कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी जनसभा में मौजूद लोगों ने 'पोओके चाहिए पोओके' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि धैर्य रखिए।
उधर, कांग्रेस 5 नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के नेता घोषणापत्र जारी करेंगे। घोषणापत्र में कांग्रेस ओपीएस को लेकर कर्मियों के अलावा किसानों, बागवानों, महिलाओं और युवाओं को साधेगी। दस गारंटियों को फिर दोहराया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा। 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे। चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी का चुनाव घोषणापत्र चार नवंबर को जारी होगा। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर बाद ढाई बजे पीटरहॉफ शिमला में लांच करेंगे। घोषणापत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लेना है कि नहीं, इस बारे में असमंजस है। भाजपा इसे लागू करेगी कि नहीं, इस पर भी संशय बना है। भाजपा कर्मियों, किसानों-बागवानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत तमाम वर्गों को घोषणापत्र में शामिल करने का प्रयास कर रही है।