पंजाब में पीएम के दौरे के दौरान सुरक्षा में हुई चूक पर भाजपा ने पंजाब सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। एक टीवी चैनल का हवाला देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पंजाब पुलिस को पहले से मालूम था कि पीएम के दौरे के दौरान कई सड़कों को चक्काजाम किया जाएगा। दो जनवरी को फिरोजपुर के डीएसपी सुखदेव सिंह ने इसकी रिपोर्ट भी अपने उच्च अधिकारियों को भेजी थी। यही नहीं, दौरे के वक्त भी पहले से ही बता दिया गया था कि चक्काजाम होने वाला है। इसके बावजूद उच्च अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाया।
शहजाद ने इसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर हमला बोला। आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने चन्नी के कहने पर ही पीएम के सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले की बड़ी साजिश थी। शहजाद ने मुख्यमंत्री चन्नी का इस्तीफा मांगा।
क्या विधायकों के भाजपा छोड़ने के बाद यूपी का चुनाव 50/50 हो गया
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने पद और पार्टी से इस्तीफा दिया तो उनके साथ सात अन्य विधायक भी भाजपा से निकल लिए। चार विधायक पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं। इस तरह से कुल 11 विधायक अब तक भाजपा छोड़ चुके हैं। चुनाव की तिथियों के एलान के बाद अचानक हुए इस उलटफेर के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि योगी आदित्यनाथ जिस मुकाबले को 80/20 मानकर चल रहे थे क्या वह अब 50/50 का हो चला है? या अब भी खेला होना बाकी है..? पढ़िए पूरा विश्लेषण...
उत्तराखंड में कांग्रेस उम्मदीवारों की पहली लिस्ट अगले सात दिन में आ सकती है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा है कि अगले सात दिन के अंदर हम पहली लिस्ट जारी कर देंगे। इसके बाद हम देखेंगे कि भाजपा कितनी बीमार हुई है, उसकी बीमारी का अंदाज लगाकर हम दूसरी लिस्ट जारी करेंगे।
मौर्य का सपा में जाना भाजपा के लिए कितनी तगड़ी चोट? जातिगत समीकरण के हिसाब से अखिलेश को क्या मिलेगा फायदा?
सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज (सीएसडीएस) के निदेशक और राजनीतिक विश्लेषक संजय कुमार मानते हैं कि निश्चित तौर पर यह भाजपा के लिए एक बड़ा झटका है। क्योंकि 2014-2019 के लोकसभा चुनाव की बात करें या 2017 के विधानसभा चुनाव की, भाजपा के जबरदस्त प्रदर्शन और उसे सत्ता में लाने के पीछे गैर यादव ओबीसी वोट बैंक का योगदान रहा था। (पढ़ें पूरा विश्लेषण)
भाजपा विधायक बृजेश कुमार प्रजापति ने पार्टी की प्रथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य पिछड़े वर्ग की आवाज हैं। वो हमारे नेता हैं। मैं उनके साथ हूं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में भाजपा के 13 और विधायक सपा में शामिल हो सकते हैं। पवार ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं। मुंबई में मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उनकी पार्टी गोवा में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से गठबंधन के लिए बात कर रही है। माना जा रहा है कि भाजपा को हराने के लिए पवार महाराष्ट्र की तर्ज पर ही यहां भी महाविकास अघाड़ी जैसा गठबंधन बनाने की कोशिश कर सकते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
कांग्रेस ने 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस की मेनिफेस्टो कमेटी और कैंपेन कमेटी का गठन कर दिया है। एक माह पहले कांग्रेस हाईकमान ने चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की कमान सांसद प्रताप सिंह बाजवा को सौंपी गई थी। वहीं, सुनील जाखड़ को कैंपेन कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। अब इन कमेटियों के सदस्यों का एलान किया गया है। डॉ. अमर सिंह को चुनाव घोषणा पत्र कमेटी का संयोजक बनाया गया है। वहीं वित्तमंत्री मनप्रीत बादल को सह प्रभारी बनाया गया था। वहीं सुनील जाखड़ की अध्यक्षता वाली कैंपेन कमेटी में रवनीत सिंह बिट्टू को संयोजक बनाया गया है। अमरप्रीत सिंह लाली को कमेटी का सहप्रभारी बनाया गया है।
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद अब कानपुर के बिल्हौर से भाजपा के विधायक भगवती प्रसाद सागर और शाहजहांपुर की तिलहर विधानसभा से विधायक रोशन लाल वर्मा और बांदा के तिंदवारी से विधायक ब्रजेश प्रजापति ने भी पार्टी छोड़ दी है। इन तीनों के भी समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है।
केशव मौर्य ने कहा- बैठकर बातचीत करिए
भाजपा सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद सात और भाजपा विधायकों के इस्तीफे की चर्चा। इन विधायकों में रोशन लाल वर्मा, भगवती सागर, बृजेश प्रजापति, ममतेश शाक्य, विनय शाक्य, धर्मेंद्र शाक्य और नीरज मौर्य शामिल हैं। रोशन लाल वर्मा ही स्वामी प्रसाद मौर्य का इस्तीफा लेकर राजभवन गए थे।
वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्विट कर कहा, 'आदरणीय स्वामी प्रसाद मौर्य जी ने किन कारणों से इस्तीफा दिया है, मैं नहीं जानता हूं। उनसे अपील है कि बैठकर बात करें जल्दबाजी में लिये हुये फैसले अक्सर गलत साबित होते हैं।'
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने मंगलवार दोपहर चंडीगढ़ में एक प्रेसवार्ता के दौरान पंजाब मॉडल पेश किया। उन्होंने पंजाब मॉडल को राज्य के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि सालों से हर कोई यह कहता आ रहा है कि पंजाब का खजाना खाली है, लेकिन कोई रोड मैप नहीं बताता। हमारे साथ जो राज्य शुरू हुए थे वह आज पंजाब से 20 गुना अधिक बढ़ गए हैं, हम आज भी वहीं पर हैं। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में लिकर कॉरपोरेशन, सेंड माइनिंग कॉरपोरेशन, रेगुलेटरी कमीशन, ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के साथ केबल माफिया को ढर्रे पर लाकर अभी तक के हुए नुकसान को पूरा किया जा सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)
शहजहांपुर के तिलहर से विधायक और स्वामी प्रसाद मौर्य के करीबी रोशनलाल वर्मा मौर्य का इस्तीफा लेकर राजभवन पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य ही मेरे नेता हैं। जहां वो जाएंगे वहीं मैं भी जाऊंगा।
योगी सरकार से इस्तीफा देने के आधे घंटे के भीतर स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट करके ये जानकारी दी। (पढ़ें पूरी खबर)
उत्तर प्रदेश के श्रम, सेवायोजन और समन्वय विभाग मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। स्वामी प्रसाद समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उनके साथ उनके कुछ समर्थक विधायक भी भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हो सकते हैं। टिकट के बंटवारे को लेकर उनका भाजपा से विवाद चल रहा है। मौर्य 2017 विधानसभा चुनाव से पहले मौर्य बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। योगी सरकार से पहले वो मायावती की सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। मौर्य की बेटी संघमित्रा बदायूं से सांसद हैं।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद के सपा में शामिल होने पर यूपी सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सपा पर हमला बोला है। सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में टुकड़े-टुकड़े गैंग के कई सदस्य हैं। कांग्रेस की टुकड़े-टुकड़े गैंग आज सपा में शामिल हो रही है। ये लोग सांप्रदायिकता का बीज बोकर राष्ट्रवादी ताकतों को कमजोर करना चाहते हैं।
आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए 18 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी अब तक 42 सीटों पर उम्मीदवार का एलान कर चुकी है। कुल 70 सीटों वाली उत्तराखंड विधानसभा के लिए 28 प्रत्याशियों की घोषणा अभी बाकी है।
बसपा सुप्रीमो मायावती और महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा आगामी विधानसभा चुनाव में नहीं उतरेंगे। बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने मंगलवार को ये एलान किया।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को लेकर बड़ी खबर आ रही है। बीबीसी हिंदी ने आरोप लगाया कि एक इंटरव्यू के दौरान जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से धर्म संसद को लेकर सवाल पूछा गया तो वह भड़क गए। उन्होंने इंटरव्यू के बीच में ही माइक उतारकर फेंक दिया और अपने सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर इंटरव्यू की फुटेज भी डिलीट करा दी थी, जिसे बाद में रिकवर कर लिया गया।
प्रत्याशियों के नामों पर मंथन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत प्रदेश भाजपा के कई पदाधिकारी दिल्ली पहुंच गए हैं। यहां पार्टी मुख्यालय पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। इसमें यूपी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा होगी।
गोवा चुनाव को लेकर राहुल गांधी की आज बैठक
गोवा चुनाव को लेकर आज शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी गोवा कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने साफ कर दिया की गोवा में टीएमसी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। देर रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके अफवाहों पर विराम लगा दिया।
केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके कहा कि गोवा विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के साथ गोवा में गठबंधन की किसी भी तरह की कोई संभावना नहीं है। यह भी बोले कि हमें विश्वास है कि हम जल्द ही गोवा को प्रगति के रास्ते पर जल्द ही वापस लाएंगे।
प्रियंका ने कहा- सोशल मीडिया पर भाजपा मजबूत
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने सोशल मीडिया और अर्चुअल चुनाव प्रचार-प्रसार में भाजपा को आगे बताया। कहा, 'भाजपा की सोशल मीडिया मशीनरी काफी मजबूत है। वे काफी दिनों से इस पर काम कर रहे हैं। मैं अखिलेश यादव के बयान से सहमत हूं। भाजपा को सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार में मदद मिलेगी।'
चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक किसी भी तरह की फजिकल रैली, सभा, रोड शो आदि पर रोक लगा दी है। इसको लेकर अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा के लोग डिजिटल प्लेटफार्म पर कब्जा जमाए हुए हैं।
यूपी : मुलायम ने कहा, लाल टोपी से परेशान हो गए भाजपा नेता
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि लाल टोपी से भाजपा के तमाम नेता परेशान हो गए हैं। लाल टोपी खतरे की निशानी है। यह व्यवस्था परिवर्तन में अहम योगदान देगी। पार्टी कार्यालय पहुंचे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि लाल टोपी यूपी के लिए रेड अलर्ट है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक बड़े नेता ने कहा कि समाजवादी पार्टी की लाल टोपी खतरनाक है और लाल टोपी से वे लोग परेशान हो गए हैं।
गोवा : कांग्रेस ने टीएमसी पर लगाया आरोप
राहुल गांधी की गोवा के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक को लेकर पार्टी नेता दिनेश आर गुंडू राव ने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन या बातचीत नहीं हो रही है।' आरोप लगाया कि टीएमसी के गोवा में राजनीतिक प्रयास भाजपा को नहीं बल्कि कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए थे। राव ने कहा कि टीएमसी ने हमारे विधायकों को खरीद लिया है और अब उन्हें सीट देने के लिए हमारे साथ गठबंधन करना चाहती है पार्टी।