भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत के बिगड़े बोल
राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की कांग्रेस को घेरते हुए जबान फिसल गई। यहां उन्होंने कांग्रेस विधायकों को हिजड़ा तक बता दिया है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का यह सबसे खास मंत्री विधानसभा में यह बयान दे रहा था तो कांग्रेस के विधायक हिजड़े की तरह ताली बजा रहे थे। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत सोमवार को सांचौर में भाजपा प्रत्याशी देवजी पटेल के नामांकन के दौरान सभा को संबोधित कर रहे थे। दरअसल, कुछ समय पहले विधानसभा में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल का मर्दों के प्रदेश वाला बयान दिया था, जिसे भाजपा चुनावी मुद्दा बनाती दिख रही है।
कांग्रेस गारंटी यात्रा आज से शुरू, खरगे, राहुल और प्रियंका भी जुड़ेंगे
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन राज्य में सभी दो सौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,543 उम्मीदवारों ने 1,974 नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रदेश में कुल 2,605 उम्मीदवारों ने 3,436 नामांकन पत्र भरे हैं।
वहीं, विधानसभा चुनाव में जयपुर जिले की 19 विधानसभा क्षेत्र से कुल 289 प्रत्याशियों ने 378 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलिमा तक्षक ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 162 प्रत्याशियों ने 206 नामांकन पत्र जमा करवाए। उन्होंने बताया कि कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र से 11 प्रत्याशियों ने 17 नामांकन पत्र, विराटनगर विधानसभा क्षेत्र से 15 प्रत्याशियों ने 17 नामांकन तो वहीं शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से 13 उम्मीदवारों ने 16 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।