फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Election Live: हिमाचल में मान और सिसोदिया पर AAP के चुनाव प्रचार का जिम्मा, केजरीवाल करेंगे 4 रोड शो

Wed, 26 Oct 2022 03:57 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

खास बातें

Himachal Pradesh Assembly Election, Vidhan Sabha Chunav 2022 Live Updates:  हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम दिन तक 639 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। 27 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। अब 29 अक्तूबर को नाम वापसी का दिन है। हिमाचल विधानसभा चुनाव से जुड़ा हर अपडेट...
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:56 PM, 26-Oct-2022

नौ नवंबर को ठियोग में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में रैली करेंगे सीएम योगी

भाजपा के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ नौ नवंबर को ठियोग में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में करेंगे रैली। भाजपा ने करवाई ठियोग के पोटैटो ग्राउंड की बुकिंग।

03:40 PM, 26-Oct-2022

नाचन विधानसभा क्षेत्र में भी टिकट को लेकर बगावत

इसके विरोध में प्रदेश आप प्रवक्ता गौरव शर्मा ने पार्टी को इस्तीफा देकर बतौर निर्दलीय पर्चा भरा है। मंडी सदर से टिकट न मिलने की स्थिति को देखते हुए आप में शामिल पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। अब नाचन विधानसभा क्षेत्र में भी टिकट को लेकर बगावत हो गई है। पार्टी ने यहां जबना चौहान को प्रत्याशी बनाया है। इसके विरोध में पार्टी के प्रदेश सचिव (ट्रांसपोर्ट सेल) भीम सिंह डोगरा ने समर्थकों सहित पार्टी से त्यागपत्र दिया है।
 

03:24 PM, 26-Oct-2022

पार्टी की ओर से सभी प्रत्याशियों ने नामांकन भरे

हिमाचल के संसदीय क्षेत्र में केजरीवाल के कहां-कहां रोड शो किए जाने हैं, बुधवार को यह तय हो जाएगा। आम आदमी पार्टी हिमाचल में 68 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही है। पार्टी की ओर से सभी प्रत्याशियों ने नामांकन भर लिए हैं। टिकट आवंटन को लेकर शिमला शहरी, मंडी सदर और नाचन में बगावत हुई है। शिमला शहरी सीट से चमन राकेश अजटा को पार्टी प्रत्याशी बनाया है। 

विज्ञापन
03:08 PM, 26-Oct-2022

20 स्टार प्रचारकों की सूची तैयार

आप ने हिमाचल में 20 स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है। इसमें केंद्रीय आप नेताओं के साथ-साथ हिमाचल के नेता भी शामिल हैं। 29 अक्तूबर से आप पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमाचल की ओर अपना रुख करेंगे।

02:12 PM, 26-Oct-2022

हिमाचल में मान और सिसोदिया पर रहेगा आप के चुनाव प्रचार का जिम्मा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर हिमाचल विधानसभा चुनाव में आप पार्टी के प्रचार का जिम्मा रहेगा। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल गुजरात विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं। ऐसे में उनके हिमाचल में चार संसदीय क्षेत्र में रोड शो होंगे। ज्यादातर रैलियां और रोड शो का जिम्मा भगवंत मान और सिसोदिया पर ही रहेगा। 

विज्ञापन
01:50 PM, 26-Oct-2022

अन्य स्टार प्रचारकों का दो से तीन दिन के भीतर तैयार होगा प्रदेश आने का कार्यक्रम

पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के चुनाव प्रचार का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। अन्य स्टार प्रचारकों को प्रत्याशियों की मांग के अनुसार उनके विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सचिन पायलट को कई प्रत्याशी अपने क्षेत्रों में बुलाने की मांग कर रहे हैं।

01:34 PM, 26-Oct-2022

प्रियंका गांधी चार दिनों के दौरान आठ जिलों में करेंगी प्रचार

विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी चार दिनों के दौरान आठ जिलों को कवर करेंगी। सोलन में प्रियंका गांधी पहले ही परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली से प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार का शंखनाद कर चुकी हैं। प्रियंका गांधी का किन्नौर, लाहौल स्पीति और बिलासपुर जिला में रोड शो या जनसभा करने का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। 

01:13 PM, 26-Oct-2022

दस नवंबर को शिमला में प्रियंका गांधी का रोड शो

चार नवंबर को सुबह चंबा में रोड शो और दोपहर को जिला कांगड़ा के शाहपुर में जनसभा होगी। सात नवंबर को ऊना में सुबह रोड शो और दोपहर को हमीरपुर में जनसभा होगी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दस नवंबर को सुबह राजधानी शिमला में प्रियंका गांधी रोड शो करेंगी और दोपहर को नाहन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। 

12:56 PM, 26-Oct-2022

31 अक्तूबर को सुबह 10:30 बजे प्रियंका गांधी का कुल्लू में रोड शो

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का पार्टी ने चुनाव प्रचार शेड्यूल तय कर दिया है। अन्य स्टार प्रचारकों का दो से तीन दिन के भीतर प्रदेश आने का कार्यक्रम तैयार होगा। 31 अक्तूबर को सुबह 10:30 बजे प्रियंका गांधी का कुल्लू में रोड शो होगा। दोपहर को मंडी में जनसभा होगी। 

12:38 PM, 26-Oct-2022

प्रियंका गांधी का पार्टी ने तय किया चुनाव प्रचार कार्यक्रम

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी 31 अक्तूबर से 10 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश में आठ रोड शो और जनसभाएं करेंगी। कुल्लू, चंबा, ऊना और शिमला शहर में रोड शो किए जाएंगे। मंडी, शाहपुर, हमीरपुर और नाहन में चुनावी जनसभाएं होंगी।

12:15 PM, 26-Oct-2022

निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे आशीष शर्मा

इस बीच जिला कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने आशीष को टिकट दिए जाने का विरोध करते हुए हमीरपुर में आपात बैठक बुलाई थी और हाईकमान को चेताया था कि अगर आशीष को टिकट मिलती है तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस पार्टी से सामूहिक इस्तीफा भी देंगे। दो दिन तक कांग्रेस प्रत्याशी घोषित न होने और टिकट न मिलने के कारण उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफे का एलान कर दिया। अब आशीष शर्मा निर्दलीय ही चुनाव लड़ेंगे।

12:04 PM, 26-Oct-2022

आशीष शर्मा भी टिकट की दौड़ में शामिल थे

हिमाचल प्रदेश गो सेवा आयोग के सदस्य आशीष शर्मा भी कांग्रेस की टिकट की दौड़ में शामिल रहे हैं। चार दिन पूर्व वह दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला से मिले थे। टिकट को लेकर आश्वासन मिलने के बाद आशीष ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारी हमीरपुर के समक्ष नामांकन भरा। लेकिन, इसी दौरान उन्होंने एक अन्य नामांकन भी भरा था, ताकि कांग्रेस से टिकट न मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकें।
 

11:34 AM, 26-Oct-2022

कांग्रेस ने भी हमीरपुर से चिकित्सक पर चला सियासी दांव

अब विधानसभा का टिकट मिलने के बाद डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक नरेंद्र ठाकुर के साथ माना जा रहा है। नरेंद्र ठाकुर पूर्व में दो बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं। इससे पहले भाजपा ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र से न्यूरो सर्जन डॉक्टर जनक राज को टिकट देकर विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया है। अब कांग्रेस ने भी हमीरपुर से एक चिकित्सक पर सियासी दांव चला है।
 

11:19 AM, 26-Oct-2022

पूर्व उद्योग मंत्री रणजीत सिंह वर्मा के पुत्र हैं डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा

उन्होंने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की तकरीबन सभी ग्राम पंचायतों में पिछले करीब छह साल से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर सुर्खियां बटोरी हैं। कोविडकाल में भी उन्होंने डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा फैंस क्लब बनाकर लोगों की सेवा की। हालांकि, हमीरपुर में भाजपा और कांग्रेस के अलावा बसपा, देवभूमि पार्टी, आम आदमी पार्टी और कुछ निर्दलीय भी चुनाव मैदान में हैं। 
 

10:59 AM, 26-Oct-2022

वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक के पद पर दे रहे सेवाएं

डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक हैं और वर्तमान में हमीरपुर में सेवाएं दे रहे हैं। वर्मा हिमाचल प्रदेश मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव के पद पर भी तैनात हैं। उन्होंने बीते माह ही ऐच्छिक सेवानिवृत्त के लिए स्वास्थ्य विभाग में आवेदन किया है। वह पूर्व उद्योग मंत्री रणजीत सिंह वर्मा के पुत्र हैं। डॉक्टर वर्मा की गिनती कांग्रेस प्रचार कमेटी के चेयरमैन एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबियों में होती है। वर्मा पिछले कई साल से चुनाव की तैयारी कर रहे थे। 

10:32 AM, 26-Oct-2022

हमीरपुर सीट से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को टिकट

इससे पहले कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने प्रदेशभर की 67 विधानसभा सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। तीन अलग-अलग सूचियां जारी की थीं। मंगलवार को जारी चौथी सूची में महज हमीरपुर सीट से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का नाम शामिल था।

10:15 AM, 26-Oct-2022

हमीरपुर सीट से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा कांग्रेस प्रत्याशी घोषित

कांग्रेस पार्टी ने लंबी जद्दोजहद के बाद हमीरपुर सीट से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस हाईकमान ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की चर्चित सीट पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। मंगलवार को नामांकन पत्र भरने की अवधि समाप्त होने से महज तीन घंटे पहले कांग्रेस हाईकमान ने प्रत्याशी की सूची सार्वजनिक की। 

09:55 AM, 26-Oct-2022

भाजपा में क्या मैं ही नेता हूं बेटे वाला : महेश्वर

आखिरी समय में कुल्लू विधानसभा से भाजपा से टिकट कटने के बाद पूर्व सांसद महेश्वर सिंह का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि क्या भाजपा में मैं ही नेता हूं, जिसका बेटा है। नाम नहीं गिनाऊंगा, लेकिन वक्त आया तो नाम भी गिनाऊंगा। इसी भाजपा में कई ऐसे हैं, जहां पिता और बेटा दोनों मंत्री हैं। मैंने क्या कसूर किया। महेश्वर सिंह ने कहा कि पार्टी का निर्णय है। मैं अपना निर्णय जनता पर छोडूंगा।

09:47 AM, 26-Oct-2022

गगरेट से कांग्रेस ने चैतन्य शर्मा को बनाया प्रत्याशी 

पार्टी ने मंगलवार सुबह इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कुल्लू से प्रत्याशी घोषित किए जा चुके महेश्वर सिंह का ही टिकट काट दिया। उनकी जगह पार्टी ने नरोत्तम ठाकुर को उम्मीदवार बना दिया है। वहीं, गगरेट से कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर पूर्व विधायक राकेश कालिया ने मंगलवार को नाराजगी जताते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। गगरेट से कांग्रेस ने चैतन्य शर्मा को प्रत्याशी बनाया है।
 

09:41 AM, 26-Oct-2022

हितेश्वर सिंह ने बंजार से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की हुंकार भरी

वहीं, भाजपा से टिकट कटने पर महेश्वर सिंह ने कुल्लू और बेटे हितेश्वर सिंह ने बंजार से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की हुंकार भर दी है। भाजपा ने महेश्वर को बंजार से निर्दलीय चुनाव लड़ने जा रहे उनके बेटे हितेश्वर सिंह को पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव मैदान से हटाने को कहा था। पार्टी नेतृत्व के इस आदेश पर चलते हुए महेश्वर ने बेटे को मनाने के लिए खूब जोर लगाया, लेकिन बेटा नहीं माना। 
 

09:26 AM, 26-Oct-2022

कुल्लू में महेश्वर को हटा नरोत्तम को दिया भाजपा का टिकट

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा ने कुल्लू से पार्टी प्रत्याशी पूर्व सांसद महेश्वर सिंह को हटाकर नरोत्तम ठाकुर को प्रत्याशी बना दिया है। वहीं, कांग्रेस ने भी नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने से सिर्फ तीन घंटे पहले हमीपुर से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की। उधर, जिला कांगड़ा के शाहपुर से कांग्रेस सरकार में पूर्व मंत्री रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया और गगरेट से कांग्रेस के पूर्व विधायक राकेश कालिया मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। 

09:21 AM, 26-Oct-2022

प्रदेश में अब कुल 639 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए

मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के अंतिम दिन 384 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। 17 से 21 अक्तूबर तक 255 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। प्रदेश में अब कुल 639 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। 27 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 29 अक्तूबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे।

09:13 AM, 26-Oct-2022

Himachal Election Live: हिमाचल में मान और सिसोदिया पर AAP के चुनाव प्रचार का जिम्मा, केजरीवाल करेंगे 4 रोड शो

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन घमासान देखने को मिला। चुनावों की तारीखों का एलान होने के बाद सभी पार्टियों में चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। कल नामांकन पत्र दाखिल करने का आखिरी दिन था। अब नामांकन पत्रों की जांच 27 अक्तूबर तक होगी। वहीं, 29 अक्तूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें