राजसमंद से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन सिंह रावत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखकर कहा कि किसी दूसरे को टिकट दिया जाए।
इससे पहले जयपुर लोकसभा से कांग्रेस द्वारा सुनील शर्मा को टिकट दिया गया था, जिसके दो दिन बाद सुनील शर्मा ने टिकट वापस करने की पेशकश कर दी। उसके बाद प्रताप सिंह को टिकट दिया गया था। वहीं, अब राजसमंद से कांग्रेस के द्वारा सुदर्शन सिंह रावत को प्रत्याशी बनाया गया है। लेकिन सुदर्शन सिंह रावत ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखकर चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
करौली-धौलपुर सीट से BJP और कांग्रेस के साथ BSP प्रत्याशी ने नामांकन भरा
आज नामांकन के अंतिम दिन करौली-धौलपुर लोकसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी इंदुदेवी जाटव, कांग्रेस प्रत्याशी भजनलाल जाटव और बसपा प्रत्याशी विक्रम सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। प्रदेश में प्रथम चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा।
प्रदेश में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में वसुंधरा भी
भाजपा ने लोकसभा चुनावों के मद्देनजर राजस्थान में अपने स्टार प्रचारकों की संभावित सूची जारी की है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही 10 केंद्रीय मंत्री और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का नाम शामिल है।
राजस्थान, उत्तरप्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के साथ ही 4 उपमुख्यमंत्रियों को भी पार्टी ने स्टार प्रचारक बनाया है। राजस्थान से पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।
इनके अलावा प्रचारकों की इस लंबी लिस्ट में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया और पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है जबकि अशोक परनामी का नाम सूची में नहीं है, जबकि वे भी पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। भजनलाल सरकार के दो कैबिनेट मंत्रियों डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के साथ विधायक के तौर पर बाबा बालकनाथ को स्टार प्रचारक बनाया गया है।
भाजपा से आज नामांकन दाखिल करने वालों में जयपुर शहर से मंजू शर्मा, बीकानेर से अर्जुनराम मेघवाल, गंगानगर से प्रियंका बालान, अलवर से भूपेंद्र यादव और करौली-धौलपुर से इंदुदेवी जाटव के नाम शामिल हैं।
दौसा से कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पायलट कैंप के मुरारी के समर्थन में जनसभा करने सचिन पायलट दौसा पहुंच रहे हैं।
इधर हाल ही में टिकट पाने की चाह से कांग्रेस में शामिल हुए नरेश मीणा ने बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वे भी आज दौसा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।