त 4697 बिजली ट्रांसफार्मर व 902 जलापूर्ति योजनाएं बंद हो गई हैं।

01:23 PM, 14-Aug-2023

समरहिल में छह शव मलबे से निकाले

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बड़ा हादसा हुआ है। यहां भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन की चपेट में एक शिव मंदिर आ गया। छह लोगों की मौत हो गई है। एक बच्चे का सिर धड़ से अलग था। इसमें 40 से ज्यादा लोगों के दबे होने की बात सामने आ रही है। शिमला के समरहिल इलाके में ये हादसा हुआ है।
 

01:16 PM, 14-Aug-2023

23 से ज्यादा लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और बादल फटने से हाहाकार मचा है। 23 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जगह-जगह मलबे में 40 से ज्यादा लोग दबे हैं।

01:07 PM, 14-Aug-2023

कांगड़ा में चलती जीप पर मलबा गिरा

कांगड़ा जिले में बाथु पुल के पास चलती जीप पर मलबा गिर गया। हादसे में चालक प्रवीण की मौत हो गई है। अखबार लेकर चालक तड़के ऊना जा रहा था।

01:00 PM, 14-Aug-2023

फागली में भी भूस्खलन, चार की मौत

शिमला के फागली में भी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया। इसमें चार लोगों के शव मिले हैं। अभी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। 


12:56 PM, 14-Aug-2023

बलोह में बादल फटा, एक मकान गिरा, कई क्षतिग्रस्त

कांगड़ा जिले के थुरल के साथ लगती पंचायत बलोह में बादल फटने से चौधरी बस्ती में एक मकान गिर गया और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मकान में रह रहे परिवार के चार सदस्यों को मुश्किल से बाहर निकाल कर थुरल के विश्राम गृह में ठहराया गया है। बादल फटने से पहाड़ी का मलबा पालमपुर सुजानपुर राजमार्ग पर आ गया है जिससे आने जाने वाले राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

12:50 PM, 14-Aug-2023

पांच शव निकाले गए

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बड़ा हादसा हुआ है। यहां भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन की चपेट में एक शिव मंदिर आ गया। पांच शव निकाले गए हैं। इसमें 40 से ज्यादा लोगों के दबे होने की बात सामने आ रही है। शिमला के समरहिल इलाके में ये हादसा हुआ है।
 

12:48 PM, 14-Aug-2023

15 अगस्त पर कार्यक्रम स्थगित

सरकार के आदेश अनुसार इस वर्ष 15 अगस्त के उपलक्ष्य पर होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित किए जाएंगे। यह निर्णय मौसम को देखते हुए लिया गया है। पंचायत में केवल झंडा फहराया जाएगा। यह सूचना पंचायत प्रतिनिधियों से मिली है।

12:45 PM, 14-Aug-2023

पेड़ गिरने से गाड़ियों को क्षति

मंडी शहर के विश्वकर्मा मंदिर के पास पहाड़ी से भूस्खलन हुआ है। यहां एक बड़ा पेड़ भी गिर गया। वहीं, शिमला के खलीनी में बाइपास पर भूस्खलन हुआ है। पेड़ गिरने से गाड़ियों को भी क्षति पहुंची है।

12:39 PM, 14-Aug-2023

सोलन के अर्की में मकान गिरा

सोलन के अर्की की बलेरा पंचायत में मकान गिरने से 21 वर्षीय युवती और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई है।



 

12:29 PM, 14-Aug-2023

चंबा में व्यक्ति मलबे में दबा

जिला चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र की रायपुर पंचायत में एक व्यक्ति मलबे में दब गया है। वहीं, ग्राम पंचायत खरगट और टिकरी पंचायतों के मध्य में स्थित खखरून गांव में गोशाला में बंधी गाय और सड़क के साथ खड़ी की बोलेरो गाड़ी बह गई है। इसके अलावा पंचायत में पिकअप वाहन, स्कूटी, बाइक मलबे में दब गई है। जबकि घर के पास खड़ी की गई गाड़ी पर चील का पेड़ गिर गया है। उपमंडलाधिकारी भटियात पारस अग्रवाल ने बताया कि भारी बारिश से हुए नुकसान का आंकलन लगाने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर रवाना कर दी गई है। 

12:23 PM, 14-Aug-2023

बंबोला में मकान पर भूस्खलन,  दो की मौत, पांच के दबने की आशंका 

उधर, मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के इलाका उत्तरशाल की ग्राम पंचायत सेगली के बंबोला में मलबा गिरने से एक रिहायशी मकान चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई है।, जबकि पांच लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए बताए जा रहे हैं । नायब तहसीलदार कटौला हादसे की सूचना मिलते ही गांव को रवाना हो गए हैं। प्रशासन टीम टिहरी से होते हुए बंबोला रवाना हुई। क्लेशधार नामक गांव में हुए दर्दनाक हादसे में क्षतिगस्त मकान तुलसी राम पुत्र कोत राम का बताया जा रहा है। घायलों को निकालने में आसपास के सभी ग्रामीण राहत कार्यों में जुटे हैं। मलबे के नीचे से ओम प्रकाश पुत्र डोले राम, और उसके बेटे कनिक दो वर्ष का शव बरामद हो गया है। पत्नी विजय शांति गंभीर रूप से घायल है।


 

12:22 PM, 14-Aug-2023

भूस्खलन की चपेट में आया शिव मंदिर, चार शव निकाले, कई दबे

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, प्रदेश में सोमवार को बारिश के कहर के बीच शिमला में दो भूस्खलन और सोलन में बादल फटने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि समरहिल इलाके में एक शिव मंदिर ढह गया था और नाभा इलाके में एक अन्य जगह जहां कई घर मिट्टी और कीचड़ के नीचे दब गए है। मलबे से नौ शव निकाले गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभी कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है। उपायुक्त आदित्य नेगी शिमला ने  बताया कि दो जगह भूस्खलन में कई लोगों के दबे होने की आशंका है और बचाव अभियान जोरों पर चल रहा है। समरहिल में अब तक चार शव निकाले जा चुके हैं। इनमें तीन बच्चे व एक महिला शामिल है।

12:19 PM, 14-Aug-2023

भारी बारिश से तबाही का दौर जारी

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश से तबाही का दौर जारी है। राज्य जगह-जगह बादल फटने व भूस्खलन से 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जबकी कई लापता है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद हैं।


11:52 AM, 14-Aug-2023

हिमाचल में करीब 16 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को बारिश के कहर के बीच शिमला में दो भूस्खलन और सोलन में बादल फटने से करीब 16 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर ढह गया था और फागली इलाके में एक अन्य जगह जहां कई घर मिट्टी और कीचड़ के नीचे दब गए थे। मलबे से नौ शव निकाले गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभी कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है। सोलन जिले में बादल फटने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। रविवार रात बादल फटने से सोलन में दो घर बह गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छह लोगों को बचा लिया गया, जबकि जादोन गांव में सात अन्य की मौत हो गई।

11:44 AM, 14-Aug-2023

मंडी की मझबाड़ पंचायत में बादल फटा

मंडी की मझबाड़ पंचायत में बादल फटा है। दो आदमी मलबे में दब गए हैं, जबकि यहां कुछ लापता हैं। जिनकी तलाश जारी है। यहां पर भारी बारिश ने तबाही मचाई है। घुमारवीं के तियूनखास तियूड़ी गांव में रात को भूस्खलन हो गया। इसको लेकर लगभग 11 परिवारों के घर खाली करवाए गए हैं। 

11:44 AM, 14-Aug-2023

शिमला शहर का हाल

अड्डा विला पार्किंग चितकारा पार्क रोड ब्लॉक के पास भूस्खलन हो गया है। शिमला शहर में शोघी-मेहली सड़क अवरुद्ध है। फागली-खलिनी सड़क लालपानी पुल पर बंद है। एडवर्ड स्कूल के पास हिमलैंड-बैम्ब्लो रोड अवरुद्ध है। विकासनगर-छोटा शिमला मार्ग भी बंद हो गया है। सीआईडी कार्यालय पर विकासनगर-पंथघाटी मार्ग अवरुद्ध हो गया है। टूटीकंडी से आईएसबीटी सड़क द्विभाजन पर अवरुद्ध है।
 

11:40 AM, 14-Aug-2023

धर्मशाला शिमला रोड अभी तक दगसेच के पास बंद

इसके अलावा, सोलग के पास दाड़ला मोड़ से बैरी रोड बंद हो गया है। रविवार को ट्रैफिक दाड़ला मोड़ से नवगांव बैरी बरमाना घागस डायवर्ट किया था। अब नवगांव बैरी सड़क भी सोलग के पास बंद है। लहासा गिरने से मार्ग बाधित हुआ है। वाहन चालकों को खारसी से जब्बलपुल लिंक रोड से घागस पहुंचना पड़ेगा। धर्मशाला शिमला रोड अभी तक दगसेच के पास बंद है। घुमारवीं विधानसभा के तलवाड़ा  के ढटोह गांव में बड़ा भूस्खलन हुआ है। प्रशासन ने कुछ घर खाली कराए हैं। बड़सर विधानसभा क्षेत्र के ब्याड के पास एक कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आई। गाड़ी में सवार तीन लोगों में से दो को पुलिस टीम ने रेस्क्यू किया। ड्राइवर तेज बहाव में बह गया। उसको ढूंढने के प्रयास लगातार जारी हैं। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव में गाड़ी के फंसने के बाद ड्राइवर गाड़ी की छत पर चढ़ गया था। जहां से फिसलने के बाद पानी के तेज बहाव में बह गया। स्थिति का जायजा लेने के लिए बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल मौके पर पहुंच गए हैं।

11:37 AM, 14-Aug-2023

सीएम ने सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन के जादोन गांव में बादल फटने से सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, हमने अधिकारियों को इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और समर्थन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

11:33 AM, 14-Aug-2023

सोलन के कंडाघाट में फटा बादल, सात की मौत

जानकारी के अनुसार, पुलिस नियंत्रण कक्ष सोलन को मिली सूचना के अनुसार, गांव जादोन डाकघर में बादल फटने की घटना हुई। इससे दो मकान और एक गोशाला बह गई। जडौण गांव में रती राम और इसके बेटे हरनाम के दो मकान भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें सात लोगों की मौत हो चुकी है। चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतको में हरनाम (38), कमल किशोर (35), हेमलता (34), राहुल (14), नेहा (12), गोलू (8), रक्षा (12) शामिल हैं। एक महिला कान्ता देवी की टांग टूट गई है। उसे उपचार के लिए भेजा गया है। जबकि पांच लोग ठीक  हैं। एसडीएम कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य ने यह जानकारी दी। इसके पड़ोस के गांव जाबल में गौशाला गिरने से पांच पशु मर गए।

11:32 AM, 14-Aug-2023

सोलन में बादल फटा

जिला सोलन में रविवार देर रात बादल फटने से बाढ़ के साथ आए मलबे में दो मकान और एक गौशाला बह गई। बादल फटने की इस घटना में पांच लोगों को मौत हो गई, जबकि तीन लापता हैं, टीम ने पांच लोगों को बचा लिया है। इसके अलावा भूस्खल के चलते कई हाईवे और सड़कें बंद हो गई हैं।

11:22 AM, 14-Aug-2023

Shimla Weather Live: कालका-शिमला एनएच मार्ग खुला, जेपी नड्डा ने सीएम से बात कर जाना हाल; अब तक 51 की मौत

हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से हाहाकार मचा हुआ है। प्रदेश भर में भारी बारिश का कहर जारी है। बारिश की वजह से जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रही है। इसकी वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 14 अगस्त को प्रस्तावित परीक्षाओं को स्थगित किया है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बड़ी घटना हुई है। शिमला के समरहिल इलाके में भूस्खलन की चपेट में शिव मंदिर आ गया है। मलबे में 40 से ज्यादा श्रद्धालु दब गए। तीन शव निकाले जा चुके हैं। बचाव अभियान जारी है। इससे पहले सोलन में बादल फटा था। इसमें सात लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोगों का रेस्क्यू किया गया। मंडी में भी बादल फटा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें