24 साल बाद रीवा में कांग्रेस का महापौर
रीवा में 24 साल बाद कांग्रेस का महापौर बना है। अजय मिश्रा बाबा रीवा महापौर चुनाव जीत गए हैं। रीवा में 1995 में पहली बार नगर निगम के चुनाव हुए। तब पार्षदों ने कांग्रेस के अमीरुल्ला खान को पहला महापौर चुना। वे 1997 तक इस कुर्सी पर रहे। इसके बाद कांग्रेस की सावित्री पांडेय कुछ समय के लिए और फिर कमलजीत सिंह डंग शासन से मनोनीत महापौर रहे। 1998 में भाजपा के राजेंद्र ताम्रकार को पहली बार जनता ने सीधे महापौर चुना। उनके बाद 1999 में आशा सिंह, 2005 में वीरेंद्र गुप्ता, 2010 में शिवेंद्र सिंह पटेल और 2015 में ममता गुप्ता ने महापौर का चुनाव जीता। यानी 1998 से जनता महापौर चुन रही है और हर बार भाजपा का ही महापौर बना है। यह पहला मौका है जब जनता ने अजय मिश्रा के तौर पर कांग्रेस उम्मीदवार को अपना महापौर चुना है।
कटनी में भाजपा की बागी प्रत्याशी की बड़ी जीत
कटनी में भाजपा की बागी प्रत्याशी प्रीति सूरी को 45 हजार 648 वोट मिले, जबकि भाजपा की ज्योति दीक्षित को 40 हजार 361 वोट। इस तरह प्रीति सूरी ने 5,300 वोट से जीत हासिल की। कांग्रेस की श्रेया खंडेलवाल 22 हजार वोटों के साथ तीसरे और आप की शशिप्रभा तिवारी 2,600 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहीं। अच्छी बात यह रही कि भाजपा के पास 45 वार्डों की नगर निगम परिषद में 23 पार्षद रहेंगे, जिससे उसका बहुमत रहेगा। प्रीति सूरी भी भाजपा की नेता रही हैं, लिहाजा उन्हें पार्टी में वापस लाने की कोशिशें भी तेज हो सकती हैं।
मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनावों के दूसरे चरण के पांच नगर निगम चुनावों के नतीजे आ गए हैं। दो-दो महापौर भाजपा और कांग्रेस के बने हैं। वहीं, कटनी में भाजपा की बागी प्रत्याशी ने जीत हासिल की। इसे मिलाकर 16 नगर निगमों में से नौ पर भाजपा, पांच पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी ने भी एक-एक नगर निगम में महापौर बनने में कामयाबी पाई।
देवास में गीता अग्रवाल की बढ़त 35 हजार
देवास नगर निगम के महापौद पद की भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल ने कांग्रेस की विनोदनी व्यास के खिलाफ निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। उन्हें अब तक 64 हजार 50 वोट मिले हैं। वहीं, व्यास को 29 हजार 47 वोट मिले हैं। इस तरह बढ़त 35 हजार वोट की हो गई है। देवास में एक लाख 13 हजार 479 वोट की गिनती हुई है।
भाजपा में मंथन शुरू
नगरीय निकाय चुनावों में नगर निगमों में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है। इसमें नगरीय निकाय के चुनावों के परिणामों पर चर्चा होगी।
देवास में भाजपा की गीता अग्रवाल बड़ी जीत की ओर
देवास में भाजपा की महापौर प्रत्याशी गीता अग्रवाल बड़ी जीत की ओर बढ़ गई है। उन्हें 33 हजार 897 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस की विनोदनी व्यास को 13 हजार 916 वोट मिले हैं। इस तरह भाजपा प्रत्याशी की लीड करीब 20 हजार वोट की हो चुकी है।
कटनी में आम आदमी पार्टी ने खोला खाता
भाजपा ने 45 सीटों वाली नगर निगम परिषद में 23 सीटें जीत ली हैं। हालांकि, कांग्रेस को 13 सीटों पर जीत मिली है। आम आदमी पार्टी ने भी खाता खोल लिया है। उसका एक प्रत्याशी जीत गया है। शेष आठ सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।
रीवा में अजय मिश्रा की जीत तय
रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज में लगने लगे नारे राजतिलक की करो तैयारी आ रहे है पंजाधारी। अजय मिश्रा बाबा 11 हजार मतों से आगे। अब सिर्फ एक राउंड की गिनती बाकी है।
देवास में भाजपा को अच्छी बढ़त
देवास में भाजपा की गीता अग्रवाल को 15,527 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस की विनोदनी व्यास को 6,808 वोट। इस तरह भाजपा ने आठ हजार से अधिक मतों की बढ़त बना ली है।
दो में भाजपा, दो में कांग्रेस आगे
मध्य प्रदेश के दूसरे चरण के नगर निगम चुनावों में मुरैना और रीवा में कांग्रेस आगे है। वहीं, भाजपा की बढ़त सिर्फ देवास और रतलाम में रह गई है। कटनी में भाजपा की बागी प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी है।
मुरैना में कांग्रेस की शारदा सोलंकी को 8,000 वोट, रीवा में कांग्रेस के अजय मिश्रा को 7,000 वोट, देवास में भाजपा की गीता अग्रवाल को 550 वोट, रतलाम में प्रहलाद पटेल को 1500 वोट और कटनी में निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति सूरी को 1,200 वोट की बढ़त है।
रीवा में अजय मिश्रा निर्णायक बढ़त के करीब
तीसरे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी अजय मिश्र बाबा करीब 7000 वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां सिर्फ दो राउंड की काउंटिंग शेष रह गई है।
मुरैना में कांग्रेस को 3,475 वोट की बढ़त
मुरैना में एक राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी मीना मुकेश जाटव को 7131 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस की शारदा सोलंकी को 10,606 वोट मिले हैं। बसपा ने 2,527 वोट हासिल किए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी 3,475 वोट से आगे निकल गई हैं।
रीवा में अजय मिश्रा 6000 वोट से आगे
रीवा में दूसरे चरण की मतगणना के बाद भाजपा के प्रबोध व्यास पिछड़ गए हैं। कांग्रेस के अजय मिश्रा बाबा करीब 6000 वोटों से आगे चल रहे हैं।
कटनी में कांग्रेस के पार्षदों को सफलता
कटनी के 45 वार्डो में से पांच में भाजपा और सात में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। तीन पार्षद निर्दलीय भी जीते हैं।
मुरैना मे शारदा सोलंकी को बढ़त
मुरैना में कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी शारदा राजेंद्र सोलंकी 1500 वोट से आगे निकल गई हैं। यहां भाजपा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना मुकेश जाटव को टिकट दिया था।
रीवा में कांग्रेस को शुरुआती बढ़त
रीवा में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी अजय मिश्रा को शुरुआती बढ़त मिल गई है। डाक मतपत्रों की गणना में कांग्रेस आगे निकल गई है।
रीवा में भाजपा की विजयी शुरुआत
रीवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 20 में भाजपा को सफलता मिली है। भाजपा के दीनानाथ वर्मा ने 180 वोटों से जीत दर्ज की है।
कटनी में बड़ा उलटफेर
कटनी नगर निगम चुनाव में भाजपा की बागी प्रत्याशी प्रीति सूरी अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 2,000 वोटों की बढ़त ले चुकी हैं। यह एक बड़े उलटफेर के संकेत दे रहा है।
रतलाम में भाजपा, मुरैना में कांग्रेस आगे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रतलाम में भाजपा और मुरैना में कांग्रेस आगे निकल गई है। महापौर पद के प्रत्याशियों के साथ ही पार्षद पदों के चुनावों में भी पार्टी ने बढ़त हासिल की है। मुरैना में एक बड़ा उलटफेर हो सकता है।
देवास में कांग्रेस को बढ़त
देवास नगर निगम की मतगणना की शुरुआती गिनती में 48 पार्षद में से नौ वार्ड में भाजपा आगे निकल गई है। 14 स्थानों पर कांग्रेस को बढ़त है। तीन निर्दलीय भी अपने-अपने वार्ड में आगे चल रहे हैं।
रीवा में स्ट्रॉन्ग रूम खोला
रीवा के पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रत्याशियों और उनके एजेंट की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया। कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम मशीनें निकाल ली गई हैं। कुछ ही देर में मतगणना शुरू हो जाएगी।
कटनी में दोपहर तक आ जाएंगे नतीजे
कटनी में कृषि उपज मंडी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया कुछ ही देर पहले शुरू हुई है। भाजपा से ज्योति दीक्षित, कांग्रेस से श्रेया खंडेलवाल के साथ ही निर्दलीय प्रीति सूरी और आप से शशिप्रभा तिवारी महापौर पद के लिए मैदान में हैं। दोपहर तक महापौर चुनाव की तस्वीरे साफ होने की उम्मीद है।
मतगणना शुरू
पांचों नगर निगमों में महापौर एवं वार्डों में मतगणना शुरू हो गई है। भाजपा को जहां रतलाम, देवास, मुरैना, कटनी और रीवा में अपनी सीट कायम रखने का भरोसा है, वहीं कांग्रेस दावा कर रही है कि वह इस बार अपना खाता इन नगर निगमों में खोल ही लेगी। इससे पहले 17 जुलाई को आए नतीजों में भाजपा को 11 में से चार नगर निगमों में महापौर पद का नुकसान उठा था। कांग्रेस ने तीन और आम आदमी पार्टी ने एक सीट पर जीत हासिल की थी।
कटनी में त्रिकोणीय है मुकाबला
कटनी में भाजपा की ज्योति दीक्षित और कांग्रेस की श्रेया खंडेलवाल में सीधा मुकाबला है। भाजपा से पार्षद रही प्रीति ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोंकी तो मुकाबला दिलचस्प हो गया है। वैसे तो भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित 12 प्रत्याशी मैदान में हैं, मुख्य मुकाबला भाजपा-कांग्रेस में ही है।
देवास में है गीता अग्रवाल के सामने ब्राह्मण प्रत्याशी
भाजपा ने महापौर पद के लिए गीता दुर्गेश अग्रवाल को उतारा है तो कांग्रेस ने विनोदनी व्यास के तौर पर ब्राह्मण प्रत्याशी दिया है। इसके बाद भी कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर असंतोष सामने आया था, जब एक कार्यकर्ता ने कांग्रेस दफ्तर में आत्मदाह की कोशिश की थी। आज शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि किसके सिर पर जीत का ताज सजेगा और किसे हार का स्वाद चखना पड़ेगा।
कांग्रेस को मुरैना में ग्वालियर का प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद
ग्वालियर में कांग्रेस ने दम भरा और ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। मुरैना में भी कांग्रेस इसी तरह के दावे कर रही है। भाजपा ने एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना मुकेश जाटव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व सांसद बाबूलाल सोलंकी की बहू शारदा राजेंद्र सोलंकी को मैदान में उतारा है। बसपा से एडवोकेट ममता मौर्य और आप से ललिता पवन जाटव भी मैदान में हैं।
रीवा में दिलचस्प रहेगा मुकाबला
रीवा नगर निगम में महापौर पद के लिए कांग्रेस के अजय मिश्रा बाबा और भाजपा के प्रबोध व्यास के बीच मुकाबला है। वैसे तो कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहे दीपक सिंह भी मुकाबले में दिख रहे हैं। दीपक सिंह कांग्रेस के वोट काट सकते हैं, जिसका फायदा भाजपा को मिल सकता है।
मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनावों के दूसरे और अंतिम चरण की मतगणना सुबह नौ बजे शुरू हो गई है। इसमें 43 जिलों के पांच नगर निगमों समेत 214 नगरीय निकायों में मतगणना हो रही है। आधे घंटे के भीतर अपडेट्स मिलने लगेंगे। भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। आज कटनी, रतलाम, देवास, रीवा और मुरैना नगर निगम में मतगणना हो रही है।
11 नगर निगमों में से 7 में भाजपा का महापौर
17 जुलाई को प्रथम चरण के मतदान की मतगणना हुई थी। 11 नगर निगम में सात में बीजेपी, तीन में कांग्रेस और एक पर आम आदमी पार्टी के महापौर बने हैं। 36 नगर परिषद के 904 वार्ड में 531 पर बीजेपी, 271 पर कांगेस और 94 पर अन्य ने जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के चार-चार उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। 86 नगर परिषद के 1289 वार्ड में भाजपा 676, कांग्रेस 349 और 244 सीटों पर अन्य ने जीत दर्ज की है। इसमें आम आदमी पार्टी ने आठ और बहुजन समाज पार्टी ने 12 वार्ड में जीत हासिल की है।