04:53 PM, 16-Feb-2023
दस घंटे से लगा है इंदौर-भोपाल हाईवे पर जाम।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्राक्ष वितरण अनिश्चित काल के लिए रोका
अत्यधिक भक्तों के पहुंचने की वजह से रुद्राक्ष का वितरण भी अनिश्चित काल के लिए रोका गया है। इस बात का जिक्र पंडित मिश्रा ने पहले दिन की कथा के दौरान भी किया।
मंडी पुलिस ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि महाराष्ट्र के नासिक के मालेगांव से आई मंगला बाई पति गुलाब (50) की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे चक्कर आया। वह गिर पड़ी। संभवतः उसे हार्ट अटैक आया था। उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पैदल चलना भी मुश्किल
भक्तों के काफी संख्या में पहुंचने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। महोत्सव के दौरान तीन महिलाएं लापता हो गईं हैं। एक महिला छत्तीसगढ़ के भिलाई से आई हैं। दूसरी राजस्थान के गंगापुर की रहने वाली हैं, तीसरी महाराष्ट्र के बुलढाणा की रहने वाली बताई जा रही हैं।
इंदौर से जाने वाले भारी वाहनों का डाइवर्जन
कुबेरेश्वर धाम 16 से 22 फरवरी तक चल रहे धार्मिक आयोजन में भारी जनसैलाब के आने के कारण और सभी की सुरक्षा एवं किसी भी प्रकार की दुर्घटनाओं से बचाव को ध्यान रखते हुए इंदौर से भोपाल जाने वाले भारी वाहनों का डाइवर्जन किया गया है। इंदौर यातायात पुलिस ने इस संबंध में एहतियाती कदम उठाए हैं। वैकल्पिक रुट के तौर पर आष्टा-कुरावर से कालापीपल होते हुए इंदौर से भोपाल वाहन जा रहे हैं। इसी तरह खातेगांव (देवास) से नसरुल्लागंज और बुदनी होते हुए भी इंदौर से भोपाल जा रहे हैं। अगले चार दिन इसी तरह की स्थिति रहने का अनुमान है।