फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rahul Gandhi MP Visit Live: राहुल ने छेड़ा जातिगत जनगणना का राग, बोले- सरकार बनी तो देश का एक्स-रे निकालेंगे

Sat, 30 Sep 2023 01:59 PM IST
रवींद्र भजनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शाजापुर/भोपाल

खास बातें

Rahul Gandhi in Shajapur Live: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकला में प्रदेश की भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश में भ्रष्टाचार का एपिसेंटर है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:51 PM, 30-Sep-2023

राहुल ने कहा- विचारधारा की लड़ाई है, एक तरफ गांधी जी और दूसरी तरफ गोड़से 

राहुल गांधी ने पोलायकला में कहा कि हमारी विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस है और दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस। एक तरफ गांधी जी और दूसरी तरफ गोड़से। एक तरफ नफरत और एक तरफ मोहब्बत है। यह लोग जहां जाते हैं, वहां नफरत फैलाते हैं। मध्य प्रदेश में किसान, युवा इनसे नफरत करने लगा है। इन लोगों ने जो जनता के साथ किया, वह अब जनता उनके साथ कर रही है। इस वजह से हमने यह सात जन आक्रोश यात्राएं मध्य प्रदेश में निकाली हैं। इससे पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले थे। मध्य प्रदेश में लगभग 370 किमी हमारी यात्रा चली थी। किसानों, युवाओं, माता-बहनों से मिले। मुझे सिर्फ दो-तीन बातें कही। मध्य प्रदेश हिंदुस्तान में भ्रष्टाचार का एपिसेंटर है। जितना भ्रष्टाचार बीजेपी के लोगों ने मध्य प्रदेश में किया है, पूरे देश में नहीं किया है। बच्चों के फंड्स, मिड-डे मील के फंड्स, स्कूल यूनीफॉर्म के फंड्स चोरी किए। महाकाल कॉरिडोर में बीजेपी ने पैसा चोरी किया। व्यापमं स्कैम को आप सब जानते हैं। एक करोड़ युवाओं को नुकसान पहुंचाया। सीट्स बेची जाती है। पेपर लीक किए जाते हैं। यह इनका राज है। 



पहली बार किसान टैक्स दे रहा है
राहुल ने कहा कि आप किसान हैं। आप लोग यहां सोयाबीन उगाते हैं। किसानों ने हमें बताया कि सरकार यहां उचित दाम नहीं देती है। छत्तीसगढ़ में किसानों से पूछिए तो पता चलेगा कि धान के लिए हम किसानों को कितना पैसा देते हैं। हमने हर वायदा पूरा किया। मध्य प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ समेत हर राज्य में किसानों की कर्ज माफी की थी। कमलनाथ जी किसानों का कर्ज माफ कर रहे थे। यहां बीजेपी वालों ने आपको धोखा देकर सरकार चुरा ली। पिछले 18 साल में यहां 18 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। हर रोज तीन किसान यहां मरते हैं। यहां इनकी सरकार है। यह लोग चुने हुए लोगों के लिए काम करते हैं। हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रह है। इन्होंने किसानों को दबाने, खत्म करने के काले कानून लाए। हिंदुस्तान के सारे किसान एकजुट होकर इनके खिलाफ खड़े हो गए। नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि किसानों के फायदे के लिए यह कानून लाए हैं। जब उनके फायदे का है तो किसान सड़क पर क्यों उतरे हैं। नरेंद्र मोदी कहना चाहते थे कि किसानों को कोई समझ नहीं है। हिंदुस्तान के दो-तीन अरबपति, अदाणी जी किसान को फायदा पहुंचाने के लिए काम करते हैं। आप कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल जाइए, वहां हमारी सरकारें गरीबों के लिए काम करती है। कर्नाटक में हमने किसानों, महिलाओं, गरीबों के लिए पांच गारंटी दी। कर्नाटक की महिलाएं बस में जाने के लिए एक रुपया नहीं देती है। कहीं भी जाना हो, फ्री में जाती हैं। हर महीने उनके बैंक खातों में सरकार सीधे पैसा देती है। छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ किया। किसानों को सही दाम दिलवाते हैं। राजस्थान में मुफ्त में दवा मिलती है। 15 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज होता है। हार्ट सर्जरी करानी हो तो वह फ्री में होती है। सरकार जनता के लिए होनी चाहिए, किसी संगठन या एक-दो उद्योगपतियों के लिए नहीं चलनी चाहिए। ऐसी ही सरकार हम यहां मध्य प्रदेश में चलाना चाहते हैं।

अदाणी जी की सच्चाई बोलना शुरू की तो लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मैंने संसद में जैसे ही अदाणी जी की बात शुरू की। वैसे ही मेरी लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी। आप सोचिए, अदाणी की रक्षा करने के लिए एकदम मेरी लोकसभा की सदस्यता को कैंसल कर दिया। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सच्चाई बोलता हूं। देश के सामने अदाणी जी एक सच्चाई है। पोर्ट्स देख लीजिए, एयरपोर्ट्स देख लीजिए, इंफ्रास्ट्रक्चर देख लीजिए, हर जगह आपको अदाणी जी दिखाई देंगे। अदाणी जी किसानों की जेब से रोज आपका पैसा निकालते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, डीजल, फर्टिलाइजर में आपका पैसा निकलता है और इन दो उद्योगपतियों के पास जाता है। मीडिया वालों की बात की। वह लोग मोदी जी का चेहरा 24 घंटे दिखाएंगे। हमें नहीं दिखाएंगे। ऐस क्यों? इनका रिमोट कंट्रोल अदाणी जी के हाथ में है। सच्चाई अदाणी जी से बड़ी है।

महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं रखा? 
राहुल ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा ने महिला आरक्षण की बात की। हमने एक सवाल उठाया। भाजपा ने कोई जवाब नहीं दिया। हमने पहले कहा कि महिला आरक्षण अच्छा है लेकिन इसमें आपने दो छोटी लाइनें लिख रखी है। इन्हें मिटाइए। एक लाइन थी- महिला आरक्षण से पहले सर्वे करने की जरूरत है। दूसरी लाइन थी- महिला आरक्षण करने से पहले हमें जो परिसीमन करना है। इससे महिला आरक्षण दस साल बाद होगा। आज नहीं होगा। हमने कहा कि यह दो लाइन बदलिए। हमने सवाल पूछा कि महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं है? नरेंद्र मोदी जी आप कहते हैं कि आप ओबीसी नेता हैं। ओबीसी के लिए काम करते हैं। आपने महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं किया? आंकड़ों ने मुझे हैरान कर दिया। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि बीजेपी में ओबीसी के विधायक और सांसद है। सबसे पहले कांग्रेस की चार सरकारें हैं और इसमें तीन मुख्यमंत्री ओबीसी है। दूसरी बात, संसद या विधानसभा में जाकर भाजपा के सांसद-विधायक से पूछ लीजिए कि कानून बनाते समय क्या आपसे पूछा जाता है क्या?  कानून भाजपा के एमएलए-एमपी नहीं, आरएसएस वाले और अफसर बनाते हैं।

90 अफसर देश चलाते हैं, उनमें सिर्फ तीन ओबीसी के
राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान को 90 अफसर चलाते हैं। कैबिनेट सचिव, और भारत सरकार के सचिव हिंदुस्तान की सरकार को चलताे हैं। यह लोग कानून बनाते हैं। कितना पैसा कहां जाना है, यह तय करते हैं। बीजेपी की दस साल से सरकार है। ओबीसी की आबादी कितनी है, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। जातिगत जनगणना नहीं हुई है। ओबीसी की आबादी हिंदुस्तान में लगभग 50 प्रतिशत है। 90 अफसरों में सिर्फ तीन अफसर ओबीसी के हैं। दो-तीन साल पहले देखते तो हिंदुस्तान की सरकार में 90 में से शून्य अफसर ओबीसी से थे। यह देश की सच्चाई है। नरेंद्र मोदी जी ओबीसी के लिए, दलितों, आदिवासियों के लिए काम नहीं करते हैं। आपका ध्यान इधर-उधर करते हैं। हिंदुस्तान का बजट लाखों करोड़ों का है। यह तीन ओबीसी अफसर इनकी भागीदारी बजट में कितनी है? यह कितने रुपये पर निर्णय लेते हैं? तकरीबन 43 लाख करोड़ रुपये का बजट है। किसी को पता ही नहीं है। सच्चाई यह है कि हिंदुस्तान के पूरे बजट में पांच प्रतिशत की भागीदारी ओबीसी के अफसरों के हाथ में है। सही में मोदी ओबीसी के लिए काम करते हैं तो 90 अफसरों में उनकी संख्या तीन क्यों है? ओबीसी की जेब से पैसा चोरी हो रहा है। 

सरकार बनी तो पहला काम जातिगत जनगणना का होगा
राहुल ने कहा कि कमलनाथ जी को चोट लगी। वह डॉक्टर के पास गए तो उसने पहले एक्स-रे और एमआरआई करवाया। सब लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान में ओबीसी, आदिवासी, दलित है। जब हम पूछते हैं कि ओबीसी कितने हैं? दलित कितने हैं? इसका कोई जवाब नहीं दे सकता। हमें हिंदुस्तान का एक्सरे करना है। यह पता लगाना है कि यदि 90 अफसर हिंदुस्तान को चला रहे हैं और पांच प्रतिशत हिस्सेदारी मिल रही है। यदि उनकी भागीदारी 50 प्रतिशत है तो उनका कंट्रोल 5 प्रतिशत बजट पर क्यों है? मैं सवाल उठाता हूं तो नरेंद्र मोदी भाग जाते हैं। अमित शाह कुछ और कहने लगते हैं। हिंदुस्तान के सामने सिर्फ एक मुद्दा है- जातिगत जनगणना। कांग्रेस की सरकार बनी तो पहला काम यही होगा। हमारी सरकार थी तब हमने जातिगत जनगणना करवाई थी। नरेंद्र मोदी जानते हैं कि हिंदुस्तान में ओबीसी कितने हैं। वह बताना नहीं चाहते कि ओबीसी कितने हैं? वह आपको सच्ची शक्ति नहीं देना चाहते हैं। वह आपके लोगों को विधानसभा में बिठाते हैं लेकिन चुप करा देते हैं। हम चाहते हैं कि सबकी भागीदारी हो। किसानों को सही दाम मिले। यह सबका हिंदुस्तान है। दो-तीन उद्योगपतियों का है। हमारा पहला काम जातिगत जनगणना होगा। हमारी सरकार आएगी तो हम देश को बता देंगे कि कितने ओबीसी है।  
 

12:42 PM, 30-Sep-2023
कमलनाथ ने शाजापुर के पोलायकला को संबोधित किया। - फोटो : अमर उजाला

कमलनाथ का आरोप- शिवराज की झूठ की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है 
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनावी बेला में शिवराज सिंह चौहान की झूठ की और घोषणा की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है। यह आपके सामने तस्वीर है। यह लोग यात्रा निकाल रहे हैं। इन्होंने पंचायत से मंत्रालय तक 50 प्रतिशत कमीशन की मशीन चलाई है। उन्हें तो रेट कार्ड की यात्रा निकालना चाहिए। भाजपा का समय आ गया है। मध्य प्रदेश के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि शिवराज सिहं को प्यार से रवाना करेंगे। भाजपा के पास सिर्फ पुलिस, पैसा और प्रशासन है। याद रखियेगा कि कल के बाद परसो भी आता है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह चुनाव दो महीने में हमारे सामने है। यह उम्मीदवार या पार्टी का चुनाव नहीं है। यह मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। आप सब लोग सच्चाई का साथ देंगे। 

12:27 PM, 30-Sep-2023

प्याज-लहसन से हुआ राहुल का स्वागत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोलायकला में राहुल का स्वागत प्याज-लहसन से किया। मंच से कहा गया कि यह इलाका प्याज और लहसन की खेती का है। यहां की सरकार ने प्याज और लहसन पर 40 प्रतिशत टैक्स लगाया है। 

विज्ञापन
11:33 AM, 30-Sep-2023

शोभा ओझा का आरोप- अंधेर नगरी चौपट राजा

कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने पोलायकलां में जनसभा की शुरुआत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में अंधेर नगरी चौपट राजा है। नवंबर में चुनाव होंगे। कमर कस लीजिए। भाजपा हर तरह का हथकंडा अपनाएगी और भ्रमित करेगी। लोगों को गुमराह करने के लिए प्रयास कर सकते हैं। सात सांसदों को चुनावों में उतारा है। इससे कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्हें डर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कहना चाहती हूं कि आप भी चुनाव लड़ लीजिए। कांग्रेस के विधायक और उम्मीदवार आपको भी धूल चटा देंगे। इंदौर में संजय शुक्ला के सामने कैलाश विजयवर्गीय को उतारा है। मैं दावे के साथ कहती हूं कि संजय शुक्ला निश्चित तौर पर कैलाश विजयवर्गीय को पटखनी देंगे। 

 

11:30 AM, 30-Sep-2023
इंदौर एयरपोर्ट पर युवाओं ने कुछ इस अंदाज में राहुल गांधी के साथ सेल्फी ली। - फोटो : अमर उजाला

इंदौर से शाजापुर के लिए रवाना

राहुल गांधी शनिवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत अन्य नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। वहां से हेलिकॉप्टर में बैठकर ही शाजापुर के लिए रवाना हो गए। वे सीधे पोलायकलां पहुंचेंगे, जहां जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे उज्जैन दुष्कर्म और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरेंगे। 

विज्ञापन
09:47 AM, 30-Sep-2023

Rahul Gandhi MP Visit Live: राहुल ने छेड़ा जातिगत जनगणना का राग, बोले- सरकार बनी तो देश का एक्स-रे निकालेंगे

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करने के लिए शनिवार को राहुल गांधी शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकलां आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, मध्य प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई पूर्व मंत्री और प्रदेश के पदाधिकारी इस जनसभा में शामिल होंगे।  

राहुल गांधी इस सभा के जरिये मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। चुनावों से पहले यह राहुल गांधी की पहली आमसभा होगी। जनसभा और यात्रा के स्वागत की तैयारियां अंतिम स्टेज पर पहुंच गई हैं। इससे पहले शुक्रवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र जोशी, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, कालापीपल विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुणाल चौधरी ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने शुक्रवार को भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के कार्यक्रम की जानकारी दी थी। राहुल गांधी सुबह इंदौर पहुंचेंगे। उसके बाद शाजापुर के लिए रवाना होंगे। 



मालवा की सीटों पर डालेंगे असर
शाजापुर के पोलायकलां की सभा से राहुल गांधी न केवल मध्य प्रदेश के चुनाव अभियान का आगाज करेंगे, बल्कि उनका फोकस मालवा-निमाड़ की सीटों पर होगा। 2018 के चुनावों में कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाने में इस इलाके में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा राहुल गांधी ने जब भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, तब वे मध्य प्रदेश के इसी इलाके में सबसे अधिक पैदल चले थे।   

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें