फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Samwad 2025 Live: 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 12 प्राथमिक सेवाएं शामिल', संवाद में बोलीं अनुप्रिया पटेल

Thu, 26 Jun 2025 06:27 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

खास बातें

 Amar Ujala Samwad Madhya Pradesh 2025 Live News Updates in Hindi: विकास से जुड़ी नीतियां, अर्थव्यवस्था, सिनेमा, खेल और अध्यात्म जैसे विषयों पर सारगर्भित चर्चा के लिए पहचाने जाने वाला 'अमर उजाला संवाद' कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया गया। सीएम मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में 'संवाद' में अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां जुटीं और मध्य प्रदेश के विकास समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
विज्ञापन
अमर उजाला संवाद में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:55 PM, 26-Jun-2025

'आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 12 प्राथमिक सेवाएं शामिल'
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा- आज देश में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा 1 लाख 77 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर के द्वारा देश के आम नागरिक को पहुंचाई जा रही है। ये पहले भी थे, लेकिन अंतर क्या है? आज ये नए स्वरूप में हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर आज केवल पुरानी पद्धति पर चलकर जो मातृत्व और बच्चों को मिलने  वाली स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है। बल्कि इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आज 12 प्राथमिक सेवाओं का पैकेज इस देश के हर नागरिक को उपलब्ध कराया जा रहा है। और जब हम 12 सेवाओं की जब हम बात करते हैं तो सभी जरूरी सेवाएं इसमें आ जाती है। 

05:51 PM, 26-Jun-2025

हमारी सरकार ने मध्य प्रदेश में 14 नए मेडिकल कॉलेज बनाए
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा 2047 का भारत कैसा हो, भारत की सेहत कैसी हो? आज देश के ऐसे बहुत सारे ग्रामीण इलाके और पिछड़े इलाके हैं उनमें खासतौर से स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की उपलब्धता की चुनौती रहती है। 2047 में हमें ऐसा भारत नहीं चाहिए। अगर 2047 में ऐसा भारत नहीं चाहिए तो काम तो अभी से करना पड़ेगा। इस दिशा में हमने काम शुरू कर दिया है। 2047 में हमारे देश के अंदर डॉक्टर पॉपुलेशन रेशियो चिंता का विषय न हो। देश के दूरस्थ इलाकों, सबसे ग्रामीण, सबसे पिछड़े इलाकों में डॉक्टर्स हों और विशेषज्ञ डॉक्टर्स हों। कोने-कोने में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर्स हों इसकी चिंता भी हमारी सरकार ने की। 11 वर्षों में हमने 157 नए मेडिकल कॉलेज बनाकर खड़े किए। आज हमारे देश में 780 से अधिक मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। यानी 101 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है मेडिकल कॉलेज की हमारी सरकार में। मध्य प्रदेश में हमने 14 नए मेडिकल कॉलेज बनाए हमारी सरकार आने के बाद। 

05:28 PM, 26-Jun-2025

नई और पुरानी स्वास्थ्य नीति की भिन्नता के बारे में बताया
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि हमारी सरकार में देश की सेहत को दुरुस्त करने का काम 11 वर्षों से तेजी से आगे बढ़ाया है। 2014 में जब हमारी सरकार बनी तो सबसे पहला काम जो हमने किया वह दशकों पुरानी स्वास्थ्य नीति को बदलने का किया। 2017 में हमने नई स्वास्थ्य नीति इस देश को सौंपी और हमारे देश की नई स्वास्थ्य नीति दशकों पहले से जो स्वास्थ्य नीति चल रही थी उससे कैसे भिन्न है उसको समझना जरूरी है। जहां हमारी पुरानी स्वास्थ्य नीति, केवल बीमारियों के रोकथाम, बीमारियों के उपचार तक सीमित रहती थी। वहीं हमारी नई स्वास्थ्य नीति 2017 समग्र स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली इस दृष्टिकोण के साथ आई है। हम पहले क्यूरेटिव हेल्थ की बात करते थे, लेकिन आज जो हमारी नई स्वास्थ्य नीति है, वो निवारक, संवर्धनात्मक, उपचारात्मक, पुर्नवास और उपषामक। इस समग्र दृष्टिकोण के साथ देश के स्वास्थ्य के ढांचे को मजबूत करने में लगी हुई है। हमारी नई स्वास्थ्य नीति के केंद्र में है, यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज, यानी देश के एक-एक नागरिक के लिए स्वास्थ्य सेवा न केवल सुलभ हो, बल्कि किफायती भी हो, गुणवत्तापूर्ण हो। और इसके लिए जरूर है कि स्वास्थ्य का पूरा जो पिरामिड है, यानी प्राइमरी, सेकेंडरी, टर्शरी- इन तीनों पर हम ध्यान दें और मजबूत करें।

विज्ञापन
05:25 PM, 26-Jun-2025

अमर उजाला का अभिनंदन- अनुप्रिया पटेल
सबसे पहले अमर उजाला का अभिनंदन, मध्य प्रदेश के दिल भोपाल में देश और प्रदेश की सेहत की बात करने के लिए संवाद का आयोजन किया। अमर उजाला का शुक्रिया, आपने मुझे इस मंच पर भारत सरकार का दृष्टिकोण रखने का मौका दिया। देश की स्वास्थ्य सेवा में एक नए युग की शुरुआत हुई है। हमारी सरकार ने, देश के प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प इस देश के करोड़ों देशवासियों के साथ लिया है।



स्वस्थ भारत ही, समृद्ध भारत-विकसित भारत की नींव: अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प इस देश के करोड़ों-करोड़ों देशवासियों के साथ मिलकर लिया है। जब 2047 में हम विकसित भारत की बात करते हैं तो हमारे मन में लाजमी हो जाता है जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा तो देश की सेहत कैसी होनी चाहिए, मध्य प्रदेश की सेहत कैसी होनी चाहिए। मैं यह मानती हूं कि स्वस्थ भारत ही, समृद्ध भारत-विकसित भारत की नींव है। 

05:13 PM, 26-Jun-2025

दोस्त की हताशा... उसी समय क्रिस्पी छोले-भटूरे का नाश्ता; इनसे जीवन में क्या सीखा?: अमोघ लीला दास
कॉलेज के दिनों में रिजल्ट को लेकर दोस्त की हताशा का उल्लेख करते हुए अमोघ लीला दास ने बताया कि कुछ ही समय पहले जब तक रिजल्ट नहीं आया था वे और उनके दोस्त क्रिस्पी छोले-भटूरे का नाश्ता एंजॉय कर रहे थे। रिजल्ट आने पर जैसे ही उसे पता लगा कि वह असफल हो गया है उसके लिए लजीज नाश्ते की खुशी बेमानी हो गई। दोस्त की हताशा देख जब उन्होंने पूछा कि इतना डरा हुआ क्यों है? इस पर दोस्त ने बताया कि उसके पिता जाट हैं। पिता ने कहा है कि अगर बीटेक की पढ़ाई समय से पूरी नहीं हुई तो गोली मार दूंगा। इस पर उसे सांत्वना देते हुए अमोघ लीला दास ने कहा, पिता डराते हैं, ऐसा होगा नहीं। लेकिन उनके दोस्त ने कहा कि सात बेटे हैं। एक को मारने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा। रिजल्ट के कारण वह वहां से चला गया। इस घटना से साफ है कि चीजों से हमेशा खुशियां मिलेंगी, ऐसा सोचना सही नहीं है। इसके साफ मायने हैं कि हर समय फिजिकल कंफर्ट का मतलब खुशी नहीं होता। सारा खेल मन का है।

विज्ञापन
04:46 PM, 26-Jun-2025

असली सफलता का मतलब- क्या आप अपने जीवन में खुश हैं?: अमोघ लीला दास
इंसान के जीवन में खुशी के मायने को लेकर अमोघ लीला दास ने पूछा, सब लोग खुश रहना चाहते हैं। इसका मतलब केवल यही है कि असली सफलता का मतलब है- आप अपने जीवन में खुश हैं या नहीं। उन्होंने एक और सवाल पूछा- क्या शारीरिक या भौतिक सुख को खुशी कहा जा सकता है? क्या वाकई फिजिकल कंफर्ट से खुशी होती है? इस पर अमोघ लीला दास ने कहा, एक अर्थ में देखने पर ऐसा लग सकता है। आरामदेह कुर्सी, लग्जरी गाड़ी, इसमें साउंड सिस्टम कमाल का हो, हवाएं चल रही हों... इनसे भी खुशी मिल सकती है, लेकिन क्या वाकई ऐसा होता है? कई ऐसे लोग भी हैं जिनके पास ताकत, पैसा, पद, आरामदेह जीवन सबकुछ है, लेकिन ये सबकुछ होने के बावजूद लोग जीवन में खुश नहीं हैं। कई ऐसे लोग हैं, जिनके पास इन सबमें कुछ नहीं होने पर भी वे बेहद खुश हैं। इसका मतलब है कि खुशी का भौतिक चीजों के साथ कोई रिश्ता नहीं होता।

04:40 PM, 26-Jun-2025

कुछ लोगों को आत्महत्या करने के ख्याल से खुशी मिलने का भ्रम...: अमोघ लीला दास
अमोघ लीला दास ने संवाद के दौरान कहा कि सभी लोग अपने जीवन में खुश रहना चाहते हैं। इसका मतलब है कि हम सब अपने जीवन में खुश रहने के लिए ही अधिकांश काम करते हैं। उन्होंने बताया, एक शख्स ने उनसे कहा कि वह मरना चाहता है। इस पर उन्होंने उसे बताया कि 40 हजार बिच्छू एक साथ काट रहे हों, मरते समय इस तरह की पीड़ा होती है। इस पर उस शख्स ने कहा कि अभी उसका जीवन ऐसा है, मानो 80 हजार बिच्छू डंक मार रहे हों। इससे अच्छा है कि मर जाऊं। ऐसा करने पर केवल 40 हजार ही बचेंगे। मरकर खुशी मिलेगी।

04:35 PM, 26-Jun-2025

हम सभी जो करते हैं वो खुशी के लिए करते हैं: अमोघ लीला दास
हम सभी के जीवन का लक्ष्य एक ही है। हम सभी जो करते हैं वो खुशी के लिए करते हैं। असली सफलता का मतलब है कि क्या आप अपने जीवन में वाकई में खुश हैं।

04:32 PM, 26-Jun-2025

अमर उजाला संवाद के मंच पर सफलता के आयामों पर चर्चा
इससे पहले संवाद के सत्र की शुरुआत होने पर अमोघ लीला दास ने अमर उजाला के मंच पर एक बार फिर आने को लेकर खुशी का इजहार किया। उन्होंने जनता से सवाल किया कि सफलता के मायने क्या हैं? इस पर दर्शकों में मौजूद एक शख्स ने कहा, सक्सेस आपको मिलती नहीं है, आपको प्रयास करने के बाद सफलता अर्जित करनी पड़ती है। एक अन्य शख्स ने कहा कि अगर आप अपनी इच्छा से काम कर सकते हैं तो आप सफल हैं। 

चीजों का खुशियों से लेना देना नहीं होता: मोटिवेशनल स्पीकर अमोघ लीला दास
मोटिवेशनल स्पीकर अमोघ लीला दास ने बताया कि खुशियों का चीजों के साथ लेना देना नहीं होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई ऐसे लोग हैं जिनके पास पावर है, पोस्ट है, पोजीशन है, न कम्फर्ट है। उनके पास सबकुछ है लेकिन फिर भी वह खुश नही हैं। दुनिया में ऐसे भी लोग हैं जिनके पास न पावर है, न पोस्ट है, न ब्यूटी है, न पोजीशन है... उनके पास कुछ भी नहीं है, लेकिन फिर भी वह खुश हैं। यानी की खुशियों का चीजों के साथ लेना देना नहीं होता है।

04:22 PM, 26-Jun-2025

'संवाद' के मंच पर अमोघ लीला दास
'अमर उजाला संवाद' कार्यक्रम में जाने माने मोटिवेशनल स्पीकर अमोघ लीला दास ने शिरकत की। इस दौरान उनसे अध्यात्म से जुड़े कई विषयों पर बात की। अमोघ लीला दास ऐसे विषयों पर अपनी बात रखी, जिनसे सार्थक जीवन की राह निकलती है। 

04:12 PM, 26-Jun-2025

सीए वाले सिद्धांत और अब इतने बड़े एक्टर सिद्धांत, इन दोनों में क्या अंतर है? 
जवाब- शायद बाहर बहुत कुछ चीजें बदल गईं हो लेकिन अंदर कुछ नहीं बदला। अंदर वही चीजें हैं। घर में वही चीजें होती हैं साधारण रहना। बाहर बड़ी चीजें होती रहेंगी लेकिन घर में वही चार जोड़ी कपड़े हैं। वही पहनता हूं मैं, मम्मी में मेरी कहती हैं कि इतना बड़ा एक्टर हो गया पांच साल से वही पैंट-टीशर्ट पहनकर रहता है। मैं भी जवाब में मम्मी से बोलता हूं कि आप भी तो पांच साल से वही मैक्सी पहनती हो।

04:04 PM, 26-Jun-2025

आपने गली बॉय का जिक्र किया, रणवीर सिंह को आपने फेल कर दिया था, सबसे ज्यादा आपकी चर्चा हुई। गली बॉय के बाद आपको कैसा महसूस हुआ, जब आपको सफलता मिली?
जवाब- मैं खुद ही आलिया, रणवीर सिंह, विजय वर्मा, जोया अख्तर, फरहान सर इन सभी का फैन हूं। इन सभी के साथ काम करने का अवसर मिलना मेरे लिए बड़ी बात थी। ऑडिशन के दो दिन बात मुझे कॉल आया और कहा गया कि आइए और स्क्रिप्ट पढ़िए और इसके बारे में बताइए।

03:55 PM, 26-Jun-2025

सीए आपने छोड़ दिया, ऐसा क्या था कि आप एक्टर बनने निकल पड़े?
जवाब- पढ़ाई तो की मैंने। ग्रेजुएशन के साथ बीकॉम के साथ सीए कर रहा था मैं। हमेशा जब घर में प्रोग्राम होता था कोई मुंडन या शादी होती थी तो मैं ही नाचता था। मैं ही उस कार्यक्रम को होस्ट करता था। मैं जब छोटा था तो ढोलक और बाजा पर नाचता था। मैं खुशनसीब हूं कि ऐसे परिवार में पैदा हुआ, जहां इस चीज का पूरा सपोर्ट मिला और यह सपोर्ट अभी तक चला आ रहा है।

03:51 PM, 26-Jun-2025

संवाद के मंच पर अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी
बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी अमर उजाला संवाद के मंच पर हैं। वह 'नए दौर का सिनेमा' सत्र में चर्चा कर रहे हैं। 

03:42 PM, 26-Jun-2025

सवालों का दौर जारी

एक युवती के 'कॉमेंटेटर जनता की आवाज की तरह काम करता है' सवाल पर मुरली कार्तिक ने कहा कि बहुत सारे रॉल हैं हमारे। कभी-कभी इतने सारे लोग बात करते हैं, कभी कभी वो कुछ गलत दे देते हैं तो हम गलत बोल देते हैं, तो लोगों को लगता है कि हम गलत बोल रहे हैं। 

03:35 PM, 26-Jun-2025

सवालों का दौर

संवाद कार्यक्रम में मुरली कार्तिक से लोगों ने सवाल भी किए। 


 

03:32 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: क्या कुलदीप यादव ही हमारे एकमात्र मर्ज की दवा हैं? हमें ये नहीं देखना चाहिए कि पिच पर कितनी घास है क्या है और आंख बंद करके आपको अपनी बेस्ट प्लेइंग-11 चुनना चाहिए?

मुरली कार्तिक ने कहा कि सिर्फ कुलदीप यादव ही नहीं, जो भी आपको लगता है कि आपके प्लेइंग-11 में डिजर्व करता है, उसे मौका देना चाहिए। आपके पास बुमराह हैं, लेकिन वो सारे मैच नहीं खेलने वाले। वहां पहले मैच से पता चल गया कि गेंदबाजी आपकी अगर हल्की सी भी कमजोर हुई तो इंग्लैंड के लाइन अप के खिलाफ काफी मुश्किल होने वाला है। ऐसे में कुलदीप जो शानदार रहे हैं और वो विकेटटेकर हैं। उनका स्किल वैसा है कि वो किसी भी विकेट पर अच्छा कर सकते हैं।

03:32 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: हमने पहले टेस्ट में भारत की ओर से पांच शतक देखे, तो क्या हम विराट रोहित को बिल्कुल मिस नहीं करेंगे? उन्होंने इतना कुछ किया है टीम इंडिया के लिए, इतने रन बनाए और एक झटके में पांच शतक लगे और हम कह रहे उन्हें क्यों मिस करेंगे?

मुरली कार्तिक ने कहा कि समय किसी का इंतजार नहीं करता। जो खिलाड़ी बने हैं वो अपने दम पर बने हैं अपने बलबूते बने हैं। अपने प्रदर्शन से बने हैं। तो जब कोई जाता है तो आप चाहते हैं कि जल्दी वो ट्रांजिशन हो जाए। या आप चाहते हैं कि छह साल बाद रिप्लेसमेंट मिले विराट कोहली का? इस मैच में भारतीय बल्लेबाजी दो बार ढही है, भले ही लोअर ऑर्डर हो। आप एक प्लेयर को जरूर मिस करेंगे। उनको कई उपनाम मिले, जैसे चेज मास्टर या जो भी उनको उनके प्रदर्शन की वजह से मिली है। रोहित शर्मा को व्हाइट बॉल ग्रेट कहा जाता है क्योंकि उस प्रारूप में उन्होंने इतने रन बनाए हैं। तो मिस तो जरूर करेंगे। भले पहले मैच में नहीं किया हो और आगे करेंगे, लेकिन मिस तो जरूर करेंगे। इसका दूसरा पहलू ये है कि आप चाहते हैं कि उनके रिप्लेसमेंट जल्दी मिल जाएं और अच्छी बात है अगर बल्लेबाजों ने रन बनाए तो।

03:31 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: क्या आपको लगता है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा रिटायर हुए हैं या उनसे रिटायरमेंट लेने कहा गया है?

मुरली कार्तिक ने कहा कि मुझे नहीं पता। आप मुझसे पुछिए कि मैं रिटायर हुआ था या लिवाया गया था तो मैं आपको इसका जवाब दूंगा। मैं रिटायर हुआ था क्योंकि मैं बूढ़ा हो गया था। अब आप सोचिए उन्होंने कहा कि हम टी20 जीत गए तो रिटायर हो गए। सबका मोटिवेशन अलग अलग होता है।

03:29 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: क्या कप्तान अपने ईर्द गिर्द जिसके साथ आसानी महसूस करता है, या फिर जो कोच अपने आसपास जिसको जानता है उनको चुनकर खेले या फिर जो पांच चयनकर्ता मिलकर चुनते हैं? जैसे सरफराज खान, ईश्वरन के बारे में किसी को पता नहीं। 

मुरली कार्तिक ने कहा कि ये सवाल चयनकर्ताओं से करना चाहिए। जब टीम चुनी जाती है तो 18-19 खिलाड़ियों के पूल से चुनी जाती है। मुख्य चयनकर्ता ही टीम चुनता है। मुझे नहीं लगता कि उसमें किसी व्यक्तिगत फैसले लिए जाते हैं। सबकी सोच के साथ टीम बनती है, कप्तान की राय, कोच की राय चयनकर्ताओं की राय सबसे मिलकर टीम बनती है। ये सवाल आप चयनकर्ताओं से पूछें कि फैसले आप एक टीम के तौर पर ले रहे हैं या कोई व्यक्तिगत फैसले लिए जा रहे हैं।


 

03:25 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: बहुत लोगों को लगता है कि क्रिकेट किसी बंदे की मर्जी से चलता आ रहा है, चाहे वो गांगुली हो, धोनी हो या कोहली हो। अब गंभीर कोच बनकर आए हैं। क्या आपको लगता है कि लॉजिक कम और किसी एक बंदे की ज्यादा चलती है?

मुरली कार्तिक ने कहा कि नहीं मुझे नहीं लगता ऐसा। सबको खुश करना मुश्किल है। हर फैसले से कोई न कोई नाराज होगा। जो बंदा डिसीजन लेता है वो अपनी सोच के हिसाब से लेता है। यहां किसी ने किसी को आपत्ति होगा ही। मुझे नहीं लगता कि किसी एक की मर्जी से चलता है। हर कोई टीम को आगे रखकर ही फैसला करता है। मैं भी चाहूंगा कि मैं जो फैसले लूं उससे मेरा नाम हो। ऐसा नहीं हुआ तो तलवार मेरी गर्दन पर होगी।

03:16 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: बतौर कप्तान शुभमन गिल का पहला इंप्रेशन आपके मन में कैसा है?

मुरली कार्तिक ने कहा कि आप अगर उनका कप्तानी करियर देखें तो जिस साल उन्होंने कप्तानी शुरू की गुजरात टाइटंस के लिए शुरू की तो वो कप्तानी को फील कर रहे थे। फ्रेंचाइजी क्रिकेट अलग है। कॉर्पोरेट वर्ल्ड में ऊपर से काफी दबाव है। क्रिकेट ही नहीं, साइड से जो चीजें चलती हैं, उसका दबाव रहता है। वो शुभमन गिल को हैंडल करना, खासकर गुजरात एक ऐसी टीम जो आते ही चैंपियन बनी। अगले साल चैंपियन बनते बनते रह गई। ऐसे में आप एक ऐसे फ्रेचाइजी की कप्तानी कर रहे जिसका कप्तान कहीं दूसरी फ्रेंचाइजी में चला गया हो, उस साल उनको वक्त लगा कप्तानी के साथ भी और बल्ले के साथ भी। आप जॉब के साथ चीजें सीखते हो, वही फील आ रहा था। अब उनकी कप्तानी देखिए, इस साल आईपीएल में वो शानदार रहे। लीड्स टेस्ट में पहली पारी में वो सही खेल रहे थे। दूसरी पारी में वह दबाव में आए तो तितर बितर हो गए। सब हुए। तो इसलिए मैंने कहा कि संयम बरतना होगा। समय के साथ बिल्कुल वो इम्प्रूव करेंगे और बेहतर होते जाएंगे।

03:10 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न: बुमराह के अलावा कोई बेहतर तेज गेंदबाज क्यों नहीं है। हमारे पास ऑलराउंडर की कमी दिख रही है?

मुरली कार्तिक ने कहा कि जब मैं मैच देख रहा था तो बाल खींचने की कोशिश कर रहा था। मैं खुद आश्चर्य था कि बुमराह के अलावा हम क्यों नहीं कर पा रहे। यही चीज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी देखने मिली थी। सब गेंदबाज अच्छे हैं, इन सभी गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया है तभी टीम में आए हैं, लेकिन प्रदर्शन क्यों नहीं कर पा रहे ये एक बड़ा सवाल है। इसका जवाब वही लोग दे पाएंगे यहां बैठकर मैं नहीं दे पाऊंगा।

03:03 PM, 26-Jun-2025

क्या आपको लगता है सबको मन में यही सवाल है, क्या नई युवा धाकड़ टीम इंडिया में वो दम आएगा?

मुरली कार्तिक ने कहा कि आपको एक चीज याद रखनी पड़ेगी कि हम काफी भावुक हैं। खासकर हम क्रिकेट के साथ काफी भावुक हैं। हम चाहते हैं कि हर बार भारत जीते। हारे कभी नहीं। आपने कहा विराट कोहली नहीं है, रोहित शर्मा नहीं है। अगर हमारा इतिहास निकाले तो देखेंगे कि बहुत बड़े-बड़े दिग्गज खिलाड़ी बने। दिग्गज खिलाड़ियों ने छोड़ा तो वो कहते हैं न कि उनकी जगह की भरपाई करना आसान नहीं होता। पर कोई न कोई खरा उतरा है। आप अनिल कुंबले या हरभजन को ले लीजिए तो उसके बाद अश्विन और जडेजा आए। आप सचिन और द्रविड़ की बात ले लीजिए तो उसके बाद विराट कोहली जैसा बड़ा प्लेयर मिला। उन्हें देखकर लगा था कि वो सचिन के 100 शतकों के रिकॉर्ड को भी पार कर लेंगे। अब आप शुभमन गिल और उनकी टीम की बात कर रहे हैं। आप कभी एराज को कंपेयर न करें। मैं खुद को बिशन सिंह बेदी या प्रसन्ना से कंपेयर नहीं कर सकता क्योंकि वो काफी ऊपर थे। आगे चलकर किसी को भी कुंबले या हरभजन से कंपेयर नहीं करना चाहिए, क्योंकि वो अलग वक्त दौर था, अलग खेल था और अलग सोच था। ये मॉडर्न टीम जो है, सबसे पहली बात सबको खुश करना मुश्किल है। हर कोई कुछ न कुछ कहेगा। कोई कहेगा श्रेयस अय्यर नहीं है। अरे शमी फिट थे ...इनको लेना चाहिए था.. उनको लेना चाहिए था। सबको खुश नहीं रख सकते। हमें थोड़ा संयम से काम लेना होगा। कई खिलाड़ी अभी अभी आए हैं। इंग्लैंड खेलने के लिए आसान नहीं है। आपको एडजस्ट करने में समय लगेगा। एक दो बार वहां का दौरा करेंगे फिर आप कुछ अच्छा करेंगे। ये खिलाड़ी काफी टैलेंटेड हैं। इन्हें वक्त देना पड़ेगा। पहला टेस्ट हम हार गए जो हमें नहीं हारना चाहिए था। हमें उन पर विश्वास करना होगा।

03:00 PM, 26-Jun-2025

'खेल की बात' सत्र में चर्चा

भारत के पूर्व क्रिकेटर मुरली कार्तिक अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में 'खेल की बात' सत्र में चर्चा कर रहे हैं। 

02:04 PM, 26-Jun-2025

सवाल: दुश्मन हमला करें तो क्या हमें युद्ध करना चाहिए?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर स्थगित हुआ है। सरकार बेहद साफ है कि अब अगर कोई हमला होगा तो जवाब दिया जाएगा। इसमें कोई संशय नहीं है कि अब अगर आतंकवाद फैलाया जाएगा तो भारत आत्मरक्षा करेगा। पहले भी सारी स्ट्राइक ऐसी हुई हैं। न्यायोचित अधिकार के लिए युद्ध में जाना पाप नहीं है। इसमें सबको अपनी भागीदारी करनी होगी।

02:02 PM, 26-Jun-2025

सवाल: युद्ध डर पैदा करते हैं या उत्साह?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि अमेरिका युद्ध के जरिये अपना व्यापार बढ़ाता है। इसलिए वे संघर्ष से उत्साहित होते हैं। मगर युद्ध भारत की प्रगति में रोड़ा बनता है। हाल के युद्धों को देखें तो भारत काफी प्रभावित हुआ है। इसलिए युद्ध नहीं होने चाहिए। 

02:02 PM, 26-Jun-2025

सवाल: पाकिस्तान के प्रोपैगैंडा से देश के लोग कैसे बचें?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि  तकनीक अच्छाई भी लाती है और बुराई भी लाती है। लोग व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर देश विरोधी कोई पोस्ट साझा न करें। लोग ऐसा न करके देश का सहयोग कर सकते हैं। लोग साइबर सिक्योरिटी के तहत राष्ट्र की रक्षा और देशहित में काम कर सकते हैं। 

01:49 PM, 26-Jun-2025

सवाल: राष्ट्र रक्षा का संकल्प सैनिकों पर भी है या देश नागरिकों पर भी है?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि राष्ट्र रक्षा का संकल्प सभी का है। बच्चे फौज में जाते हैं तो यह अच्छा है। विकसित भारत के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। ब्रह्मोस उत्तर प्रदेश में बन रही है। मध्यप्रदेश में टैंक बन रहे हैं। राष्ट्र रक्षा में सबका सहयोग जरूरी है। विकास तभी होगा जब सुरक्षा होगी। आने वाले पीढ़ियां विकसित होंगीं। 

01:45 PM, 26-Jun-2025

सवाल: इस्राइल-ईरान जंग में अमेरिका ने अपनी नौसेना का इस्तेमाल किया था, तो आगे कभी युद्ध हुआ तो भारत भी क्या ऐसा करेगा?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के जहाजों पर 600 मिसाइल तैनात थीं। भारत की नौसेना आगे भी तैयार है। जब संघर्ष होता है सभी सेनाएं एक समय पर अपना काम करती हैं। ऑपरेशन सिंदूर में भले ही नौसेना को जवाब देने का मौका नहीं मिला लेकिन नौसेना तैयार थी। शायद इसलिए सीजफायर हुआ। 

सवाल: पाकिस्तान के साथ सीजफायर क्यों किया गया?
वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सीजफायर का फैसला इसलिए लिया गया कि क्योंकि पाकिस्तान के पास कुछ खोने को नहीं है। पाकिस्तान ने जब गुहार लगाई तो भारत ने सीजफायर किया। यह संघर्ष ज्यादा दिन चलता तो हमारे नागरिक प्रभावित होते। 

01:39 PM, 26-Jun-2025

सवाल: ऑपरेशन सिंदूर हुआ तो पाकिस्तान के परमाणु ठिकानों को हमने कैसे निशाना बनाया?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि परमाणु मुद्दों पर ज्यादा चर्चा नहीं की जानी चाहिए। इस पर अंदरूनी तौर पर काफी चर्चा होती है। ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना तैयार थी। नौसेना भी अलर्ट थी। मार्च में ही नौसेना अभ्यास कर चुकी थी। इसलिए पहलगाम के बाद हमने तेजी और मुस्तैदी से जवाब दिया। 

01:33 PM, 26-Jun-2025

सवाल: पाकिस्तान ने दोबारा पहलगाम जैसी जरूरत की तो क्या हमारी नौसेना तैयार है?

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बिल्कुल अलग था। हमारा नेतृत्व बहुत अलग था। हमारी लीडरशीप बहुत क्लीयर थी। राजनीतिक नेतृत्व और सैन्य नेतृत्व का रुख साफ था। अच्छी बात यह है कि भारत पहले ही कई सारे हमले झेल चुका था। तो भारत ने इन सबको सोचते हुए पाकिस्तान को जवाब दिया।
 

01:32 PM, 26-Jun-2025

'आपके पास नौसेना है तो आपका प्रभाव बढ़ेगा'

वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि एक हजार पहले यह साफ था कि आपके पास नौसेना है तो आपका प्रभाव बढ़ेगा। भारत के पास जमीनी क्षेत्र ज्यादा है। मगर हम नौसेना के जरिये आत्मनिर्भर बने हैं। मेक इन इंडिया को भारत की नौसेना ने 1960 के दशक में शुरू किया था। सबसे पहले नौसेना ने आईएनएस अजय बनाया। भारत अभी भी काफी जहाज बना रहा है। आज हमारे रक्षा उद्योग ने काफी काम किया। 
 

01:28 PM, 26-Jun-2025

'सभी देश चाहते हैं कि भारत का विकास न हो'

उन्होंने कहा कि नौसेना के पास पनडुब्बियां हैं। इसमें मिसाइल होती हैं। सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण पनडुब्बी परमाणु ऊर्जा से लैस है। यह सब भारत में बनाई जाती हैं। नौसेना के पास 140 जहाज हैं। नौसेना आज के आयाम पर काम करती है। दुनिया में हर जगह संघर्ष है। इस्राइल-ईरान संघर्ष से हम दो प्रभाव पड़े हैं। हमारे तेल स्रोत बंद होंगे और व्यापार प्रभावित होता है। रूस-यूक्रेन युद्ध से भारत की आपूर्ति प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जरूरी था। चीन को हमने करारा जवाब दिया। यह भारत के विकास को दर्शाती है। सभी देश चाहते हैं कि भारत का विकास न हो। इसलिए हमारा मजबूत होना जरूरी है

01:25 PM, 26-Jun-2025

'नौसेना के पास कई सारे हवाई जहाज है'

'अमर उजाला संवाद' के मंच पर वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह मंच पर 'राष्ट्र रक्षा का संकल्प' विषय पर अपनी बात रख रहे हैं। वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि भोपाल से मेरा नौसेना का सफर शुरू हुआ था। मेरा प्रयास आपको नौसेना के बारे में बताने है। नौसेना विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। नौसेना 11 हजार किमी लंबे तट क्षेत्र को सुरक्षित करती है। यह विकसित भारत के लिए काम कर रही है। यह हिंद महासागर की सबसे बड़ी नौसेना है। समुद्री क्षेत्र में जागरूकता रखती है। नौसेना पर सैटेलाइट है जो अंतरिक्ष से समुद्र तट पर नजर रखती है। नौसेना के पास कई सारे हवाई जहाज है। इस पर 275 एयरक्राफ्ट हैं। इसमें से 30 मानव रहित हैं। ये सभी जहाजों से उड़ते हैं। समुद्री सतह पर नौसेना के पास कई जहाज है। 

01:20 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न- आप हिंदुत्व को लेकर जो आपके बयान आते हैं, जो काफी वायरल होते हैं। उसे लेकर आपका क्या कहना है, हम जानना चाहेंगे।

विश्वास सारंग ने कहा कि हम ताकत के साथ कहते हैं कि हम हिंदू हैं। ये मैं सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए नहीं कहते। कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति इतनी आगे बढ़ा दी कि मैं हिंदू हूं तो ये स्वीकार नहीं किया जाता। मैं लैंड जिहाद या लव जिहाद की बात करता हूं तो हमें सांप्रदायिक करार दे दिया जाता है। हिंदू होना मेरा मूल है और हमें इस पर गर्व है। हमारा तन हिंदू, मन हिंदू, जीवन हिंदू यही तो हमारा मूल है। अगर मैं ये बोलता हूं कि लव जिहादी की छाती पर गोली क्यों नहीं मारी तो मैं उस पर अभी भी कायम हूं। अगर किसी बहन बेटी से सिर्फ धर्म बदलने के लिए शादी करने कि क्या इसकी इजाजत दी जा सकती है!

01:10 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न- राज्य में मेडिकल पढ़ाई हिंदी में करने की शुरुआत मध्य प्रदेश से ही हुई। हालांकि शुरुआत में मेडिकल की पढ़ाई के हिंदी अनुवाद पर काफी आपत्ति थी, लेकिन अब उसे दूर किया जा रहा है। ये उपलब्धि इस मंच से रेखांकित होनी चाहिए।

विश्वास सारंग ने कहा कि मुझे खुशी है कि मुझे ये श्रेय मिल सका कि मेरे चिकित्सा शिक्षा मंत्री रहते हुए मेडिकल में हिंदी की पढ़ाई शुरू हो सकी। हमारे देश के प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की बात की और तकनीकी और मेडिकल शिक्षा को भी हिंदी में कराने की बात की। हमने उसे चुनौती के तौर पर लिया। जब हमने पहली बार अपने अधिकारियों के साथ बैठकर इस पर चर्चा की तो अधिकारियों की शारीरिक भाषा देखकर लगा पूरी नकारात्मकता लगी, लेकिन हमने शुरुआत की और मेडिकल टीचर्स की फैकल्टी को समझाया। 

हमने भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में मंदार नाम से वार्ड रूम बनाया और लगभग आठ महीने की मेहनत के बाद मेडिकल की किताबों का रूपांतरण किया। हम हिंदी और इंग्लिश का झगड़ा नहीं कराना चाहते थे इसलिए मेडिकल शब्दों को इंग्लिश नामों से ही लिखा। इससे मेडिकल छात्रों को परेशानी नहीं हुई। 

12:48 PM, 26-Jun-2025

प्रश्न- राजनीति आपको विरासत में मिली है। अभी आप सहकारिता और युवा एवं खेल मंत्रालय देख रहे हैं। प्रदेश का युवा खेल के माध्यम से आगे बढ़ना चाहते हैं और देश का नाम रोशन करना चाहता है। आप इस दिशा में क्या काम कर रहे हैं

अमर उजाला संवाद के मंच पर 'कैसे बनाएं युवाओं के सपनों का प्रदेश' सत्र में राज्य के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने अपने विचार रख रहे हैं। 

विश्वास सारंग ने कहा कि अगर इस देश और समाज को आगे बढ़ाना है तो युवा को व्यवस्थित करना बहुत जरूरी है। अगर हम युवा को व्यवस्थित और संस्कारित करने की बात करते हैं तो उसमें खेल एक बड़ा तत्व है। व्यक्ति से नागरिक बनने की प्रक्रिया है, उसके आयामों में खेल भी एक आयाम है। अब देश में खेलों को लेकर परिवर्तन आया है और इसे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने परिवर्तित किया है। पहली बार कोई प्रधानमंत्री हुआ, जिन्होंने रात दो बजे भी खिलाड़ी के स्वर्ण पदक जीतने पर उसकी हौसला अफजाई करते हैं। खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने की बात हो उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के सीएम मोहन यादव भी लगातार काम कर रहे हैं। सरकारी नौकरी में खेलों को प्रतिनिधित्व दे रहे हैं। सिर्फ सरकारी नौकरी ही नहीं एलाइड सेक्टर पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जैसे मेडिकल साइंस हैं, बाकी खेलों से जुड़ी हुई और विधाएं हैं। एक फोटो ग्राफी है। स्पोर्ट्स फोटोग्राफी एक बहुत बड़ा आयाम हैं। उस पर अभी तक कोई काम नहीं हुआ। 

हमने मध्यप्रदेश में अलग-अलग एकेडमी खेलों की बनाई है। खेलों के उन्नयन के लिए, उत्कर्ष खिलाड़ी बनाने के लिए काम करती हैं। हम स्पोर्ट्स की एलाइड सर्विस हैं। उसमें भी युवाओं को ट्रेनिंग देंगे। खेल के माध्यम से जो अच्छा खेल रहा है, जो उत्कर्ष खिलाड़ी हैं, उसको सरकारी नौकरी तो मिले ही मिले। प्राइवेट सेक्टर में भी नौकरी मिले। उसके साथ-साथ वो नौकरी देने वाला भी हो। रोजगार युवाओं को मिले, ये हमारी प्राथमिकता है। हमने पिछला बैकलॉग क्लीयर कर दिया है और पुलिस में भी हम खिलाड़ियों को नौकरी दे रहे हैं। 

12:44 PM, 26-Jun-2025

'अयोध्या के 50 किलोमीटर के अंदर 5 लाख पौधे इतनी दूर तक लगाऊंगी कि रामलला शाम को कहीं टहलने भी जाएं तो शुद्ध वायु ग्रहण करें'

'हम कहते हैं अवध में प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। हमने पत्थर तो नहीं  बिठाया, हमने प्रतिमा तो नहीं बिठाई। हमने उसके साथ प्राण प्रतिष्ठा नाम लगाया। जब रामलला में प्राण पड़ गए तो उन रामलला के सामने हम अशुद्ध और मलीन सरयू का जल रखेंगे तो उनके फेफड़े संक्रमित नहीं होंगे। अगर वो रामलला अशुद्ध वायु को ग्रहण करेंगे तो वे बीमार नहीं हो जाएंगे। अगर मानवीयकरण ही करना है तो तरीके से करना चाहिए। कुछ समय के लिए प्राण प्रतिष्ठा करके फिर उसे पत्थर मानकर अपने-अपने घर चले जाना.. इतनी असंवेदनशीलता कम से कम मुझमें नहीं है।'

'अयोध्या के 50 किलोमीटर के अंदर 5 लाख पौधे इतनी दूर तक लगाऊंगी कि रामलला शाम को कहीं टहलने भी जाएं तो शुद्ध वायु ग्रहण करें। सभी देववृक्ष पीपल, नीम, बरगद और अशोक से हम लोगों ने वहां पोधारोपण शुरू किया है। अब तक 3 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं, लेकिन ये विरह में अभी थोड़ी दूर है। 2 लाख पौधे और लगेंगे, तब ये विरह दूर होगा। इसके बाद मैं उनके दर्शन कर पाऊंगी।'

'किसको क्या करना चाहिए अगर इस पर ध्यान दूंगी तो फिर आलोचना और धरणा प्रदर्शन की महिला सशक्तिकरण के नाम पर उसी पंक्ति में बैठ जाऊंगी, जिसमें हमारी आज की बहन-बेटियां बैठतीं हैं। वो ये भूल रही हैं कि धरने से नहीं, बल्कि धारणा से भारत बदलेगा। हम जब कहते हैं कि हमारी आधुनिकता में ये बदलाव हो रहा है, नहीं हमारी सृष्टि और हमारा भारत सबसे आधुनिक था। हमारे भारत में वो सबकुछ हुआ है, जो आज हो रहा है। आज का जो भारत जिसमें आप एक शब्द देते हैं 'सिंगल मदर'। हजारों वर्ष पहले जंगल में मां सीता ने जुड़वा बच्चों को जन्म देकर पाल दिया, लेकिन किसी पंचायच में, किसी चौराहे पर, किसी कोर्ट में उन्होंने ससुराल मायके और पति की विवेचना नहीं की। अगर वो करती तो वो सीता रह जातीं, नहीं किया इसीलिए वो सीता मां हैं।'

12:40 PM, 26-Jun-2025

'सिर्फ अपना बिज़नेस बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ करना'

कार्यक्रम में वॉटर वुमन शिप्रा पाठक ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि "बच्चे के जन्म के 3 से 5 दिन बाद उसका नाम रखा जाता है। मेरा नाम ‘शिप्रा’ रखा गया, जिसका मतलब है कि प्रकृति ने मुझे एक उद्देश्य के साथ भेजा था।" 

उन्होंने बताया, "मैंने 13 से 15 देशों में काम किया और कई स्कूलों की स्थापना की। इसके बाद जल के प्रति मेरी संवेदनशीलता लगातार बढ़ती गई। मां नर्मदा की 3600 किलोमीटर की यात्रा और मानसरोवर की यात्रा ने मेरी सोच को बदल दिया। मुझे लगा कि जिंदगी बहुत छोटी है, सिर्फ अपना बिज़नेस बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ करना। इसलिए मैंने जल संरक्षण के लिए काम करना शुरू किया।"

12:32 PM, 26-Jun-2025

शिप्रा पाठक ने जल संवर्धन से जुड़े मामलों पर रखे विचार

अमर उजाला संवाद के मंच पर वॉटर वुमन शिप्रा पाठक ने जल संवर्धन से जुड़े मामलों पर अपने विचारों से रूबरू कराया। शिप्रा पाठक ने 'जल है तो कल है' विषय पर चर्चा करते हुए जल संवर्धन पर अपने विचार रखे।

12:26 PM, 26-Jun-2025

सवाल: आप राजनेता और अभिनेता के तौर पर महिला सशक्तीकरण को लेकर क्या सोचते हैं? आप हिंदी अच्छी बोलते हैं, जबकि बॉलीवुड में अंग्रेजी पर जोर ज्याादा दिया जाता है।

रवि किशन: मैं तीन बेटियों का पिता हूं। एक बेटी सेना की तैयारी कर रही है। मेरी बेटियां अपना खुद का करियर चुन रही हैं। मैं पत्नी को अपनी शक्ति मानता हूं। हिंदी को लेकर कहूंगा कि मुझे नौ भाषाएं आती हैं। मैं धारा प्रवाह अंग्रेजी बोल सकता हूं। लेकिन मैं भोजपुरी और हिंदी बोलता हूं क्योंकि यह मेरी मातृभाषा है। हर देश में लोग अपनी मातृभाषा बोलते हैं। 

12:24 PM, 26-Jun-2025

सवाल: ऑपरेशन सिंदूर को लेकर क्या कहेंगे?

रवि किशन: पाकिस्तान भिखारी है। उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। पहलगाम में आतंकियों ने निर्दोषों को मारा गया। इसके जवाब में हम लड़े। हमने उनको अपनी ताकत बताई। पाकिस्तान कांप गया तो वह ट्रंप के पैरों में गिरा। हमारी ताकत है कि हम पाकिस्तान को स्वाहा कर देंगे। उसको हमारी ताकत का अंदाजा नहीं है। हमारे पास जुनून है। हमारे पास खोने को बहुत कुछ है। इसलिए संघर्ष को रोका गया है। 

12:24 PM, 26-Jun-2025

सवाल: 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में जीतेगी?

रवि किशन: 2027 में उत्तर प्रदेश में 300 से ज्याद सीटें जीतेंगे। धोखा बार-बार नहीं होता है। इसलिए अब आपातकाल को याद दिलाते हैं कि बार-बार जनता से धोखा न हो।

सवाल: अखिलेश भाजपा पर जातिवादी होने का आरोप लगा रहे हैं, आप क्या कहेंगे?

रवि किशन: ये उनका चुनावी शिगूफा है। ये सब ड्रामेबाज हैं। अखिलेश यादव दलित, पिछड़ों के लिए कुछ नहीं करेंगे।
 

12:23 PM, 26-Jun-2025

सवाल: गोरखपुर की सारी सीटें भाजपा जीत जाती है। बनारस मंडल की कैसे हार जाती है?

रवि किशन: एक बार हम चूक गए हैं। अगली बार नहीं होगा। विरोधियों को भाजपा से पीड़ा होती है। छोटी सोच वालों को लगता है कि दिल्ली -लखनऊ के बीच जम नहीं रही है। सब अपने मन से सोच रहे हैं। ऐसा कुछ नहीं है।
 

12:23 PM, 26-Jun-2025

सवाल: आप मंत्री क्यों नहीं बने?

रवि किशन: मैं सांसद ही ठीक हूं। मुझे कोई लालच नहीं है। मैं जीवन का खेल जान चुका हूं। मुझे मंत्री नहीं बनना है। मेरा कोई काम प्रधानमंत्री जी मना नहीं करते हैं। जिस दरवाजे खड़ा हो जाता हूं, काम हो जाता है। जनता साथ दे रही है और काम हो रहे हैं। हम सेवा सांसद के तौर पर करना चाहते हैं।
 

12:22 PM, 26-Jun-2025

सवाल: लोकसभा चुनाव में भाजपा कैसे पिछड़ गई?

रवि किशन: लोकसभा चुनाव में हम केयरलैस हो गए थे। विपक्ष ने संविधान का गंदा झूठ पिरोया था। उपचुनाव में इनका पर्दाफाश हो गया। 2027 में हम फिर जीतेंगे। योगी जी लगातार काम कर रहे हैं। 

12:14 PM, 26-Jun-2025

सवाल: योगी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है?

रवि किशन: उत्तर प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि कानून व्यवस्था है। अब उत्तर प्रदेश सुरक्षित है। उत्तर प्रदेश बाहुबली, गुंडो, माफिया से सुरक्षित हुआ है। ये ऐसा है जैसे आजादी मिली हो। आज यह उत्तम प्रदेश बन गया है।

12:12 PM, 26-Jun-2025

सवाल: आप कांग्रेस से भाजपा में क्यों आए?

रवि किशन: हर इंसान जीवन में गलती करता है। मुझसे भी गलती हुई थी, वो गलती थी कांग्रेस। कारण था कि मैं सिनेमा की शूटिंग कर रहा था, अचानक शूटिंग से गया, एक महीने में गया, हारा और निपट गया। कृपाशंकर सिंह जी मुझे कांग्रेस में लाए थे। यह अब तक किसी को पता नहीं था। भाजपा ने मुझे 2019 में गोरखपुर से मौका दिया। जनता ने जिताया। इसके बाद दोबारा 2024 में जनता ने जिताया। गोरखपुर अब बदल रहा है। यह राजधानी की तरह विकसित हो रहा है। गोरखपुर पहले अपराध का अड्डा था, अब वहां कानून व्यवस्था बेहद बेहतर है। गोरखपुर में काफी काम हुए हैं। यह फ्लाइंग मशीन का टेकऑफ बन गया है। अब गोरखपुर में सब बेहतर हो रहा है। पूर्वोत्तर में पहले बहुत क्राइम हुआ है। अब सब कुछ खत्म हो गया है। 

12:10 PM, 26-Jun-2025

सवाल: आप सर्वश्रेष्ठ सांसद बने हैं, यह कैसे हुआ?

रवि किशन: बहुत चुनिंदा सांसदों को यह पुरस्कार मिलता है। मैं संसद में सवाल बहुत पूछता हूं। मेरे प्राइवेट बिल बहुत होते हैं। भारत और भविष्य को लेकर मेरे बहुत सवाल होते हैं। जिसकी मैं पढ़ाई करता हूं। लाइब्रेरी का लाभ लेता हूं, मैं वहां पढ़ाई करता हूं। 21 जुलाई फिर मॉनसून सत्र शुरू होगा। उसमें मेरे प्रश्न रहेंगे। मैं सबसे ज्यादा प्रश्न पूछता रहता हूं। अच्छ प्रश्न पूछने के लिए मुझे 26 जुलाई को सांसद रत्न मिलेगा। 

12:09 PM, 26-Jun-2025

सवाल: आपका सबसे पसंदीदा अभिनेता कौन है?

रविकिशन: बलराज साहनी साहब, वे नेचुरल एक्टर रहे। एक्टिंग शब्द नहीं जीना है। दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, इरफान खान, नसीरुद्दीन शाह। हर कलाकार हमें कुछ देता है। मुझे रोज कोई न कोई प्रेरित करता हूं। मैं सिनेमा देखकर एक्टिंग करता हूं।  इसके अलावा अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, इरफान खान कई ऐसे अभिनेता हैं जो मुझे पसंद हैं। अभिनेत्रियों में मुझे दीपिका पादुकोण, माधुरी दीक्षित जैसे कई नाम हैं। मैं माधुरी दीक्षित के साथ एक फिल्म भी कर रहा हूं। यह एक लव स्टोरी है, जिसका नाम 'मां बहन' है। इसके अलावा भी आप मुझे कई और फिल्मों में देखेंगे। अब मैं कुछ एक रोमांटिक फिल्मों में भी नजर आऊंगा।

 

11:54 AM, 26-Jun-2025

'मुझे भोजपुरी की वजह से पीछे ढकेल दिया जाता था'

कार्यक्रम में रवि किशन ने आगे कहा कि मुझ पर एक ठप्पा लग गया था कि मैं भोजपुरी स्टार हूं। मुझे भोजपुरी की वजह से पीछे ढकेल दिया जाता था, जबकि मैं सिनेमा का शिष्य हूं। लेकिन इस फिल्म के बाद मेरे प्रति नजरिया बदला है। अब लोगों को लगता है कि मैं अच्छा कलाकार हूं। अब मेरे पास अच्छी स्क्रिप्ट और अच्छे ऑफर आते हैं।


 

11:51 AM, 26-Jun-2025

सवाल: लापता लेडीज को ऑस्कर क्यों नहीं मिला?

रवि किशन: अमेरिका में पक्षपात बहुत होता है। भारतीय फिल्मों को तवज्जो नहीं देते हैं। हमारी ऑफिशियल एंट्री हो चुकी थी। बार-बार होती रही। ऑस्कर में बड़ी मार्केटिंग लॉबी है, जिसको बारीकी से रीड करके अगली बार हम लोगों को प्रयास करना चाहिए। एक बहुत बड़ी लॉबी है, हम लोग लॉबी का शिकार हो जाते हैं। मैं भी विदेश की लॉबी का शिकार हुआ हूं।

अभिनेता ने आगे अपने पॉपुलर शो 'मामला लीगल है' को लेकर एक बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि जल्द ही मामला लीगल है का सेकंड सीजन भी आ रहा है। वकीलों की भी कई दिक्कतें होती हैं, कई परेशानियां होती हैं। इन सभी मुद्दों को इसमें छुआ गया है। मैं सेकंड सीजन में जज के किरदार में नजर आऊंगा।

मेरी अगली फिल्म सन ऑफ सरदार टू आ रही है। अजय देवगन हैं, हमारे बहुत अच्छे मित्र हैं। उनके साथ अभी हमने सिंघम की थी। धमाल की। ये फिल्म उन्होंने ही दिलवाई हमें। फिल्म सन ऑफ सरदार टू में संजय दत्त इस फिल्म किरदार करने वाले थे। फिल्म सन ऑफ सरदार वन में वो थे। संजय दत्त किसी कारण नहीं कर पाए। लेकिन अब मैं कर रहा हूं। फिल्म 25 जुलाई को रिलीज हो रही है। इस फिल्म के लिए मैंने सीएम योगी से लेकर पीएम मोदी तक को पत्र लिखकर परमिशन मांगी क्योंकि उस समय मैं पार्लियामेंट में व्यस्त था।

11:44 AM, 26-Jun-2025

सवाल: आप मुंबई में पढ़े, फिल्मों में आए फिर राजनीति में कैसे आए?

रवि किशन: 'संवाद' के मंच पर सांसद रवि किशन ने कहा कि फिल्मी कॅरियर की शुरुआत हिंदी फिल्मों से की। 2001 से भोजपुरी फिल्मों में गए। बिग बॉस में गए। मैं पुजारी का लड़का हूं। गरीबी खूब देखी है। जब मुझे मदद की जरूरत थी तो देखा कि लोग संपन्न को ही देखते हैं। तो महादेव से कहा कि मुझे कुछ बना दो तो मैं गरीबों की मदद करूंगा। महादेव ने सुना और गोरखनाथ बाबा ने बुलाया। धन्यवाद दूंगा, मोदी जी, योगी जी, अमित शाह जी का। संगठन ने हमें वहां भेजा। वो शिव अवतारी जगह है, नाथ संप्रदायक की। वहां पर हम सांसद बने। लाखों वोट से जनता ने हमें जिताया। दोबारा भी लाखों वोट से जितवाया। जब उत्तर प्रदेश में झूठ की आंधी चल रही थी तो जनता ने मुझे जिताया। 
 

11:40 AM, 26-Jun-2025

प्रश्न- शिप्रा नदी को स्वच्छ बनाने के लिए कई दावे किए गए। पांच करोड़ लोग स्नान कर सकें, इसके लिए शिप्रा नदी स्वच्छ कब होगी? इसके लिए क्या योजना है?

मुख्यमंत्री- शिप्रा नदी के लिए हमने दो तरीके से काम किया है। शिप्रा जी के ऊपर कोई ग्लेशियर नहीं है और शिप्रा बरसाती नदी है। शिप्रा नदी के जल को स्वच्छ करने के लिए हमने बारिश के समय ही पानी को सेलारखेड़ी में पानी को इकट्ठा कर लेंगे औऱ वो ऊपरी इलाके में है। जैसे ही बरसात का समय चला जाएगा, तो नदी का पानी धीरे-धीरे छोड़कर प्रवाह को सामान्य रखा जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है और 40 फीसदी काम हो भी गया है। 


सीएम मोहन यादव ने अमर उजाला अखबार की प्रति की सराहना की।

11:34 AM, 26-Jun-2025

'हम अटल जी के सम्मान में ग्वालियर में कैबिनेट बैठक करने वाले हैं'

सीएम यादव ने कहा कि विरासत से विकास अभियान के तहत रानी दुर्गावती जैसे जैसे जितने भी नाम हैं, उन सबका इतिहास हम लोगों के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। अटल ली का जन्म शताब्दी वर्ष है। अभी हमने घोषणा की है कि हम अटल जी के सम्मान में ग्वालियर में कैबिनेट बैठक करने वाले हैं। अटल जी ने गांवों में सड़कें बनाकर जो किया, उसका देश के विकास में बड़ा योगदान है। एयर स्ट्राइक के लिए जो एयरस्ट्राइक हुई थी, वो लड़ाकू विमान ग्वालियर की धरती से ही उड़े थे। तो इस सबको लोगों के सामने लाया जाएगा। 

प्रश्न- उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारी हो रही है। आप खुद उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे हैं। सिंहस्थ के लिए कई योजनाएं बनती हैं, लेकिन 12 साल बाद वो काम की नहीं रहतीं, तो क्या ऐसी योजनाएं नहीं बन सकतीं, जिनसे स्थायी विकास हो, वो केवल सिंहस्थ तक ही न रहें। 

मुख्यमंत्री- इस बार सिंहस्थ का कोई काम स्थायी होंगे और ये ऐतिहासिक होगा। अब की बार हमने उज्जैन में 30 किलोमीटर घाट बनाए हैं। इससे एक दिन में पांच करोड़ लोग स्नान कर सकें। इसके अलावा साधु संतों के लिए जो टेंट बनते हैं, उनके लिए जमीन खरीदने का प्रावधान करें, जिससे उनके स्थायी निवास बन सकें। तो हरिद्वार के तर्ज पर उज्जैन को बनाने की योजना है।

11:34 AM, 26-Jun-2025

प्रश्न- आपका संकल्प है विरासत से विकास तक। उज्जैन में विक्रमादित्य जी को लेकर आपने कोशिश की कि उस खोई हुई विरासत को प्रतिष्ठित किया और अहिल्याबाई को लेकर कार्यक्रम आयोजित हुए। लेकिन क्या सचमुच जो आज की राजनीति है, उसमें भी सुचिता स्थापित हो सकेगी या हम सिर्फ पिछली विरासत का ही महिमामंडन करेंगे?

मुख्यमंत्री- आपने दो नाम बताए, लेकिन एक नाम और है और वो है रानी दुर्गावती का। दुर्भाग्य से रानी दुर्गावती के जीवन पर जो उजाला आना चाहिए था, वो उन्हें नहीं मिल पाया। रानी दुर्गावती ने 52 में से 51 युद्धों में जीतीं। उन्होंने अपने समय के सबसे बड़े राजा अकबर की सेना का मुकाबला किया और तीन बार उसकी सेना को भी धूल चटा दी। रानी दुर्गावती के शासन में 36 हजार गांव थे। रानी दुर्गावती ने न सिर्फ युद्ध में बल्कि कला, संस्कृति और जल संरचना में भी काम किया। हालांकि उन्होंने नवाचार की दिशा में काम नहीं किया, जिससे 52वें युद्ध में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। विपक्षी सेना ने तोप का इस्तेमाल किया। 

11:21 AM, 26-Jun-2025

बड़ी योजनाओं के लिए कर्जा लेना पड़ रहा है, प्रदेश की वित्तीय स्थिति में ऐसा होता है, वहां हमें सीधे पैसे देने के बजाय सीधे अवसर उपलब्ध कराएं

मुख्यमंत्री- एक साल में हमने अपने सारे वर्गों के पैसे बढ़ाए हैं और किसी योजना के पैसों में कटौती नहीं की। हम जो बाजार से राशि उठा रहे हैं, जिसमें हम केवल 10 प्रतिशत बाजार से उठा रहे हैं और बाकी 90 प्रतिशत हम खुद लगा रहे हैं। हमारा बजट चार लाख इक्कीस हजार करोड़ का बजट है, जिसमें हम एक साल में 35-40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले रहे हैं। पूरे राज्य पर सिर्फ चार लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। इसके बावजूद हमारी विकास दर भारत सरकार के मापदंड के अनुसार है। राज्य की वित्तीय तरलता तय मानकों के तहत है। हमारा एकमात्र राज्य है, जिसका देश के अंदर योगदान है। हम सबसे कम दर पर बिजली दे रहे हैं। 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये प्रतिव्यक्ति थी, जो आज 1,55,000 के आसपास पहुंच रही है। जब मध्य प्रदेश बना तब 94 रुपये कुंतल गेहूं की खरीद थी, जब हमारी सरकार आई तो ये सिर्फ 500 रुपये कुंतल तक ही पहुंची और अब हम 2600 रुपये कुंतल में खरीद रहे हैं। 
 

10:40 AM, 26-Jun-2025

दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत

मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में आयोजित हो रहे इस 'संवाद' कार्यक्रम का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारत की महान परंपरा का पालन करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित किया। मुख्यमंत्री के साथ ही मशहूर अभिनेता और सांसद रविशंकर ने भी दीप प्रज्वलित किया।दीप प्रज्वलन के बाद अमर उजाला संवाद के मंच पर अमर उजाला परिवार की तरफ से पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत किया गया। 

10:34 AM, 26-Jun-2025

सीएम रखेंगे मध्य प्रदेश के विकास के रोडमैप पर विचार

विकास से जुड़ी नीतियां, अर्थव्यवस्था, सिनेमा, खेल और अध्यात्म जैसे विषयों पर सारगर्भित चर्चा के लिए पहचाने जाने वाले 'अमर उजाला संवाद' का मंच पहली बार मध्य प्रदेश में सज गया है। राजधानी भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में यह 'संवाद' हो रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं और थोड़ी ही देर में वे राज्य के विकास के रोडमैप पर अपने विचार रखेंगे।13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से वे मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।

10:29 AM, 26-Jun-2025

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सीएम मोहन यादव

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में थोड़ी देर में अमर उजाला 'संवाद' शुरू होगा। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंच गए हैं। 

10:04 AM, 26-Jun-2025

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे महामंडलेश्वर दादू जी महाराज

09:50 AM, 26-Jun-2025

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सांसद रवि किशन

09:44 AM, 26-Jun-2025

'सिनेमा और सियासत’ विषय पर बोलेंगे रवि किशन
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन भी मंच की शोभा बढ़ाएंगे। रवि किशन 'सिनेमा और सियासत' विषय पर अपनी बात रखेंगे। 

09:41 AM, 26-Jun-2025

सज चुका है मंच

09:33 AM, 26-Jun-2025

अब से थोड़ी देर में पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अमर उजाला के संवाद का मंच सज चुका है। अब से थोड़ी देर में मुख्यमंत्री मोहन यादव कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। वे यहां प्रदेश से जुड़ी नीति, योजना और कई मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त करेंगे।   

09:16 AM, 26-Jun-2025

अमर उजाला संवाद की शुरुआत थोड़ी देर में
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, सांसद और अभिनेता रवि किशन, पूर्व क्रिकेटर मुरली कार्तिक और मोटिवेशनल स्पीकर अमोघ लीला दास जैसी हस्तियां शिरकत करेंगी। इस दौरान मध्य प्रदेश के विकास समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।

08:23 AM, 26-Jun-2025

वाइस एडमिरल (रि.) एबी सिंह सिंह भी बढ़ाएंगे मंच की शोभा
वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अजेंद्र बहादुर सिंह भी मंच की शोभा बढ़ाएंगे। वे पाकिस्तान के खिलाफ भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' और इस्राइल-ईरान संघर्ष समेत पश्चिम एशिया के हालात पर बात करेंगे। उनके साथ 'राष्ट्र रक्षा का संकल्प' विषय पर बात होगी।

08:02 AM, 26-Jun-2025

शिप्रा पाठक से जीवन में जल की अहमियत पर होगी बात
कार्यक्रम में वॉटर वुमन शिप्रा पाठक भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी और जल संवर्धन से जुड़े मामलों पर अपने विचारों से दर्शकों को रूबरू कराएंगी। उनके साथ 'जल है तो कल है' विषय पर बात होगी। अमर उजाला अपने इस कार्यक्रम में जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रही हस्तियों को सम्मानित भी करेगा। 

07:16 AM, 26-Jun-2025

कब और कहां देख सकते हैं?
देश के कई शहरों से होते हुए अमर उजाला संवाद का मंच पहली बार झीलों की नगरी भोपाल में सज रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10.15 बजे होगी। इसकी पल-पल की अपडेट हम अपने पाठकों तक हमारी वेबसाइट अमर उजाला डॉट कॉम और एप के जरिए पहुंचाते रहेंगे। इसका सीधा प्रसारण अमर उजाला के यूट्यूब चैनल पर भी देखा सकता है।

06:26 AM, 26-Jun-2025

'अमर उजाला संवाद' में हिस्सा लेंगे विश्वास सारंग
राजधानी भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में आज होने वाले 'संवाद' में  जहां अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां जुटेंगी और मध्य प्रदेश के विकास समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगी। वहीं, मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर संबोधित करेंगे।

01:26 AM, 26-Jun-2025

अमोघ लीला दास और मुरली कार्तिक के सत्र भी होंगे
संवाद में जाने माने मोटिवेशनल स्पीकर अमोघ लीला दास अध्यात्म से जुड़े ऐसे विषयों पर बात रखेंगे, जिनके सार्थक जीवन की राह निकलती है। वहीं, पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर मुरली कार्तिक के साथ खेल पर चर्चा होगी। मुरली कार्तिक भारतीय टीम के लिए आठ टेस्ट, 37 वनडे और एक टी20 खेल चुके हैं। स्पिनर के तौर पर उन्होंने टेस्ट में 24 और वनडे में 37 विकेट लिए हैं। 

01:25 AM, 26-Jun-2025

अनुप्रिया पटेल, रवि किशन भी आएंगे
अमर उजाला संवाद - मध्य प्रदेश में कई हस्तियां जुटेंगी। बतौर विशेष अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल मौजूद रहेंगी। अनुप्रिया पटेल उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से सांसद हैं। वहीं, गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन राजनीति और अभिनय से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर संबोधित करेंगे।

01:23 AM, 26-Jun-2025

सीएम मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि
यह संवाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। वे मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर मुख्य उद्बोधन देंगे। 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से वे मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।

 

01:13 AM, 26-Jun-2025

MP Samwad 2025 Live: 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 12 प्राथमिक सेवाएं शामिल', संवाद में बोलीं अनुप्रिया पटेल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज होने जा रहे अमर उजाला संवाद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत कई जानी मानी हस्तियां जुटेंगी। संवाद के इस मंच पर बात होगी तेजी से आगे बढ़ते देश के साथ विकसित होते मध्य प्रदेश की। बात होगी मध्य प्रदेश को युवाओं के सपनों का प्रदेश बनाने की। विशेषज्ञों के साथ चर्चा होगी जीवन के लिए जरूरी जल और उसके संवर्धन की। खेल और मनोरंजन जगत की हस्तियां भी संवाद करेंगी। राजधानी भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे से इस संवाद की शुरुआत होगी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें