पाकिस्तान को पानी नहीं मिलेगा-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "पाकिस्तान को भारत के पानी का हक नहीं मिलेगा। यह भारत का ठेका और संकल्प है। कोई भी ताकत इस संकल्प को रोक नहीं सकती। जो पाकिस्तान आतंकियों का साथ देगा, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।"
मोदी की नसों में गरम सिंदूर बह रहा है: पीएम
पीएम मोदी ने कहा, "मेरी नसों में अब गरम लहू नहीं, बल्कि सिंदूर बह रहा है। भारत ने साफ कर दिया है कि हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ये कीमत पाकिस्तान की सेना और उनकी अर्थव्यवस्था दोनों चुकाएंगे। पाकिस्तान ने नाल एयरबेस को निशाना बनाया था, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं हुआ। वहीं, उनके रहिमयारखान एयरबेस को हम ने इतना नुकसान पहुंचाया कि वह अब ICU में पड़ा है और कब ठीक होगा पता नहीं। पाकिस्तान के साथ न तो व्यापार होगा और न ही बातचीत। अगर बात होगी तो केवल कश्मीर और पाकिस्तान के कब्जे वाले पीओके की होगी।"
ऑपरेशन सिंदूर ने तय किए तीन नियम-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से लड़ने के तीन नियम बनाए हैं। पहला, अगर भारत में कोई आतंकी हमला करेगा तो उसे तेज और कड़ा जवाब मिलेगा। इसे देश के खिलाफ युद्ध माना जाएगा और जवाब देने का समय सेना तय करेगी। दूसरा, भारत परमाणु धमकी से डरने वाला देश नहीं है। तीसरा, आतंकवादी और उन्हें समर्थन देने वाली सरकार को एक समान माना जाएगा। पाकिस्तान अपना ‘स्टेट’ और ‘नॉन-स्टेट’ वाला खेल नहीं चला पाएगा। पूरी दुनिया में अलग-अलग सात प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की सच्चाई दुनिया के सामने रखेंगे। पाकिस्तान का असली चेहरा सबके सामने आएगा।"
ये न्याय का नया स्वरूप है-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "यह बदले का खेल नहीं है, बल्कि न्याय का नया तरीका है। इसे ऑपरेशन सिंदूर कहते हैं। यह गुस्सा नहीं, बल्कि एक मजबूत भारत की ताकत है। ये भारत का नया रूप है। पहले दुश्मन घर में घुसकर हमला करता था, अब हमने सीधा सीने पर प्रहार किया है।"
मैं देश को कभी नहीं मिटने दूंगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि चुरू में मैंने कहा था कि एयर स्ट्राइक के बाद मैंने इस मिट्टी की कसम ली है कि मैं देश को कभी मिटने नहीं दूंगा और देश को कभी झुकने नहीं दूंगा। आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़े आदर के साथ कहना चाहता हूं कि पूरे देश में तिरंगा यात्राएं चल रही हैं। जो लोग देश की मिट्टी को मिटाने की सोच रहे थे, उन्हें हम मिट्टी में मिला चुके हैं। जो लोग हिंदुस्तान का खून बहा रहे थे, उनका हिसाब हमने लिया है। जो सोचते थे कि भारत चुप रहेगा, आज वे डर के मारे अपने घरों में छुपे हुए हैं। जो अपनी ताकत पर घमंड करते थे, वे आज मलबे के नीचे दबे हैं।
सिंदूर बना बारूद: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने सिर्फ 22 मिनट में आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकानों को तबाह कर दिया। जब सिंदूर बारूद बन जाता है, तो क्या अंजाम होता है, ये हमने पाकिस्तान को दिखा दिया। एक खास बात है, जब पांच साल पहले बालाकोट में एयर स्ट्राइक हुई थी, तब भी मेरी पहली जनसभा राजस्थान में हुई थी। और अब ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी मेरी पहली जनसभा बीकानेर में, आप सभी के बीच हो रही है। ये इस वीर धरती का ही असर है कि ऐसा संयोग बार-बार बनता है।"
पीएम मोदी बोले-पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर किया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हम एक तरफ सिंचाई की योजनाएं पूरी कर रहे हैं और नदियों को जोड़ने का काम भी कर रहे हैं, जिससे किसानों और राजस्थान की धरती को फायदा मिलेगा। राजस्थान की वीर धरती हमें सिखाती है कि देश और देशवासियों से बड़ा कुछ नहीं होता। 22 तारीख को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर मासूमों को मार डाला और मांग का सिंदूर उजाड़ दिया। वो हमला पहलगाम में हुआ था, लेकिन उसका दर्द पूरे देश ने महसूस किया। इसके बाद पूरे देश ने ठान लिया था कि आतंकवाद को जड़ से खत्म करना है। हमारी सरकार ने सेना को खुली छूट दी, और तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा जवाब दिया कि पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा।"
PM मोदी बोले-राजस्थान में तेजी से बढ़ रहा है विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "रिफाइनरी का काम अब आखिरी चरण में है। इकॉनॉमिक कॉरिडोर जालौर, बीकानेर जैसे कई शहरों से होकर गुजर रहा है। दिल्ली और मुंबई से भी राजस्थान के कई शहर अब सीधे जुड़ रहे हैं। राजस्थान में 'पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना' तेजी से आगे बढ़ रही है। इस योजना से अब तक 40 हजार से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं और इससे कमाई भी कर रहे हैं। बिजली से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास हुआ है और बिजली का बढ़ता उत्पादन राज्य को नई रफ्तार दे रहा है। राजस्थान महाराजा गंगा सिंह की धरती है। यहां के लोग पानी की अहमियत को अच्छे से जानते हैं।"
PM मोदी बोले: रेलवे के विकास के लिए 10,000 करोड़ से ज्यादा मिलेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "केंद्र सरकार रेलवे के विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करेगी। यह राशि 2014 के मुकाबले 15 गुना ज्यादा है। इससे राजस्थान का विकास और भी तेजी से होगा।"
PM मोदी बोले-बीकानेर को मिलेगा विकास का फायदा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "राजस्थान के गांव तेजी से तरक्की कर सकें और युवाओं को शहरों में अच्छे मौके मिलें, इसके लिए डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है। नई औद्योगिक नीतियां लागू की गई हैं, जिनका फायदा बीकानेर को जरूर मिलेगा। जब बीकानेर की बात होती है तो बीकानेरी भुजिया का स्वाद और रसगुल्लों की मिठास दुनिया भर में अपनी पहचान बना रही है और आगे और भी बढ़ेगी।"
PM मोदी बोले: अमृत स्टेशनों से बढ़ेगा रोजगार और टूरिज्म
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "इन अमृत स्टेशनों में देश का इतिहास दिखेगा। इनसे टूरिज्म बढ़ रहा है और लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। विकास के इन कामों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को फायदा हो रहा है। किसानों की फसलें आसानी से बाजार तक पहुंच रही हैं और नए उद्योग भी बन रहे हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण की शुरुआत की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "भारत माता की जय" के नारे के साथ अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा, "मैं यहां करणी माता का आशीर्वाद लेकर आया हूं। उनके आशीर्वाद से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और भी मजबूत हो गया है।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना भाषण का शुरू किया
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना भाषण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने PM मोदी का स्वागत किया और कहा, "मैं आप को ऑपरेशन संदूर के सफल होने की बधाई देता हूं।" उन्होंने देश की सेना और सैनिकों को भी ऑपरेशन संदूर के सफल होने की बधाई दी।
पीएम मोदी पलाना जनसभा स्थल पहुंचे, थोड़ी देर में करेंगे जनता को संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बीकानेर दौरे पर हैं और वे पलाना जनसभा स्थल पर पहुंच चुके हैं। इस वक्त मंत्री अर्जुन राम मेघवाल जनसभा को संबोधित कर रहे हैं और साथ ही पीएम मोदी के राजस्थान आने पर स्वागत भाषण दे रहे हैं। थोड़ी देर में पीएम मोदी भी जनता से बात करेंगे।
सीएम भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी को चरखा भेंट किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब जनसभा को संबोधित करने के लिए मंच पर आ गए हैं। यहां राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें साफा पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें चरखा भेंट किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत नए तरीके से बनाए गए देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने वर्चुअली 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में बने 103 अमृत रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया, जिन्हें 1,100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस मौके पर पीएम मोदी ने देशनोक स्टेशन से बीकानेर से मुंबई जाने वाली ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
PM मोदी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया
बीकानेर दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करणी माता के दर्शन के बाद देशनोक में शूरवीरों से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने किए करणी माता के दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करणी माता के दर्शन किए और माता की पूजा-अर्चना भी की। इस मौके पर उन्होंने आशीर्वाद लिया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी देशनोक स्टेशन का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह 11:30 बजे देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। यह स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए रूप में तैयार किया गया है। इस मौके पर पीएम मोदी बीकानेर से मुंबई जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री देशभर के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में बने 103 अमृत स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे, जिन्हें 1,100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 1,300 से ज्यादा स्टेशनों को नए अंदाज़ में बनाया जा रहा है। इन स्टेशनों की डिज़ाइन में स्थानीय पहचान और यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है।
PM मोदी लेंगे तनोट माता का आशीर्वाद
जैसे बीकानेर के देशनोक मंदिर का अपना महत्व है, वैसे ही जैसलमेर में स्थित तनोट माता मंदिर भी खास है। यह मंदिर भी पाकिस्तान के निशाने पर रहा है, लेकिन वहां के लोगों का मानना है कि तनोट माता के आशीर्वाद से दुश्मन आज तक कोई नुकसान नहीं कर सका। इसी वजह से पीएम मोदी का संदेश राजस्थान की धरती से सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह आस्था और देश की सुरक्षा की एकता का प्रतीक भी बनेगा।
कई योजनाओं की होगी शुरुआत
पीएम मोदी अपने दौरे में 26 हजार करोड़ रुपये से ज़्यादा की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में बीकानेर और उदयपुर की बिजली से जुड़ी परियोजनाएं, राजसमंद, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा और धौलपुर में नए नर्सिंग कॉलेज, झुंझुनूं जिले की गांवों के लिए पानी की योजना और पाली जिले के सात शहरों की जल योजनाओं का सुधार शामिल है। इससे साफ है कि प्रधानमंत्री सिर्फ देश की सीमाओं की सुरक्षा नहीं कर रहे, बल्कि राजस्थान के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और पानी की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: करणी माता मंदिर में दर्शन भी करेंगे पीएम मोदी